Good Morning India: अमेरिका पहुंचे शी शी जिनपिंग, ट्रंप ने सभी प्रोटोकॉल तोड़े! ग्रेटर नोएडा में आग का गोला बनी स्लीपर बस, 9 की मौत! चुनाव आयोग पर जस्टिस दीपांकर की अहम टिप्पणी! श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण, चार्जशीट में ट्रस्ट को क्लीन चिट
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात होगी। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय मंत्रियों की चिंतन बैठक का आज दूसरा दिन है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका में आज दो महाशक्तियों के बीच बड़ी बैठक होने जा रही है। चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग अमेरिका पहुंच चुके हैं। जिनपिंग का ये दौरा 11 साल के बाद हो रहा है। अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने प्रोटोकॉल तोड़कर खुद जॉइंट बेस एंड्रयूज एयरपोर्ट पर राष्ट्रपति शी जिनपिंग स्वागत किया। राष्ट्रपति शी जिनपिंग अपनी पत्नी पेंग लियुआन का हाथ पकड़े हुए जब विमान से नीचे उतरे तो राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। शी जिनपिंग के स्वागत में करीब 100 फीट लंबा रेड कारपेट बिछाया गया और दो B-1 बॉम्बर विमानों ने आसमान से दोनों नेताओं को सलामी दी। साथ ही दोनों देशों के राष्ट्रगान के बीच अमेरिकी सेना के 479 सैनिकों ने गार्ड ऑफ ऑनर दिया। वहीं, आज ट्रंप और जिनपिंग के बीच अहम द्विपक्षीय वार्ता होगी। इस दौरान 5 अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। इनमें ट्रेड, टैरिफ, AI, ताइवान को लेकर जारी तनाव, ईरान युद्ध और रूस से तेल खरीद का मुद्दा शामिल है। वहीं, राष्ट्रपति शी जिनपिंग के स्वागत में आज राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के स्टेट फ्लोर पर विशेष समारोह का आयोजन करेंगे। साथ ही आज रात व्हाइट हाउस में शी जिनपिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन के सम्मान में राजकीय भोज होगा।
इधर यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात स्लीपर बस में आग लग गई। ग्रेटर नोएडा से आगरा की ओर जा रही बिहार नंबर की बस में दयानतपुर गांव के पास आग लग गई। चालक ने बस एक्सप्रेसवे किनारे रोकी। जिस समय ये हादसा हुआ बस में तकरीबन 35 यात्री थे, हादसे में 9 लोगों की जलकर मौत हो गई। आग लगने के बाद अफरातफरी मच गई और बस की खिड़की से कूदकर कई लोगों ने जान बचाई। लेकिन कुछ यात्री आग तेजी से फैलने के कारण अंदर ही फंस गए उन्हें उतरने का मौका नहीं मिला। घायलों को नजदीकी कैलाश अस्पताल में भर्ती कराया गया है। नौ की मौत की पुष्टि भोर में 3.30 बजे हुई। मरने वालों में महिला बुजुर्ग और दिव्यांग बच्चे भी शामिल हैं। बस में आग किन कारणों से लगी पुलिस इसकी जांच कर रही है। ये बस दिल्ली से महोबा जा रही थी। बताया जाता है कि बस में आग लगने के बाद धुआं और ऊंची लपटें उठती देख सवारियों में अफरातफरी मच गई। चालक ने बस को एक्सप्रेसवे के किनारे रोककर कई सवारियों की जान बचा ली, तो कई ने कूदकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग के दौरान बस में से पटाखे फूटने जैसी आवाज आ रही थी।
