Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: कर्ज में डूबे उत्तराखंड के एक ही परिवार के सात लोगों ने की आत्महत्या, कार में जहर खाकर दी जान! लालू परिवार में गूंजी किलकारी, पिता बने तेजस्वी! सूर्या ने सचिन का 14 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा, देश में कोरोना के 1010 एक्टिव केस! जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Seven people of the same family of Uttarakhand, who were in debt, committed suicide, died by consuming poison in the car! There was a cry of joy in Lalu's family, Tejasvi became a

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज राहुल गांधी के खिलाफ शिकायत पर वाराणसी कोर्ट फैसला सुनाएगी। उन पर भगवान राम को लेकर विवादित बयान देने का आरोप है। इधर आज जम्मू-कश्मीर सरकार पहलगाम में कैबिनेट मीटिंग करेगी। यह पहला मौका है, जब उमर अब्दुल्ला सरकार की कैबिनेट बैठक श्रीनगर या जम्मू के अलावा कहीं और हो रही है। वहीं आज ट्रम्प का गोल्डन कार्ड वीजा प्रोग्राम लॉन्च हो सकता है। इसके तहत 44 करोड़ रुपए में अमेरिका की नागरिकता खरीदी जा सकती है।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, हरियाणा के पंचकूला शहर में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां उत्तराखण्ड की राजधानी देहरादून के एक ही परिवार के 7 लोगों ने आत्महत्या कर ली है। पूरा मामला पंचकूला के सेक्टर 27 का है। बताया जा रहा है कि एक ही परिवार के 7 सदस्यों ने गाड़ी में जहर खाकर आत्महत्या कर ली। सभी सातों लोगों का शव पंचकूला के सेक्टर 27 में एक मकान के बाहर सड़क पर खड़ी गाड़ी में बंद मिला। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार यह देहरादून के एक परिवार के भारी कर्ज में होने के कारण और तंगी से परेशान होकर आत्महत्या करने का मामला है।

उधर महाराष्ट्र के बीड में एक बड़ा रोड एक्सीडेंट हुआ है। इस एक्सीडेंट में 6 लोगों की मौत हो गई है। घटना सोमवार रात करीब 8.30 बजे घटी है। मामला गेवराई तालुका के पास का है। पुलिस इस मामले के आरोपी को तलाश कर रही है।

इधर ब्रिटेन के लिवरपूल शहर से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां प्रीमियर लीग चैंपियनशीप के बाद फुटबाल प्रशंसक सड़क पर जीत का जश्न मना रहे थे। इस दौरान हजारों की संख्या में लोग सड़कों पर उतरे हुए थे। इसी बीच एक शख्स अचानक से कार लेकर भीड़ के बीच पहुंच गया। उसने भीड़ में मौजूद लोगों के ऊपर कार चढ़ा दी। इस घटना में कई लोग घायल भी बताए जा रहे हैं। हालांकि पुलिस ने भीड़ पर कार चढ़ाने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। 

उधर राजद नेता और लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी यादव ने मंगलवार की सुबह एक गुड न्यूज दी है। उन्होंने एक तस्वीर शेयर करते हुए बेटा होने की जानकारी दी। तेजस्वी यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर मंगलवार को लिखा, "गुड मॉर्निंग! आखिरकार इंतजार खत्म हुआ! हमारे नन्हे बेटे के आगमन की घोषणा करते हुए बहुत आभारी, धन्य और प्रसन्न हूं। जय हनुमान!" तेजस्वी यादव ने अस्पताल से अपने बेटे की एक तस्वीर भी शेयर की है। बता दें कि इससे पहले तेजस्वी यादव और उनकी पत्नी की एक बेटी भी है। बेटी का नाम कात्यायनी है।

इधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुजरात दौरे के पहले दिन वडोदरा, दाहोद और इसके बाद भुज पहुंचे। दाहोद में उन्होंने कहा कि जब कोई हमारी बहनों के सिंदूर को मिटाएगा, तो उसका भी मिटना तय हो जाता है। भुज में कहा कि आतंकवाद पाकिस्तान की सेना और सरकार के लिए पैसा कमाने का जरिया बन गया है। उधर, वडोदरा में PM मोदी के रोड-शो में कर्नल सोफिया का परिवार पहुंचा। आज मोदी गांधीनगर में ₹5,536 करोड़ के प्रोजेक्ट्स लॉन्च करेंगे।

उधर देश में इस महीने 9 कोरोना पेशेंट्स की मौत हो चुकी है। फिलहाल कोविड के 1,010 एक्टिव केस हैं। केरल में सबसे ज्यादा 430 पेशेंट हैं। महाराष्ट्र में 153 और दिल्ली में 99 नए मामले सामने आए हैं। ICMR के डायरेक्टर जनरल डॉ. राजीव बहल ने बताया कि देश में 4 वैरिएंट पाए गए हैं, लेकिन ये बहुत गंभीर नहीं हैं।

इधर बिहार के CM नीतीश कुमार ने शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव (ACS) एस. सिद्धार्थ के सिर पर गमला रख दिया। सिद्धार्थ पीछे हटे और गमला पास खड़े कर्मचारी को दे दिया। यह गमला IAS अफसर सिद्धार्थ ने CM को भेंट किया था। लालू यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने X पर नीतीश कुमार को मानसिक रूप से विक्षिप्त बताया।

