Good Morning India: भारत की जीत पर झूमा देश, अपनी ही टीम पर फूटा पाकिस्तानी फैंस का गुस्सा! दुनियाभर में कल दिखेगा वलयाकार सूर्य ग्रहण का नजारा! मौसम को लेकर फिर बड़ा अलर्ट, देहरादून में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन आज

Good Morning India: The nation rejoices over India's victory, and Pakistani fans express their anger at their own team! An annular solar eclipse will be visible worldwide tomorrow! Another major weat

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, PM मोदी आज शाम 5 बजे इंडिया AI इम्पैक्ट एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। वहीं सोनम वांगचुक केस में आज सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला जिसका काफी लंबे समय से इंतजार किया जा रहा था, वह 15 फरवरी को कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में खेला गया। इस मैच को लेकर पाकिस्तान की तरफ से काफी नौटंकी मचाई गई थी, जिसमें उन्होंने पहले बायकॉट करने का नाटक किया और बाद में अपने उसी फैसले से यूटर्न लेते हुए इस मैच में खेलने के लिए तैयार हो गए। हालांकि उम्मीद के अनुसार पाकिस्तान को इस मैच में सिर्फ हार नहीं बल्कि एक ऐसी हार मिली जो उन्हें काफी लंबे समय तक चुभने वाली है। टीम इंडिया ने इस मैच को 61 रनों से अपने नाम किया जिसमें उनकी ये टी20 इंटरनेशनल में अब तक पाकिस्तान के खिलाफ रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत है। 

इधर भारत के खिलाफ पाकिस्तान की टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछले छह महीने में ये चौथी हार है। खास बात ये है कि हर बार हार में पाकिस्तानी टीम के कप्तान सलमान अली आगा ही रहे। लगातार मिली चौथी हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान बिलबिला उठे हैं। करारी हार के बाद पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने कहा कि उन्हें इस मैच में अपने स्पिनर्स पर पूरा भरोसा था, लेकिन लगता है कि आज उनका दिन नहीं था। साथ ही कप्तान ने माना कि मैच के दौरान कुछ मौके ऐसे भी आए, जब टीम प्लान को एग्ज़िक्यूशन नहीं कर पाई। सलमान ने कहा कि  टीम अपने स्पिनर्स पर भरोसा कर रही थी। पिछले छह महीने में उन्होंने बहुत अच्छा किया भी है। इसके साथ ही कप्तान सलमान अली आगा ने ये भी माना कि बल्लेबाजी के दौरान अच्छी शुरुआत नहीं की। T20 मुकाबले में अगर कोई टीम पावरप्ले में 3 या 4 विकेट खो देते हैं तो आप बहुत पीछे हो जाते हैं। सलमान अली से जब ये पूछा गया कि टॉस जीतकर उन्होंने पहले गेंदबाजी का फैसला क्यों किया, इस पर उन्होंने कहा कि सच कहूं तो उन्हें लगा कि  पहली इनिंग में विकेट थोड़ा ट्रिकी था। बॉल ग्रिप भी कर रही थी। इसलिए लगता है, बॉलिंग के मामले में एग्ज़िक्यूशन की कमी थी। इसके बाद सलमान ने कहा कि पिच पहली इनिंग के मुकाबले दूसरी इनिंग में बेहतर खेली। लेकिन हमारे बॉलर्स ने सिचुएशन के हिसाब से बॉलिंग नहीं की। इसके बाद जब बैटिंग आई तो वहां भी हम नाकाम रहे। 

उधर बांग्लादेश चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी को बहुमत हासिल हुए है। ऐसे में अब बांग्लादेश में बीएनपी के नेतृत्व में नई सरकार बनने वाली है। पार्टी के मुताबिक बीएनपी के शीर्ष नेता तारिक रहमान 17 फरवरी को नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। सूत्रों के मुताबिक उनके शपथ ग्रहण समारोह में भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला शामिल होंगे। वह तारिक रहमान के शपथ ग्रहण समारोह में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उनके साथ विदेश सचिव विक्रम मिसरी भी शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे। जुलाई 2024 में पड़ोसी देश में हुए विद्रोह के बाद पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना की सरकार के सत्ता से बेदखल होने के बाद बांग्लादेश और भारत के बीच संबंध बिगड़ गए थे। शेख हसीना भारत भाग गई थीं और ढाका ने बार-बार नई दिल्ली से उन्हें सौंपने का अनुरोध किया था। हाल ही में अल्पसंख्यकों, विशेषकर हिंदुओं की हत्याओं ने भारत-बांग्लादेश संबंधों में और भी तनाव पैदा कर दिया। तारिक रहमान के प्रमुख सलाहकार हुमायूं कबीर ने कहा कि हमारी सरकार भारत के साथ संबंधों को सुधारने की कोशिश करेगी। हालांकि उन्होंने जोर देकर कहा कि इसकी जिम्मेदारी नई दिल्ली पर है।

