Oct 09, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: कैप्टन स्मित मच्छार को प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड से सम्मानित करेगा इजरायल! नाना पाटेकर की मौत की जांच शुरू, पुलिस ने दर्ज किया मामला! उत्तराखंड से लेकर केरल तक आज भारी बारिश की चेतावनी

Good Morning India: Israel to honor Captain Smit Machhar with a Presidential Award! Investigation into Nana Patekar's death begins; police have registered a case! Heavy rain warning issued for region

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज महिला एवं बाल विकास पर आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होंगे। वहीं तीन राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में हुए उपचुनाव के नतीजे आज आएंगे। 

अब बड़ी खबरों पर नजर डालते हैं, दिग्गज एक्टर नाना पाटेकर का अंतिम संस्कार शुक्रवार को पुणे के डोंजे गांव में स्थित उनके फार्म हाउस के पास किया गया। उन्हें पत्नी नीलकांति पाटेकर और बेटे मल्हार पाटेकर ने उन्हें मुखाग्नि दी। परिवार, करीबी लोगों और फिल्म जगत से जुड़े लोगों ने नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। इसी के साथ एक युग का अंत हो गया। नाना के अंतिम सफर पर नाना साहेब अमर रहें के गूंज भी सुनाई दी। नाना पाटेकर पंचतत्व में विलीन हो गए हैं, लेकिन उनके किरदार और संवाद शायद कभी नहीं मिटेंगे। क्रांतिवीर का प्रताप हो, यशवंत का यशवंत लोहार या वेलकम का उदय शेट्टी- नाना पर्दे से विदा हुए हैं, लेकिन अपनी अदाकारी के जरिए हमेशा दर्शकों के बीच जिंदा रहेंगे।

इधर कैप्टन स्मित मच्छर, जिन्होंने फ्लाईदुबई (flydubai) प्लेन के कॉकपिट में अपने को-पायलट के हमले का मुकाबला किया और 174 यात्रियों व क्रू सदस्यों की जान बचाई, उन्हें इज़राइल का 'प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म' (नागरिक वीरता के लिए राष्ट्रपति पुरस्कार) मिलेगा। यह नागरिकों के लिए देश का सर्वोच्च वीरता पुरस्कार है। मच्छर तब गंभीर रूप से घायल हो गए थे जब उनके को-पायलट, ओमान के रहने वाले हम्माम अल-हम्मामी ने कॉकपिट के अंदर उन पर क्रैश-एक्स से हमला किया था। गंभीर रूप से घायल होने और बहुत ज़्यादा खून बहने के बावजूद, भारतीय पायलट ने कॉकपिट का दरवाज़ा खोल दिया। उनकी इस हरकत की वजह से इज़राइली यात्री कॉकपिट में घुस पाए और हमलावर को काबू में कर सके। भारतीय पायलट का इलाज UAE के एक अस्पताल में चल रहा है। इज़राइल के राष्ट्रपति इसाक हर्ज़ोग ने कहा कि भारतीय पायलट को ठीक होने के बाद यह पुरस्कार दिया जाएगा।उन्होंने कहा, "आज हम जिन इज़राइली नायकों को सम्मानित कर रहे हैं, उनके साथ-साथ हम भारत के कैप्टन स्मित मच्छर के पूरी तरह और जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। कैप्टन मच्छर की ज़बरदस्त बहादुरी और बेहतरीन प्रोफेशनलिज़्म ने एक बड़ी दुर्घटना को टालने में मदद की। जब वे ठीक हो जाएंगे, तो इज़राइल के लोगों की ओर से उन्हें 'प्रेसिडेंशियल अवॉर्ड फॉर सिविलियन हीरोइज़्म' से सम्मानित करना मेरे लिए सम्मान की बात होगी।"

उधर मशहूर अभिनेता नाना पाटेकर की गोवा में मौत के मामले में पुलिस ने अननेचुरल डेथ का मामला दर्ज किया है। पुलिस ने BNSS की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, 75 वर्षीय अभिनेता को डोना पाउला के ओशन पार्क स्थित उनके घर से बांबोलिम के मणिपाल अस्पताल के कैजुअल्टी वार्ड में मृत अवस्था में लाया गया था। इस मामले की आगे की जांच PSI नितिन नाइक की देखरेख में की जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, नाना पाटेकर को जब अस्पताल लाया गया तब वे मृत हो चुके थे। नियमानुसार, जब किसी व्यक्ति को अस्पताल में मृत अवस्था में लाया जाता है, तो अस्पताल प्रशासन को पुलिस को सूचित करना होता है और कानूनी प्रक्रिया के तहत इसे 'मेडिको-लीगल केस' (MLC) और अप्राकृतिक मौत के रूप में दर्ज कर पोस्टमॉर्टम कराया जाता है। 

