Good Morning India: दुनिया की सबसे ऊंची चोटी पर गूंजी भारतीय नारी शक्ति की बुलंद आवाज, माउंट एवरेस्ट पर लहराया तिरंगा! फिर महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, 10 दिनों में तीसरी बार बढ़े दाम! केंद्र की स्टेटस रिपोर्ट में हुआ खुलासा, यूक्रेन युद्ध में 49 भारतीयों की मौत! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: The powerful voice of Indian women resonated on the world's highest peak, with the tricolor hoisted atop Mount Everest! Petrol and diesel prices have become more expensive, with p

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज 19वें रोजगार मेला के तहत वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से 51 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। शनिवार को पेट्रोल 87 पैसे प्रति लीटर और डीजल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हो गया। पिछले 10 दिनों में यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा किया गया है। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की चिंता बढ़ा दी है। बता दें कि इस महीने यह तीसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी हुई है। इस सप्ताह की शुरुआत में, पेट्रोल और डीजल की कीमतों में 90 पैसे प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी, इससे कुछ दिन पहले ही 3 रुपये प्रति लीटर की वृद्धि की गई थी। इस बढ़ोतरी के बाद माल ढुलाई महंगी होने की आशंका है, जिससे आने वाले दिनों में रोजमर्रा की जरूरी चीजों के दाम भी बढ़ सकते हैं।

उधर केंद्र सरकार ने बताया है कि 217 भारतीय नौजवानों ने रूसी सेना जॉइन किया था, जिनमें से 139 को उनके अनुबंधों से मुक्त कर दिया गया है। 49 भारतीयों की जान चली गई है, जबकि 6 के लापता होने की पुष्टि हुई है। केंद्र सरकार ने शुक्रवार को सुप्रीम कोर्ट को बताया कि रूस-यूक्रेन युद्ध के बीच 217 भारतीयों ने रूसी सेना जॉइन किया था। इस जंग में 49 भारतीयों को जान गंवानी पड़ी है। न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक सुप्रीम कोर्ट में दायर एक स्टेटस रिपोर्ट में, केंद्र सरकार ने कहा कि भारत सरकार द्वारा रूसी संघ के साथ लगातार कूटनीतिक बातचीत के बाद, 139 भारतीय नागरिकों को उन अनुबंधों से पहले ही मुक्त कर दिया गया है, जिन पर उन्होंने रूसी सेना में शामिल होने के लिए हस्ताक्षर किए थे। रिपोर्ट में कहा गया, "इसके अलावा, इस संघर्ष में 49 भारतीय नागरिकों की जान जाने की खबर है। साथ ही, रूसी पक्ष ने 6 भारतीय नागरिकों के लापता होने की पुष्टि की है, जबकि 23 लोगों की स्थिति अभी भी अज्ञात है और मॉस्को में भारतीय दूतावास द्वारा रूसी अधिकारियों के साथ इस मामले पर लगातार बातचीत जारी है।"

इधर भारत तिब्बत सीमा पुलिस यानि आईटीबीपी की महिला पर्वतारोहियों ने बड़ा इतिहास रच दिया है। आईटीबीपी की पहली सर्व महिला एवरेस्ट अभियान टीम ने दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट पर सफलतापूर्वक तिरंगा फहराया। यह अभियान आईटीबीपी के पर्वतारोहण इतिहास की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। माउंट एवरेस्ट की ऊंचाई 8,848 मीटर है, इसे दुनिया की सबसे कठिन चोटियों में गिना जाता है। यह अभियान 19 अप्रैल 2026 को नई दिल्ली से शुरू हुआ था। टीम में कुल 14 सदस्य शामिल थे, इनमें 11 महिला पर्वतारोही थीं। इस टीम ने पहले भारत और नेपाल में प्रशिक्षण लिया. इसके बाद ऊंचाई वाले इलाकों में खुद को मौसम के मुताबिक ढालने की तैयारी की गई। सभी महिला पर्वतारोहियों ने नेपाल के साउथ कोल रूट से एवरेस्ट पर चढ़ाई की। यह रास्ता काफी मुश्किल माना जाता है। पहली टीम ने 21 मई 2026 को रात 12 बजकर 52 मिनट पर एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचकर तिरंगा फहराया। 

