Aug 29, 2026 Login

Good Morning India: ट्रंप ने H1-B वीजा पर बढ़ाया आवेदन शुल्क! यहां संपत्ति के लालच में हैवान बना बेटा, पिता की हत्या कर लगा दी आग! उत्तराखंड से सामने आई दिल चीरने वाली तस्वीर, जुड़वां बेटों को अपनी बाहों में लिए मलबे में मिली मां

Good Morning India: Trump hikes application fees for H1-B visas! Here, a son turned violent for his wealth, killing his father and setting him on fire! A heartbreaking photo has emerged from Uttarakh

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों  पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज गुजरात दौरे पर रोड शो करेंगे और कई बड़े प्रोजेक्ट भी लॉन्च करेंगे। वहीं रॉबर्ट वाड्रा मनी लॉन्ड्रिंग केस में आज राउज एवेन्यू कोर्ट में सुनवाई होगी। इधर दरभंगा से बेंगलुरु के लिए स्पाइसजेट की सीधी उड़ान आज से शुरू होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए जिससे H1-B वीजा के लिए आवेदन शुल्क बढ़कर 100,000 अमेरिकी डॉलर हो जाएगा। इस कदम का अमेरिका में वर्क वीजा पर काम कर रहे भारतीय कर्मचारियों पर गहरा असर पड़ सकता है। ट्रंप ने शुक्रवार को एक घोषणापत्र पर हस्ताक्षर किए जिससे कंपनियों द्वारा H1-B आवेदकों को प्रायोजित करने के लिए भुगतान किया जाने वाला शुल्क बढ़कर 100,000 अमेरिकी डॉलर हो जाएगा। 

इधर मणिपुर में एक बार फिर अर्धसैनिक बल को निशाना बनाया गया है। बिष्णुपुर जिले में हथियारबंद लोगों के एक समूह ने शुक्रवार शाम असम राइफल्स के वाहन पर हमला कर दिया। इस घटना में असम राइफल्स के दो जवानों की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हो गए। मृतकों में एक जेसीओ भी शामिल है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना जिले के नांबोल सबल लेइकाई इलाके में शाम करीब छह बजे हुई। एक अधिकारी ने बताया कि बंदूकधारियों के एक समूह ने उस वाहन पर घात लगाकर हमला किया, जिससे असम राइफल्स के जवान इंफाल से बिष्णुपुर जिले की ओर जा रहे थे। हमले में 2 जवान की मौत हो गई और 2 अन्य घायल हो गए। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि घायल जवानों को पुलिस और स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

उधर जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ जिले में शुक्रवार शाम आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई। सेना ने जानकारी दी है कि फिलहाल इलाके में ऑपरेशन जारी है। आर्मी की व्हाइट नाइट कॉर्प्स ने सोशल मीडिया एक्स पर बताया कि खुफिया जानकारी के आधार पर किश्तवाड़ में 19 सितंबर की रात करीब 8 बजे सतर्क सैनिकों ने आतंकियों से संपर्क स्थापित किया। इस दौरान गोलीबारी हुई। ऑपरेशन अभी भी जारी है। फिलहाल मुठभेड़ में किसी हताहत की सूचना नहीं मिली है। सेना ने कहा है कि जैसे-जैसे जानकारी मिलेगी, विवरण साझा किए जाएंगे।

इधर भारतीय चुनाव आयोग ने शुक्रवार को देश भर के 474 पंजीकृत गैर-मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को सूची से हटा दिया, जिनमें पश्चिम बंगाल के 12 दल भी शामिल हैं। एक अधिकारी ने बताया कि ये दल लगातार छह वर्षों तक चुनाव नहीं लड़ने के कारण सूची से बाहर हो गए हैं। उन्होंने बताया कि पश्चिम बंगाल में सूची से हटाए गए दलों में अंबेडकरवादी पार्टी, ग्लोबल पीपल पीस पार्टी और गोरखा नेशनल लिबरेशन फ्रंट जैसे कम-ज्ञात या लंबे समय से निष्क्रिय संगठन शामिल हैं, जो कभी क्षेत्रीय पहचान आंदोलनों से जुड़े थे। सूची से हटाए गए अन्य दलों में कामतापुर प्रोग्रेसिव पार्टी, माई ही भारत, नेशनल कॉन्फेडेरसी ऑफ इंडिया और राष्ट्रवादी तृणमूल कांग्रेस पार्टी शामिल हैं।

उधर कानपुर के कल्याणपुर में युवक ने संपत्ति के लालच में दोस्त के साथ मिलकर पिता कमलापति तिवारी की गला घोटकर हत्या कर दी और उनका शव करीब 80 किलोमीटर दूर औरैया में पेट्रोल छिड़ककर जला दिया। इसका खुलासा पुलिस ने लगभग छह महीने बाद शुक्रवार को कर दिया। आरोपी बेटे रामजी तिवारी और दोस्त ऋषभ को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जहां से दोनों को जेल भेज दिया गया। बेटे ने बताया कि दृश्यम फिल्म देखकर उसने शव को ठिकाने लगाने का प्लान बनाया। इसी तरह, क्राइम पेट्रोल देखकर दोस्त को मोबाइल लेकर बिहार भेज दिया जिससे लोकेशन बिहार की मिले। डीसीपी पश्चिम दिनेश कुमार त्रिपाठी ने शुक्रवार को प्रेसवार्ता में बताया कि पुराना शिवली रोड कल्याणपुर निवासी कमलापति तिवारी (62) रेलवे में गार्ड के पद से बिहार से सेवानिवृत्त हुए थे।  वह शिवली रोड में अकेले रहते थे।

