Oct 07, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने जीत के साथ ली इंटरनेशनल फुटबॉल से विदाई! पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर बड़ा हादसा, 3 टेनिस खिलाड़ियों की मौत! किच्छा-सिरौलीकलां में नगर पालिका चुनाव की मतगणना शुरू! देहरादून में मात्र 600 रुपए के लिए कर दी तीन लोगों की हत्या

Good Morning India: Legendary footballer Lionel Messi bids farewell to international football with a victory! Major accident on Purvanchal Expressway; three tennis players killed! Vote counting for m

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज एमपीसी बैठक के फैसलों का एलान होगा। इसके साथ ही गृह मंत्री अमित शाह सेवा ज्योति यात्रा में शामिल होंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, महान फुटबॉलर लियोनेल मेसी ने अर्जेंटीना के लिए अपने 21 साल लंबे इंटरनेशनल करियर का शानदार अंदाज में अंत किया। ब्यूनस आयर्स में मंगलवार रात बेनिन के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्जेंटीना ने 3-0 से जीत दर्ज की। मेसी ने भी अपने आखिरी मैच को गोल और असिस्ट के साथ यादगार बना दिया। लियोनेल मेसी ने मुकाबले के 71वें मिनट में पेनल्टी को गोल में तब्दील किया और एक गोल में असिस्ट भी किया। यानी अर्जेंटीना की जर्सी में अपने आखिरी मैच में भी उन्होंने वही किया, जिसके लिए वह पूरी दुनिया में पहचाने जाते हैं - गोल करना और टीम के लिए मौके बनाना। मेसी इस मैच में कुछ मौके पर भावुक भी हुए। अर्जेंटीना का जब राष्ट्रगान चल रहा था, तो मेसी की आंखों में आंसू थे। वहीं स्टेडियम के लिए रवाना होते समय भी मेसी को आंसू पोंछते देखा गया था। लियोनेल मेसी ने 17 अगस्त 2005 को अर्जेंटीना के लिए अपना पहला मैच खेला था। हंगरी के खिलाफ उस मुकाबले में उनका इंटरनेशनल डेब्यू बेहद नाटकीय रहा। मैदान पर उतरने के सिर्फ 90 सेकंड बाद ही उन्हें रेड कार्ड दिखा दिया गया था। उस खराब शुरुआत के बाद मेसी ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और गोलों की झड़ी लगा दी। उन्होंने 207 मैचों के बाद नेशनल टीम को अलविदा कहा और उनके नाम 126 गोल दर्ज हैं।

उधर सुल्तानपुर में पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे पर 3 टेनिस खिलाड़ियों की सड़क हादसे में मौत हो गई। 3 लोग घायल हैं। खिलाड़ी अर्टिगा कार से लखनऊ से देवरिया जा रहे थे। बुधवार सुबह 5 बजे कार पीछे से ट्रक में घुस गई। पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, झपकी आने से हादसा हुआ। कार की रफ्तार करीब 100 किमी प्रति घंटे रही होगी। हादसे के बाद राहगीरों और यूपीडा के सुरक्षाकर्मियों ने कार के गेट तोड़कर घायलों को बाहर निकाला। घायलों को एंबुलेंस से अयोध्या मेडिकल कॉलेज भिजवाया। वहां डॉक्टरों ने 3 को मृत घोषित कर दिया। हादसा बल्दीराय थाना क्षेत्र में हुआ। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। मृतक खिलाड़ियों की पहचान देवरिया के रहने वाले नित्या प्रजापति (22), इरफान अंसारी (20) और अनिकेत (24) के रूप में हुई है। घायलों में देवरिया के आनंद यादव (23), राजू (22) और पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के जयंतो शर्मा (30) शामिल हैं।