उधर पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा को हिसार कोर्ट ने 14 दिन की ज्यूडिशियल रिमांड पर भेजा है। उधर, ज्योति का एक नया वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पाकिस्तान के बाजार में घूम रही है। उसके आसपास AK-47 लिए पाकिस्तानी गार्ड्स भी नजर आ रहे हैं। हिसार पुलिस की इकोनॉमिक सेल ने ज्योति से 2 दिन पूछताछ की। हालांकि, पुलिस के हाथ ज्यादा कुछ नहीं लगा। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, इकोनॉमिक सेल की पूछताछ में ज्योति ने किसी भी तरह की विदेशी फंडिंग से इनकार किया। ज्योति के बैंक खातों में कोई बड़ा लेनदेन भी नहीं मिला। ये भी जांच हो रही है कि कहीं हवाला के जरिए तो ज्योति तक पैसा नहीं पहुंचाया गया।

इधर फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के बीच हुई झड़प का वीडियो वायरल है। जब मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट विमान से उतरने की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान उनकी पत्नी ने उनका मुंह पकड़कर धकेल दिया। मैक्रों कुछ पल के लिए चौंकते हैं, फिर जल्दी से अपने आपको संभालते हुए बाहर के लोगों की तरफ हाथ हिलाते हैं। इसके बाद ब्रिगिट मैक्रों के साथ प्लेन की सीढ़ियों से नीचे उतरती हैं। इस दौरान मैक्रों अपना हाथ उनकी तरफ बढ़ाने की कोशिश करते हैं, लेकिन वह इसे अनदेखा कर देती हैं।

उधर मुंबई में सोमवार सुबह से तेज बारिश हो रही है। हाल ही में शुरू हुए वर्ली अंडरग्राउंड मेट्रो स्टेशन में पानी भर गया। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने 1 मई को ही इसका उद्घाटन किया था। पुणे-सोलापुर हाईवे पर पाटस इलाके में बादल फटने से पुणे के बारामती और इंदापुर में बाढ़ जैसी स्थिति बन गई। केरल में भारी बारिश के चलते 9 जिलों में स्कूल-कॉलेज बंद किए गए हैं।

इधर सोमवार को रिकार्ड्स का दिन सूर्यकुमार यादव के नाम रहा। उन्होंने मुंबई इंडियंस (MI) के 2 रिकॉर्ड तोड़े। पहले सूर्या ने सचिन तेंदुलकर के 14 साल पुराने रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा। वे MI के लिए एक सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले प्लेयर बने। इसके बाद सूर्या ने सनथ जयसूर्या के रिकॉर्ड को तोड़ा। वे किसी सीजन में मुंबई के लिए सबसे ज्यादा सिक्स लगाने वाले बैटर भी बने।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उत्तराखंड में श्रीनगर के कीर्तिनगर में सोमवार को दर्दनाक हादसा हो गया। यहां कीर्तिनगर- बढ़ियारगढ़ मोटरमार्ग पर कार दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में गिर गई। इस दौरान चाल लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, देर शाम बढ़ियारगढ़ मालगढी मल्ला से मालगढ़ी तल्ला की ओर आ रही एक कार अनियंत्रित होकर 40 मीटर नीचे खाई में जा गिरी। कार में चालक समेत कुल चार लोग सवार थे। सूचना प्राप्त होते ही मौके पर पहुंचे तहसील प्रशासन व एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू कर दुर्घनाग्रस्त लोगों को बेस चिकित्सालय श्रीकोट पहुंचाया। जहां डाक्टरों की टीम ने चारों को मृत घोषित कर दिया।

इधर देश के कई राज्यों में कोविड संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़ने पर प्रदेश सरकार भी सतर्क हो गई है। कोविड लक्षण वाले सभी मरीजों की रैपिड टेस्ट और आरटीपीसीआर जांच अनिवार्य रूप से की जाएगी। इस संबंध में सचिव स्वास्थ्य डाॅ. आर. राजेश कुमार ने स्वास्थ्य व चिकित्सा शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों के साथ कोविड प्रबंधन की समीक्षा बैठक कर दिशा-निर्देश दिए।

उधर रानीपुर विधायक आदेश चौहान, उनकी भांजी दीपिका चौहान, इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और सेवानिवृत्त इंस्पेक्टर राजेंद्र सिंह रौतेला को कोर्ट ने सोमवार को सजा सुना दी। दीपिका के ससुर को अवैध हिरासत में रखने और दहेज उत्पीड़न के मुकदमे में झूठे साक्ष्य गढ़ने के वर्ष 2009 के इस मामले में स्पेशल मजिस्ट्रेट सीबीआई संदीप भंडारी की कोर्ट ने विधायक और दीपिका को छह-छह महीने की सजा सुनाई है। जबकि, दिनेश कुमार और रौतेला को एक-एक साल की सजा सुनाई गई है। इस मामले में तत्कालीन गंगनहर कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर आरके चमोली भी आरोपी थे, लेकिन कुछ समय पहले उनकी मौत हो गई थी। सजा सुनाए जाने के बाद सभी दोषियों को न्यायालय ने जमानत दे दी है।

इधर बनभूलपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत अपने ही जीजा को पीट-पीट कर मौत के घाट उतारने वाले दो भाइयों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जबकि हत्या का एक आरोपी अभी भी फरार चल रहा है। पत्नी ने पति के मारपीट की बात भाइयों को बताई थी। जिसके बाद भाइयों ने जीजा की जमकर पिटाई कर दी थी और अगले दिन जीजा की मौत हो थी। जिसके बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी।