Good Morning India: अमेरिका में व्हाइट हाउस के पास गोलीबारी, संदिग्ध ढेर! मिडिल ईस्ट तनाव पर ट्रंप आज ले सकते हैं बड़ा फैसला! बीजेपी में शामिल होने का ईनाम, राघव चड्ढा को राज्यसभा में मिला बड़ा पद! गर्मी से हाहाकार, तेलंगाना में 'लू' ने ली 16 की जान! लिंक में पढ़ें खास खबरें

Good Morning India: Shooting near the White House in the US, suspect killed! Trump may make a major decision today on Middle East tensions! Raghav Chadha rewarded for joining the BJP with a prominent

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज आईपीएल में ग्रुप चरण के आखिरी दो मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं फिट इंडिया संडेज ऑन साइकिल का विशेष 75वां संस्करण आज आयोजित किया जाएगा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका में एक बार फिर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा में बड़ी चूक हुई है। दरअसल, शनिवार शाम को व्हाइट हाउस के चेकप्वाइंट पर एक शख्स ने फायरिंग शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि घटना के समय डोनाल्ड ट्रंप भी व्हाइट हाउस के अंदर मौजूद थे। वहीं फायरिंग की घटना के बाद व्हाइट हाउस के सुरक्षाकर्मियों ने आरोपी को गोली मार दी, जिससे वह घायल हो गया। इसके बाद उसे अस्पताल लेकर जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई। इस घटना में एक राहगीर को भी गोली लगी है। अधिकारियों के अनुसार, व्हाइट हाउस सुरक्षा चौकी के पास आकर अधिकारियों पर गोलीबारी करने वाले एक व्यक्ति की मौत हो गई है। अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने शनिवार देर रात एक बयान में कहा कि प्रारंभिक जांच के अनुसार, यह व्यक्ति पूर्वी समयानुसार शाम 6 बजे के कुछ ही समय बाद एक चौकी के पास पहुंचा। इसके बाद उसने "अपने बैग से हथियार निकाला और तैनात अधिकारियों पर गोलीबारी शुरू कर दी"। सीक्रेट सर्विस के अनुसार, अधिकारियों ने जवाबी गोलीबारी की और संदिग्ध को गोली मार दी, जिसे पास के अस्पताल ले जाया गया, जहां बाद में उसकी मौत हो गई।

इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान के ताजा प्रस्ताव पर अपने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ चर्चा कर रहे हैं। ट्रंप ने कहा कि वह रविवार तक यह फैसला ले सकते हैं कि ईरान के साथ युद्ध दोबारा शुरू किया जाए या कोई समझौता किया जाए। अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ट्रंप ने कहा कि स्थिति फिलहाल '50-50' की है। ट्रंप ने कहा कि वह विशेष दूत स्टीव विटकॉफ और अपने दामाद जारेड कुशनर के साथ बैठक करेंगे, जिसमें तेहरान की ओर से आए प्रस्ताव पर चर्चा होगी। अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस भी ओहायो से वॉशिंगटन लौटकर इस बैठक में शामिल हो सकते हैं। भारत दौरे पर आए अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने नई दिल्ली में कहा कि बातचीत में कुछ प्रगति हुई है और लगातार काम जारी है। उन्होंने कहा, 'संभव है कि आज देर रात, रविवार या अगले कुछ दिनों में कोई बड़ा ऐलान हो सकता है।' रूबियो ने साफ कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति की नीति स्पष्ट है कि ईरान किसी भी स्थिति में परमाणु हथियार हासिल नहीं कर सकता।

उधर बहुचर्चित ट्विशा शर्मा डेथ केस से जुड़ी बड़ी खबर है। एम्स दिल्ली की टीम ट्विशा शर्मा का दूसरा पोस्टमार्टम करने के लिए भोपाल पहुंच गई है। इस टीम में 4 सीनियर डॉक्टर हैं। गौरतलब है कि एम्स के डॉक्टरों की एक टीम द्वारा नए सिरे से शव परीक्षण करने का निर्देश दिया गया था। टीम दिन में पहले ही रवाना हो गई थी और बाद में प्रक्रिया को अंजाम देने के लिए एडवांस चिकित्सा उपकरणों के साथ भोपाल पहुंची। आज पूरे प्रोटोकॉल के साथ ट्विशा की डेड बॉडी का पोस्टमार्टम किया जाएगा। ट्विशा की फैमिली भी भोपाल AIIMS में मौजूद रहेगी। दिल्ली AIIMS की टीम शव का पोस्टमार्टम करेगी। बता दें कि इस मामले को सुप्रीम कोर्ट ने स्वत: संज्ञान में लिया है। सोमवार को SC में इस मामले की सुनवाई होगी।