इधर देश के अधिकांश हिस्सों में अचानक बढ़े तापमान के कारण ठंड बहुत कम हो गई है। सुबह और शाम के वक्त ही ठंड का एहसास हो रहा है। इस बीच मौसम विभाग ने आज से 18 फरवरी तक 7 राज्यों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के अनुसार, एक नया वेस्टर्न डिस्टर्बेंस पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बारिश/बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश और गरज के साथ बारिश ला सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, 17-19 फरवरी के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में कहीं-कहीं बारिश/बर्फबारी की संभावना है। इसके अलावा 17 और 18 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, राजस्थान में कहीं-कहीं बारिश के साथ आंधी-तूफान और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। 18 से 19 फरवरी को मध्य प्रदेश में भी गरज-चमक की संभावना जताई गई है।

उधर बाहरी दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके में हुए तिहरे हत्याकांड के मामले में मुख्य आरोपित कमरुद्दीन को रविवार को दिल्ली पुलिस ने रोहिणी कोर्ट के ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया था। पांच दिनों की पुलिस रिमांड अवधि पूरी होने के बाद अदालत ने अब आरोपित को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। दिल्ली पुलिस के आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक, पिछले पांच दिनों की पूछताछ के दौरान कमरुद्दीन से कई महत्वपूर्ण जानकारियां हासिल हुई हैं। पुलिस अब अपनी जांच का दायरा बढ़ा रही है। तफ्तीश इस बिंदु पर केंद्रित है कि क्या इस हत्याकांड में कमरुद्दीन के साथ कुछ और लोग भी शामिल थे, साथ ही, पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या आरोपित की भूमिका इसी तरह की अन्य वारदातों में भी रही है।

इधर इस सप्ताह सोने और चांदी की कीमतों में और गिरावट देखने को मिल सकती है। हालांकि, सर्राफा बाजार में उतार-चढ़ाव जारी रहने की संभावना है। एक्सपर्ट्स ने कहा कि निवेशक अमेरिकी अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण आंकड़ों जैसे महंगाई दर, सकल घरेलू उत्पाद (GDP) और फेडरल रिजर्व की नीतियों पर खास नजर बनाए हुए हैं। एक्सपर्ट्स के अनुसार, कारोबारी संभावित ब्याज दरों में कटौती का समय और गति समझने के लिए अमेरिका के श्रम संबंधी आंकड़े, फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (FOMC) की बैठक के विवरण और फेड अधिकारियों के बयानों पर नजर रखेंगे। जेएम फाइनेंशियल सर्विसेज लिमिटेड के उपाध्यक्ष (ईबीजी, कमोडिटी एंड करेंसी रिसर्च) प्रणव मेर ने कहा कि सोने और चांदी की कीमतों में और ज्यादा मजबूती देखने को मिल सकती है, लेकिन अमेरिका की जीडीपी पर आने वाले आंकड़े और व्यक्तिगत उपभोग व्यय (PCE) मुद्रास्फीति आंकड़े और फेडरल रिजर्व के अधिकारी की टिप्पणी पर ध्यान केंद्रित होने से अस्थिरता बनी रहेगी।

उधर दुनियाभर में साल का पहला सूर्य ग्रहण लगने वाला है। दिलचस्प बात यह है कि इस साल दुनिया सूर्य ग्रहण की दो प्रमुख खगोलीय घटनाओं का दीदार करेगी। इनमें से पहला ग्रहण 17 फरवरी यानी मंगलवार को लगेगा, जो एक वलयाकार सूर्य ग्रहण होगा। इसे दुनिया भर में रिंग ऑफ फायर के नाम से भी जाना जाता है। खगोलीय गणनाओं के अनुसार, यह ग्रहण भारतीय समयानुसार मंगलवार दोपहर लगभग 12:31 बजे अपने चरम पर होगा। यह अंटार्कटिका जैसे क्षेत्रों में पूर्ण रूप से दिखाई देगा। इस दौरान रिंग ऑफ फायर का अद्भुत दृश्य लगभग 2 मिनट 20 सेकंड तक बना रहेगा। ग्रहण की शुरुआत वैश्विक समयानुसार (यूटीसी) सुबह 09:56 बजे होगी। यह मुख्य रूप से दक्षिणी गोलार्ध के देशों के लिए अनुकूल है। 

