राहुल गांधी पर मुकदमे और हल्द्वानी विवाद को लेकर सड़क पर उतरी कांग्रेस, देहरादून में सचिवालय का किया घेराव,भाजपा बोली-मुद्दाविहीन है विपक्ष
देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में मंगलवार को राजनीतिक पारा उस समय चढ़ गया जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश मुख्यालय से सचिवालय तक जोरदार 'सचिवालय कूच' निकाला। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर दर्ज हुए मुकदमे और हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए तथाकथित 'शुद्धिकरण' मामले को लेकर कांग्रेस ने सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। कार्यकर्ताओं ने सचिवालय के मुख्य द्वार पर बैरिकेडिंग के पास जोरदार प्रदर्शन करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में कांग्रेस ने देहरादून में जोरदार प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ता पार्टी के प्रदेश मुख्यालय से सचिवालय कूच करते हुए सचिवालय के मुख्य द्वार तक पहुंचे और वहां जमकर नारेबाजी कर विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस नेताओं ने मुकदमे को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए इसे वापस लेने की मांग की और कहा कि पार्टी इस मुद्दे पर हर स्तर पर संघर्ष करेगी। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी सरकार के इशारे पर राहुल गांधी के खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस कार्रवाई के खिलाफ न्यायसंगत लड़ाई लड़ने के लिए तैयार है और पार्टी हर मोर्चे पर भाजपा सरकार का मुकाबला करेगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विपक्ष की आवाज को दबाने का प्रयास स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए अपना आक्रोश जाहिर किया। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए कथित 'शुद्धिकरण' को लेकर भी भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कार्रवाई भाजपा और सरकार के इशारे पर हुई। आर्य ने कहा कि उनके पास इस संबंध में पर्याप्त साक्ष्य हैं और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के बयानों से भी इस पूरे मामले को लेकर स्थिति और स्पष्ट हुई है। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि हल्द्वानी में हुए कथित शुद्धिकरण की घटना को लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। इसी के विरोध में पार्टी ने सचिवालय कूच का कार्यक्रम आयोजित किया। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और उन्होंने सरकार के खिलाफ अपना विरोध दर्ज कराया। कांग्रेस के आरोपों पर भाजपा ने भी पलटवार किया। भाजपा प्रदेश प्रवक्ता नवीन ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस के पास जनता से जुड़े ठोस मुद्दे नहीं हैं, इसलिए वह बेवजह इस मामले में भाजपा को घसीट रही है। नवीन ठाकुर ने कहा कि श्री राम सेना एक सामाजिक संगठन है, जिसमें उनके मुताबिक बड़ी संख्या में दलित युवा शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि रामलीला मंच पर विशेष धर्म के नारे लगाए जाने के बाद संगठन के सदस्यों ने शुद्धिकरण और हवन किया। भाजपा प्रवक्ता ने राहुल गांधी पर दोहरे रवैये का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी एक ओर खुद को दलितों का हितैषी बताते हैं, जबकि दूसरी ओर उन्हीं दलित युवाओं के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने के लिए सरकार पर दबाव बनाने का आरोप लगाया जा रहा है। नवीन ठाकुर ने कहा कि इस पूरे मामले को दलित समाज भी देख रहा है और कांग्रेस को इसका जवाब देना होगा। उन्होंने कांग्रेस पर राजनीतिक लाभ के लिए मुद्दे को तूल देने का आरोप लगाया। कांग्रेस के सचिवालय कूच के दौरान दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप ने उत्तराखंड की सियासत को एक बार फिर गरमा दिया। कांग्रेस जहां राहुल गांधी के खिलाफ मुकदमे और हल्द्वानी की घटना को लेकर सरकार पर हमलावर है, वहीं भाजपा कांग्रेस पर राजनीतिक मुद्दा खड़ा करने का आरोप लगा रही है। प्रदर्शन के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे पर आने वाले दिनों में भी सियासी टकराव जारी रहने के आसार हैं।