इधर पश्चिम बंगाल में जिन लोगों के नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में हटाए गए हैं, उनके नाम एक जगह पर डाल कर सार्वजनिक किए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने मंगलवार को कहा कि पश्चिम बंगाल में उन मतदाताओं के नामों की सूची ऑनलाइन उपलब्ध करा दी है, जिनके नाम विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान अनुपस्थित, स्थानांतरित और मृत होने के कारण हटाए दिए गए थे। एक सीनियर अधिकारी ने कहा कि जिन योग्य लोगों के नाम इन श्रेणियों में होने के कारण मतदाता सूची से छूट गए हैं, वे ऑनलाइन फॉर्म 6 जमा करके या अपने बूथ स्तर अधिकारी के माध्यम से दोबारा अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकते हैं।  निर्वाचन आयोग ने बूथ स्तर के अधिकारियों को यह निर्देश भी दिया है कि वे उन योग्य मतदाताओं की पहचान करने के प्रयास तेज करें, जिनके नाम विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची से छूटने की आशंका है। उन्होंने कहा, "अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत या हटाए गए मतदाताओं के नामों की सूची मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट के साथ-साथ संबंधित जिलों के निर्वाचन अधिकारियों की वेबसाइट पर दिए गए संपर्क सूत्रों के माध्यम से भी उपलब्ध है। किसी भी पात्र मतदाता को अगर यह लगता है कि उसका नाम सूची से छूट गया है, तो वह मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए ऑनलाइन फॉर्म 6 जमा कर सकता है या बूथ स्तर अधिकारी से संपर्क कर सकता है।"  फॉर्म 6 के जरिए कोई व्यक्ति मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करता है। 

उधर रूस के ब्लैक सी तट पर मंगलवार को यूक्रेनी ड्रोन हमले से लाइबेरियाई ध्वज वाले तेल टैंकर अफ्रामाक्स रियो में आग लग गई। इस टैंकर पर 23 भारतीय चालक दल के सदस्य सवार थे। रूसी अधिकारियों के अनुसार, सभी को सुरक्षित बचा लिया गया और किसी को चोट नहीं आई। रूस के परिवहन मंत्रालय ने बताया कि टैंकर पर नौसेना ड्रोन से हमला हुआ, जिससे सोची के पास ब्लैक सी में आग लग गई। मंत्रालय के अनुसार, क्रूड ऑयल खुले समुद्र में जलने लगा। शुरू में आग की तीव्रता के कारण फायरफाइटर्स इसे बुझा नहीं पाए, लेकिन बाद में पर्याप्त संसाधनों से आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। टैंकर पर पूरा चालक दल भारतीय था। सोची के पास काला धुआं दिख रहा था। सिरीयस संघीय क्षेत्र में समुद्र तट बंद कर दिए गए और हवा व पानी की गुणवत्ता की निगरानी की जा रही है। सिरीयस प्रशासन प्रमुख दिमित्री प्लिश्किन ने कहा कि प्रदूषक स्तर अनुमत सीमा से कई गुना कम है और स्वास्थ्य के लिए कोई खतरा नहीं है। यह घटना 2022 से चल रहे रूस सागर में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की श्रृंखला का हिस्सा है। दोनों पक्षों ने काला सागर में शिपिंग को निशाना बनाया है। इससे पहले मंगलवार को मार्शल आइलैंड्स ध्वज वाले एक व्यापारिक जहाज पर रूसी हमले में कम से कम एक चालक दल सदस्य की मौत हो गई और कई घायल हुए। बुल्गारिया तट के पास दो अन्य जहाजों पर भी अज्ञात मूल के ड्रोन हमले हुए, जिन्हें यूक्रेन ने नकारा।

इधर गुजरात के सुरेंद्रनगर में बर्बरता का एक भयानक मामला सामने आया है। एक शादीशुदा महिला और उसके साथी को कथित तौर पर सबके सामने यौन संबंध बनाने और शुद्धिकरण की रस्म के नाम पर महिला का पेशाब पीने के लिए मजबूर किया गया। आरोप है कि 4 अक्टूबर को महिला और उसके साथी को उसके पति और उसके रिश्तेदारों ने इस भयानक स्थिति का सामना करने पर मजबूर किया। आरोपियों ने इन हरकतों को मोबाइल फोन पर रिकॉर्ड भी किया और वीडियो सोशल मीडिया पर फैला दिए। वायरल वीडियो देखने के बाद पुलिस ने महिला का पता लगाया और उसके पति और रिश्तेदारों समेत नौ लोगों को गिरफ्तार किया। शिकायत के अनुसार, महिला की शादी वापी के एक व्यक्ति से हुई थी। वह अपने पति को छोड़कर चोटिला चली गई थी, जहां वह लगभग तीन महीने तक अपने साथी के साथ रही। बाद में उसके परिवार ने उसे ढूंढ निकाला, वापस वापी ले आए और कथित तौर पर एक घर में कैद कर दिया। वह यहां से भाग निकली और पांच दिन पहले चोटिला लौट आई। जब उसके पति को पता चला कि वह अपने पार्टनर के साथ वापस आ गई है तो उसने कथित तौर पर अपने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। रिश्तेदारों ने उस जोड़े को ढूंढा, उन्हें सुरेंद्रनगर के एक घर में लाए और कथित शुद्धिकरण रस्म के नाम पर उनके साथ मारपीट की।

