Good Morning India: दिल्ली में प्रदर्शन कवर करने वाले पत्रकारों के लिए पुलिस ने जारी की एडवाइजरी! अर्जेंटीना की जर्सी में आखिरी बार मैदान में उतरेंगे लियोनेल मेसी! ट्रिपल तलाक पर जावेद अख्तर का बड़ा बयान! उत्तराखंड बीजेपी के राज्यसभा प्रत्याशी दिनेश आर्या आज करेंगे नामांकन
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज 6 से 8 अक्तूबर तक हिमाचल प्रदेश के तीन दिवसीय दौरे पर रहेंगी। वहीं आज भारतीय नौसेना को फ्लीट सपोर्ट शिप-1 मिलेगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, राजधानी में विरोध-प्रदर्शनों की कवरेज करने वाले पत्रकारों के लिए दिल्ली पुलिस ने सोमवार को एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने पत्रकारों से प्रदर्शन स्थल पर अपनी पहचान स्पष्ट रखने और पुलिस की कार्रवाई या आवाजाही में किसी तरह की बाधा नहीं डालने की अपील की है। पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "स्टोरी मायने रखती है, लेकिन उसे हासिल करने का तरीका भी मायने रखता है।" दिल्ली पुलिस ने कहा कि प्रदर्शन की कवरेज के लिए मौके पर पहुंचने वाले पत्रकार अपने संस्थान की ओर से जारी वैध पहचान पत्र जरूर साथ रखें। इसके अलावा वैध पीआईबी या डीआईपी मान्यता कार्ड रखने वाले पत्रकार उसे भी साथ रख सकते हैं। पुलिस ने पहचान पत्र को ऐसी जगह प्रदर्शित करने की सलाह दी है, जहां मौके पर मौजूद कानून-व्यवस्था संभाल रहे सुरक्षाकर्मी आसानी से पत्रकारों की पहचान कर सकें।
इधर Flydubai की दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाइट में जो कुछ भी हुआ उसके लिए अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को जिम्मेदार मानते हैं। उन्होंने एक बार फिर कहा कि इस हमले के पीछे ईरान का हाथ है। हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि व्यक्तिगत तौर पर उनका ऐसा मानना है। फिलहाल इस मामले की जांच चल रही है। सोमवार को व्हाइट हाउस में मीडिया की ओर से जब यह पूछा गया कि क्या उन्हें लगता है कि इस हमले के पीछे ईरान का हाथ है? इस पर उन्होंने कहा, 'हां, मैं व्यक्तिगत रूप से ऐसा मानता हूं।' ऐसा नहीं है कि ट्रंप ने पहली बार इस घटना के पीछे ईरान का हाथ बताया है। वे पहले भी ऐसा कह चुके हैं। लेकिन इस बार उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यह उनका व्यक्तिगत तौर पर मानना है कि Flydubai कांड में ईरान का हाथ है। बता दें कि 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही Flydubai की फ्लाइट FZ1073 को हाईजैक करने की कोशिश हुई थी। हाईजैकर कोई बाहरी नहीं बल्कि Flydubai का को-पायलट ही था। ओमानी को-पायलट हमाम अल-हमामी ने बेहद खौफनाक इरादों के साथ इस विमान को हाईजैक करने की कोशिश की थी। उसने विमान के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार पर पीछे से हमला किया। हमले के लिए उसने विमान में सेफ्टी के लिए रखे गए छोटे हथौड़े से सिर पर प्रहार कर किया कैप्टन स्मित मच्छार को लहूलुहान कर दिया।
