Good Morning India: शारदीय नवरात्रि शुरू, मंदिरों में उमड़ा आस्था का सैलाब, माता रानी के जयकारे गूंजे! सीजेपी का आज भी जंतर-मंतर जाने का ऐलान, अभिजीत दिपके, सौरव दास और आशुतोष रांका को किया गया प्रिवेंटिव अरेस्ट! उत्तराखण्ड समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु के दौरे पर रहेंगे। इसके साथ ही आज से शारदीय नवरात्रि की शुरूआत हो गई है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, शारदीय नवरात्र का पर्व आज, 11 अक्टूबर से शुरू हो गया है। मां दुर्गा की आराधना के इन नौ दिनों में पहले दिन कलश स्थापना के साथ पूजा की शुरुआत होगी। नवरात्र के दौरान महाष्टमी, महानवमी, हवन और कन्या पूजन का विशेष महत्व माना जाता है। नवरात्रि के पहले दिन घट यानी कलश स्थापना होगी। इसके लिए सुबह करीब चार घंटे और दोपहर में अभिजीत मुहूर्त रहेगा। नवरात्रि में देवी दुर्गा के नौ रूपों की पूजा होती है। देवी भागवत पुराण में नौ दिनों की पूजा और व्रत के नियम बताए गए हैं। इसमें नौ दिन व्रत नहीं रख पाने वालों के लिए तीन दिन उपवास करने का विधान भी है।
उधर SIR और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे को लेकर जारी संग्राम अभी दिल्ली की सड़कों पर थमा नहीं है। आज एक बार फिर कॉकरोच जनता पार्टी ने जंतर-मंतर कूच का ऐलान किया है। CJP के साथ AAP, AISA, SFI भी प्रोटेस्ट में शामिल होगी। अरविंद केजरीवाल ने देश के लोगों से शहर-शहर जंतर-मंतर बनाने का ऐलान किया है। वहीं CJP के आज फिर जंतर-मंतर कूच ऐलान के बाद सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता कर दी गई है। जंतर-मंतर पर 7 लेयर की बैरिकेडिंग की गई है। साथ ही जंतर-मंतर जाने वाले सभी रास्तों को सील किया गया है। CCTV कैमरों से पूरे इलाके की निगरानी की जा रही है। पुलिस लगातार रिकॉर्डेड माइक से लोगों को अलर्ट कर रही है। इलाके में धारा 163 लागू है। दिल्ली से सभी बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई है। बाहर से आने वाली गाड़ियों की चेकिंग हो रही है। दिल्ली पुलिस ने सेंट्रल और लुटियंस जोन के लिए एडवाइजरी जारी की है। दिल्ली में आज भी 30 रूट पर ट्रैफिक डायवर्जन रहेगा। परिस्थिति के मुताबिक डायवर्जन लागू किया जाएगा। जंतर-मंतर, कनॉट प्लेस में ट्रैफिक पर असर संभव दिख सकता है। मंडी हाउस, धौला कुआं, ITO में भी ट्रैफिक पर असर संभव है।
इधर कॉकरोच जनता पार्टी के तीनों शीर्ष नेताओं को दिल्ली पुलिस ने एहतियातन गिरफ्तार किया है। तीनों को कल दिल्ली लैंड करते ही एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया था। ऐसा लग रहा था कि देर शाम तक उनकी रिहाई हो जाएगी। लेकिन कॉकरोच जनता पार्टी की ओर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन जारी रखने के ऐलान के बाद इन तीनों को पुलिस ने प्रिवेंटिव अरेस्ट यानी एहतियातन तौर पर गिरफ्तार किया है। तीनों को दिल्ली पुलिस कोर्ट में पेश करेगी। दरअसल, पुलिस कानून की प्रक्रिया का पालन करते हुए किसी व्यक्ति को 24 घंटे से ज्यादा हिरासत में नहीं रख सकती, और उसको अदालत में पेश करना जरूरी होता है। इस प्रक्रिया का पालन करते हुए पुलिस हिरासत में रखे गए अभिजीत समेत अन्य नेताओं को कोर्ट में पेश कर सकती है। यदि पुलिस को लगता है कि कोई व्यक्ति कोई बड़ा अपराध करने वाला है या शांति भंग कर सकता है, तो उसे अपराध करने से रोकने के लिए धारा 170 के तहत बिना वारंट के गिरफ्तार किया जा सकता है। पुलिस इस धारा के तहत किसी को भी 24 घंटे से अधिक हिरासत में नहीं रख सकती।
उधर सऊदी अरब पर हूति विद्रोहियों ने एक बार फिर बड़ा हमला किया है। राजधानी रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को निशाना बनाकर हूति विद्रोहियों ने हमला किया। इस हमले में कम से कम 12 लोगों की मौत हो गई जबकि 300 से ज्यादा लोग घायल हो गए। हमले के बाद इस इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ानों का संचालन अस्थाई तौर पर बंद कर दिया गया है। सऊदी अरब के अधिकारियों का कहना है कि रियाद एयरपोर्ट पर हुए हमले में 12 लोग मारे गए और 300 से ज़्यादा घायल हुए हैं। बयान में कहा गया है कि मरने वालों में चार सऊदी नागरिक, दो बांग्लादेशी नागरिक, एक फ़िलिस्तीनी, एक अमेरिकी नागरिक, एक