Good Morning India: महिला क्रिकेट वर्ल्डकप, भारत की ऐतिहासिक जीत, बेटियों के साथ झूम उठा पूरा देश! अमेरिकी टैरिफ के बाद 37.5% गिरा भारत का एक्सपोर्ट! उत्तराखण्ड में आज विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, स्वागत को तैयार नैनीताल
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून में आज विधानसभा के विशेष सत्र को संबोधित करेंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू। वहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे आज बिहार के अमरपुर में जनसभा को संबोधित करेंगे। इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सहारसा और कटिहार में जनसभाएं करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 का फाइनल भारत और साउथ अफ्रीका के बीच डीवाई पाटिल स्टेडियम में खेला गया। इस मैच में टीम इंडिया ने 52 रन से जीत दर्ज की। इसके साथ ही टीम इंडिया ने पहली बार महिला वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। इस मैच में टीम इंडिया को पहले बल्लेबाजी करने का मौका मिला और उन्होंने 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 298 रन बनाए। जवाब में अफ्रीकी टीम इस मैच में 246 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। भारत की तरफ से इस मैच में शैफाली वर्मा और दीप्ति शर्मा ने अर्धशतक लगाया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को शैफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने अच्छी शुरुआत दिलाई। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 104 रन की साझेदारी हुई। स्मृति ने 58 गेंद में 45 रन बनाए। शेफाली वर्मा के पास इस मैच में शतक लगाने का मौका था लेकिन उन्होंने इस मौके को गंवा दिया। शेफाली ने 78 गेंद में 87 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में सात चौके और दो छक्के लगाए।
इधर महिला वर्ल्ड कप 2025 का खिताब भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को पटखनी देकर जीत लिया। टीम इंडिया ने फाइनल मैच में कमाल का प्रदर्शन किया और उनके आगे साउथ अफ्रीका की एक ना चली। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 298 रनों का स्कोर बनाया, जिसके जवाब में अफ्रीकी टीम 246 रनों पर ही सिमट गई। भारत के लिए दीप्ति शर्मा और शेफाली वर्मा ने कमाल का प्रदर्शन किया। हरमनप्रीत कौर की अगुवाई में भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन किया और पहली बार महिला वर्ल्ड कप का खिताब जीत लिया। भारतीय कप्तान को आईसीसी के अध्यक्ष जय शाह ट्रॉफी सौंपते हैं। इसके बाद वह टीम के पास ट्रॉफी सेलिब्रेट करने के लिए जाती हैं। वह ट्रॉफी टीम को देने के लिए हाथ हाथ आगे बढ़ाती हैं, लेकिन ट्रॉफी उन्हें देती नहीं है। फिर वह कई बार ऐसा करती हैं। अंत में वह बीच में ट्रॉफी उठाकर जीत का जश्न मनाती हैं। हरमन की इस हरकत पर शेफाली वर्मा बहुत ही खुश नजर आती हैं। बाद में पूरी टीम जश्न में डूबी हुई नजर आती है।
उधर मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में महिला इनामी नक्सली सुनीता ने आत्मसमर्पण किया है। छत्तीसगढ़ की रहने वाली महिला नक्सली सुनीता बीजापुर जिले के ग्राम गोमवेटा की रहने वाली है। जिसने मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले की पितकोना पुलिस चौकी अंतर्गत चिलोरा कैंप में समर्पण किया। जिस पर 14 लाख का इनाम भी है। ईनामी महिला नक्सली के आत्मसमर्पण को लेकर पुलिस महानिरीक्षक संजय कुमार ने कहा कि सुनीता मध्य प्रदेश की हाल ही में नक्सली पॉलिसी और राज्य में बन रहे नक्सिलयों पर दबाव के चलते उसने समर्पण किया है। मध्य प्रदेश में 1992 के बाद पहली बार किसी महिला नक्सली ने इस तरह से सरेंडर किया है।
