जादूः 17 सेकंड के वीडियो ने बदली तीन मासूमों की किस्मत! स्नातक तक मिलेगी फ्री एजुकेशन, उत्तराखण्ड पुलिस ने भी पोस्ट किया था वीडियो! लिंक में जानें क्या है पूरा मामला?
नई दिल्ली। सोशल मीडिया पर वायरल होने वाला कोई भी वीडियो कब किसकी जिंदगी बदल दे, इसका ताजा उदाहरण नेपाल के रोल्पा जिले से सामने आया है। यहां बारिश के बीच पहाड़ी रास्ते से रेनकोट पहनकर स्कूल जाती तीन छोटी बच्चियों का महज 17 सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो गया। इस वीडियो को लोगों ने खूब पसंद किया और देखते ही देखते इसे लाखों लोगों ने देखा। वीडियो की मासूमियत और बच्चियों के स्कूल जाने के जज्बे ने लोगों का दिल जीत लिया। अब इस वायरल वीडियो का सबसे बड़ा और सुखद असर यह हुआ है कि इन तीनों बच्चियों की कक्षा सातवीं से लेकर स्नातक तक की पढ़ाई का पूरा खर्च रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत उठाएगी। यानी अब तीनों बच्चियों को स्नातक तक निशुल्क शिक्षा मिल सकेगी। इस वीडियो को उत्तराखण्ड पुलिस ने भी अपने पेज पर लगाया है, जिसमें लिखा है, ‘‘मम्मी ने बोला है, अनजान लोगों से नो बात! इन बच्चों की यह समझदारी हर अभिभावक के लिए एक सीख है। अपने बच्चों को अजनबियों से सावधान रहना सिखाएं और उन्हें बनाएं स्मार्ट किड्स’’।
वायरल वीडियो नेपाल के रोल्पा जिले के रन्टीगढ़ी गांव का बताया जा रहा है। वीडियो में तीन छोटी बच्चियां बारिश के बीच अलग-अलग रंगों के रेनकोट पहने हुए पहाड़ी रास्ते पर स्कूल जाती दिखाई दे रही हैं। एक बच्ची ने हरे रंग का रेनकोट पहन रखा है, दूसरी गुलाबी और तीसरी पीले रंग के रेनकोट में नजर आ रही है। तीनों बच्चियां बारिश के बावजूद अपने स्कूल की ओर बढ़ती दिखाई देती हैं। जिस रास्ते से वे गुजर रही हैं, वह पहाड़ी क्षेत्र का संकरा रास्ता है और उन्हें स्कूल पहुंचने के लिए चढ़ाई भी चढ़नी पड़ती है। इसी दौरान एक मोटरसाइकिल उनके पास से गुजरती है और कुछ ही पलों बाद वीडियो समाप्त हो जाता है। वीडियो भले ही महज 17 सेकंड का है, लेकिन इसकी कहानी ने सोशल मीडिया पर लोगों को भावुक कर दिया। वीडियो को देखने वाले लोगों ने बच्चियों के स्कूल जाने के जज्बे की जमकर सराहना की। देखते ही देखते यह वीडियो तेजी से वायरल हो गया और अब तक इसे करीब 22 मिलियन यानी 2.2 करोड़ से ज्यादा बार देखा जा चुका है। सोशल मीडिया यूजर्स ने बच्चियों की मासूमियत और पढ़ाई के प्रति उनके समर्पण को खूब पसंद किया। वायरल वीडियो की लोकप्रियता के बाद स्थानीय स्तर पर भी इन बच्चियों की शिक्षा को लेकर एक बड़ा फैसला लिया गया।

इस वीडियो को लोकेन्द्र पुन नामक एक स्थानीय व्यक्ति ने रिकॉर्ड किया था। लोकेन्द्र पुन ने बताया कि वह अपनी बहन को बस से रवाना करने के लिए इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनकी नजर बारिश के बीच स्कूल जाती इन तीन बच्चियों पर पड़ी। बच्चियों को इस तरह बारिश में रेनकोट पहनकर पहाड़ी रास्ते से स्कूल जाते देखकर उन्हें यह दृश्य बेहद मनमोहक लगा। उन्होंने अपने मोबाइल फोन से बच्चियों का वीडियो बना लिया। उस समय शायद उन्होंने भी नहीं सोचा होगा कि उनके द्वारा रिकॉर्ड किया गया महज 17 सेकंड का यह वीडियो इतनी बड़ी संख्या में लोगों तक पहुंचेगा और इन तीनों बच्चियों के भविष्य को बदलने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। वायरल वीडियो में नजर आ रही तीनों बच्चियां रन्टीगढ़ी गांव के सुर्पाल इलाके की रहने वाली हैं। तीनों बच्चियां एडवांस चाइल्ड केयर इंग्लिश बोर्डिंग स्कूल में पढ़ाई करती हैं। बताया गया है कि इनमें से दो बच्चियां एक ही परिवार की हैं, जबकि तीसरी बच्ची उनकी पड़ोसी है। हालांकि तीनों अलग-अलग परिवारों से हैं, लेकिन उनकी दोस्ती इतनी गहरी है कि वे रोजाना एक साथ स्कूल जाती हैं। बारिश हो, धूप हो या फिर पहाड़ी रास्ते की मुश्किल चढ़ाई, तीनों बच्चियां साथ-साथ स्कूल पहुंचती हैं।
वीडियो वायरल होने के बाद जब यह बात स्थानीय लोगों और ग्राम पंचायत तक पहुंची तो बच्चियों की पढ़ाई को लेकर चर्चा शुरू हुई। वीडियो को मिल रही जबरदस्त लोकप्रियता के बीच रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत ने इन बच्चियों की शिक्षा की जिम्मेदारी उठाने का फैसला किया। पंचायत के इस फैसले के बाद अब मनजीता पुन, सियां घर्ती और मनजीता घर्ती को आगे की पढ़ाई के लिए आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा। जिस स्कूल में ये बच्चियां अभी पढ़ रही हैं, वहां पहले से ही कक्षा छह तक निशुल्क शिक्षा की सुविधा उपलब्ध है। अब ग्राम पंचायत ने निर्णय लिया है कि कक्षा सातवीं से लेकर स्नातक तक इन तीनों बच्चियों की पढ़ाई का पूरा खर्च पंचायत की ओर से वहन किया जाएगा। बताया गया है कि तीनों बच्चियों के पिता विदेश में काम करते हैं। ऐसे में बच्चों की पढ़ाई और परिवार की अन्य जिम्मेदारियों के बीच शिक्षा का खर्च उठाना आसान नहीं होता। लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए इस वीडियो ने न सिर्फ इन बच्चियों की कहानी को दुनिया के सामने पहुंचाया, बल्कि उनकी शिक्षा का रास्ता भी आसान कर दिया।
शनिवार को वीडियो रिकॉर्ड करने वाले लोकेन्द्र पुन और रन्टीगढ़ी ग्राम पंचायत के सदस्यों ने बच्चियों के घर पहुंचकर उनके अभिभावकों से मुलाकात की। इस दौरान उन्हें पंचायत के फैसले की जानकारी दी गई और बच्चियों की आगे की पढ़ाई का खर्च उठाने को लेकर परिवार की सहमति ली गई।