कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत की छुट्टी, प्रो. नवीन चंद्र लोहनी को मिला अतिरिक्त प्रभार।
नैनीताल। कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच उत्तराखंड राजभवन ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। राज्यपाल एवं कुलाधिपति की ओर से जारी आदेश के तहत कुमाऊं विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति प्रो. दीवान सिंह रावत को पद से हटाते हुए उनके स्थान पर उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहानी को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

राजभवन से जारी आदेश में कहा गया है कि पूर्व में जारी आदेश के तहत प्रो. दीवान सिंह रावत को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद पर नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक अथवा छह माह की अवधि के लिए नियुक्त किया गया था। इसके बाद प्रो. रावत की ओर से 23 अगस्त 2026 को उन्हें पद से अवमुक्त किए जाने का अनुरोध प्रस्तुत किया गया था।
इस अनुरोध पर विचार करते हुए राज्यपाल एवं कुलाधिपति ने उत्तर प्रदेश राज्य विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 12 की उपधारा (10) के अंतर्गत आदेश जारी किया है। आदेश के मुताबिक 1 सितंबर 2026 से प्रो. नवीन चंद्र लोहानी, कुलपति उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय, हल्द्वानी, अपने वर्तमान दायित्वों के साथ-साथ कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे।
यह व्यवस्था कुमाऊं विश्वविद्यालय में नियमित कुलपति की नियुक्ति होने तक प्रभावी रहेगी। आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि प्रो. नवीन चंद्र लोहानी को कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति पद का अतिरिक्त प्रभार सौंपे जाने के साथ ही विश्वविद्यालय के प्रशासनिक कामकाज की जिम्मेदारी उनके अधीन होगी।
फिलहाल विश्वविद्यालय के नए नियमित कुलपति की नियुक्ति तक प्रो. नवीन चंद्र लोहानी अतिरिक्त प्रभार के रूप में विश्वविद्यालय की कमान संभालेंगे