उधर शाहरुख खान स्टारडम के मामले में ही नहीं, रईसी के मामले में भी भारत के टॉप एक्टर हैं और हुरुन रिच लिस्ट में एक बार फिर उनका दबदबा देखने को मिला है। हुरुन इंडिया रिच लिस्ट 2026 में पिछले साल की तरह इस बार भी किंग खान का दबदबा देखने को मिला। जारी लिस्ट के अनुसार, शाहरुख खान की नेटवर्थ में पिछले साल की तुलना में 2490 करोड़ की गिरावट आई है, इसके बाद भी वह देश के सबसे अमीर एक्टर की गद्दी पर कायम हैं। पिछले साल जहां शाहरुख खान की नेटवर्थ 12,490 करोड़ थी तो वहीं इस साल उनकी नेटवर्थ 10,000 रुपये है। इसमें उनकी प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट, आईपीएल टीम और अन्य कारोबार से होने वाली कमाई भी शामिल है। शाहरुख खान ने जहां 10,000 करोड़ की नेटवर्थ के साथ अब भी रईसों की लिस्ट में अपना दबदबा कायम रखा है तो वहीं दूसरे नंबर पर बॉलीवुड के शहंशाह अमिताभ बच्चन हैं। 4000 करोड़ की नेटवर्थ के साथ अमिताभ बच्चन ने दूसरे नंबर पर अपनी जगह बनाई है। वहीं बॉलीवुड के दबंग सुपरस्टार सलमान खान की नेटवर्थ 3000 करोड़ बताई गई है, जिसके साथ उन्होंने तीसरे नंबर पर जगह बनाई है और 2,500 करोड़ की नेटवर्थ के साथ ऋतिक रोशन चौथे नंबर पर हैं।
इधर इस महीने केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनर्स के लिए सैलरी और पेंशन से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। सामान्य तौर पर महीने के अंत में मिलने वाली सितंबर की सैलरी और पेंशन इस बार तय तारीख से पहले ही जारी की जाएगी। दरअसल, 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय बैंक हड़ताल को देखते हुए वित्त मंत्रालय ने भुगतान पहले करने का फैसला लिया है। वित्त मंत्रालय ने सितंबर 2026 की सैलरी और पेंशन का भुगतान 25 सितंबर 2026 यानी शुक्रवार को करने की अनुमति दी है। यह फैसला 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए लिया गया है। हड़ताल के दौरान बैंकिंग लेनदेन प्रभावित होने की आशंका है। कंट्रोलर जनरल ऑफ अकाउंट्स (CGA) की ओर से 23 सितंबर को जारी ऑफिस मेमोरेंडम के मुताबिक, सभी केंद्रीय सरकारी कर्मचारियों की सितंबर की सैलरी 25 सितंबर को जारी की जा सकती है। इसमें डिफेंस, पोस्ट और टेलीकम्युनिकेशन विभागों के कर्मचारी भी शामिल हैं। इसके अलावा औद्योगिक कर्मचारियों का सितंबर का वेतन भी इसी तारीख को पहले जारी किया जा सकता है। केंद्र सरकार के पेंशनर्स की सितंबर 2026 की पेंशन भी बैंक और पे एंड अकाउंट्स ऑफिस (PAO) के जरिए 25 सितंबर को जारी की जा सकती है।
उधर सुप्रीम कोर्ट में एक सुनवाई के दौरान जस्टिस दीपांकर दत्ता ने चुनाव आयोग को लेकर अहम टिप्पणी की है। जज जस्टिस दीपांकर दत्ता ने बुधवार को कहा कि अगर निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने हैं, तो यह बात साफ है कि चुनाव आयोग को न सिर्फ एक स्वतंत्र संस्था होना चाहिए, बल्कि उसे स्वतंत्र रूप से काम करते हुए दिखना भी चाहिए। जस्टिस दीपांकर दत्ता और जस्टिस सतीश चंद्र शर्मा की पीठ याचिकाओं पर सुनवाई कर रही थी। इस बेंच ने 2023 के उस कानून की वैधता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर अलग-अलग राय दी, जिसके तहत मुख्य चुनाव आयुक्त और चुनाव आयुक्तों को चुनने वाले पैनल से CJI को बाहर रखा गया है। इन याचिकाओं को बड़ी संविधान पीठ के पास भेजा जाए या नहीं, इस पर बेंच के जजों की राय बंटी हुई थी। मौजूदा व्यवस्था के तहत चयन समिति में प्रधानमंत्री, लोकसभा में विपक्ष के नेता और प्रधानमंत्री द्वारा नामित केंद्रीय मंत्री शामिल होते हैं। इसी व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए जस्टिस दत्ता ने कहा कि चुनाव आयोग की स्वतंत्रता केवल वास्तविक रूप से नहीं, बल्कि लोगों को दिखाई भी देनी चाहिए। उन्होंने इस बात पर भी सवाल उठाया कि क्या प्रधानमंत्री द्वारा नामित केंद्रीय मंत्री चयन प्रक्रिया में स्वतंत्र संतुलन प्रदान कर सकते हैं।