इधर अफगानिस्तान से एक बार फिर भूंकप के तेज झटके की खबर सामने आ रही है। जहां देश के उत्तरी इलाके में सोमवार तड़के 6.3 तीव्रता का भूकंप आया। अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण के अनुसार, भूकंप का केंद्र खुल्म शहर से 22 किलोमीटर पश्चिम-दक्षिण-पश्चिम में था और इसकी गहराई 28 किलोमीटर मापी गई। यह झटका स्थानीय समयानुसार रात 12:59 बजे महसूस किया गया। अभी तक किसी नुकसान या जनहानि की सूचना नहीं मिली है।
उधर अमेरिका के बढ़े हुए टैरिफ ने भारतीय निर्यात बाजार को गहरा झटका दिया है। ग्लोबल ट्रेड रिसर्च इनिशिएटिव (GTRI) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, मई से सितंबर 2025 के बीच भारत का अमेरिका को होने वाला निर्यात 37.5% तक गिर गया है। यह पिछले कुछ वर्षों में भारतीय निर्यात प्रदर्शन में दर्ज सबसे बड़ी गिरावटों में से एक मानी जा रही है। आपको बता दें कि अमेरिका ने अप्रैल 2025 में भारतीय वस्तुओं पर 10% टैरिफ लगाया था, जो अगस्त तक बढ़कर 50% तक पहुंच गया। इस कदम के तुरंत बाद भारत से अमेरिका जाने वाला निर्यात 8.8 अरब डॉलर से घटकर 5.5 अरब डॉलर रह गया। अमेरिकी बाजार में भारत का प्रदर्शन इतना खराब पहले कभी नहीं देखा गया था।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, राज्य स्थापना के 25 वर्ष पूरे होने पर रजत जयंती के उपलक्ष्य पर विधानसभा का विशेष सत्र सोमवार से शुरू होगा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से सत्र की शुरुआत होगी। विशेष सत्र के लिए राष्ट्रपति रविवार दोपहर दून पहुंच गईं हैं। विधानसभा सचिवालय ने विशेष सत्र की तैयारियां पूरी कर ली हैं। विधानसभा परिसर व आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए। सोमवार सुबह 11 बजे विशेष सत्र में राष्ट्रपति का सदन में एक घंटे का संबोधन होगा। इसके बाद राष्ट्रपति नैनीताल के लिए रवाना होंगी।
इधर प्रदेश में कुक्कुट विकास नीति 2025 को मंजूरी मिल गई है। शासन ने आदेश के साथ ही एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी कर दी है। नीति के मुताबिक पर्वतीय क्षेत्रों में कुक्कुट पालन के लिए 40 और मैदानी क्षेत्रों में 30% की सब्सिडी मिलेगी। कुक्कुट विकास नीति 2025 के शासनादेश के मुताबिक यह नीति 31 दिसंबर 2030 तक या नई नीति लागू होने तक प्रभावी रहेगी। यदि आवश्यक हो तो प्रदेश सरकार इस नीति की अवधि बढ़ाने या घटाने का अधिकार सुरक्षित रखती है। यह नीति पूरे उत्तराखंड में लागू होगी और भविष्य की योजनाओं, कार्यों के लिए दिशा-निर्देश प्रदान करेगी। नीति में दो तरह के पोल्ट्री फार्म स्थापित करने की व्यवस्था है।
उधर सोमवार को ऋषिकेश में एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां गोविन्द नगर स्थित एक कबाड़ी की दुकान में आग लगने से एक व्यक्ति की जलकर मौत हो गई। 108 से शव को एम्स भेजा गया। अग्नि शमन का दल मौके पर पंहुचा है।
इधर मॉरीशस के पूर्व राष्ट्रपति पृथ्वीराज सिंह रूपन आज हरिद्वार पहुंचे। यहां उन्होंने हरकी पैड़ी पर गंगा पूजन और आरती में भाग लिया। गंगा तट पर उनकी उपस्थिति के दौरान श्रद्धालुओं और पर्यटकों में उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर उन्होंने गंगा मैया से विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना भी की।
उधर उत्तराखंड के मानसून हालांकि चला गया है, इसके बावजूद अभी बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 4 और 5 नवंबर को राज्य के कई पर्वतीय जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। जिन जिलों में बारिश होगी उनमें गढ़वाल मंडल के 3 और कुमाऊं मंडल के 2 जिले शामिल हैं। मौसम विभाग के अनुसार आज 3 नवंबर को उत्तराखंड में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यानी आज राज्य में कहीं भी बारिश नहीं होगी। हालांकि मौसम विभाग ने कल यानी 4 नवंबर और परसों यानी 5 नवंबर को बारिश की संभावना जताई है। पूर्वानुमान के अनुसार 4 नवंबर को उत्तराखंड के 5 जिलों में बारिश होगी।