उत्तराखंड में हीट वेव का अलर्टः प्रशासन सख्त! स्कूलों के समय में फिर बदलाव, ऊधम सिंह नगर जिला प्रशासन ने जारी किया आदेश! जानें अब क्या रहेगी टाईमिंग?
ऊधम सिंह नगर। उत्तराखंड में भीषण गर्मी और हीट वेव के खतरे को देखते हुए प्रशासन ने सख्त कदम उठाए हैं। मौसम विज्ञान विभाग देहरादून द्वारा जारी पूर्वानुमान के आधार पर राज्य के मैदानी क्षेत्रों में तेज गर्मी और लू चलने की संभावना जताई गई है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने बच्चों और आम जनता की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए विशेष आदेश जारी किए हैं। जारी आदेश के अनुसार बढ़ते तापमान के कारण डिहाइड्रेशन और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ गया है। खासकर छोटे बच्चों, विद्यार्थियों, गर्भवती महिलाओं और बुजुर्गों पर इसका अधिक प्रभाव पड़ सकता है। इसी के चलते जनपद में संचालित आंगनबाड़ी केंद्रों और सभी सरकारी व गैर-सरकारी विद्यालयों के समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन के निर्देशानुसार, कल 29 अप्रैल 2026 से ग्रीष्मकालीन अवकाश घोषित होने तक आंगनबाड़ी केंद्रों और प्री-नर्सरी कक्षाओं का संचालन सुबह 7ः30 बजे से 11 बजे तक किया जाएगा। वहीं कक्षा 1 से 12 तक के सभी विद्यालय सुबह 7ः30 बजे से दोपहर 12 बजे तक संचालित होंगे। इसके साथ ही सभी विभागीय अधिकारियों, विद्यालय प्रबंधन समितियों और संस्थान प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाए। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 के तहत कार्रवाई की जाएगी। वहीं जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे भीषण गर्मी के दौरान सावधानी बरतें, अनावश्यक रूप से धूप में निकलने से बचें और पर्याप्त मात्रा में पानी का सेवन करें। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।