Good Morning India:अमेरिका ने फिर शुरू किए हमले,बमबारी से दहला ईरान,उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ने स्कूटी को मारी टक्कर, 3 युवकों की दर्दनाक मौत, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: US resumes attacks; Iran rocked by bombardment; horrific road accident in Uttarakhand—Scorpio hits a scooter, resulting in the tragic deaths of three youths; read the top stories

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ, जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं। अमेरिका ने फिर शुरू किए हमले,बमबारी से दहला ईरान! कनाडा के टोरंटो में डांस फेस्टिवल के दौरान अंधाधुंध गोलीबारी,2 लोगों की मौत। पीएम मोदी की खेल कूटनीति से ओलंपिक दावेदारी को मिलेगी धार,वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने का प्रयास। टी20 की हार का ओडीआई में हिसाब चुकाएगा भारत,रोहित-कोहली की वापसी से पलटवार की आस। असम में 12 साल की बच्ची से दुष्कर्म का आरोप, बिहार का रहने वाला आरोपी गिरफ्तार। मेघालय के शिलॉन्ग में बड़ा हादसा, कुएं के अंदर जहरीले धुएं से घुटकर 5 लोगों की मौत। हर्षिल घाटी में तेज बारिश के बाद खीरगंगा नदी का जलस्तर बढ़ा, बीआरओ ने संभाला मोर्चा; हालात काबू। अग्निवीर भर्ती की तैयारी कर रहे सागर की बेरहमी से हत्या, बीच-बचाव में आई बुआ-दादी पर भी हमला। उत्तराखंड में लागू अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम पर बोले मंत्री किरेन रिजिजू, अन्य राज्यों में भी दोहराया जाएगा। उत्तराखंड के दिखी उड़ने वाली गिलहरी! 12 साल बाद दुर्लभ फ्लाइंग स्क्विरल दिखने से वन्यजीव प्रेमियों में खुशी। उत्तराखंड में भीषण सड़क हादसा, स्कॉर्पियो ने स्कूटी को मारी टक्कर, 3 युवकों की दर्दनाक मौत। उत्तराखंड में मानसून का कहर, देहरादून में बहा पुल,उत्तरकाशी में बनी 'खतरे' की झील 

अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने बताया कि अमेरिकी सेना ने आज शाम 7:15 बजे (ईटी) ईरान के खिलाफ नए हमलों की शुरुआत की है। यह इस सप्ताह ईरान के खिलाफ हमलों का तीसरा दौर है। ये हमले अमेरिकी राष्ट्रपति और कमांडर-इन-चीफ डोनाल्ड ट्रंप के निर्देश पर किए जा रहे हैं। सेंटकॉम के अनुसार, यह कार्रवाई ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की तरफ से एक वाणिज्यिक जहाज पर किए गए हमले के जवाब में की गई है। ईरान की सेना ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजर रहे साइप्रस के झंडे वाले एक कंटेनर जहाज 'एम/वी जीएफएस गैलेक्सी' पर हमला किया था। सेंटकॉम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी एक बयान में बताया कि इस हमले के बाद जहाज का एक नागरिक चालक दल सदस्य लापता है। जहाज में आग लगने और उसके इंजन रूम को भारी नुकसान पहुंचने के कारण वह आगे की यात्रा करने में असमर्थ है। अमेरिकी हमलों के बाद ईरान में कई जगहों पर धमाकों की आवाज सुनी गई है। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, केश्म द्वीप पर विस्फोटों की आवाजें सुनी गईं। इसके अलावा, ईरान के सरकारी प्रसारक आईआरआईबी ने भी बंदर अब्बास में तीन धमाके और सीरिक में दो धमाके होने की जानकारी दी है।