इधर स्टूडेंट एक्टिविस्ट आकृति चौधरी को NSA के तहत हिरासत में लेने के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि अगर हिरासत का फैसला कई अधिकारियों की जांच और मंजूरी के बाद लिया गया था तो गौतमबुद्ध नगर (नोएडा) की डीएम मेधा रूपम को अकेले इसके लिए जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। जस्टिस एससी शर्मा और जस्टिस एनके सिंह की बेंच ने मेधा रूपम की याचिका पर सुनवाई के बाद फैसला सुरक्षित रख लिया है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने आकृति चौधरी की हिरासत को गलत बताते हुए रद्द कर दिया था। कोर्ट ने यह भी आदेश दिया था कि डीएम मेधा रूपम की सैलरी से 5 लाख रुपये काटकर आकृति चौधरी को मुआवजे के तौर पर दिए जाएं। इसी आदेश को मेधा रूपम ने सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। यूपी सरकार की ओर से पेश सीनियर एडवोकेट मुकुल रोहतगी ने कहा कि डीएम ने खुद से सीधे हिरासत का फैसला नहीं लिया था। उनके सामने जो रिपोर्ट आई थी, वह SHO, DCP और पुलिस कमिश्नर जैसे अधिकारियों के स्तर से होकर आई थी। उन्होंने यह भी बताया कि NSA के तहत बनाई गई सलाहकार बोर्ड ने भी हिरासत के मामले को देखा था। वहीं, मेधा रूपम की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि डीएम के सामने फैसला लेने से पहले पांच स्तर की प्रक्रिया पूरी हुई थी। डीएम की भूमिका उपलब्ध रिकॉर्ड और कानूनी प्रक्रिया के आधार पर अपनी राय बनाने की थी। सुप्रीम कोर्ट ने मौखिक टिप्पणी में कहा कि अगर फैसला लेने की प्रक्रिया कई स्तरों से होकर नीचे से ऊपर तक चली थी, तो सिर्फ डीएम को अलग करके जिम्मेदार नहीं ठहराया जा सकता। कोर्ट ने कहा कि हम उन्हें अलग करके 5 लाख रुपये के जुर्माने के लिए जिम्मेदार नहीं ठहरा सकते। अब सुप्रीम कोर्ट इस मामले में अपना फैसला सुनाएगा।
उधर बहुचर्चित श्रीराम मंदिर चढ़ावा चोरी प्रकरण में पुलिस ने जेल में बंद आठ आरोपितों के विरुद्ध अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया। बुधवार को 90 दिन की समयावधि पूरी होने के साथ ही बाराबंकी के एएसपी रितेश कुमार सिंह व विवेचक सीओ अयोध्या आशुतोष तिवारी 73 हजार 480 पन्नों की चार्जशीट चार बड़े बक्सों में लेकर न्यायालय पहुंचे। साक्ष्य न मिलने पर आरोप पत्र में ट्रस्ट पदाधिकारियों और बैंक को क्लीन चिट दे दी गई है। पूर्व महासचिव चंपतराय, ट्रस्टी डा.अनिल मिश्र व मंदिर के व्यवस्था प्रमुख रहे गोपाल राव को सरकारी गवाह बनाया गया है। मंदिर से कीमती आभूषण के गायब होने की बात पुलिस ने खारिज कर दी है। चार्जशीट के कुल 59 पेजों में मुख्य बिंदु हैं, जबकि अन्य में विवेचना से जुड़े साक्ष्य, आरोपितों व गवाहों के बयान का उल्लेख है। चढ़ावा चोरी सामने आने के बाद 25 जून को ट्रस्ट सदस्य कृष्णमोहन की तहरीर व एसआइटी की संस्तुति पर रामशंकर यादव टिन्नू, अनुकल्प मिश्र, लवकुश मिश्र, मनीष यादव, करुणेश पांडेय, रमाशंकर मिश्र, अविनाश शुक्ल और सेवानिवृत्त बैंककर्मी सुभाष श्रीवास्तव पर मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोप पत्र में इन सभी के अपराधों का उल्लेख है। सीसीटीवी फुटेज में चोरी से जुड़ी 105 घटनाओं का जिक्र और 173 गवाहों के बयान हैं। इन लोगों के बीच लगभग 3300 मैसेज पुलिस ने सर्विलांस सेल के माध्यम से प्राप्त किए हैं। अनुकल्प को मुख्य साजिशकर्ता बताया गया है। वह दूसरों से चोरी करवाता था। धनराशि का बंटवारा जनौरा के पास हाईवे के निकट बाग में किया जाता था।
