कमाल कर दिया पायलट जी, आपको सलाम...! कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी के कायल हुए सलमान खान, एक्स पर शेयर की पोस्ट
नई दिल्ली। फ्लाईदुबई की फ्लाइट में 30 सितंबर को सामने आई गंभीर घटना के बाद भारतीय कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी और सूझबूझ की चर्चा देश ही नहीं, बल्कि दुनियाभर में हो रही है। मुश्किल हालात में अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा के लिए मोर्चा संभालने वाले कैप्टन स्मित मच्छार की हिम्मत की अब बॉलीवुड के सितारे भी जमकर सराहना कर रहे हैं। रवीना टंडन, रवि किशन, कंगना रनौत, शिल्पा शेट्टी, जैकी श्रॉफ और सोनम कपूर के बाद अब बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान ने भी कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सलाम किया है। सलमान खान ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन स्मित मच्छार की तारीफ करते हुए एक खास पोस्ट साझा किया। उन्होंने लिखा, "कमाल कर दिया पायलट जी, हम सब आपको सलाम करते हैं। आपके साथ उड़ान भरने में मजा आएगा.. शाबाश भाई.. कैप्टन #SmitMachchhar।" सलमान खान का यह पोस्ट सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तेजी से चर्चा में आ गया। उनके प्रशंसकों ने भी कैप्टन स्मित की बहादुरी की जमकर तारीफ की। दरअसल, 30 सितंबर को फ्लाईदुबई की फ्लाइट FZ1073 दुबई से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी। विमान में 180 से अधिक लोग सवार थे। उड़ान के दौरान कॉकपिट में पायलटों के बीच कथित तौर पर झड़प की स्थिति पैदा हो गई। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसी दौरान को-पायलट ने कैप्टन स्मित मच्छार पर हमला कर दिया। घटना के बाद विमान की स्थिति बेहद गंभीर हो गई और फ्लाइट अचानक तेजी से नीचे आने लगी। बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हिम्मत नहीं हारी। उन्होंने स्थिति को संभालने की कोशिश की और कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद विमान को सऊदी अरब के ताबुक में सुरक्षित उतारा गया। इस पूरी घटना के दौरान विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षा सबसे बड़ी चुनौती थी, जिसे कैप्टन स्मित ने अपनी सूझबूझ और साहस के साथ संभालने का प्रयास किया।
जावेद अख्तर ने भी की तारीफ
कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ करने वालों में मशहूर गीतकार और लेखक जावेद अख्तर भी शामिल हैं। उन्होंने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कैप्टन स्मित की जमकर सराहना की। जावेद अख्तर ने लिखा, "हैट्स ऑफ टू स्मित मच्छर!! इसमें कोई शक नहीं कि वो महावीर चक्र जैसे देश के सर्वोच्च वीरता पुरस्कार के हकदार हैं।" कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को लेकर सोशल मीडिया पर लगातार प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। बॉलीवुड सितारों से लेकर आम लोग तक उनके साहस और सूझबूझ की प्रशंसा कर रहे हैं। घटना के बाद कैप्टन स्मित को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी बताया जा रहा है। फ्लाइट के भीतर बने बेहद चुनौतीपूर्ण हालात में यात्रियों की सुरक्षा के लिए कैप्टन स्मित मच्छार ने जिस तरह धैर्य और साहस का परिचय दिया, उसने उन्हें देशभर में चर्चा का केंद्र बना दिया है। अब सलमान खान का संदेश भी इस चर्चा में जुड़ गया है, जिसमें उन्होंने कैप्टन स्मित को खुले तौर पर सलाम करते हुए उनके जज्बे को सराहा है।