Good Morning India: आज पेश होगा वक्फ संशोधन बिल! सोने की कीमत ने तोड़ा रिकॉर्ड, सायरा बानो बनीं उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष, जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Waqf Amendment Bill will be presented today! Gold price breaks record, Saira Bano becomes Vice President of Uttarakhand Women Commission, know what will be special today?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज दिशा सालियान केस में मुंबई हाईकोर्ट में सुनवाई होगी। दिशा के पिता ने मामले की दोबारा जांच करने की मांग की है। वहीं आज रेणुकास्वामी मर्डर केस में कन्नड़ एक्टर दर्शन, पवित्रा गौड़ा को जमानत देने के हाईकोर्ट के आदेश के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। वहीं आज IPL 2025 का 14वां मैच गुजरात और बेंगलुरु के बीच शाम 7:30 बजे एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, वक्फ संशोधन बिल आज दोपहर 12 बजे लोकसभा में पेश होगा। स्पीकर ओम बिरला ने इस पर चर्चा के लिए 8 घंटे का समय निर्धारित किया है। NDA को बहस में बोलने के लिए 4 घंटे 40 मिनट का समय मिला है। बाकी के वक्त विपक्ष के नेता बोलेंगे। लोकसभा में बहस के लिए भाजपा, कांग्रेस, जेडीयू, टीडीपी समेत पार्टियों ने अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया। संसदीय कार्यमंत्री किरण रिजिजू ने कहा कि हम बिल पर चर्चा चाहते हैं। सभी राजनीतिक दलों को इस पर बोलने का अधिकार है। देश भी जानना चाहता है कि किस पार्टी का क्या स्टैंड है। अगर विपक्ष चर्चा में शामिल नहीं होना चाहता तो हम उन्हें रोक नहीं सकते।

इधर गुजरात के बनासकांठा के नजदीक डीसा में मंगलवार सुबह 8 बजे पटाखा फैक्ट्री में बॉयलर फटने से मध्य प्रदेश के 21 मजदूरों की मौत हो गई। वहीं, 5 मजदूर मामूली रूप से घायल हैं। फैक्ट्री डीसा तहसील के धुनवा रोड पर है। विस्फोट के दौरान मजदूर फैक्ट्री में काम कर रहे थे। विस्फोट इतना भीषण था कि कई मजदूरों के अंग 50 मीटर दूर तक बिखर गए। फैक्ट्री के पीछे खेत में भी कुछ मानव अंग मिले हैं। फायर ब्रिगेड को आग पर काबू पाने में 5 से 6 घंटे लगे।

उधर सुप्रीम कोर्ट ने प्रयागराज डेवलपमेंट अथॉरिटी को मकान गिराने पर फटकार लगाई और इसे अमानवीय बताया। जस्टिस अभय एस ओका और जस्टिस उज्जवल भुइयां की बेंच ने कहा- देश में लोगों के रिहायशी घरों को इस तरह से नहीं गिराया जा सकता है। इसने हमारी अंतरआत्मा को झकझोर दिया है। प्रयागराज प्रशासन ने 2021 में गैंगस्टर अतीक की प्रॉपर्टी समझकर एक वकील, प्रोफेसर और 3 अन्य के मकान गिरा दिए थे। सुप्रीम कोर्ट में वकील जुल्फिकार हैदर, प्रोफेसर अली अहमद और अन्य लोगों ने याचिका दाखिल की थी। ये वो लोग हैं, जिनके मकान तोड़े गए थे। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने इनकी याचिकाएं ठुकरा दी थीं। सुप्रीम कोर्ट ने 10-10 लाख रुपए मुआवजा देने का आदेश दिया।

इधर BJP को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष इसी महीने मिल जाएगा। सूत्रों के मुताबिक 30 मार्च को मोदी और संघ प्रमुख मोहन भागवत की मुलाकात में नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा हुई है। भाजपा ने अब तक 13 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष चुन लिए हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव के लिए 19 राज्यों में चुनाव पूरे करने जरूरी हैं।

उधर सोना पहली बार ₹91 हजार के पार पहुंच गया। 10 ग्राम 24 कैरेट सोने का दाम 1,951 रुपए बढ़कर 91,115 रुपए हो गया है। हालांकि चांदी के दाम में गिरावट हुई। एक किलो चांदी की कीमत 1,251 रुपए गिरकर 99,641 रुपए प्रति पर आ गई है। इससे पहले चांदी का भाव 1,00,892 रुपए प्रति किलो पर था।