उधर 5 विधानसभा और एक लोकसभा सीट पर आज उपचुनाव के लिए मतदान हो रहा है। असम की नगांव लोकसभा सीट, बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट, तमिलनाडु की मदुरंतकम और धारापुरम विधानसभा सीट और पुडुचेरी की थट्टनचावडी विधानसभा सीट पर आज सुबह 7 बजे से वोट डाले जा रहे हैं। इस चुनावी संग्राम में बीजेपी, कांग्रेस, TMC, DMK, TVK, CPI समेत कई प्रमुख दल आमने-सामने हैं। इन सभी सीटों के चुनावी नतीजे 9 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। इस उपचुनाव में खासकर पश्चिम बंगाल के नंदीग्राम और रेजीनगर सीटों पर सबकी नजर है। नंदीग्राम सीट बीजेपी के लिए बेहद अहम है, क्योंकि यहां से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने जीत दर्ज की थी। सीएम शुभेंदु ने भवानीपुर में ममता बनर्जी को हराया था। भवानीपुर और नंदीग्राम दोनों जगहों से जीतने के बाद उन्होंने नंदीग्राम सीट छोड़ दी थी, जिसके चलते यहां उपचुनाव हो रहा है। यहां से बीजेपी ने हसीरानी रथ को उम्मीदवार बनाया है। वहीं, कांग्रेस ने मिलन प्रधान को मैदान में उतारा है।
इधर फुटबॉल की दुनिया के सबसे बड़े सितारों में से एक लियोनेल मेसी जब ब्यूनस आयर्स के मशहूर एस्टाडियो मॉन्यूमेंटल में मैदान पर उतरेंगे, तो यह सिर्फ एक दोस्ताना मुकाबला नहीं होगा। अर्जेंटीना की जर्सी में यह मेसी का आखिरी मैच होगा। बेनिन के खिलाफ होने वाले इस मुकाबले में हजारों दर्शक स्टेडियम में और लाखों फैंस स्क्रीन के सामने अपने चहेते स्टार को आखिरी बार अर्जेंटीना के लिए खेलते देखेंगे। 39 साल के मेसी ने अर्जेंटीना के साथ करीब दो दशक के अपने शानदार सफर में वह सब हासिल किया, जिसका सपना कोई भी फुटबॉलर देख सकता है। अब उनके विदाई मैच के साथ अर्जेंटीना फुटबॉल में एक युग का अंत होने जा रहा है। मेसी ने अर्जेंटीना को 2022 में वर्ल्ड कप चैंपियन बनाया। इसके अलावा उन्होंने टीम के साथ 2021 और 2024 में कोपा अमेरिका का खिताब जीता। 2022 में फाइनलिसिमा और 2008 बीजिंग ओलंपिक में गोल्ड मेडल भी उनके नाम रहा। मेसी 125 गोल के साथ अर्जेंटीना के सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी हैं। मेसी ने अगस्त 2005 में हंगरी के खिलाफ दोस्ताना मुकाबले से अर्जेंटीना के लिए डेब्यू किया था। इसके बाद उन्होंने खुद को देश के महानतम फुटबॉल खिलाड़ियों में शामिल किया। 2016 में कोपा अमेरिका फाइनल में चिली के खिलाफ पेनल्टी शूटआउट में हार के बाद उन्होंने इंटरनेशनल फुटबॉल से संन्यास का ऐलान कर सभी को चौंका दिया था। हालांकि, बाद में उन्होंने अपना फैसला बदल लिया और नेशनल टीम में वापसी की।
उधर मशहूर लेखक और बॉलीवुड गीतकार जावेद अख्तर अपने बेबाक विचारों के लिए जाने जाते हैं। सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों पर वह अक्सर खुलकर अपनी राय रखते हैं। अब एक इंटरव्यू में उन्होंने मुस्लिम समुदाय के भीतर सामाजिक सुधारों को लेकर अपनी बात रखी है। उन्होंने तत्काल तीन तलाक यानी इंस्टेंट ट्रिपल तलाक के खिलाफ कानून बनने का जिक्र करते हुए सवाल किया कि मुस्लिम पर्सनल लॉ में जरूरी बदलाव समुदाय के भीतर से क्यों नहीं किए गए और इसके लिए सरकार के हस्तक्षेप का इंतजार क्यों करना पड़ा। जावेद अख्तर ने इस बहस को ‘सेक्युलरिज्म’ से जोड़ते हुए कई तीखे सवाल भी उठाए। इंडियन एक्सप्रेस