मिस्र का नागरिक, एक जॉर्डन का नागरिक, एक सीरियाई और एक सूडान का नागरिक शामिल है। इसमें कहा गया है कि घायलों में से कुछ की हालत गंभीर है। रियाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट को हूती विद्रोही पहले भी निशाना बना चुके हैं। इस हफ्ते रियाद एयरपोर्ट पर हुआ यह तीसरा हमला था। लेकिन पहले के हमलों की तुलना में इस बार बड़ी तादाद में लोग हताहत हुए हैं। एक क्षेत्रीय अधिकारी के मुताबिक, शनिवार को हूतियों की ओर से दागी गई मिसाइल एयरपोर्ट के उस परिसर में गिरी, जहां घरेलू उड़ानों के टर्मिनल 3 और 4 स्थित हैं। हमले में बड़ी संख्या में लोग जख्मी हुए।
इधर देश के कई राज्यों में मौसम बदल गया है। जम्मू-कश्मीर में जहां ताजा बर्फबारी हुई है वहीं, दक्षिण भारत के कई राज्यों में बारिश हो रही है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, रविवार को भारत के कई हिस्सों में बारिश होने की संभावना है, जिनमें जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, ओडिशा और झारखंड शामिल हैं। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में भी अच्छी-खासी बारिश हो सकती है, जबकि दक्षिण भारत के कुछ हिस्सों, जैसे तमिलनाडु, केरल और लक्षद्वीप में भी बारिश होने की उम्मीद है। विभाग ने लक्षद्वीप, केरल और तमिलनाडु समेत कई इलाकों के लिए आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है। जम्मू-कश्मीर में ताजा बर्फबारी हुई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुल्लू ज़िले के रोहतांग दर्रे के साथ-साथ लाहौल-स्पीति और चंबा के ऊंचे इलाकों में भी बर्फबारी हुई। कई अन्य हिस्सों में हल्की बारिश भी हुई। मौसम विभाग ने 13 अक्टूबर तक राज्य में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फ़बारी का अनुमान लगाया है।
उधर संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने शनिवार को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन के दौरान बड़े पैमाने पर लोगों को हिरासत में लिए जाने पर चिंता जताई है। वहीं, इस मामले पर भारत का जवाब आया है। भारत ने कहा कि यह देश के आंतरिक मामलों में अनावश्यक हस्तक्षेप है। भारत ने शनिवार को संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (ओएचसीएचआर) की दिल्ली में प्रदर्शनकारियों की बड़े पैमाने पर हिरासत को लेकर जताई गई चिंता को गुमराह और अनुचित बताया। एक्स पर किए गए पोस्ट में, भारत ने संयुक्त राष्ट्र में कहा कि संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार उच्चायुक्त कार्यालय (ओएचसीएचआर) की टिप्पणियां "भारत के आंतरिक मामलों में अनुचित हस्तक्षेप" के बराबर हैं। बता दें कि संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार प्रवक्ता थामीन अल-खीतान ने एक बयान में कहा कि उनका कार्यालय प्रदर्शन से पहले और इसके दौरान देशभर में बड़े पैमाने पर प्रदर्शनकारियों, विरोध प्रदर्शन के नेताओं, सिविल सोसायटी के सदस्यों, वकीलों और पत्रकारों को हिरासत में लिए जाने की खबरों को लेकर चिंतित है।
इधर भारत के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने किशोर न्याय (बच्चों की देखभाल और संरक्षण) अधिनियम, 2015 के दस साल पूरे होने पर आयोजित राष्ट्रीय वार्षिक सम्मेलन में अत्यंत संवेदनशील और भावपूर्ण विचार व्यक्त किए। उन्होंने जोर देकर कहा कि ''कानून के संघर्ष में फंसे बच्चे'' जैसी शब्दावली किसी बच्चे की स्थायी पहचान नहीं, बल्कि उसकी कठिन परिस्थितियों को दर्शाती है। सुप्रीम कोर्ट की किशोर न्याय समिति और यूनिसेफ द्वारा आयोजित इस सम्मेलन में सीजेआई ने कहा कि दस साल का समय किसी कानून के लिए छोटा हो सकता है, लेकिन यह किसी के बचपन का आधे से अधिक हिस्सा होता है। उन्होंने कहा कि यह अधिनियम इस बात की गारंटी देता है कि यदि किसी बच्चे को दूसरा मौका मिले, तो वह अपराधी के रूप में कलंकित होने के बजाय समाज का एक जिम्मेदार नागरिक बन सकता है।