इधर दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से पूरा देश स्तब्ध है। गुरुवार, 8 अक्टूबर को उन्होंने हमेशा-हमेशा के लिए इस दुनिया को अलविदा कह दिया। शाहरुख खान, अक्षय कुमार से लेकर रितेश देशमुख सहित कई कलाकारों ने सोशल मीडिया के जरिए नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी। वहीं मेगास्टार अमिताभ बच्चन ने कौन बनेगा करोड़पति 18 के सेट पर नाना पाटेकर को याद किया और उनकी ईमानदारी, सादगी और सामाजिक कार्यों में उनके योगदान को सराहा। अपनी श्रद्धांजलि में, बच्चन ने 'कौन बनेगा करोड़पति' में पाटेकर की उपस्थिति को भी याद किया, जहाँ अभिनेता ने महाराष्ट्र के सूखा प्रभावित इलाकों में किसानों के लिए किए गए अपने कामों के बारे में बात की थी। नाना पाटेकर को याद करते हुए अमिताभ बच्चन ने कहा- 'देवियों और सज्जनों, नाना पाटेकर जी का अचानक आज सुबह स्वर्गवास हो गया। एक अद्वितीय कलाकार, दोस्त, शुभचिंतक और एक उत्कृष्ट समाज सेवक अब हमारे बीच नहीं रहे। ये सिर्फ भारतीय फिल्म उद्योग के लिए ही नहीं, बल्कि एक व्यक्तिगत तौर पर, जिनका भी उनके साथ संपर्क था, उनके निधन ने हम सभी को स्तब्ध कर दिया है। उनकी बेबाकी, उनकी सादगी और सच को सच कहने का साहस, ये सारी बातें उन्हें सबसे अलग बनाती थीं। कुछ लोग हमारी जिंदगी से चले जाते हैं, लेकिन उनकी आवाज, उनके परोपकार, उनकी सीख हमेशा के लिए हमारे भीतर रह जाती है। नाना उन लोगों में से एक थे।'

इधर एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने घरेलू और अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए फ्यूल सरचार्ज बढ़ा दिया है। एयरलाइंस के मुताबिक, बढ़ा हुआ सरचार्ज 9 अक्टूबर से लागू होगा। वहीं, अकासा एयर ने घरेलू उड़ानों पर फ्यूल सरचार्ज दोबारा लागू करने का फैसला किया है, जबकि अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के लिए सरचार्ज में बढ़ोतरी की है। अकासा एयर की संशोधित दरें भी 9 अक्टूबर से लागू होंगी। एयर इंडिया एक्सप्रेस के लिए नई दरें 9 अक्टूबर की रात 12 बजे से और एयर इंडिया के लिए 9 अक्टूबर को सुबह 11 बजे से की गई नई बुकिंग पर लागू होंगी। एक बयान में एयर इंडिया ने कहा कि हाल के महीनों में एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) की कीमतों में काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है, जिसका मुख्य कारण भू-राजनीतिक घटनाक्रम और वैश्विक ऊर्जा बाजारों पर लगातार दबाव है। बयान में कहा गया, "ईंधन की कीमतों में हालिया बढ़ोतरी ने एयरलाइंस की परिचालन लागत को और बढ़ा दिया है, जबकि एयरलाइन के कुल खर्च में ईंधन का हिस्सा काफी बड़ा बना हुआ है।"

उधर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर इंडी कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन जारी है। राहुल गांधी आज फिर सड़कों पर उतरने वाले हैं। योजना के मुताबिक सांसद संसद भवन परिसर में इकट्ठा होंगे और वहां से राष्ट्रपति भवन तक मार्च निकालेंगे। सूत्रों के अनुसार, विपक्षी दल राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की मांग कर रहे हैं। वे राष्ट्रपति को एसआईआर प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वोट चोरी के आरोपों से अवगत कराना चाहते हैं। साथ ही ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग भी रखेंगे। राष्ट्रपति भवन की ओर से विपक्षी नेताओं को मुलाकात का अभी कोई समय नहीं दिया गया है मगर राहुल गांधी ने ममता बनर्जी, अखिलेश यादव, तेजस्वी यादव और उद्धव ठाकरे जैसे आईएनडीआईए गठबंधन के शीर्ष नेताओं को इसके लिए दिल्ली बुलाया है। 

