मिडिल ईस्ट तनावः ट्रंप की चेतावनी के बाद ईरान का इजराइल पर मिसाइल हमला! हालात बेहद तनावपूर्ण, सायरन बजते ही दहशत में आए लोग
नई दिल्ली। मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध अब और खतरनाक मोड़ लेता जा रहा है। डोनाल्ड ट्रंप के सख्त अल्टीमेटम के तुरंत बाद ईरान ने इजराइल की ओर मिसाइलें दाग दी हैं। इस हमले के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव चरम पर पहुंच गया है। बताया जा रहा है कि गुरुवार को ईरान ने इजराइल के कई इलाकों को निशाना बनाते हुए मिसाइल हमला किया। इजराइली सेना ने तुरंत कार्रवाई करते हुए अपने एयर डिफेंस सिस्टम को सक्रिय कर दिया और कई मिसाइलों को हवा में ही नष्ट कर दिया। सेना के मुताबिक महज तीन घंटे के भीतर यह तीसरी बार था जब ईरान की तरफ से मिसाइलें दागी गईं। हमले के दौरान इजराइल के उत्तरी हिस्सों में सायरन बज उठे, जिससे लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि शुरुआती रिपोर्ट्स में किसी बड़े नुकसान या जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। इस पूरे घटनाक्रम से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्र के नाम संबोधन में ईरान को कड़ी चेतावनी दी थी। उन्होंने साफ कहा था कि अगर ईरान ने जल्द युद्ध नहीं रोका और समझौता नहीं किया, तो अमेरिका कड़ा सैन्य एक्शन लेने से पीछे नहीं हटेगा। ट्रंप ने यहां तक कह दिया कि जरूरत पड़ी तो ईरान को स्टोन एज में धकेल दिया जाएगा। ट्रंप ने अपने भाषण में यह भी कहा कि ईरान की नौसेना खत्म हो चुकी है, वायुसेना बर्बाद हो गई है और इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स का कमांड ढांचा लगातार टूट रहा है। उनके मुताबिक इतिहास में कभी किसी दुश्मन को इतने कम समय में इतना बड़ा नुकसान नहीं हुआ। हालांकि ट्रंप के इन दावों के कुछ ही मिनटों बाद ईरान की तरफ से मिसाइल हमले इस बात का संकेत दे रहे हैं कि जमीनी हकीकत अलग है। ईरान लगातार मिडिल ईस्ट और इजरायल के ठिकानों पर हमले कर रहा है, जिससे यह साफ है कि उसकी सैन्य क्षमता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है। ट्रंप ने यह भी दावा किया कि जंग खत्म होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट अपने आप खुल जाएगा। लेकिन मौजूदा हालात में यह रास्ता अब भी तनाव का केंद्र बना हुआ है और वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर खतरा बना हुआ है।