किच्छाः आनंदपुर गांव के बाद जवाहर नगर आदर्श कॉलोनी में चोरों का आतंक! कॉलोनीवासियों ने पकड़ा एक आरोपित, पुलिस को सौंपा
रुद्रपुर। किच्छा क्षेत्र के आनंदपुर गांव में विगत रविवार को हुई चोरी के बाद जहां स्थानीय लोगों में भय का माहौल देखने को मिल रहा है, वहीं इस घटना के बाद जवाहर नगर आदर्श कॉलोनी में भी चोरों ने आतंक मचाने का प्रयास किया, लेकिन यहां एक चोर स्थानीय लोगों के हत्थे चढ़ गया। जिसे लोगों ने पुलिस के हवाले कर दिया। बताया जाता है कि उक्त चोर वहां किसी घर में घुस गया था, तभी लोगों ने उसे पकड़ लिया और उससे पूछताछ की। इसी दौरान कॉलोनीवासियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गयी और पकड़े गए आरोपित को अपने साथ ले गयी। बता दें कि इससे पहले किच्छा के ही आनंदपुर में रविवार देर रात अज्ञात चोरों ने दो घरों को निशाना बनाया। हांलाकि एक घर के लोग जाग गए, जिसके बाद चोर मौके से फरार हो गए। वहीं दूसरे घर का ताला तोड़कर चोरों ने वहां उथल-पुथल की है। चोरी की वारदात का एक वीडियो भी सामने आया था। जानकारी के मुताबिक रविवार देर रात आनंदपुर गांव में तीन अज्ञात चोर राधे यादव के घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। उन्होंने दीवार के रास्ते घर में घुसने की कोशिश की और सीसीटीवी कैमरे को घुमा दिया। तभी घर में मौजूद कुत्ते को आभास हो गया और वह भौंकने लगा। कुत्ते के भौंकने पर मकान मालिक उठ गए और बाहर आकर देखा तो तीन अज्ञात लोग घर में घुसने का प्रयास कर रहे थे। हो.हल्ला होने पर तीनों चोर मौके से फरार हो गए। इस बीच कॉलोनी के लोग एकत्र हो गए और डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी गयी। तभी पता चला कि दूसरे घर जो फागू राजभर का है, वहां भी चोरी की घटना हुई है। बताया जाता है कि फागू राजभर यहां नहीं थे, इसी का फायदा उठाकर चोर उनके घर का ताला तोड़कर अंदर घुस गए और पूरा सामान उलट-पुलट कर दिया। इसके बाद जवाहर नगर आदर्श कॉलोनी में भी चोर घुस गए। ऐसे में अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह वहीं चोर होंगे जो आनंदपुर में घुसे थे। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।