विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप-2026 में तकनीकी अधिकारी बने अल्मोड़ा के हिमांशु परगाई, बढ़ाया उत्तराखंड और देश का मान

Himanshu Pargai of Almora became the technical official in the World Yogasana Sports Championship-2026, raising the prestige of Uttarakhand and the country.

अल्मोड़ा। उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद के होनहार युवा एवं केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय, श्री सदाशिव परिसर, पुरी के योग विज्ञान एवं आध्यात्म विद्याशाखा के छात्र हिमांशु परगाई का चयन विश्व योगासन खेल चैंपियनशिप-2026 (World Yogasan Sports Championship-2026) के लिए तकनीकी अधिकारी के रूप में हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से न केवल अल्मोड़ा बल्कि पूरे उत्तराखंड और देश का गौरव बढ़ा है। हिमांशु परगाई इससे पूर्व एशियन योगासन चैंपियनशिप में भी तकनीकी अधिकारी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभा चुके हैं। मूल रूप से अल्मोड़ा निवासी हिमांशु की योग यात्रा योगनिलयम (योग एवं वैदिक अध्ययन शोध संस्थान) से प्रारंभ हुई। उन्होंने सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, अल्मोड़ा तथा देव संस्कृति विश्वविद्यालय, शांतिकुंज से शिक्षा प्राप्त की है। योगासन के क्षेत्र में उनकी यह उपलब्धि उनके समर्पण, विशेषज्ञता और निरंतर प्रतिबद्धता का परिणाम मानी जा रही है। हिमांशु ने अपने अथक प्रयासों और योग के प्रति समर्पण से अनेक युवाओं और विद्यार्थियों को प्रेरित किया है। उनकी सफलता ने योगनिलयम शोध संस्थान, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय, देवभूमि उत्तराखंड और पूरे देश को गौरवान्वित किया है।

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मिली इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, खेल मंत्री रेखा आर्य, पूर्व विधायक कैलाश शर्मा, रघुनाथ सिंह चौहान, दर्जा राज्य मंत्री बिट्टू कर्नाटक, भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, कांग्रेस जिला अध्यक्ष भूपेंद्र भोज, दर्जा राज्य मंत्री गोविंद पिलखपाल, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश बहुगुणा, रवि रौतेला, योगनिलयम शोध संस्थान के निदेशक डॉ. प्रेम प्रकाश पांडेय, केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी, सोबन सिंह जीना विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. सतपाल सिंह बिष्ट, देव संस्कृति विश्वविद्यालय के प्रति कुलपति डॉ. चिन्मय पंड्या, अल्मोड़ा योगासन स्पोर्ट्स एसोसिएशन, विवेकानंद हिमालयी विकास केंद्र के संयोजक दीपक पाण्डेय, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. योगेश पुरोहित, सांसद अजय टम्टा, विधायक मनोज तिवारी तथा मेयर अजय वर्मा सहित अनेक गणमान्य लोगों ने शुभकामनाएं एवं बधाई दी है।