उधर नेपाल से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। नेपाल में प्राकृतिक आपदाओं से निपटने वाली शीर्ष संस्था राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) ने देश में भारी बाढ़ के खतरे को देखते हुए अत्यंत गंभीर चेतावनी जारी की है। प्रशासन ने लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने और पूरी सावधानी बरतने की अपील की है। प्राधिकरण के अनुसार, नेपाल के चुमनुव्री ग्रामीण नगर पालिका-6 के पास बुढ़ी गंडक नदी में पानी का स्तर अचानक और तेजी से बढ़ गया है, जिससे एक बहुत बड़ी बाढ़ के आने की आशंका पैदा हो गई है। दूसरी ओर बड़े खतरे को सामने खड़ा देख प्रशासन ने सख्त निर्देश भी जारी किए हैं। प्रशासन की तरफ से जारी अलर्ट के अनुसार, जब तक बाढ़ का यह खतरा पूरी तरह टल नहीं जाता, तब तक कोई भी व्यक्ति 'त्रिशूल दोहान' तक नदी के आसपास या उसके किनारों के पास न जाए। इसके साथ ही नदी के तटीय इलाकों और निचले हिस्सों में रहने वाले सभी नागरिकों से तुरंत सुरक्षित और ऊंचे स्थानों पर जाने के लिए कहा गया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, काशीपुर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे लोगों से भरे ई-रिक्शा को जसपुर के पास बड़ी नहर के समीप एक तेज रफ्तार डीसीएम ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चालक कुंडा निवासी 26 वर्षीय शहजाद अली पुत्र रमजानी समेत एक ही परिवार के दो सदस्यों सावलदे, रामनगर निवासी 65 वर्षीय शमशीदा पत्नी हुकूमत अली और उनके जेठ 75 वर्षीय शौकत अली पुत्र पिराअली की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं परिवार के चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद डीसीएम चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शवों को मोर्चरी में रखवा दिया है। जानकारी के अनुसार, पीड़ित परिवार रामनगर से ट्रेन द्वारा काशीपुर पहुंचा था और ई-रिक्शा में सवार होकर मृतका शमशीदा की बहन भूतपुरी निवासी जुबेदा के बेटे जाकिर की शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। जैसे ही ई-रिक्शा बड़ी नहर के पास पहुंचा, सामने से आ रही डीसीएम ने उसे सीधी टक्कर मार दी, जिससे वाहन के परखच्चे उड़ गए।
इधर विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन स्थल पाताल भुवनेश्वर गुफा के द्वार आज श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए फिर से खुलने जा रहे हैं। करीब दो माह से बंद गुफा के खुलने से देशभर से यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिलेगी। गुफा के बंद रहने से धार्मिक पर्यटन पर असर पड़ रहा था। अब इसके दोबारा खुलने से क्षेत्र में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने और स्थानीय कारोबार को गति मिलने की उम्मीद है। पाताल भुवनेश्वर गुफा धार्मिक आस्था, पौराणिक मान्यताओं और प्राकृतिक संरचना के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। समुद्र तल से लगभग 1,350 मीटर की ऊंचाई पर स्थित यह गुफा चूना पत्थर से बनी एक अद्भुत प्राकृतिक संरचना है। गुफा के भीतर संकरे रास्ते, प्राकृतिक आकृतियां और चट्टानों से बनी विभिन्न संरचनाएं देखने को मिलती हैं। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु इन आकृतियों को धार्मिक मान्यताओं के आधार पर देवी-देवताओं और पौराणिक प्रसंगों से जोड़कर देखते हैं।
उधर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। जहां एक ओर पर्वतीय इलाकों में ठंड बढ़ने लगी है तो वहीं मौसम शुष्क बना हुआ है। देहरादून मौसम विभाग के मुताबिक आज मौसम फिर करवट बदल सकता है। राज्य के पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। विशेष रूप से 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले स्थानों पर बर्फबारी होने का अंदेशा जताया गया है। जिस कारण तापमान में गिरावट देखने को मिल सकती है। प्रदेश के पर्वतीय क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमक सकती है, जिसे देखते मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के पर्वतीय जनपदों के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है, जबकि मैदानी जिलों में मौसम पूरी तरह साफ और शुष्क बना रहेगा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, राज्य के 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले पर्वतीय स्थानों पर बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही इन पर्वतीय इलाकों में गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना जताई गई है।