Good Morning India: पाकिस्तान-अफगानिस्तान में छिड़ी जंग, धमाकों से दहले काबुल-कंधार!क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन! NCERT विवाद पर सरकार सख्त, डिजिटल प्लेटफॉर्म से भी किताब हटाने के आदेश! भारत की जीत से बदला ग्रुप-1 का समीकरण! अल्मोड़ा में बड़ा हादसा, डेढ़ साल के बच्चे समेत तीन की मौत

Good Morning India: War breaks out between Pakistan and Afghanistan, explosions rock Kabul and Kandahar! Cricketer Rinku Singh's father passes away! Government takes strict action on NCERT controvers

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी शुक्रवार को अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत पहुंचेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तान और अफगानिस्तान के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। पाकिस्तानी सरकारी मीडिया और सूत्रों ने पुष्टि की है कि पाकिस्तान एयर फोर्स ने आज रात (27 फरवरी 2026) ऑपरेशन 'गजब लिल हक' के तहत अफगानिस्तान में तालिबान के कई महत्वपूर्ण सैन्य ठिकानों पर बड़े पैमाने पर हवाई हमले किए। इस कार्रवाई में 72 तालिबान लड़ाकों के मारे जाने की खबर है। यह ऑपरेशन अफगान तालिबान द्वारा पाकिस्तान की सीमा पर "बिना उकसावे" के हमलों के जवाब में शुरू किया गया है, जिसमें तालिबान ने दावा किया था कि 55 से अधिक पाकिस्तानी सैनिक मारे गए और कई चौकियां कब्जा कर ली गईं। पाकिस्तान ने इसे "बिना उकसावे की आक्रामकता" करार दिया और तुरंत जवाबी कार्रवाई की। पाकिस्तान के सूचना मंत्री अताउल्लाह तरार ने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर पोस्ट कर इन हमलों की पुष्टि की और कहा कि ये "सटीक और प्रभावी" थे, जिनका मकसद तालिबान की सैन्य क्षमता को कमजोर करना था। पाकिस्तानी राज्य मीडिया पीटीवी ने भी इसकी लाइव अपडेट्स जारी कीं, जिसमें कहा गया कि कई हाई-वैल्यू टारगेट्स को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया।

उधर देश की स्कूली शिक्षा से जुड़ी एनसीईआरटी की एक किताब में न्यायपालिका से संबंधित अध्याय को लेकर बड़ा विवाद जारी है। इसी बीच एनसीईआरटी की पाठ्यपुस्तक में न्यायपालिका से जुड़े विवादित अध्याय को लेकर केंद्र सरकार ने अब सख्त कदम उठाए हैं। शिक्षा मंत्रालय ने इस मामले को गंभीर मानते हुए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय को पत्र लिखकर तुरंत कार्रवाई करने को कहा है। शिक्षा मंत्रालय ने दोनों मंत्रालयों से आग्रह किया है कि वापस ली जा चुकी इस पाठ्यपुस्तक या उसके विवादित संस्करण का प्रसार डिजिटल प्लेटफॉर्म, वेबसाइट्स और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया पर तुरंत रोका जाए। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हटाई गई सामग्री छात्रों या आम लोगों तक आगे न पहुंचे। मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि शिक्षा से जुड़े मामलों में तथ्यात्मक और संतुलित सामग्री ही उपलब्ध कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा न हो, इसके लिए निगरानी भी बढ़ाई जा रही है।

इधर टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह के पिता का निधन हो गया है। वह काफी लंबे वक्त से बीमार चल रहे थे। उन्होंने ग्रेटर नोएडा के यथार्थ हॉस्पिटल में अंतिम सांस ली। रिंकू सिंह के पिता खचंद्र सिंह स्टेज-4 लिवर कैंसर से जूझ रहे थे। हाल ही में उनकी तबीयत काफी बिगड़ गई थी, जिसके बाद उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। पिता की खराब सेहत की जानकारी मिलते ही रिंकू सिंह को टीम इंडिया का साथ छोड़ अचानक घर लौटना पड़ा था। रिंकू सिंह के पिता खचंद्र सिंह पिछले कई दिनों से अस्पताल में मैकेनिकल वेंटीलेटर सपोर्ट पर थे और उन्हें लगातार रीनल रिप्लेसमेंट थेरेपी दी जा रही थी। खचंद्र सिंह को लिवर कैंसर के चौथे चरण में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति गंभीर होने के कारण तत्काल उपचार की आवश्यकता थी। यथार्थ अस्पताल के डॉक्टरों की टीम उनकी निगरानी कर रही थी। हाल ही में रिंकू सिंह अपने पिता से मिलने के लिए नोएडा पहुंचे थे।