उधर देश के कई हिस्सों से आज मौसम खराब रहने वाला है। बिहार-झारखंड और पूर्वी यूपी में आंधी-तूफान तो पश्चिम बंगाल समेत देश के कई हिस्सों में बुधवार को झमाझम बारिश का दौर देखा जा सकता है। मौसम विभाग ने देश के कई हिस्सों के लिए मौसम की नई चेतावनी जारी की है। इसके अनुसार, हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी की संभावना है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार, 7 अक्टूबर को कई इलाकों में भारी बारिश और आंधी-तूफान आ सकता है। आज और कल पश्चिम बंगाल, केरल, सिक्किम, तमिलनाडु, कर्नाटक, पुडुचेरी और कराईकल में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 7-10 अक्टूबर के दौरान बिहार, झारखंड, पूर्वी यूपी, ओडिशा में बारिश के आसार हैं। 7 अक्टूबर के दौरान बिहार में आंधी-तूफान, बिजली कड़कने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान 40-50 किमी/घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर 60 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल सकती हैं। बंगाल, ओडिशा और सिक्किम में भी आंधी-तूफान का अलर्ट है। 7-11 अक्टूबर के दौरान अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में कहीं-कहीं या कुछ जगहों पर बारिश होने की संभावना है। कोंकण , गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी बारिश हो सकती है। कर्नाटक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भी बारिश के आसार हैं। आंध्र प्रदेश, रायलसीमा और यनम में तेज हवाएं (30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) की नवीनतम चेतावनी के अनुसार, बुधवार, 7 अक्टूबर को हरियाणा में कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश या बर्फबारी होने की संभावना है, साथ ही कुछ इलाकों में आंधी-तूफान, बिजली गिरने और तेज़ हवाएं चलने की भी आशंका है।  
इधर कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मंगलवार को दिल्ली में चुनाव आयोग (ECI) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हिरासत में लिए जाने पर केंद्र सरकार की आलोचना की और इस कार्रवाई को 'शर्मनाक' बताया। शशि थरूर ने अपने एक्स हैंडल पर लिखते हुए कहा ''चुनाव आयोग पर वोट चोरी के आरोपों को लेकर INDIA गठबंधन के विरोध प्रदर्शन के बाद गांधी के साथ धक्का-मुक्की और उन्हें घसीटकर हिरासत में ले जाने की तस्वीरें देखकर वे दुखी और हैरान थे। बता दें कि राहुल गांधी के नेतृत्व में 'इंडिया' ब्लॉक के सांसदों ने संसद भवन से निर्वाचन सदन तक मार्च निकाला। राहुल गांधी और प्रियंका गांधी समेत कई नेता और सांसद विरोध स्वरूप आकाशवाणी भवन परिसर के भीतर एक पेड़ के नीचे धरने पर बैठ गए थे। लगभग 9 घंटे चले इस प्रदर्शन और धरने के बाद शाम करीब 8 बजे पुलिस ने राहुल गांधी और अन्य नेताओं को हिरासत में ले लिया और बस में ले जाकर किंग्सवे कैंप पुलिस लाइन ले गई। शशि थरूर ने एक्स पर लिखते हुए कहा कि दिल्ली में राहुल गांधी के साथ बदसलूकी और उन्हें जबरदस्ती हिरासत में ले जाने की तस्वीरें देखकर बहुत दुख और हैरानी हुई। ऐसे समय में जब 13 करोड़ वोटरों को उनके अधिकारों से वंचित करके भारतीय लोकतंत्र को कमजोर किया जा रहा है, विरोध करना उन सभी नागरिकों के साथ खड़े होने जैसा है जिनके संवैधानिक अधिकारों का उल्लंघन हो रहा है। सरकार का रवैया शर्मनाक है। चार महीने पहले बर्लिन में एक कॉन्फ्रेंस में शामिल होने के वादे की वजह से, मैं दूर से ही अपना समर्थन जता सकता हूं। लेकिन मेरा दिल यहीं है। न्याय की जीत होगी।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, किच्छा और सिरौलीकलां नगर पालिका के चुनाव परिणाम आज आ रहे हैं। सुबह आठ बजे से मतगणना शुरू हो गयी है। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनजर भारी पुलिस फोर्स तैनात की गयी है। वहीं मतगणना को लेकर प्रत्याशियों के दिलों की धड़कने भी तेज हो गयी हैं। बता दें कि आज देर शाम तक परिणाम सामने आ जायेंगे। बता दें कि किच्छा नगरपालिका चुनाव की मतगणना के लिए 20 टेबल लगाई गई हैं। इनमें 36,534 मतों की चार राउंड में गिनती की जाएगी। जबकि सिरौलीकलां नगरपालिका के लिए 4 टेबल लगाई गई हैं। इनमें 9721 मतों की चार राउंड में गिनती की जाएगी। बता दें कि दो दिन पूर्व सुप्रीम कोर्ट ने मतगणना कराने के आदेश दिए थे। 

