उत्तराखण्ड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: कई आईपीएस, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले! निवेदिता कुकरेती बनी आईजी कुमाऊं

Major administrative reshuffle in Uttarakhand: Several IPS, PPS, and PCS officers transferred! Nivedita Kukreti becomes IG Kumaon.

देहरादून। उत्तराखण्ड शासन ने शुक्रवार देर शाम बड़े स्तर पर प्रशासनिक फेरबदल करते हुए आईपीएस, पीपीएस और पीसीएस अधिकारियों के तबादले किए हैं। जारी आदेश के अनुसार पुलिस एवं प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। तबादला सूची के अनुसार आईपीएस अधिकारी निवेदिता कुकरेती को पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) कुमाऊं की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इससे पूर्व यह दायित्व रिद्धिम अग्रवाल के पास था। रिद्धिम अग्रवाल को अब पुलिस महानिरीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था बनाया गया है। वहीं विम्मी सचदेवा को पुलिस महानिरीक्षक पुलिस दूरसंचार एवं फायर सर्विस की जिम्मेदारी दी गई है। शासन ने कृष्ण कुमार वीके को पुलिस महानिरीक्षक यातायात नियुक्त किया है। वहीं नीलेश आनंद भरणे की जिम्मेदारियों में बड़ी कटौती करते हुए उनसे सचिव पुलिस तथा स्पोर्ट्स कंट्रोल रूम का प्रभार वापस ले लिया गया है। वर्तमान आदेश में उन्हें कोई नई जिम्मेदारी नहीं सौंपी गई है। अनंत शंकर ताकवाले को पुलिस महानिरीक्षक सीआईडी बनाया गया है, जबकि सुनील कुमार मीणा को पुलिस महानिरीक्षक कार्मिक एवं पीएसी का दायित्व सौंपा गया है। योगेंद्र सिंह रावत को पुलिस महानिरीक्षक एसडीआरएफ और वरिंदरजीत सिंह को पुलिस महानिरीक्षक मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है।
इसके अलावा आयुष अग्रवाल को 40वीं वाहिनी पीएसी हरिद्वार का सेनानायक बनाया गया है। हरीश वर्मा को आईआरबी प्रथम का सेनानायक नियुक्त किया गया है। अमित श्रीवास्तव को पुलिस अधीक्षक सीआईडी देहरादून तथा जितेंद्र चौधरी को पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात देहरादून का दायित्व सौंपा गया है।
इधर देहरादून के सिटी मजिस्ट्रेट प्रत्यूष सिंह को पदोन्नति स्वरूप हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण का सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं पीसीएस अधिकारी राकेश तिवारी को देहरादून का नया सिटी मजिस्ट्रेट बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें संयुक्त सचिव मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की अतिरिक्त जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। इसके अलावा गोपाल सिंह बिनवाल को रुड़की नगर निगम का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है।

इधर वीर सिंह को उपसेनानायक आईआरबी प्रथम बनाया गया है। लोगजीत सिंह को अपर पुलिस अधीक्षक अपराध एवं कानून व्यवस्था, पुलिस मुख्यालय की जिम्मेदारी दी गई है। विमल आचार्य को उपसेनानायक 46वीं वाहिनी पीएसी रुद्रप्रयाग नियुक्त किया गया है। शांतनु पाराशर को अपर पुलिस अधीक्षक साइबर क्राइम तथा अंकुश मिश्रा को अपर पुलिस अधीक्षक अभिसूचना बनाया गया है।
राज्य सरकार द्वारा किए गए इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को आगामी चुनौतियों, कानून-व्यवस्था की मजबूती और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शासन के इस निर्णय के बाद विभिन्न विभागों और इकाइयों में नई कार्यशैली और बेहतर समन्वय की उम्मीद जताई जा रही है।