हिंदी को दिए इंटरव्यू में जावेद अख्तर ने कहा कि मुस्लिम पर्सनल लॉ 1937 में अस्तित्व में आया था और भारत को 1947 में आजादी मिली। उनका सवाल था कि आजादी के बाद लंबे समय तक इस व्यवस्था में बदलाव की पहल क्यों नहीं हुई। उन्होंने कहा कि अगर किसी सामाजिक प्रथा में सुधार की जरूरत थी, तो इसकी शुरुआत समुदाय के भीतर से होनी चाहिए थी। जावेद अख्तर ने सवालिया अंदाज में कहा कि ट्रिपल तलाक पर रोक लगाने के लिए बीजेपी के नेतृत्व वाली सरकार को कानून बनाने की जरूरत क्यों पड़ी। उन्होंने इसे लेकर कहा कि यह स्थिति ‘शर्म की बात’ है और पूछा कि इसे किस तरह का सेक्युलरिज्म कहा जाएगा। उनके बयान ने एक बार फिर मुस्लिम पर्सनल लॉ और सामाजिक सुधार को लेकर चलने वाली पुरानी बहस को चर्चा में ला दिया है।
इधर यूपी के मेरठ में ब्यूटीशियन पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को मौत के घाट उतार दिया और फिर इसे हार्ट अटैक का रूप दे दिया। पत्नी का आरोप कि पति तालिब उसके साथ मारपीट करता था, जिसके चलते वह उससे परेशान थी। पत्नी इल्मा का एक वीडियो सामने आया है जिसमें वह कबूल रही है कि पति तालिब ने 28 सितंबर को उसके साथ मारपीट की थी। नाराज होकर उसने अपने प्रेमी अमन को बुला लिया। इल्मा ने तालिब के पैर पकड़े और अमन व उसके एक साथी ने चुन्नी से गला घोंटकर उसे मार दिया। इल्मा ने परिवार को गुमराह करने के लिए पति की मौत हार्ट अटैक से होना बता दिया था, जिसके बाद मुजफ्फरनगर में उसका शव दफनाया गया। इसके बाद परिवार को शक हुआ तो पुलिस से शिकायत की गई। संभावना है कि आज पुलिस शव को निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजेगी। मामला लोहिया नगर की जाकिर नगर कॉलोनी का है। 30 वर्षीय राजमिस्त्री तालिब मुजफ्फरनगर जिले का रहने वाला था और वर्तमान में पत्नी इल्मा (27) के साथ मेरठ की जाकिर कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा था। दोनों की चार साल पहले शादी हुई थी और 3 साल की एक बेटी है।
उधर 'कौन बनेगा करोड़पति' में अमिताभ बच्चन के बर्थडे वीक के दौरान 'कोन होनार करोड़पति' की होस्ट माधुरी दीक्षित एक कंटेस्टेंट के तौर पर शामिल हुईं। वहां उन्होंने 'देवदास' फिल्म की अपनी 'पारो' वाली भूमिका को बखूबी निभाया, जिसे देखकर अमिताभ बहुत खुश हुए। शो के एक नए प्रोमो में अमिताभ एक्ट्रेस का यह अंदाज देख खुद को उनकी तारीफ करने से रोक नहीं पाए, क्योंकि माधुरी अपने सबसे मशहूर किरदार पारो में पूरी ढल गई हैं। उनकी हर अदा वहां मौजूद सभी दर्शकों को भी बहुत पसंद आई, जिससे एक्ट्रेस ने उनका दिल जीत लिया। प्रोमो में अमिताभ कंप्यूटर से माधुरी के लिए एक गाना बजाने के लिए कहते हैं। गुलाबी रंग की खूबसूरत साड़ी में एक्ट्रेस अपनी जगह पर बैठे-बैठे ही 'देवदास' फिल्म के गाने 'काहे छेड़ मोहे' पर परफॉर्म करती हैं। अमिताभ उनकी परफॉर्मेंस की तारीफ करते हुए और घूमते हुए काफी इंप्रेम नजर आते हैं, जब ऑडियंस चीयर करती है और माधुरी अपनी अदाएं दिखाती हैं तो होस्ट ताली बजाते हुए कहते हैं, 'क्या बात है! कमाल है, कमाल है, माधुरी जी।'