इधर सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस मनमोहन ने कहा है कि अवैध और नकली व्यापार देश की अर्थव्यवस्था, रोजगार, उद्योग और सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। उन्होंने चेताया कि यह व्यापार न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचा रहा है, बल्कि बेरोजगारी, नवाचार की चोरी और आपराधिक गिरोहों के विस्तार को भी बढ़ावा दे रहा है। इसके चलते समाज और सुरक्षा पर गहरे खतरे मंडरा रहे हैं। जस्टिस मनमोहन ने कहा कि अब हमारे पास अवैध व्यापार का अनुमान उपलब्ध है। कुछ आंकड़ों के अनुसार, यह हर साल तीन ट्रिलियन डॉलर का अवैध कारोबार करता है। इसका सीधा असर देश की आमदनी और रोजगार पर पड़ रहा है। लाखों लोगों की नौकरियां खत्म हो रही हैं और उद्योगों की नवाचार क्षमता का दुरुपयोग हो रहा है।

उधर गुजरात के गोधरा और वडोदरा के जूनीगढ़ी से एक बड़ा हंगामा सामने आया है। यहां के बी डिवीजन पुलिस स्टेशन में विशेष समुदाय के लोगों ने तोड़फोड़ की है। ये पूरा बवाल एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर को थाने बुलाने पर हुआ था। पुलिस ने इस इन्फ्लुएंसर को भड़काऊ पोस्ट वायरल न करने को लेकर थाने बुलाया था लेकिन भीड़ ने गलतफहमी में हंगामा किया, जिसके बाद पुलिस को हालात काबू में करने के लिए लाठीचार्ज करना पड़ा। गोधरा में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय के लोगों ने पुलिस स्टेशन में जमकर तोड़फोड़ की। पुलिस के मुताबिक, गोधरा सिटी बी डिवीजन थाना क्षेत्र में एक युवक बार-बार भड़काऊ पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल करता है। ऐसे में नवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए पुलिस ने शख्स को बुलाकर समझाया कि वो ऐसी कोई भी पोस्ट वायरल न करे, जिससे क्षेत्र में तनाव पैदा हो।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड के चमोली जिले से करीब 50 किलोमीटर दूर कुंतरी लगा फाली गांव में बीते गुरुवार को बारिश से हुए भूस्खलन ने भयानक तबाही मचाई। शुक्रवार को जब रेस्क्यू टीम मलबे को हटाते हुए 38 साल की कांता देवी के पास पहुंची, तो एक दिल दहला देने वाला मंजर सामने आया। कांता देवी अपने 10 साल के जुड़वां बेटों को बांहों में लिए मलबे के नीचे दबी मिलीं। ऐसा लग रहा था जैसे आखिरी सांस तक वह अपने बच्चों को बचाने की कोशिश करती रहीं। मां और दोनों बेटों की मौत ने पूरे गांव को गम में डुबो दिया है। शुक्रवार को इस हादसे का शिकार हुए लोगों के कुल 5 शव बरामद किए गए। कांता देवी का परिवार उनमें शामिल था। उनके पति कुंवर सिंह को गुरुवार को 16 घंटे की मशक्कत के बाद जिंदा निकाला गया था, लेकिन अब उनके पास न घर बचा है, न परिवार।

इधर दून घाटी में आई आपदा में अब तक 30 लोगों की मृत्यु हो चुकी है। चौथे दिन झारखंड निवासी विरेंद्र सिंह का शव मजाडा में मिला। वहीं, मसांदावाला कैंट से लापता प्रीतम सिंह पुत्र गंगावासी निवासी अमरोहा का शव सहारनपुर क्षेत्र और पुष्पेंद्र पुत्र प्यारेलाल निवासी अमरोहा का शव हरियाणा के यमुनानगर से बरामद हुआ। लापता लोगों को तलाशने के लिए एसडीआरएफ और एनडीआरएफ मोर्चा संभाले हुए हैं। अभी तक कुल 10 लोग लापता हैं।

उधर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सीएम हरीश रावत को 2016 में बहुचर्चित स्टिंग ऑपरेशन मामले में सीबीआई ने नोटिस जारी किया है। नोटिस में उन्हें इसी माह सीबीआई मुख्यालय में पेश होने को कहा गया है। वर्ष 2016 में हरीश रावत के मुख्यमंत्री रहते हुए उनका एक स्टिंग ऑपरेशन वायरल हुआ था। इसके बाद राज्य की राजनीति में भूचाल आ गया था। स्टिंग में आरोप लगे थे कि रावत सरकार को बचाने के लिए विधायकों की खरीद-फरोख्त की डीलिंग कर रहे थे। इसमें रुपयों के लेन-देन की बात सामने आने का भी आरोप था। इस पूरे मामले की जांच सीबीआई को दी गई थी। इससे पहले भी सीबीआई की ओर से हरीश रावत को कई बार नोटिस जारी किए जा चुके हैं। अब एक बार फिर उन्हें नोेटिस भेजकर सीबीआई मुख्यालय बुलाया गया है।

इधर उधम सिंह नगर के पंतनगर थाना क्षेत्र में एक ट्रक ने बाइक सवार युवक को कुचल दिया। जिसके कारण युवक की मौके पर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत की खबर के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस के मुताबिक देर शाम राजीव नगर नगीना कालोनी लालकुआं निवासी शाजिद दिनेशपुर से अपने घर लालकुआं लौट रहा था, जैसे ही वह पंतनगर थाना क्षेत्र स्थित टोल प्लाजा के पास पहुंचा ही था कि एक अज्ञात ट्रक ने उसकी बाइक में पीछे से टक्कर मार दी। युवक ट्रक के पिछले टायर के नीचे आ कर कुचल गया। इस दौरान युवक की मौके पर ही मौत हो गई।