 कनाडा के टोरंटो से बड़ी खबर सामने आई है, जहां दुकानों और रेस्तरां से भरे एक व्यस्त इलाके में शनिवार रात अंधाधुंध फायरिंग हुई। इस गोलीबारी में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, यह घटना उस क्षेत्र में हुई जहां साल्सा नृत्य उत्सव आयोजित किया जा रहा था। इस घटना के बाद टोरंटो पुलिस ने देर ना करते हुए घटनास्थल को चारों ओर से घेर लिया और हमलावर की तलाश के साथ ही जांच शुरू कर दी है। टोरंटो पुलिस ने एक पोस्ट में कहा, "कृपया तुरंत उस क्षेत्र से बाहर निकलें और पुलिस के सभी निर्देशों का पालन करें।"

अंतरराष्ट्रीय संबंधों में आमतौर पर रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी जैसे मुद्दे सुर्खियों में रहते हैं। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया यात्रा में इस स्थापित परंपरा में खेल कूटनीति का नया अध्याय जुड़ गया। भारत अब खेल को केवल प्रतिस्पर्धा या मनोरंजन के रूप में नहीं, बल्कि वैश्विक प्रभाव बढ़ाने के जरिए के तौर पर देख रहा है। इन दोनों देशों के साथ खेल नीति का जो रोडमैप तैयार किया है, वह आने वाले दशक में भारत को वैश्विक खेल महाशक्ति बनाने का एक सोचा-समझा प्रयास है। सॉफ्ट पावर के इस नए इस्तेमाल का सीधा संबंध भारत की वैश्विक साख से है। भारत 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स और उसके बाद ओलंपिक की मेजबानी की पुख्ता दावेदारी पेश कर रहा है। खेलों में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड जैसे देशों को साझेदार बनाकर भारत ने यह साफ कर दिया है कि वह केवल ढांचागत व्यवस्था ही नहीं, बल्कि समूचे खेल पारितंत्र और पदक जीतने की संस्कृति के मामले में भी वैश्विक मानक छूना चाहता है।

टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के कुछ ही महीने बाद भारतीय टीम का सबसे छोटे फॉर्मेट में दबदबा पूरी तरह बिखरता नजर आया है। पहले आयरलैंड ने दो मैचों की टी20 सीरीज में भारत का 2-0 से सफाया किया और अब इंग्लैंड ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 4-0 से अपने नाम कर ली। सीरीज का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ा, जबकि बाकी चारों मैचों में मेजबान टीम ने भारत को हर विभाग में पीछे छोड़ दिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में लगातार दूसरी टी20 सीरीज हारने के बाद अब भारतीय टीम के सामने वनडे सीरीज में वापसी की बड़ी चुनौती है। हालांकि इस बार टीम इंडिया की तस्वीर पूरी तरह अलग होगी, क्योंकि उसकी सबसे बड़ी ताकत रोहित शर्मा और विराट कोहली की वापसी होने जा रही है। दोनों दिग्गज टी20 अंतरराष्ट्रीय और टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ वनडे क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज भारतीय टीम के लिए सिर्फ एक और सीरीज नहीं, बल्कि टी20 की करारी हार का जवाब देने का सबसे बड़ा मौका होगी।

असम के शिवसागर में 12 साल की बच्ची के साथ दु्ष्कर्म करने के आरोप में पुलिस ने बिहार के 48 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी बिहार के समस्तीपुर जिले का रहने वाला है। आरोपी फास्ट-फूड विक्रेता है और पीड़िता के पड़ोस में रहता था। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार शाम स्थानीय लोगों की मदद से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पीड़िता के माता-पिता दिहाड़ी मजदूर हैं और हर सुबह काम पर चले जाते हैं। उनकी सबसे बड़ी बेटी माता-पिता के जाने के बाद अपने छोटे भाई-बहनों की देखभाल के लिए घर पर रह जाती थी। आरोपी ने इसी का फायदा उठाया और उसके साथ दुष्कर्म किया। शिवसागर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मोइदुल इस्लाम ने बताया कि आरोपी ने उसके माता-पिता की अनुपस्थिति का फायदा उठाया और कथित तौर पर उसके घर पर कई बार उसके साथ दुष्कर्म किया। शुक्रवार को जब पीड़िता के पेट में तेज दर्द की शिकायत हुई तब मामला सामने आया। परिजन उसे लेकर अस्पताल पहुंचे और बाद में शिवसागर पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