इधर मंगलवार रात करीब 10:23 से 10:24 बजे के बीच उत्तराखंड के कई जिलों में तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। रुद्रपुर, बागेश्वर, चंपावत और आसपास के क्षेत्रों में भूकंप के झटके महसूस किए गए। अचानक धरती हिलने का अहसास होते ही लोग घबराकर घरों से बाहर निकल आए। कुछ ही देर में लोगों ने एक-दूसरे को फोन कर भूकंप के झटकों के संबंध में जानकारी लेनी शुरू कर दी। रात में कई इलाकों में लोग कुछ देर तक घरों के बाहर ही खड़े रहे। हालांकि, अभी तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की सूचना नहीं है। इसके अलावा, रामनगर, नैनीताल, खटीमा, श्रीनगर गढ़वाल, हल्द्वानी और पौड़ी में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। उत्तरकाशी जनपद में भी 10:24 पर महसूस किए गए भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। जानकारी के अनुसार, भूकंप की तीव्रता 4.4 रिक्टर रही और इसका केंद्र चमोली जिले के नारायणबगड़ के पास बताया गया है। 

उधर हरिद्वार के खड़खड़ी इलाके में चेन स्नेचिंग करने वाले आरोपी और पुलिस के बीच बिल्केश्वर रोड के पास मुठभेड़ हो गई। जहां पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाएं पैर में लगी। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। वहीं, अंधेरे का फायदा उठाकर बदमाश का दूसरा साथी फरार होने में कामयाब रहा। पुलिस के मुताबिक, मंगलवार सुबह खड़खड़ी क्षेत्र में एक महिला की बाइक सवार बदमाश ने चेन झपट ली और फरार हो गया। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया था। चेन स्नेचिंग की घटनाओं के संबंध में पुलिस टीम आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान नगर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर कुंदन सिंह राणा की टीम को बिल्केश्वर रोड के पास आरोपी बदमाशों के छिपे होने के बारे में जानकारी मिली। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया, तो वो फायरिंग करते हुए जंगल की ओर भाग गए। इसके बाद पुलिस टीम ने जंगल की घेराबंदी कर बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया। बदमाशों ने पुलिस टीम पर दोबारा फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की।

इधर राजधानी देहरादून के रायपुर थाना क्षेत्र में हुए ट्रिपल मर्डर केस का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने एक आरोपी को भी गिरफ्तार किया है। आरोपी की नाम राजकुमार है। राजकुमार देहरादून के इंद्रेश नगर का ही रहने वाला है। पुलिस के मुताबिक आरोपी प्लंबर है। वह पिछले करीब दो साल से बुजुर्ग दंपति के घर पर प्लंबिंग का काम कर रहा था। पुलिस ने हत्या की वजह से 600 रुपए की मजदूरी बताई है। पुलिस ने बताया कि प्लंबर ने कपूर दंपति से अपनी मजदूरी 600 रुपए मांगी थी, लेकिन कपूर दंपति उसे 300 रुपए दे रहे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस हुई। पुलिस के अनुसार मंगलवार को बुजुर्ग दंपति ने ही आरोपी को प्लंबिंग के काम के लिए अपने घर बुलाया था। काम पूरा होने के बाद पैसों के लेन-देन को लेकर आरोपी का दंपति से विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान राजकुमार ने पेचकस से बुजुर्ग दंपति पर हमला कर दिया। दंपति की आवाज सुनकर पड़ोस के घर में काम करने वाली महिला बीच-बचाव के लिए पहुंची, तो आरोपी ने उस पर भी पेचकस से हमला कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर रायपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घर के अंदर बुजुर्ग दंपती और महिला लहूलुहान हालत में अचेत मिले। तीनों को तत्काल कोरोनेशन अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।