उधर गुरुवार को चेन्नई के एम चिंदबरम स्टेडियम में भारत और जिम्बाब्वे के बीच T20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 मैच खेला गया। इस मुकाबले में टीम इंडिया ने टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर्स में चार विकेट के नुकसान पर 256 रनों का विशाल स्कोर बनाया था। इस टारगेट का पीछा करते हुए जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर्स में 6 विकेट के नुकसान पर 184 रनों के स्कोर तक ही पहुंचने में कामयाब हो सकी और उन्हें इस बड़ी हार का सामना करना पड़ा। इसी के साथ जहां जिम्बाब्वे अब सेमीफाइनल में पहुंचने की रेस से बाहर हो गई है, तो वहीं टीम इंडिया को सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की करने के लिए अब वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले मुकाबले में जीत हासिल करनी होगी, जो एक मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा। अगर सूर्यकुमार यादव की कप्‍तानी वाली टीम को सेमीफाइनल का टिकट कटाना है तो उन्‍हें हर हाल में अपने अगले मैच में वेस्‍टइंडीज को हराना होगा। अगर 1 मार्च को कोलकाता में होने वाले मुकाबले में वेस्‍टइंडीज टीम भारत को हरा देती है तो फिर भारत का सेमीफाइनल खेलने का सपना टूट जाएगा। वेस्‍टइंडीज के 4 अंक होंगे और वह आगे बढ़ जाएगी। ऐसे में भारत को हार हाल में इस मैच को भी जीतना होगा। अगर यह मैच बारिश के कारण रद होता है तो भारत और वेस्‍टइंडीज की 3-3 अंक होंगे। ऐसे में बेहतर नेट रन रेट वाली टीम आगे का सफर तय करेगी।

इधर दिल्ली में गुरुवार को जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी यानी कि जेएनयू के छात्र संघ द्वारा निकाले गए मार्च के दौरान पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। पुलिस का कहना है कि प्रदर्शनकारियों ने उन पर हमला किया, जबकि छात्रों का आरोप है कि पुलिस ने उन पर काफी ज्यादा बल प्रयोग किया। इस झड़प में कई छात्रों को हिरासत में ले लिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने लाठियां और जूते फेंके तथा हमला किया, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। पुलिस ने यह भी कहा कि इस दौरान कुछ प्रदर्शनकारियों ने पुलिसकर्मियों को दांत भी 'काट' लिया गया। झड़प तब हुई जब छात्र यूनिवर्सिटी परिसर से बाहर मार्च ले जाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मेन गेट पर उन्हें रोका और JNU छात्र संघ की अध्यक्ष अदिति मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष नीतीश कुमार समेत कई अन्य छात्रों को हिरासत में लिया गया। पुलिस के एक बयान में कहा गया कि छात्रों ने JNU परिसर से शिक्षा मंत्रालय तक एक ‘लॉन्ग मार्च’ निकालने का आह्वान किया था। यह मार्च यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर द्वारा हाल ही में एक पॉडकास्ट में UGC मानदंडों के क्रियान्वयन, JNUSU पदाधिकारियों के निलंबन और प्रस्तावित रोहित अधिनियम पर की गई टिप्पणियों के विरोध में जारी प्रदर्शनों का हिस्सा था।

उधर इलाहाबाद हाईकोर्ट ने एक शख्स को 23 साल जेल में रहने के बाद पत्नी और 3 बच्चों की हत्या के मामले में बरी कर दिया है। कोर्ट ने कहा कि अभियोजन पक्ष आरोपी की गलती साबित नहीं कर सका। जस्टिस सिद्धार्थ और जस्टिस जय कृष्ण उपाध्याय की 2 जजों की बेंच ने 16 फरवरी को दिए फैसले में इस मामले को 'हमारी आपराधिक न्याय व्यवस्था पर एक दुखद टिप्पणी' बताया। कोर्ट ने कहा कि इस पर गंभीर सोच-विचार की जरूरत है।  बेंच ने कहा, 'वास्तविक सुधार के उपाय जैसे जजों की संख्या बढ़ाना, उनके सहायक स्टाफ बढ़ाना और जरूरी इंफ्रास्ट्रक्चर देना इस समय बहुत जरूरी है। सिर्फ सम्मेलन और बैठकें करने से स्थिति कभी नहीं सुधरेगी।' कोर्ट ने आरोपी रईस को बरी करते हुए कहा, 'हालांकि वह अब रिहा हो रहा है, लेकिन उसकी असली सजा अभी खत्म नहीं हुई है। रिहाई के बाद उसका असली कष्ट शुरू होगा। उसके माता-पिता और भाई-बहन शायद अब जीवित न हों। उसकी पत्नी और 3 बच्चे पहले ही मर चुके हैं। अब 25-26 साल का हो चुका उसका बेटा अजीम अपने पिता का घर में स्वागत करेगा, यह भी तय नहीं है।' पुलिस के मुताबिक, 29-30 अगस्त 2003 की रात को घरेलू झगड़े के बाद रईस ने चाकू से अपनी पत्नी और 3 बच्चों के गले काट दिए थे। मृतक महिला के चाचा ने इसकी रिपोर्ट लिखाई थी जिसके बाद निचली अदालत ने रईस को 4 हत्याओं का दोषी मानते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 