मेघालय की राजधानी शिलॉन्ग से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। जहां लापालांग इलाके के एक कुएं के अंदर जहरीले धुएं के कारण पांच लोगों की मौत हो गई। यह घटना शुक्रवार को एक निजी निर्माण स्थल पर हुआ। राहत बचाव दल ने शनिवार को सभी शवों को बाहर निकाल लिया। पूर्वी खासी हिल्स के पुलिस प्रमुख विवेक सिएम ने बताया कि चार मजदूर कुएं से पानी निकाल रहे थे तभी जनरेटर से निकलने वाले जहरीले धुएं के कारण उनका दम घुट गया। जिससे उनकी मौत हो गई। मजदूरों को बचाने के लिए उसी इलाके में रहने वाले दो सगे भाई उतरे थे। वे भी मुसीबत में फंस गए। तत्काल बचाव प्रयासों के बावजूद, उनमें से पांच की मौत हो गई, जबकि एक किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहा। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारण का पता चलेगा। जांचकर्ताओं ने बताया कि वे घटना के कारणों की छानबीन कर रहे हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड की हर्षिल घाटी में तेज बारिश के कारण आपदा प्रभावित धराली के बीच बहने वाली खीरगंगा नदी का जलस्तर बढ़ गया। पानी के साथ बहकर आए मलबे और पत्थर गंगोत्री हाईवे पर बने नारदानों में फंसने के कारण सड़क क्षतिग्रस्त होने का खतरा बन गया था। मौके पर पहुंची बीआरओ की मशीनरी ने नारदानों में फंसे मलबे और पत्थरों को हटाकर उसके लिए बनाए गए मार्ग के लिए नारदानों के बीच से जलप्रवाह को मोड़ा गया। हालांकि कुछ देर बाद जलस्तर हल्का सामान्य होने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।  गत वर्ष अगस्त माह में खीरगंगा में आई आपदा ने हर्षिल घाटी के धराली गांव में तबाही मचाई थी। उस आपदा में कई भवन होटल, गंगोत्री हाईवे जमींदोज हो गए थे। स्थानीय लोग आज भी उस आपदा के जख्मो से उभर नहीं पाए हैं।

अल्मोड़ा के तहसील रानीखेत अंतर्गत कुंवाली क्षेत्र के ऐना गांव में शुक्रवार की रात एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घर में घुसकर सागर सिंह बिष्ट (20) की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जबकि बीच-बचाव करने आई उसकी बुआ और दादी पर भी जानलेवा हमला किया गया। मृतक सागर सिंह बिष्ट अग्निवीर (सेना) भर्ती की तैयारी कर रहा था। इस खूनी वारदात के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा है और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। परिजनों के अनुसार सागर सेना भर्ती की तैयारी के लिए रोज की तरह दौड़ लगाकर घर लौटा था। इसी बीच आरोपी जगत सिंह बोरा मोबाइल फोन ठीक कराने के बहाने उसके घर पहुंचा। जैसे ही सागर फोन देखने लगा आरोपी ने पीछे से अचानक उस पर चाकू और हथौड़े से ताबड़तोड़ वार कर दिए।

देहरादून। उत्तराखंड में संचालित 452 मदरसों के साथ ही अल्पसंख्यक स्कूलों को उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड के साथ अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेनी होगी। राज्य सरकार इस निर्णय पर भले ही तमाम सामाजिक संगठन सवाल उठा रहे हो, लेकिन प्रदेश के अल्पसंख्यक बच्चों के लिए महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। वहीं, देहरादून में आयोजित लोक संवर्धन पर्व में शामिल होने पहुंचे अल्पसंख्यक कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि ये निर्णय अन्य राज्यों में भी दोहराया जाएगा। दरअसल,अरबिया मदरसों को सरकार की तरफ से मिलने वाले सरकारी अनुदान की व्यवस्था को भी समाप्त कर दिया है। जिस प्रस्ताव पर मंत्रिमंडल की मंजूरी भी मिल गई है। उत्तराखंड राज्य में मदरसा बोर्ड से रजिस्टर्ड करीब 452 मदरसे संचालित हो रहे हैं, लेकिन प्रदेश में उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा अधिनियम लागू होने के बाद अब इन सभी मदरसों को शिक्षा बोर्ड और उत्तराखंड अल्पसंख्यक शिक्षा प्राधिकरण से मान्यता लेनी होगी। 