इधर सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस को याद दिलाया कि उन्हें ऐसे पुरुषों के मन में डर पैदा करना चाहिए जो यौन अपराध करने की प्रवृत्ति रखते हैं। हाल ही में दिल्ली और आसपास के इलाकों में सामने आए रेप के मामलों (जिनमें स्लीपर बस में एक नाबालिग के साथ गैंगरेप का मामला भी शामिल है) पर खुद संज्ञान लेने के बाद सुप्रीम कोर्ट ने अब तक के सबसे स्पष्ट निर्देश में कहा कि जब तक पुलिस असामाजिक तत्वों के मन में यह डर पैदा नहीं करती कि यौन अपराध करने पर वे निश्चित रूप से मारे जाएंगे ("अब कुछ किया तो मर जाएंगे") तब तक स्थिति नहीं सुधरेगी। दक्षिण दिल्ली के एक पार्क में हुए गैंगरेप केस का जिक्र करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने दिल्ली पुलिस से उन जरूरी कदमों के बारे में सवाल किया जो उठाए जाने चाहिए थे। सुप्रीम कोर्ट ने कहा, "कहा गया है कि इस दुर्भाग्यपूर्ण मामले में भी लोगों ने आपको इन लोगों (अपराधियों) के बारे में चेतावनी दी थी।"
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भाजपा के राज्यसभा उम्मीदवार दिनेश आर्य मंगलवार को विधानसभा में विधिवत नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने उनके निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद जताते हुए कहा कि राज्य के सभी वर्गों और भाजपा कार्यकर्ताओं में इस निर्णय से उत्साह का माहौल है। मीडिया से बातचीत में प्रदेश अध्यक्ष भट्ट ने कहा कि आर्य, भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता हैं। हमारे जिलाध्यक्ष रहे हैं। संगठन में बहुत लंबे समय से शानदार काम रहे हैं। उन्होंने नेतृत्व के निर्णय को बहुत अच्छा और कार्यकर्ताओं के मन का बताते हुए कहा कि समूचे राज्य, खास तौर पर पूरे कुमाऊं क्षेत्र में पार्टी की मजबूती में उनका बहुत बड़ा योगदान है।
इधर उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में आंशिक बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हो रही है। मौसम विभाग ने अगले पांच दिन प्रदेश के सभी जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। वहीं, 4200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के भी आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार मंगलवार को बारिश के साथ कुछ स्थानों पर गर्जन और आकाशीय बिजली चमकने की संभावना है। इसे देखते हुए अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है।
उधर उधम सिंह नगर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए पहाड़ी जिलों तक फैले ड्रग सप्लाई नेटवर्क का खुलासा किया है। एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में पुलिस ने बरेली से लेकर पिथौरागढ़ के झूलाघाट तक फैली कथित सप्लाई चेन से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों के तार बहेड़ी से जुड़े हैं। इनमें से कुछ आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जेल जा चुके हैं। कार्रवाई की शुरुआत पुलभट्टा थाना क्षेत्र में एक आरोपी से नशीले इंजेक्शन बरामद होने के बाद हुई। मोबाइल फोन की कथित व्हाट्सऐप चैट और कॉल डिटेल के आधार पर पुलिस ने आगे की कड़ियां खंगालीं और अल्मोड़ा, नैनीताल तथा पिथौरागढ़ तक कार्रवाई पहुंचाई।