उधर भारत ने अपनी सामरिक ताकत को और मजबूती देते हुए अग्नि 1 मिसाइल का सफल परीक्षण किया। इस सफल टेस्टिंग के साथ अग्नि 1 अब पहले से अधिक सक्षम, सटीक और घातक प्लेटफॉर्म बनकर उभरी है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन यानी (DRDO) द्वारा विकसित यह नई पीढ़ी की मिसाइल भारत की रणनीतिक प्रतिरोधक क्षमता को और मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है। ओडिशा के चांदीपुर में इंटीग्रेटेड टेस्ट रेंज से अग्नि 1 मिसाइल को सफलतापूर्वक टेस्ट-लॉन्च किया गया। लॉन्च ने सभी ऑपरेशनल और टेक्निकल पैरामीटर्स को वैलिडेट किया। भारत पहले से ही अग्नि सीरीज की कई अत्याधुनिक बैलिस्टिक मिसाइलों से लैस है, जिनमें अग्नि 1 , अग्नि-2, अग्नि-3, अग्नि-4 और अग्नि-5 शामिल हैं। इन मिसाइलों ने भारत को क्षेत्रीय ही नहीं बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक मजबूत परमाणु प्रतिरोधक शक्ति के रूप में स्थापित किया है।

इधर भारत निर्वाचन आयोग ने जून-जुलाई 2026 में रिटायर हो रहे 24 राज्यसभा सदस्यों की सीटों को भरने के लिए द्विवार्षिक चुनाव का ऐलान किया है। दस राज्यों से निर्वाचित राज्यसभा के 24 सदस्यों का कार्यकाल जून-जुलाई 2026 में समाप्त होने वाला है। अब आयोग ने इन 24 सीटों के लिए राज्यसभा के द्विवार्षिक चुनाव कराने का फैसला किया है। चुनाव आयोग के मुताबिक, 10 राज्यों की इन सीटों पर मतदान 18 जून 2026, गुरुवार को होगा। वहीं चुनाव आयोग ने महाराष्ट्र और तमिलनाडु की 2 राज्यसभा सीटों पर उपचुनाव की तारीख भी जारी कर दी है। ECI ने किया ऐलान किया है कि महाराष्ट्र और तमिलनाडु की 2 राज्यसभा सीटों के लिए 18 जून को उपचुनाव होंगे। 

उधर सुप्रीम कोर्ट ने NCERT की कक्षा 8 की विवादित न्यायपालिका चैप्टर से जुड़े तीन शिक्षाविदों के खिलाफ दिया गया अपना पुराना आदेश वापस ले लिया है। कोर्ट ने इन शिक्षाविदों को सरकारी और सार्वजनिक शिक्षा संस्थानों की अकादमिक परियोजनाओं से दूर रखने वाले निर्देश भी रद्द कर दिए हैं। चीफ जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस विपुल पांचोली की बेंच ने यह फैसला प्रोफेसर मिशेल डैनिनो, सुपर्णा दिवाकर और आलोक प्रसन्ना कुमार की याचिकाओं पर सुनवाई के बाद दिया। इन लोगों ने कोर्ट से 11 मार्च 2026 के आदेश को वापस लेने की मांग की थी। सुप्रीम कोर्ट ने अपने पुराने आदेश में कहा था कि इन शिक्षाविदों ने जानबूझकर तथ्यों को गलत तरीके से पेश किया और कक्षा 8 के छात्रों के सामने भारतीय न्यायपालिका की नकारात्मक छवि दिखाने की कोशिश की। अब कोर्ट ने यह टिप्पणी भी हटा दी है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने माना कि अध्याय तैयार करने में किसी तरह की दुर्भावना नहीं थी और यह सामूहिक फैसले के बाद तैयार किया गया था। कोर्ट ने साफ किया कि केंद्र और राज्य सरकारें इन शिक्षाविदों को किसी अकादमिक काम से जोड़ने पर अपना अलग फैसला ले सकती हैं।