रामनगर। क्या आपने कभी ऐसी गिलहरी देखी है जो उड़ती हुई नजर आती हो? उत्तराखंड के कॉर्बेट नेशनल पार्क से सटे रामनगर वन क्षेत्र में 12 साल बाद एक बार फिर दुर्लभ इंडियन जायंट फ्लाइंग स्क्विरल दिखाई दी है। यह अनोखी रात्रिचर गिलहरी ग्रामीण के घर में पहुंच गई, जिसके बाद वन विभाग की टीम ने सफलतापूर्वक इसका रेस्क्यू किया। विशेषज्ञ इसे क्षेत्र की जैव विविधता के लिए बेहद सकारात्मक संकेत मान रहे हैं। रामनगर वन प्रभाग के कोसी रेंज अंतर्गत टेड़ा गांव में बीते दिन उस समय लोगों की भीड़ जुट गई, जब एक बड़े आकार की दुर्लभ गिलहरी एक ग्रामीण के घर में दिखाई दी। पहली नजर में यह सामान्य गिलहरी से बिल्कुल अलग लगी, जिससे ग्रामीण हैरान रह गए। सूचना मिलते ही वन विभाग के रेस्क्यू एक्सपर्ट आशीष कश्यप और राजेश कश्यप मौके पर पहुंचे और सावधानीपूर्वक इस दुर्लभ जीव का सफल रेस्क्यू किया। 

हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर शनिवार रात दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. लालकुआं की ओर से आ रही एक स्कॉर्पियो ने पुल के घुमाव पर स्कूटी को टक्कर मार दी।  हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पुलिस ने एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार चल रहा है। शवों को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस हादसे की जांच कर रही है। वहीं घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम छाया हुआ है। हल्द्वानी के तीनपानी बाईपास पुल पर शनिवार रात करीब 10 बजे एक तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और स्कूटी की टक्कर में चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिसमें से तीन की मौत हो गई. जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। जैसे ही पुलिस टीम को घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से प्राप्त हुई वैसे ही पुलिस और प्रशासनिक के अधिकारी टीम के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। घायलों को हल्द्वानी सुशीला तिवारी अस्पताल भिजवाया गया, जहां पर तीन घायलों को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो संख्या UK04U-7275 ने तीनपानी पुल के घुमाव पर स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। 

मानसून उत्तराखंड में जमकर बरस रहा है, जिस कारण पहाड और मैदानी इलाकों में जन-जीवन अस्तव्यस्त हो गया है। रविवार तड़के नदी के तेज बहाव के कारण देहरादून के प्रेमनगर में बनाया गया अस्थाई पुल बह गया। वहीं आज राज्य के छह जिलों में बारिश का यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में वर्षा से जनजीवन प्रभावित है। चारधाम यात्रा मार्ग लगातार बाधित हो रहे हैं। उत्तरकाशी के स्यानाचट्टी में भूस्खलन से ध्वस्त यमुनोत्री राजमार्ग तीन दिन बाद भी नहीं खोला जा सका। यहां से वैकल्पिक मार्ग बनाने का कार्य जारी है। मलबा जमा होने से स्यानाचट्टी में यमुना नदी पर एक बार फिर झील बनने लगी है। सिंचाई विभाग मलबा हाटकर चैनलाइजेशन कार्य में जुटा है। मौसम विभाग ने रविवार को देहरादून, बागेश्वर, चमोली, रुद्रप्रयाग, नैनीताल व चंपावत के लिए वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।


ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