इधर राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा राज्यसभा में बड़ा पद मिला है। राघव चड्ढा को राज्यसभा की याचिका समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। राघव अभी हाल में ही बीजेपी में शामिल हुए हैं। जानकारी के मुताबिक, राज्यसभा चेयरमैन सी.पी. राधाकृष्णन ने पैनल में हाउस के 10 मेंबर्स को नॉमिनेट किया। राज्यसभा के एक नोटिफिकेशन में कहा गया, "राघव चड्ढा को कमेटी का चेयरमैन बनाया गया है। इसमें कहा गया कि पैनल को राज्यसभा चेयरमैन ने 20 मई से फिर से बनाया है। याचिका समिति के सदस्यों में हर्ष महाजन, गुलाम अली, शंभू शरण पटेल, मयंक कुमार नायक, मस्तान राव यादव बीधा, जेबी माथेर हिशाम, सुभाषिश खुंटिया, रवांग्रा नरजारी और पी. संदोष कुमार का नाम शामिल है। राज्यसभा से 21 मई को नोटिफ़िकेशन जारी किया गया है। राज्यसभा सेक्रेटेरिएट के मुताबिक, पिटीशन कमिटी पार्लियामेंट की सबसे पुरानी कमेटियों में से एक है और यह कॉलोनियल पीरियड की लेजिस्लेटिव असेंबली के समय से है। इसकी शुरुआत 15 सितंबर, 1921 को उस समय के काउंसिल ऑफ स्टेट में एक मेंबर के लाए गए एक रेजोल्यूशन से हुई थी। 1964 तक  राज्यसभा में पिटीशन सिर्फ बिल और पार्लियामेंट के अपर हाउस में पेंडिंग बिजनेस से जुड़े मामलों के बारे में ही पेश की जा सकती थीं। 1964 के बाद, जब राज्यसभा के प्रोसीजर के रूल्स में बदलाव किया गया, तो कमेटी का दायरा बढ़ा दिया गया। बदले हुए नियमों के मुताबिक, आम लोगों के हित के किसी भी मामले पर भी पिटीशन पेश की जा सकती हैं।

उधर भारतीय सेना का एक चीता लाइट हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया है। यह घटना बीते 20 मई को लद्दाख सेक्टर में हुई। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलट और डिवीजन कमांडर मेजर जनरल सचिन मेहता जख्मी हो गए, लेकिन अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। सेना के अधिकारियों के मुताबिक, चीता लाइट हेलीकॉप्टर के साथ हुई दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच समिति गठित की गई है। हादसे की वजहों का पता लगाया जा रहा है। गनीमत रही कि इन हादसे में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। बता दें कि यह दुर्घटना लद्दाख के दुर्गम इलाके में हुई, जहां भौगोलिक और मौसम परिस्थितियां अक्सर चुनौतीपूर्ण बनी रहती हैं। भारतीय सेना के चीता हेलीकॉप्टर्स का प्रयोग मुख्य तौर पर सैनिकों और जरूरी सामान को लाने-ले जाने, निगरानी करने और इमरजेंसी मिशन के लिए किया जाता है। इस हादसे के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए टीम मौके पर पहुंची और सभी घायलों को हेलीकॉप्टर से सुरक्षित बाहर निकाला गया।

इधर पंजाब की कपूरथला जेल में हिंसा की घटना सामने आई है। शनिवार रात को जेल में तब हड़कंप मच गया जब अचानक एक कैदियों के दो समूह अचानक से उग्र हो गए। उन्होंने बैरकों में तोड़फोड़ करने के बाद आग लगाने की कोशिश की। जेल के अंदर हिंसक झड़प कैदियाें और विचाराधीन कैदियों के बीच हुई। जानकारी के अनुसार यह घटना रात साढ़े आठ बजे के करीब हुई। हिंसा पर उतारू कैदियों ने बैरक संख्या 4 की दीवारों को तोड़ दिया। इसके बाद आग लगाने की कोशिश की। कपूरथला जेल में हिंसा पर अभी कोई आधिकारिक बयान जेल प्रशासन की तरफ से सामने नहीं आया है। जेल के अंदर की जो तस्वीरें सामने आई हैं। उसमें काफी ज्यादा भयावह स्थिति दिखाई गई है। आरोप है कि जब जेल में कैदियों के बीच हिंसा हुई तो जेल अधिकारियों और वहां तैनात पुलिसकर्मियों में दहशत फैल गई। जब पुलिस ने हालात को काबू करने की कोशिश की, तो कैदियों ने कथित तौर पर उन पर भी हमला बोल दिया। इस सब के बीच एक कैदी को गोली मारने के आरोप घटनास्थल से कुछ वीडियो भी सामने आए हैं। ये आरोप कैदियों ने जेल प्रशासन पर लगाए हैं। कैदियों का दावा है कि प्रशासन ने उन पर काबू पाने के लिए गोलियां चलाई हैं। कपूरथला की जेल मॉर्डन जेल में शामिल है।