इधर बेंगलुरु स्थित माइक्रोसॉफ्ट के एक मैनेजर ने अपनी 81 वर्षीय दादी को पहली बार अपने कार्यालय ले जाने के एक्सपीरिएंस को शेयर किया है। माइक्रोसॉफ्ट के वरिष्ठ प्रबंधक वेंकटेश बजाज ने लिंक्डइन पर यह कहानी साझा करते हुए इस पल को "किसी भी प्रमोशन से बड़ा" बताया। पोस्ट में उन्होंने महाराष्ट्र के एक छोटे से शहर से दुनिया की सबसे बड़ी प्रौद्योगिकी कंपनियों में से एक में काम करने तक के अपने सफर पर प्रकाश डाला है। इस पोस्ट को लिंक्डइन पर @VyankteshBajaj नामक हैंडल से शेयर किया गया है। पोस्ट में वेंकटेश ने बताया कि उनका पालन-पोषण महाराष्ट्र के एक दूरस्थ कस्बे मंगरुलपीर में हुआ, जहां के लोगों को कॉर्पोरेट जगत की बहुत कम जानकारी थी। उन्होंने याद किया कि बचपन में वे टेलीविजन पर कांच की बड़ी-बड़ी दफ्तरों की इमारतें देखा करते थे और एक दिन ऐसी ही किसी जगह पर काम करने का सपना देखते थे। दस साल से भी अधिक समय बाद, उन्होंने खुद को बेंगलुरु स्थित माइक्रोसॉफ्ट परिसर में अपनी दादी टूर कराया, जिसे उन्होंने अपने और अपने परिवार के लिए बेहद भावुक क्षण बताया। बजाज के अनुसार यह उनकी दादी का किसी आधुनिक कॉर्पोरेट कार्यालय में पहला अनुभव था।  

उधर दिल्ली के फर्नीचर मार्केट में बीती देर रात भीषण आग लग गई। ये आग शास्त्री पार्क इलाके के फर्नीचर मार्केट में लगी। ये आग बुझाने के लिए दमकल की गाड़ियों के देर से पहुंचने पर स्थानीय लोगों और दुकानदारों का गुस्सा भड़क गया। लोगों ने हंगामा करते हुए दमकल की गाड़ी पर पथराव कर दिया। कई लोग पथराव ना करने की अपील करते भी दिखे लेकिन गुस्साए लोग मानने को तैयार ही नहीं थे। बता दें कि फर्नीचर मार्केट में आग देर रात करीब 11 बजे लगी और आग लगते ही मार्केट में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपनी-अपनी दुकान को बचाने में जुट गए। लेकिन दुकानों में लकड़ी और प्लाईवुड जैसी चीजें रखी होने की वजह से आग बहुत तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरे मार्केट में आग लग गई।

इधर देश के कई राज्यों में जहां एक ओर भीषण गर्मी का कहर देखने को मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर मौसम विभाग ने 17 राज्यों में झमाझम बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान करीब 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं अगले 2-3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के दक्षिण-पूर्वी अरब सागर, कोमोरिन क्षेत्र, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के बाकी हिस्सों और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। IMD के अनुसार, मानसून की सक्रियता के कारण केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु, असम, मेघालय और पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत समेत प्रायद्वीपीय इलाकों में लू से लेकर भीषण लू चलने की चेतावनी जारी की है। दिल्ली, यूपी, राजस्थान, पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में तापमान 44 से 47 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, नैनीताल के भवाली क्षेत्र में हुए भीषण सड़क हादसे में जान गंवाने वाले भूपेंद्र सिंह चुफाल के परिवार की चिताएं बनबसा शारदा घाट पर एक साथ जलाई गईं। इस दौरान वहां मौजूद हर किसी की आंखें नम हो गईं। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। टनकपुर रोड स्थित अमाऊं गांव निवासी भूपेंद्र सिंह चुफाल लखनऊ में एक मल्टीनेशनल कंपनी में मैनेजर पद पर कार्यरत थे। गुरुवार को वे अपनी पत्नी सीमा, पुत्र वासु और पुत्री साक्षी के साथ भवाली के दुनिखाल स्थित अपने साले की कैंप साइट को जा रहे थे, लेकिन भवालीगांव-सेनिटोरियम बाइपास पर उनकी कार खाई में गिर गई। घटना में भूपेंद्र चुफाल समेत उनकी पत्नी व दो बच्चों की मौत हो गई।

इधर उत्तराखण्ड के मैदानी इलाकों में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शुक्रवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदल गया। कुछ इलाकों में हल्की वर्षा हुई। इधर पर्वतीय जिलों में आज शनिवार को भी मौसम बदला हुआ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 23 मई को पर्वतीय जिलों में बिजली चमकने के साथ 40-50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का येलो अलर्ट जारी किया गया है। इसका असर पर्वतीय इलाकों के तापमान में देखने को मिलेगा। इसके अलावा उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिले के कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने का भी अनुमान है। मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क रहेगा।