उत्तराखंड में मौसम के तल्ख तेवरः ऑरेंज अलर्ट के बीच सीएम धामी ने दिए सख्त निर्देश! आपदा की स्थिति में राहत-बचाव कार्यों में न हो देरी, हेली सेवाएं रहेंगी अलर्ट
देहरादून। उत्तराखंड में मौसम के तल्ख तेवरों ने एक बार फिर लोगों की टेंशन बढ़ा दी है। आईएमडी की ओर से प्रदेश के अधिकांश जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम के तल्ख तेवरों को देखते हुए शासन-प्रशासन भी अलर्ट मोड पर नजर आ रहा है। इस बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन विभाग को पूरी तरह अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन को निर्देशित किया कि किसी भी आपदा या आपात स्थिति में राहत और बचाव कार्यों में किसी भी स्तर पर देरी नहीं होनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारियों और संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों को स्वयं फील्ड में जाकर स्थिति का जायजा लेने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि दुर्गम और आपदा प्रभावित क्षेत्रों में आवश्यकता पड़ने पर तत्काल राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें, इसके लिए हेली सेवाओं को भी अलर्ट मोड पर रखा जाए। सीएम धामी ने प्रदेश के विभिन्न जिलों में बारिश की स्थिति, बंद सड़क मार्गों, नदियों के जलस्तर, जलभराव, राहत एवं बचाव कार्यों और प्रशासन की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने चारधाम यात्रा समेत प्रदेश के अन्य मार्गों पर यात्रियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि अधिक बारिश या भूस्खलन की स्थिति में यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रोका जाए और मौसम तथा सड़क की स्थिति सामान्य होने के बाद ही उन्हें आगे जाने की अनुमति दी जाए। वहीं, आपदा प्रबंधन मंत्री मदन कौशिक और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने भी सचिव आपदा प्रबंधन से प्रदेश की स्थिति की जानकारी लेते हुए किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और समन्वित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के निर्देशों के क्रम में सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने मंगलवार को सभी जिलों के अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर प्रदेश में बारिश और आपदा की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने और सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।