दुखदः मशहूर पर्वतारोही निर्मल पुर्जा ‘निम्स दाई’ का निधन! पाकिस्तान के ब्रॉड पीक पर एवलांच ने ली जान, छह नेपाली समेत 10 पर्वतारोहियों की मौत

Tragic: Renowned mountaineer Nirmal Purja ‘Nims Dai’ passes away! Avalanche claims lives on Pakistan’s Broad Peak; 10 mountaineers, including six Nepalis, dead.

नई दिल्ली। दुनिया के प्रसिद्ध पर्वतारोही और विश्व रिकॉर्डधारी नेपाली पर्वतारोही निर्मल पुर्जा, जिन्हें पर्वतारोहण की दुनिया में ‘निम्स दाई’ या ‘निम्स’ के नाम से जाना जाता है, की मौत की आधिकारिक पुष्टि हो गई है। पाकिस्तान की करीब 8,047 मीटर ऊंची ब्रॉड पीक पर चढ़ाई के दौरान एवलांच की चपेट में आने के बाद वे लापता हो गए थे। शनिवार को उनकी कंपनी एलीट एक्सपेड ने आधिकारिक बयान जारी कर उनके निधन की पुष्टि की। इस खबर के साथ पिछले दो दिनों से जारी तलाश और उनके सुरक्षित लौटने की उम्मीद भी खत्म हो गई। जानकारी के अनुसार, गुरुवार को पर्वतारोहियों का दल कैंप-2 से कैंप-3 की ओर बढ़ रहा था। इसी दौरान करीब 6,600 मीटर की ऊंचाई पर अचानक एवलांच आया और दल के कई सदस्य इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद टीम से संपर्क टूट गया। खराब मौसम और ऊंचाई पर बेहद चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों के कारण राहत एवं बचाव अभियान में भी मुश्किलें सामने आईं। पाकिस्तानी बचाव दल ने हेलिकॉप्टर और ड्रोन की मदद से लापता पर्वतारोहियों की तलाश की। बाद में कुछ पर्वतारोहियों के शव बरामद किए गए और उनकी पहचान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई। अल्पाइन क्लब ऑफ पाकिस्तान के अनुसार, अभियान में शामिल दस सदस्यीय अंतरराष्ट्रीय दल में पांच नेपाली पर्वतारोही शामिल थे, जिनका नेतृत्व निर्मल पुर्जा कर रहे थे। दल में पाकिस्तान, ओमान, अमेरिका और चीन समेत विभिन्न देशों के पर्वतारोही शामिल थे। इस हादसे में छह नेपाली और चार विदेशी पर्वतारोहियों के निधन की जानकारी सामने आई है।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने निर्मल पुर्जा समेत सभी मृत पर्वतारोहियों के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने श्रद्धांजलि संदेश में कहा कि पर्वतारोहण केवल किसी शिखर तक पहुंचने की यात्रा नहीं, बल्कि साहस, अनुशासन, त्याग और मानवीय सीमाओं को चुनौती देने वाले अदम्य आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि हिमालय कई पर्वतारोहियों को सफलता और गौरव देता है, लेकिन कभी-कभी उन्हें हमेशा के लिए अपनी गोद में भी समेट लेता है। निर्मल पुर्जा की कंपनी एलीट एक्सपेड ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पर्वतारोहण की दुनिया ने एक महान पर्वतारोही और प्रेरणादायक नेता खो दिया है। कंपनी ने उनके साथ उनके साथी और गाइड पुर्व बहादुर गुरुंग तथा नीमा शेरपा के निधन पर भी दुख जताया और सभी मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। निर्मल पुर्जा नेपाली मूल के पूर्व ब्रिटिश गोरखा सैनिक थे। वर्ष 2019 में उन्होंने दुनिया की सभी 14 आठ हजार मीटर से ऊंची चोटियों पर छह महीने से कुछ अधिक समय में चढ़ाई कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि को नेटफ्लिक्स की डॉक्यूमेंट्री ‘14 पीक्स: नथिंग इज इंपॉसिबल’ के जरिए दुनियाभर में पहचान मिली। उन्होंने कई अभियानों में बिना अतिरिक्त ऑक्सीजन के भी पर्वतारोहण किया और ऊंचाई वाले अभियानों में अपने नेतृत्व के लिए विशेष पहचान बनाई। निम्स दाई का निधन पर्वतारोहण जगत के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। इस हादसे ने एक बार फिर यह भी दिखाया है कि आधुनिक तकनीक, अनुभव और बेहतर सुरक्षा इंतजामों के बावजूद ऊंचे पर्वतीय क्षेत्रों में प्रकृति की शक्ति के सामने जोखिम हमेशा बना रहता है। निर्मल पुर्जा की उपलब्धियां आने वाली पीढ़ियों के पर्वतारोहियों को साहस और दृढ़ संकल्प की प्रेरणा देती रहेंगी।