Good Morning India: पश्चिम एशिया में बढ़ा तनाव, ट्रंप ने ईरान को दिया अल्टीमेटम! यूपी में सनसनीखेज वारदात, बाराबंकी में किशोरी को जिंदा जलाया! उत्तराखंड में बोर्ड परीक्षाएं कल से, न्यायालयों और न्यायाधीशों की सुरक्षा का होगा ऑडिट
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। हरियाणा का बजट सत्र आज से होगा शुरू। वहीं आज असम में नतूनपुर बॉर्डर पोस्ट का दौरा करेंगे अमित शाह।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान ने गुरुवार को रूस के साथ वार्षिक सैन्य युद्ध अभ्यास किया। यह युद्ध अभ्यास ऐसे समय में हुआ है, जब अमेरिकी विमानवाहक पोत पश्चिम एशिया के करीब पहुंच रहा है। अमेरिका और ईरान दोनों ने संकेत दिए हैं कि अगर तेहरान के परमाणु कार्यक्रम पर वार्ता विफल हुई, तो वे युद्ध के लिए तैयार हैं। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के साथ समझौता की उम्मीद कर रहे हैं, लेकिन वार्ता वर्षों से ठप हैं। वहीं, ईरान ने अमेरिका और इस्राइली मांगों पर चर्चा करने से इनकार किया है। अमेरिका और इस्राइल की मांग है कि ईरान अपने मिसाइल कार्यक्रम में कटौती करे और सशस्त्र समूहों से अपने संबंध तोड़ने होंगे। हाल के हफ्तों में हुई अप्रत्यक्ष वार्ता में कोई खास प्रगति नहीं हुई। इसकी भी आशंका है कि इस समय का इस्तेमाल दोनों पक्ष युद्ध की अंतिम तैयारी के लिए कर रहे हैं। इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से ईरान को सीधी धमकी दी गई है। बोर्ड ऑफ पीस कार्यक्रम में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, ईरान के लिए हमारे साथ उस रास्ते पर चलने का समय है जो हम बना रहे हैं। अगर वह साथ नहीं आता है तो यह एक बहुत अलग रास्ता होगा।
इधर ब्रिटिश शाही परिवार से गिरफ्तार होने वाले पहले शख्स एंड्रयू माउंटबेटन को करीब 11 घंट की गिरफ्तारी के बाद रिहा कर दिया गया है। ब्रिटेन पुलिस का कहना है कि पूर्व राजकुमार एंड्रयू को जांच के तहत रिहा कर दिया गया है। सार्वजनिक पद पर दुर्व्यवहार के संदेह में गिरफ्तारी के करीब 11 घंटे बाद एंड्रयू को रिहा कर दिया। लगभग चार शताब्दियों में यह पहली बार था कि किसी वरिष्ठ ब्रिटिश शाही सदस्य को गिरफ्तार किया गया। थेम्स वैली पुलिस ने शाही सैंड्रिंघम एस्टेट के संदर्भ में कहा, 'हम इस बात की पुष्टि कर सकते हैं कि नॉरफॉक में हमारी तलाशी अब समाप्त हो गई है।' जबकि बर्कशायर में तलाशी अभी जारी है। पुलिस ने इस मामले में आगे कोई बयान या प्रेस कॉन्फ्रेंस न करने की बात कही है। दरअसल, एंड्रयू को जेफरी एपस्टीन के सहयोगी के रूप में वर्षों से जाना जाता था, लेकिन हाल ही में जारी की गई जानकारी में उनका नाम अधिक प्रमुखता से सामने आया है।
उधर बाराबंकी में मोहम्मदपुर खाला थाना परिसर से महज सौ मीटर की दूरी पर बृहस्पतिवार दोपहर 17 वर्षीय किशोरी को पेट्रोल डालकर जला दिया गया। देर शाम उसने लखनऊ के सिविल अस्पताल के बर्न वार्ड में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मौत से पहले पुलिस को दिए बयान में कस्बे के पेट्रोल पंप पर कार्यरत युवक का नाम लिया और कहा कि उसने ही कहा था कि फूंक देंगे। खबरों के अनुसार युवक का नाम लेने के बाद किशोरी की आवाज लड़खड़ाने लगी और वह आगे कुछ नहीं बोल सकी। परिजनों ने दुष्कर्म के बाद हत्या का आरोप लगाया है। मामले में दो से तीन लोगों के शामिल होने की आशंका जताई है। मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार किशोरी के शरीर पर कपड़े नहीं थे। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आरोपी युवक की तलाश भी की जा रही है।
इधर मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले की सिहोरा तहसील में गुरुवार रात करीब नौ बजे आपसी विवाद के बाद दो पक्ष भिड़ गए। एक धार्मिक स्थल के बाहर लगी रैलिंग टूटने से लोग आक्रोशित हो गए। इससे दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। इसमें कुछ लोगों के आंशिक घायल होने की सूचना है। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर उपद्रवियों को खदेड़ा और अश्रु गैस के गोले भी छोड़े। तनाव को देखते हुए मौके पर कलेक्टर राघवेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक संपत उपाध्याय पहुंचे। अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस ने हालात नियंत्रण का दावा करते हुए जांच के बाद मामला दर्ज करने की बात कही है।