इधर पाकिस्तानी एक्टर फवाद खान बॉलीवुड में आठ साल बाद वापसी कर रहे हैं। उनकी आने वाली फिल्म 'अबीर गुलाल' का टीजर 1 अप्रैल को रिलीज हुआ। जैसे ही फिल्म के रिलीज होने की जानकारी सामने आई, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) ने इसका विरोध करना शुरू कर दिया है और फिल्म को महाराष्ट्र में रिलीज न करने की धमकी दी है।

उधर पंजाब किंग्स ने IPL 2025 में लगातार दूसरी जीत हासिल की है। टीम ने मंगलवार को लखनऊ सुपर जायंट्स को 8 विकेट से हराया। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में पंजाब ने 172 रन का टारगेट 16.2 ओवर में 2 विकेट पर हासिल कर लिया। श्रेयस अय्यर 52 और नेहल वधेरा 43 रन बनाकर नाबाद रहे। प्रभसिमरन सिंह ने 34 बॉल पर 69 रनों की पारी खेली।

अप उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, ट्रिपल तलाक के खिलाफ लड़ाई लड़ चुकी उधम सिंह नगर के काशीपुर निवासी सायरा बानो को एक बार फिर उत्तराखंड सरकार ने दायित्व सौंपा है। त्रिवेंद्र सरकार के बाद धामी सरकार ने भी उन्हें उत्तराखंड महिला आयोग की उपाध्यक्ष बनाया है। जिसके बाद से उन्हें शुभकामनाएं देने वालों का तांता लगा हुआ है।

इधर उत्तराखंड हाईकोर्ट ने राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए समान नागरिक संहिता को चुनौती देने वाली याचिकाओं पर सुनवाई की। मामले की सुनवाई के बाद मुख्य न्यायाधीश जी नरेंद्र व न्यायमूर्ति आलोक महरा की खंडपीठ ने अगली सुनवाई हेतु 22 अप्रैल की तिथि नियत की है। पूर्व हुई सुनवाई पर राज्य सरकार ने जवाब प्रस्तुत करने के लिए एक दिन का समय मांगा। जिसको स्वीकार करते हुए कोर्ट ने उन्हें जवाब देना का अतिरिक्त समय देते हुए अगली सुनवाई हेतु 22 अप्रैल की तिथि नियत की है।

उधर उधम सिंह नगर के जसपुर कोतवाली क्षेत्र के मड़वाखेड़ा में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक की हत्या करने का मामला सामने आया था। आरोपी द्वारा शव को गेहूं के खेत में ठिकाने लगाया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए महज कुछ घंटों में ही आरोपी को दबोच लिया।

इधर राज्य के आठ शहरों में 23 खेल अकादमी खोली जाएंगी। इसके लिए लेगेसी प्लान का ड्राफ्ट तैयार हो चुका है। इसके तहत 38वें राष्ट्रीय खेलों के लिए देश-विदेश से मंगाए गए लगभग 100 करोड़ के खेल उपकरणों की देखरेख सुनिश्चित होगी। साथ ही 23 खेलों की अलग-अलग अकादमी बनने से राज्य से श्रेष्ठ खिलाड़ी तैयार हो सकेंगे। इस योजना पर करीब 33 करोड़ रुपये का खर्च आएगा।

उधर कुट्टू के आटे का सेवन करने से 325 लोगों के बीमार होने के मामले की जांच के लिए समिति गठित कर दी गई है। यह समिति तीन दिन के भीतर अपनी रिपोर्ट शासन को देगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सख्त निर्देश है कि मिलावटखोर बख्शे नहीं जाएंगे। उधर, खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने अब तक प्रदेश भर में 1500 से अधिक दुकानों पर छापा मारा है। जिसमें दो दर्जन दुकानों को नोटिस देने के साथ 100 किलो कुट्टू आटा नष्ट कराया गया है।

इधर उत्तरकाशीम में मोरी नेटवाड़ सड़क पर मंगलवार शाम को दर्दनाक हादसा हो गया।  पुजेली-खंयासणी जा रही एक यूटिलिटी वाहन नैटवाड़ के समीप दुर्घटनाग्रस्त हो गया। घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके पांच वर्षीय बच्चे ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, 15 घायलों को देहरादून और पांच को पुरोला अस्पताल रेफर किया गया। बताया जा रहा है कि वाहन में घटना के समय 22 लोग सवार थे।