Oct 12, 2026 Login
Awaaz24x7-government

रिश्तों का कत्ल: 70 वर्षीय दादा ने पोती से किया दुष्कर्म और हत्या,आरोपी गिरफ्तार

Murder of Relationships: 70-Year-Old Grandfather Rapes and Murders Granddaughter; Accused Arrested

त्रिपुरा के सिपाहीजाला जिले के अंतर्गत सोनामुरा इलाके से रिश्तों को शर्मसार करने वाली एक रूह कंपा देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ एक 70 वर्षीय वृद्ध पर अपनी ही नाबालिग पोती के साथ बार-बार दुष्कर्म करने और फिर उसकी हत्या करने का आरोप लगा है। पुलिस ने आरोपी दादा को गिरफ्तार कर लिया है और उसके खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित हत्या की गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है।

पुलिस के अनुसार, यह मामला 29 अप्रैल को प्रकाश में आया था। शुरुआती सूचना के मुताबिक, नाबालिग बच्ची की मौत संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। प्रथम दृष्टया इसे फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला माना गया और पुलिस ने 'अस्वाभाविक मौत' के रूप में रिपोर्ट दर्ज की थी। लेकिन जैसे ही मामले की तहकीकात शुरू हुई और परिवार की ओर से लिखित शिकायत मिली, तो इस संदिग्ध मौत के पीछे का काला सच सामने आ गया। पुलिस को दी गई लिखित एफआईआर में चौंकाने वाले खुलासे किए गए हैं। मृतका के परिजनों ने आरोप लगाया कि आरोपी दादा काफी समय से बच्ची के साथ दुष्कर्म कर रहा था। पुलिस का मानना है कि दरिंदगी के बाद भेद खुलने के डर से या किसी अन्य विवाद के चलते आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। सोनामुरा थाना प्रभारी तपस दास ने बताया लिखित शिकायत मिलने के बाद हमने तुरंत धाराओं में बदलाव किया। अब यह मामला दुष्कर्म, हत्या और पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज है। आरोपी के खिलाफ पर्याप्त सबूत मिलने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अब इस मामले की हर कोण से जांच कर रही है। घटनास्थल से फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्य जुटाए गए हैं ताकि कोर्ट में आरोपी के खिलाफ पुख्ता सबूत पेश किए जा सकें। थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि आरोपी को स्थानीय अदालत में पेश किया जा रहा है और पुलिस रिमांड की मांग करेगी। इस घटना ने पूरे त्रिपुरा को झकझोर कर रख दिया है। एक ओर जहाँ रक्षक ही भक्षक बन गया, वहीं दूसरी ओर स्थानीय लोगों में इस घिनौनी करतूत को लेकर भारी गुस्सा है। लोग आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग कर रहे हैं ताकि ऐसी दरिंदगी दोबारा न हो।