इधर भारत और फ्रांस के बीच हैमर मिसाइलों के निर्माण को लेकर इस सप्ताह अहम समझौता होने जा रहा है। इस समझौते के तहत राफेल की घातक हैमर मिसाइलें अब भारत में बनेंगी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उनकी फ्रांसीसी समकक्ष कैथरीन वॉट्रिन के बीच बंगलूरू में मंगलवार को होने वाले रक्षा संवाद के दौरान हैमर मिसाइलों के संयुक्त निर्माण का समझौता होगा। भारत-फ्रांस के बीच छठा वार्षिक रक्षा संवाद फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की भारत यात्रा के दौरान आयोजित किया जा रहा है। रक्षा मंत्रालय ने बताया कि दोनों देशों के बीच रक्षा सहयोग समझौता भी अगले 10 वर्षों के लिए बढ़ाए जाने की संभावना है। फ्रांस की रक्षा कंपनी साफ्रान और भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड (बीईएल) इस मिसाइल के निर्माण के लिए हाथ मिलाएंगी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश सरकार बुजुर्ग महिलाओं का सहारा बनेगी। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग की ओर से इसके लिए राज्य भर में बुजुर्ग महिलाओं से संवाद कर सर्वे किया जा रहा है। इसके बाद योजना का ड्राफ्ट तैयार कर नए वित्तीय वर्ष से इसे लागू किया जाएगा। महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या के मुताबिक योजना गरीब, मध्यम और सक्षम तीनों वर्गों की महिलाओं के लिए होगी। प्रदेश में जरूरतमंद महिलाओं को समाज कल्याण विभाग की ओर से अब तक केवल वृद्धावस्था पेंशन दी जा रही है। उनके लिए पोषण या किसी अन्य तरह की मदद की जाए इस पर सरकार मंथन कर रही है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि इन महिलाओं के लिए पीएम पोषण योजना के तहत आसपास के स्कूलों में पके गर्म भोजन की व्यवस्था की जा सकती है।

इधर एंजेल चकमा हत्याकांड में पुलिस ने दो नाबालिग समेत पांच आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्जशीट दाखिल कर दी है। इससे पहले ब्लू काॅर्नर नोटिस जारी कर मामले की जांच पड़ताल की गई। कारण कि मुख्य आरोपी नेपाल का रहने वाला है और फरार चल रहा है। अब पुलिस की ओर से रेड कार्नर नोटिस जारी कराने की तैयारी है। गौरतलब है कि नौ दिसंबर 2025 को सेलाकुई क्षेत्र की एक शराब की दुकान के बाहर दो पक्षों में विवाद हो गया था। इस दौरान त्रिपुरा निवासी छात्र एंजेल चकमा गंभीर रूप से घायल हो गया था। एंजेल के भाई माइकल ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया था। डॉक्टरों की ओर से गंभीर चोट लगने की पुष्टि होने के बाद 14 दिसंबर को पुलिस ने हत्या के प्रयास में प्राथमिकी दर्ज की थी। इसके बाद 26 दिसंबर को एंजेल की इलाज के दौरान मौत हो गई।

उधर लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बाद उत्तराखंड पुलिस ने पूरे प्रदेश में बड़ा सत्यापन अभियान चलाने की तैयारी की है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने राज्य में संदिग्ध लोगों की पहचान के लिए व्यापक सत्यापन अभियान शुरू करने के निर्देश दिए हैं। डीजीपी ने कहा, हर थाना स्तर पर विशेष टीम बनाई गई है। सीओ से लेकर आईजी रेंज स्तर तक नियमित समीक्षा होगी और जिम्मेदारी तय की जाएगी। यह अभियान महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और आम लोगों की सुरक्षा के लिए चलाया जा रहा है।

इधर तमाम मुद्दों को लेकर आज, 16 फरवरी को कांग्रेस लोक भवन कूच करने जा रही है, जिसे लेकर प्रशासन और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गया है। कांग्रेस के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दून पुलिस ने रूट डाइवर्जन प्लान तैयार किया है, जिसे सोमवार को लागू किया जाएगा। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने बताया कि रैली के परेड ग्राउंड से निकलने पर ओरियंट चौक से कनक चौक जाने वाले यातायात को ग्लोब चौक होते हुए भेजा जाएगा। साथ ही लैंसडाउन चौक, बुद्धा चौक से यातायात को डायवर्ट किया जाएगा।