Sep 01, 2026 Login

कुदरत का कहर: बरसाती नाले के उफान में 2 किमी तक बही क्रेटा कार,युवक-युवती की मौत,एक चमत्कारी ढंग से बची

Nature's Fury: Creta car swept 2 km away by a swollen monsoon drain; a young man and woman died, while one person miraculously survived.

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मूसलाधार बारिश एक बार फिर जानलेवा साबित हुई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली, पौधा रोड स्थित कंडोली पुल के पास बीती देर रात भारी बारिश के कारण बरसाती खाले (नाले) में आए भीषण उफान में एक क्रेटा कार बह गई। पानी का बहाव इतना प्रचंड था कि कार दुर्घटनास्थल से लगभग 2 किलोमीटर दूर जाकर मिली। 

देहरादून में भारी बारिश के बीच बरसाती खालों और नालों का उफान लोगों की जान पर भारी पड़ रहा है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के लोअर कंडोली-पौधा रोड पर कंडोली पुल के पास देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज बरसाती बहाव में एक क्रेटा कार बह गई। कार में एक युवक और दो युवतियां सवार थीं। हादसे में एक युवक और एक युवती की मौत हो गई, जबकि दूसरी युवती गंभीर रूप से घायल अवस्था में करीब दो किलोमीटर दूर मिली। एसडीआरएफ की टीम ने उसे सुरक्षित रेस्क्यू कर पुलिस के सुपुर्द किया। जानकारी के मुताबिक, देर रात पुलिस को सूचना मिली कि कंडोली पुल के पास क्रेटा वाहन संख्या आरजे-13-सीई-5641 बरसाती पानी के तेज बहाव की चपेट में आकर बह गया है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डाकपत्थर की टीम अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर के नेतृत्व में घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचते ही जवानों ने अंधेरे और खराब मौसम के बीच सर्चिंग एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया। बारिश के कारण बरसाती खाले में पानी का बहाव इतना तेज था कि कार और उसमें सवार लोग घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर तक बह गए। एसडीआरएफ जवानों ने आसपास के क्षेत्र में सघन सर्चिंग शुरू की। काफी मशक्कत के बाद टीम को सहज पुत्री गुलशन बवेजा घायल अवस्था में मिली। जवानों ने तत्काल उसे सुरक्षित बाहर निकाला और पुलिस के सुपुर्द कर दिया। युवती को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। सर्चिंग अभियान के दौरान एसडीआरएफ ने कार में सवार 20 वर्षीय अक्षय पुत्र मुकेश, निवासी जयपुर, राजस्थान का शव बरामद किया। इसके साथ ही एक अन्य युवती का शव भी बरामद किया गया। दोनों शवों को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। हादसे की गंभीरता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एसडीआरएफ जवानों को रातभर अभियान चलाना पड़ा। तेज बारिश, अंधेरा और उफनते बरसाती पानी के बीच जवान लगातार सर्चिंग करते रहे। घटनास्थल और आसपास के इलाकों में तलाश के बाद कार सवारों का पता लगाया जा सका। एसडीआरएफ के अपर उप निरीक्षक सुरेश तोमर ने बताया कि भारी बारिश के चलते सड़क के रपटे पर बरसाती पानी का तेज बहाव था। इसी दौरान कार पानी की चपेट में आकर बरसाती खाले में बह गई। पानी का बहाव वाहन को करीब दो किलोमीटर दूर तक ले गया। उन्होंने बताया कि हादसे में दो लोगों की मौत हुई है, जबकि एक युवती घायल अवस्था में मिली है। हादसे का सबसे चौंकाने वाला पहलू यह रहा कि कार के साथ तेज बहाव में करीब दो किलोमीटर तक बहने के बावजूद एक युवती जीवित मिली। हालांकि वह घायल थी, लेकिन एसडीआरएफ जवानों ने उसे समय रहते सुरक्षित निकाल लिया। इस घटना के बाद स्थानीय लोग युवती के बचने को किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं। भारी बारिश के दौरान बरसाती खालों और रपटों में अचानक पानी बढ़ने की घटनाएं बेहद खतरनाक साबित हो रही हैं। यह हादसा भी लोगों को चेतावनी दे गया कि बारिश के दौरान तेज बहाव वाले रपटों और बरसाती धाराओं को पार करने का जोखिम जानलेवा हो सकता है। पुलिस ने मामले में आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।