इधर चुनाव खर्च की सीमा तय करने की मांग वाली याचिका पर, सुप्रीम कोर्ट ने केंद्र और चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया। सुप्रीम कोर्ट ने राजनीतिक दलों के चुनावी खर्च पर सीमा तय करने की मांग वाली जनहित याचिका पर केंद्र सरकार और केंद्रीय चुनाव आयोग को नोटिस जारी किया है। यह जनहित याचिका गैर सरकारी संगठन Common Cause की ओर से दायर की गई है, जिसमें चुनावों के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा धनबल के  बेलगाम इस्तेमाल को चुनौती दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने मामले को छह हफ्ते सुनवाई का निर्देश दिया है और संबंधित पक्षों से जवाब मांगा है। याचिकाकर्ता की ओर से पेश अधिवक्ता प्रशांत भूषण ने तर्क दिया कि चुनाव के दौरान राजनीतिक दलों द्वारा धनबल का अनियंत्रित इस्तेमाल लोकतंत्र की बुनियाद को प्रभावित करता है और चुनावी प्रक्रिया को असंतुलित करता है। उन्होंने अदालत को याद दिलाया कि इलेक्टोरल बॉन्ड मामले में सुप्रीम कोर्ट पहले ही यह मान चुका है कि अनियंत्रित धनबल लोकतांत्रिक प्रक्रिया को विकृत करता है और मतदाताओं के सूचना के अधिकार को प्रभावित करता है। सुनवाई के दौरान जस्टिस   जॉय माल्या बागची ने धनबल के दुरुपयोग को रोकने से जुड़ी व्यावहारिक चुनौतियों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अमेरिका जैसे देशों में भी चुनावी खर्च की सीमाएं मौजूद हैं, लेकिन वहां भी खर्च को उम्मीदवारों के मित्रों, सहयोगियों या तीसरे पक्षों के माध्यम से किया जाने जैसी समस्याएं सामने आती रही हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, अल्मोड़ा जिले में एक बड़ा सड़क हादसा हुआ है। जहां एक कार बसौली इलाके में खाई में गिर गई. इस हादसे में 3 लोगों की जान भी चली गई। हादसे में मरने वालों में डेढ़ साल का मासूम बच्चा भी शामिल है। वहीं, पांच लोग घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भेजा गया है। जानकारी के मुताबिक, यह हादसा अल्मोड़ा-ताकुला मोटर मार्ग पर बसौली के पास हुआ है। बताया जा रहा है कि 26 फरवरी को कार संख्या DL 9C BH 8402 अल्मोड़ा की तरफ जा रही थी। जैसे ही कार बसौली के पास पहुंची, तभी ड्राइवर ने अपना नियंत्रण खो दिया। जिससे कार बेकाबू होकर खाई में जा गिरी। यह हादसा चुराड़ी और महेंद्रा क्लब के बीच हुआ। हादसे में मंजू देवी, दिनेश राम, रेहान की मौत हो गई। 

इधर पुलिस कंट्रोल रूम को लक्सर रेलवे स्टेशन पर बम रखा होने की सूचना मिलने से हड़कंप मच गया। आनन-फानन जीआरपी और आरपीएफ ने बम निरोधक दस्ते के साथ प्लेटफार्म, सर्कुलेटिंग एरिया, प्रतीक्षालय, टिकटघर, यार्ड आदि स्थानों पर सघन चेकिंग शुरू कर दी। रुड़की सहित दूसरे रेलवे स्टेशनों पर भी पुलिसकर्मियों को अलर्ट कर दिया। घंटों की छानबीन के बाद सब कुछ सामान्य मिलने पर पुलिस ने राहत की सांस ली। इस दौरान फोन पर सूचना देने वाले को ट्रेस करने की कार्रवाई भी जारी रही। लोकेशन मिलने पर पुलिस टीम ने झूठी सूचना देने के आरोपी कुलबीर निवासी खानपुर को गिरफ्तार कर लिया।

उधर रुद्रप्रयाग कोतवाली पुलिस ने जिला पंचायत सदस्य के पति के खिलाफ मारपीट के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। वहीं मारपीट में गंभीर घायल का उपचार एम्स ऋषिकेश में किया जा रहा है। जवाड़ी गांव निवासी नीलम नौटियाल ने बीते 22 फरवरी को कोतवाली में शिकायत दी थी। नीलम ने पुलिस को बताया था कि 19 फरवरी रात करीब 9:30 बजे उसके पति शंभू प्रसाद नौटियाल शादी समारोह से लौट रहे थे। इसी दौरान सौंरा जवाड़ी जिला पंचायत सदस्य के पति राजेंद्र नौटियाल ने उनके पति के साथ मारपीट की। जिसमें उनके पति के आंख, कान, नाक, मुंह, सिर, कमर और पैरों में गंभीर चोटें आई है।