उधर गाजा संकट को लेकर अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा की गई पहल ल ‘बोर्ड ऑफ पीस’ की पहली बैठक में भारत ने गुरुवार को पर्यवेक्षक के रूप में हिस्सा लिया। भारत इस बोर्ड का औपचारिक सदस्य नहीं है। लेकिन 'डोनाल्ड जे. ट्रंप इंस्टीट्यूट ऑफ पीस' में आयोजित बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व वाशिंगटन डीसी स्थित भारतीय दूतावास की प्रभारी राजनयिक नामग्या खम्पा ने किया। दरअसल, पिछले महीने दावोस में विश्व आर्थिक मंच पर ट्रंप ने गाजा में शांति के लिए ‘बोर्ड ऑफ पीस’की रूपरेखा प्रस्तुत की थी। इस दौरान उन्होंने घोषणा किया कि हर कोई इस संस्था का हिस्सा बनना चाहता है, जो अंततः संयुक्त राष्ट्र को टक्कर दे सकती है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हाईकोर्ट समेत प्रदेश के सभी न्यायालयों और न्यायाधीशों की सुरक्षा का ऑडिट किया जाएगा। ऑडिट में जो कमियां पाई जाएंगी, उनका तत्काल निराकरण किया जाएगा। यह आदेश बृहस्पतिवार को पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी किए गए। इनके अलावा फौरी तौर पर सुरक्षा बढ़ाने और न्यायालय परिसरों में प्रवेश के वक्त चेकिंग और पहचानपत्र दिखाने की व्यवस्था को भी लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। गौरतलब है कि बीते तीन दिनों में प्रदेश के कई न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। इसके बाद पुलिस ने एहतियात बरतते हुए परिसरों में सघन चेकिंग की लेकिन गनीमत रही की कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ। धमकी के बाद बुधवार को पुलिस मुख्यालय में एक हाई लेवल बैठक बुलाकर न्यायालयों की सुरक्षा पुख्ता कराने और जिलों में क्यूआरटी गठित करने के निर्देश जारी किए।
उधर उत्तराखंड बोर्ड की 10 वीं और 12 वीं की परीक्षाएं कल से शुरू हो रही है। परीक्षा में सुरक्षा और नकल रोकने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। शासन ने राजस्व अधिकारियों को सेक्टर मजिस्ट्रेट बनाने का आदेश किया है। 21 फरवरी से शुरू हो रही परीक्षा 20 मार्च 2026 तक चलेगी। इसके लिए प्रदेश भर में 1261 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इसमें 156 संवेदनशील और छह अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने सभी जिलाधिकारियों को आदेश जारी किया है कि परीक्षा केंद्रों पर केंद्र व्यस्थापक और कक्ष निरीक्षकों को पूरी सुरक्षा उपलब्ध कराई जाए ताकि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण उत्तरदायित्व के साथ करते हुए परीक्षाओं की पवित्रता को अक्षुण्ण रख सकें। इसके अलावा यह भी जरूरी है कि परीक्षा के लिए तैयार कराए गए प्रश्नपत्रों की गोपनीयता किसी भी स्थिति में भंग न हो। मुख्य सचिव ने आदेश में यह भी कहा कि अनुचित साधनों, प्रश्न पत्र की गोपनीयता भंग करने और हिंसक कृत्य जैसे अपराधों के खिलाफ कड़ी एवं प्रभावी कार्रवाई की जाए।
इधर खटीमा के देवभूमि कॉलोनी में बीती देर रात उस समय सनसनी फैल गई, जब घर पर अकेली रहने वाली वृद्ध महिला का शव संदिग्ध अवस्था में बंद घर में खून से लथपथ मिला। सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज मामले की जांच शुरू कर दी है। देवभूमि कॉलोनी में सोमवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब घर में अकेली रह रही 60 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालात में बंद कमरे से बरामद हुआ। घर के बाहर चैनल गेट पर ताला लगा होने से मामला और भी रहस्यमय हो गया है। मृतका जानकी देवी (60) पत्नी हरीश चंद, सितारगंज रोड स्थित देवभूमि धर्मशाला क्षेत्र में अपने मकान की पहली मंजिल पर अकेली रहती थीं। नीचे किरायेदार परिवार रहता है। उनका पुत्र सूरज चंद गोरखा रेजीमेंट में पंजाब के गुरदासपुर बॉर्डर पर तैनात है, जबकि बेटियां पूनम और सुमन गुरुग्राम व दिल्ली में निवास करती हैं।