इधर सऊदी अरब की राजधानी रियाद के किंग खालिद अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर गुरुवार को धमाकों के बाद धुआं उठता दिखाई दिया है। अपुष्ट सूत्रों के अनुसार हवाई अड्डे पर खड़ा एक विमान हूती के मिसाइल हमले का शिकार हुआ और उसमें आग लग गई है। इसके चलते वहां पर विमानों का आवागमन रोक दिया गया है। साथ ही भारत ने भी इंडिगो- एअर इंडिया की उड़ानों पर रोक लगा दी है। इस बीच यमन के हूती लड़ाकों ने रियाद हवाई अड्डे पर बैलेस्टिक मिसाइल से हमले का दावा किया है लेकिन सऊदी अधिकारियों ने इसकी पुष्टि नहीं की है। इस बीच एयर इंडिया ने सुरक्षा कारणों से रियाद जाने वाली अपनी सभी उड़ानों को 10 अक्टूबर तक के लिए रद कर दिया है। भारत ने सऊदी अरब के हवाई अड्डों पर हमले की निंदा करते हुए उसे चिंताजनक बताया है। साथ ही लोगों को सऊदी अरब यात्रा से फिलहाल परहेज करने की सलाह दी है। इससे पहले बुधवार को रियाद और आभा के हवाई अड्डों पर हूती के हमलों में तीन लोग मारे गए थे और 36 घायल हुए थे। यमन में हूती के ठिकानों और लड़ाई के मोर्चों पर सऊदी अरब की लगातार बमबारी के जवाब में हूती लड़ाकों ने रियाद और अन्य सऊदी शहरों पर हमले तेज कर दिए हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल की इमरजेंसी में शुक्रवार सुबह मेडिकल परीक्षण के दौरान दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट और हंगामा हो गया। इस दौरान धारदार हथियार लहराए जाने से अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल बन गया। घटना के चलते इमरजेंसी में भर्ती मरीजों और उनके तीमारदारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमरजेंसी में मेडिकल परीक्षण के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद मारपीट में बदल गया। दोनों पक्षों के लोगों के बीच हंगामे के दौरान धारदार हथियार लहराए जाने की बात भी सामने आई है। इससे अस्पताल में मौजूद मरीजों और तीमारदारों में दहशत फैल गई। स्थिति को देखते हुए मरीजों की सुरक्षा के मद्देनजर इमरजेंसी का मुख्य गेट कुछ देर के लिए बंद करना पड़ा। अस्पताल में उपचार के लिए पहुंचे मरीजों और उनके तीमारदारों को इस दौरान परेशानी का सामना करना पड़ा। इमरजेंसी जैसे संवेदनशील स्थान पर इस तरह की घटना से अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।

इधर हेमकुंड साहिब व लोकपाल तीर्थ के कपाट कल 10 अक्टृबर को विधि विधान से दो बजे शीतकाल केे लिए बंद होंगे। कपाट बंद होने के उत्सव को यादगार बनाने के लिए सेना के बैंड की 11 टीम सहित रागी बंधु भी गोविंदघाट पहुंच चुके हैं। कपाट बंद होने के उत्सव में शामिल होने के लिए दो हजार से अधिक यात्री गोविंदघाट पहुंच चुका है। कपाट बंद होने के उत्सव पर गुरूद्वारा श्री हेमकुंड साहिब को फूलों से सजाने का काम भी शुरू हो गया हैं। हेमकुंड साहिब के कपाट बंद होने पर 40 पाकिस्तानी श्रद्धालुओं का जत्था भी शामिल होगा। गुरुवार रात करीब एक बजे श्रद्धालुओं का जत्था ऋषिकेश स्थित गुरुद्वारा श्री हेमकुंड साहिब पहुंचा। कुछ देर रुकने के बाद जत्था चमोली के लिए रवाना हो गया। हेमकुंड साहिब के कपाट इस वर्ष 23 मई को श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। जबकि लोकपाल तीर्थ के कपाट 22 मई को खुले थे।। दस अक्टूबर को कपाट बंद होंगे।

उधर उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पहाड़ से मैदान तक आसमान में बादल मंडरा रहे हैं और कई इलाकों में तेज बौछारों का दौर जारी है। मौसम विभाग ने शुक्रवार को प्रदेश के देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी वर्षा की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है। मौसम के बदले मिजाज से पारे में भी गिरावट आई है और सुबह-शाम ठंडक महसूस की जा रही है। बुधवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश हुई। कुछ क्षेत्रों में तेज हवाओं का दौर भी देखने को मिला। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन तक प्रदेश में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को देहरादून, नैनीताल और पिथौरागढ़ में अनेक स्थानों तथा राज्य के अन्य जिलों में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा हो सकती है।

इधर सिडकुल थाना क्षेत्र में तमंचे के बल पर मोटरसाइकिल और मोबाइल लूटने के मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का नाम आदित्य वशिष्ठ उर्फ पंडित निवासी औरंगाबाद, सिडकुल है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। इस मामले में सिडकुल थाना पुलिस तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। चारों आरोपियों ने हरिद्वार में लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले राजधानी देहरादून के रायपुर में एक महिला के अपहरण का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो सके थे। चारों आरोपियों ने हरिद्वार में लूट की वारदात को अंजाम देने से पहले बीती 23 सितंबर को सुबह देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में सुषमा वर्मा नाम की एक महिला का दिनदहाड़े अपहरण का प्रयास का प्रयास किया था। लेकिन सफल नहीं हो पाए। देहरादून में पुलिस का दबाव पड़ा तो चारों, पुलिस के डर से भागकर हरिद्वार आ गए थे।