इधर एशियन गेम्स 2026 में 24 सितंबर को कई इवेंट का आयोजन होने जा रहा है, जिसमें भारतीय फैंस की नजरें एथलीटों के प्रदर्शन पर रहेंगी। चौथे दिन का जब अंत हुआ तो उस समय तक भारत के खाते में पदकों की कुल संख्या 12 हो चुकी थी, तो वहीं पांचवें दिन की शुरुआत काफी शानदार रही है, जिसमें पुरुषों के डबल स्कल्स इवेंट में भारतीय रोअर्स सतनाम सिंह और सलमान खान ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने में सफलता हासिल की है। भारतीय जोड़ी 1,500 मीटर के निशान तक दूसरे स्थान पर रही, लेकिन आखिरी 500 मीटर में तीसरे स्थान पर खिसक गई। उन्होंने नागारागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर 6:13.25 का समय लिया। वहीं वुशू में रोशिबिना देवी ने महिलाओं के सांडा 60kg इवेंट में सिल्वर मेडल जीता भारत के पदकों की अब कुल संख्या 14 पहुंच चुकी है। जापान के आइची-नागोया में चल रहे एशियन गेम्स 2026 में रोइंग में सतनाम सिंह और सलमान खान की जोड़ी पुरुषों के डबल स्कल्स में गोल्ड मेडल जीतने से काफी करीब से चूक गई जिसके बाद उनको ब्रॉन्ज मेडल से संतोष करना पड़ा। सतनाम सिंह और सलमान खान ने पुरुषों के डबल स्कल्स में 6:13.25 के समय के साथ तीसरे स्थान पर खत्म किया। भारतीय जोड़ी 1,500 मीटर के निशान तक दूसरे स्थान पर रही, लेकिन आखिरी 500 मीटर में तीसरे स्थान पर खिसक गई। उन्होंने नागारागावा इंटरनेशनल रेगाटा कोर्स पर 6:13.25 का समय लिया। वहीं इस इवेंट में चीन के यी ज़ुदी और नी यिदे ने जहां गोल्ड मेडल जीता तो वहीं उज़्बेकिस्तान के मेखरोज़बेक ममतकुलोव और पावेल सोरिन ने सिल्वर मेडल जीतने में सफलता हासिल की।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, महंगे शौक पूरे करने के लिए नशा तस्करी में उतरे छह युवकों को राजपुर थाना पुलिस और एएनटीएफ की संयुक्त टीम ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपी दिल्ली के सिद्धू गैंग के पैडलर हैं और देहरादून के कॉलेजों में पढ़ने वाले छात्रों को महंगे दामों पर एमडीएमए बेचते थे। आरोपियों के कब्जे से 44.61 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई है। एसपी सिटी शेखर सुयाल ने बताया कि मंगलवार रात नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान पहली कार्रवाई ओल्ड मसूरी रोड स्थित शहंशाई रिजॉर्ट के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर कार सवार चार युवकों को रोका गया। तलाशी में उनके पास से 27.12 ग्राम एमडीएमए बरामद हुई। पकड़े गए युवकों की पहचान वेदांत चौहान (21), रचित शर्मा (21), श्रीकांत (22) और चिराग रस्तोगी (24) के रूप में हुई।
इधर मौसम विभाग ने अगले 6 दिन का मौसम का हाल बता दिया है। आज और कल राज्य के 10 जिलों में बारिश का अनुमान है। इसके बाद अगले चार दिन सभी जिलों के अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार आज गुरुवार 24 सितंबर को राज्य के उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश होगी। राज्य के शेष जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। शुक्रवार 25 सितंबर को राज्य के बागेश्वर, चंपावत, नैनीताल, अल्मोड़ा, उधम सिंह नगर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। शेष पर्वतीय जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश बादलों की गर्जना के साथ होगी। मौसम विभाग ने शनिवार 26 सितंबर को राज्य के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है। रविवार 27 सितंबर को भी मौसम का हाल ऐसा ही रहेगा। नए हफ्ते यानी सोमवार 28 सितंबर की शुरुआत भी उत्तराखंड के सभी जिलों में अधिकांश स्थानों पर बारिश से होगी।