उधर देशभर में भीषण गर्मी से हाहाकार मचा हुआ है। इस दौरान कई राज्य लू की चपेट में हैं। शनिवार को भीषण गर्मी और झुलसा देने वाली हवाओं के कारण कई क्षेत्रों में तापमान 44 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया। इस बीच मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि दिल्ली, पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में रविवार से तापमान में और वृद्धि होने की संभावना है। हालात ये हैं कि तेलंगाना में अब तक गर्मी और हीटवेव की वजह से 16 मौतें हो चुकी हैं। राज्य के राजस्व मंत्री श्रीनिवास रेड्डी ने यह जानकारी दी। राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को ₹4-4 लाख की सहायता देने का ऐलान किया है। राजस्व मंत्री ने अधिकारियों को उन गांवों की पहचान करने का निर्देश दिया जहां अधिक तापमान दर्ज किया जा रहा है। उन गांवों को मीडिया, सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गर्मी के बारे में चेतावनी भेजने को कहा। उन्होंने कहा कि पीने का पानी, छाछ, ओआरएस के पैकेट बस स्टेशनों, बाजारों, प्रमुख सड़कों और उन स्थानों पर उपलब्ध कराए जाने चाहिए जहां बड़ी संख्या में मजदूर काम करते हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, भीषण गर्मी के बीच उत्तराखण्ड के जंगल धधक रहे हैं। चमोली में जंगल की आग आवासीय बस्ती के समीप तक पहुंची गई, हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया। चमोली जनपद के थराली विकासखंड अंतर्गत लोल्टी गांव के चकोरिधार तोक के पास अचानक लगी आग ने कुछ समय के लिए ग्रामीणों में दहशत का माहौल पैदा कर दिया। तेज आंधी-तूफान के बीच लगी आग तेजी से फैलते हुए आवासीय बस्ती की ओर बढ़ने लगी, लेकिन समय रहते वन विभाग और स्थानीय लोगों की सतर्कता से बड़ा हादसा टल गया। जानकारी के अनुसार चकोरिधार क्षेत्र में अज्ञात कारणों से जंगल और घास के क्षेत्र में आग भड़क उठी। आग की लपटें तेज हवा के कारण तेजी से फैलने लगी, स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गई।

इधर प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। मौसम विभाग के मुताबिक आज फिर मौसम करवट बदल सकता है। देहरादून मौसम विभाग ने आज प्रदेश के सात जिलों में गरज के साथ बारिश होने का पूर्वानुमान जताया है, लेकिन मौसम विभाग ने आज कोई अलर्ट जारी नहीं किया है। देहरादून मौसम विभाग ने आज प्रदेश के देहरादून, टिहरी, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जनपदों मे कहीं- कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश गरज के साथ होने की संभावना जताई है। राज्य के शेष जनपदों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। बात राजधानी देहरादून की करें तो यहां आसमान मुख्यतः साफ रहने से लेकर आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। कुछ क्षेत्रों में गरज वाले बादल विकसित होने की संभावना है। अधिकतम व न्यूनतम तापमान क्रमशः 39°C तथा 24°C के लगभग रहने की संभावना है।

उधर पिथौरागढ़ जिले के सीमांत धारचूला क्षेत्र के जुम्मा गांव निवासी 12 वर्षीय मोहित धामी की रेबीज जैसी जानलेवा बीमारी के कारण लोहाघाट में मौत हो गई। उसने हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में ही दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि करीब तीन माह पहले धारचूला क्षेत्र में मोहित को एक कुत्ते ने काट लिया था। डर के कारण बालक ने यह बात अपने परिवार को नहीं बताई। यही चुप्पी अंततः उसके लिए घातक साबित हुई। पिछले चार-पांच दिनों से मोहित की तबीयत लगातार बिगड़ रही थी। हालत गंभीर होने पर शनिवार को उसे पिथौरागढ़ जिला चिकित्सालय ले जाया गया। वहां से डॉक्टरों ने उसे हल्द्वानी रेफर कर दिया। 108 एंबुलेंस से मोहित को हल्द्वानी ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में उसकी हालत और बिगड़ गई। आनन-फानन में उसे लोहाघाट उप जिला चिकित्सालय लाया गया, जहां पहुंचते-पहुंचते मासूम की सांसें थम चुकी थीं।