Sep 01, 2026 Login

नैनीतालः कुमाऊं विवि के नवनियुक्त कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने ग्रहण किया कार्यभार

Nainital: Prof. Naveen Chandra Lohani, the newly appointed Vice-Chancellor of Kumaun University, has assumed office.

नैनीताल। उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नवीन चंद्र लोहनी ने मंगलवार को कुमाऊं विश्वविद्यालय के नवनियुक्त कुलपति के रूप में अपना अतिरिक्त कार्यभार ग्रहण कर लिया है। राजभवन द्वारा दिए गए निर्देशों के तहत उन्होंने आधिकारिक रूप से विश्वविद्यालय की कमान संभाल ली है। उनके आगमन पर विश्वविद्यालय परिसर में उत्साह का माहौल देखा गया, जहां शिक्षक संघ, अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनका जोरदार स्वागत किया। प्रो. लोहनी वर्तमान में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के कुलपति के रूप में भी जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही उन्होंने विश्वविद्यालय की शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों की कमान संभाल ली। विश्वविद्यालय पहुंचने पर कुलसचिव प्रो. रजनीश पांडे ने पुष्पगुच्छ भेंट कर प्रो. लोहनी का स्वागत किया। इस दौरान विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। पदभार ग्रहण करने के अवसर पर विश्वविद्यालय परिसर में उनके स्वागत को लेकर शिक्षकों एवं अधिकारियों में उत्साह नजर आया। इस मौके पर प्रो. संजय पंत, प्रो. अमित जोशी, डॉ. नंदन बिष्ट, डॉ. एसएस बरगली, वित्त नियंत्रक कमलेश भंडारी और राकेश कुमार सहित अन्य अधिकारियों एवं शिक्षकों ने भी नवनियुक्त कुलपति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कूटा अध्यक्ष प्रो. ललित तिवारी तथा डॉ. शिवांगी ने भी प्रो. लोहनी को पुष्पगुच्छ भेंट किया और शॉल ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया। विश्वविद्यालय परिवार की ओर से उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दी गईं।