Good Morning India: अमेरिका-ईरान वार्ता की तैयारी तेज, ट्रंप ने फिर दिया बड़ा बयान! री-नीट से पहले अलर्ट मोड पर एजेंसियां! ट्रेन में बिना टिकट यात्रा पर अब लगेगा दोगुना जुर्माना, एक जुलाई से लागू होंगे नियम! उत्तराखंड में 70 जगहों पर एक साथ होगी मॉकड्रिल

Good Morning India: Preparations for US-Iran talks intensify; Trump makes another major statement! Agencies on high alert ahead of the Re-NEET exam! Double the fine for ticketless train travel; new r

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज राष्ट्रपति  द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ओडिशा के दौरे पर रहेंगे। वहीं आज प्रधानमंत्री पश्चिम बंगाल से पीएम किसान सम्मान निधि की 23वीं किस्त जारी करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते पर आगे की बातचीत आज स्विट्जरलैंड में हो सकती है। इसके लिए ट्रंप के दूत स्टीव विटकॉफ स्विट्जरलैंड रवाना हो गए हैं। इसके साथ ही ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची भी बातचीत के लिए शनिवार को वहां जाएंगे। हालांकि, जानकारी के मुताबिक इसमें अभी बदलाव हो सकता है। एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की तैयारी शुरू होने के साथ ही कतर के प्रधानमंत्री मोहम्मद बिन अब्दुल रहमान अल-थानी स्विट्जरलैंड पहुंच चुके हैं। कतर, वाशिंगटन और तेहरान के बीच बातचीत कराने वाले अहम देशों में से एक बनकर उभरा है। वहीं, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के सुप्रीम लीडर मुज्तबा खामेनेई के उस बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसमें उन्होंने कहा कि अमेरिका पीस डील के लिए बेताब था। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर लिखा, "युद्ध ने ईरान को कमज़ोर कर दिया है! हम उनसे मजबूरी में नहीं मिले थे, ईरान मिला था। वे खत्म हो चुके हैं! हम 60 दिन इंतज़ार करेंगे। उन्हें कोई पैसा नहीं मिलेगा, एक पैसा भी नहीं!" इसके साथ ही ट्रंप ने इस बात को भी खारिज कर दिया कि तेहरान को इस समझौते से आर्थिक फ़ायदा होगा। 

इधर पिछले महीने हुई NEET (UG) 2026 की परीक्षा कैंसिल होने के बाद अब री-एग्जाम को लेकर एनटीए पूरी तैयारी में है। इस बार परीक्षा में कोई गड़बड़ी न हो, इसके लिए तमाम उपाय किए जा रहे हैं। ऐसे में नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 21 जून 2026 को होने वाली NEET (UG) 2026 की दोबारा परीक्षा को सुचारू और सुरक्षित ढंग से आयोजित करने के लिए कई उपाय किए हैं। इसके अलावा देशभर में आज परीक्षा को लेकर मॉक ड्रिल भी की जाएगी। एनटीए ने बताया कि कैंडिडेट, NEET (UG)-2026 री-एग्जाम से जुड़ी किसी भी जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 011-40759000/011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल भी कर सकते हैं। एनटीए ने इससे पहले एक एडवाइजरी जारी कर छात्रों को सतर्क रहने की सलाह दी। जारी एडवाइजरी में कहा गया, "एनटीए कभी भी कोई पेमेंट नहीं मांगेगा, एग्जाम पेपर, आंसर की, या 'लीक' हुआ मटीरियल नहीं भेजेगा, या किसी लिंक के जरिए आपका एडमिट कार्ड शेयर नहीं करेगा। अगर आपको ऐसा कोई मैसेज मिले, तो क्लिक न करें। इसकी रिपोर्ट करें।" इसके अलावा, एनटीए ने बताया कि वह अब री-एग्जामिनेशन के लिए कैंडिडेट्स को सीधे व्हाट्सएप के जरिए एग्जाम अपडेट और सेंटर की जानकारी भेजेगा। कैंडिडेट्स को यह देखना चाहिए कि उन्हें मैसेज भेजने वाले के आगे ब्लू वेरिफाइड टिक और 'नेशनल टेस्टिंग एजेंसी' का नाम दिखे। एडवाइजरी में कहा गया है कि बिना ब्लू टिक वाले अकाउंट से कोई भी मैसेज एनटीए का नहीं है, भले ही उसमें उनका नाम इस्तेमाल किया गया हो।

उधर पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित खान ग्लोबल स्टडीज में दो जून की रात हुए हंगामे और फायरिंग मामले में फैजल खान उर्फ खान सर को एक बार फिर न्यायालय से राहत मिली है। पटना सिविल कोर्ट ने शनिवार को मामले की सुनवाई के दौरान उनकी गिरफ्तारी पर लगी रोक को अगले आदेश तक जारी रखने का निर्देश दिया। खान सर और उनके दोनों निजी सुरक्षा गार्डों की ओर से दाखिल जमानत याचिका पर सुनवाई के दौरान पुलिस ने अदालत में अपडेटेड केस डायरी प्रस्तुत की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद कोर्ट ने फिलहाल गिरफ्तारी पर अंतरिम संरक्षण (इंटरिम प्रोटेक्शन) बरकरार रखा। अब मामले की अगली सुनवाई निर्धारित तिथि पर होगी। 

इधर लद्दाख प्रशासन ने क्षेत्र की नाजुक हिमालयी पारिस्थितिकी और पर्यावरण की रक्षा के लिए सिंगल-यूज प्लास्टिक के उपयोग, बिक्री और भंडारण पर सख्त प्रतिबंध लगा दिया है। नए नियमों के तहत, लेह एयरपोर्ट और राज्य के बॉर्डर चेकपॉइंट्स पर पर्यटकों और वाणिज्यिक वाहनों की औचक (रैंडम) जांच की जाएगी। नियमों का उल्लंघन करने पर 10,000 रुपये तक का पर्यावरणीय जुर्माना और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फैलाने पर 5,000 रुपये तक का जुर्माना देने का प्रावधान किया गया है। लद्दाख में सिंगल-यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की घोषणा लद्दाख के उपराज्यपाल विनय कुमार सक्सेना ने की। इस व्यवस्था को कड़ाई से लागू करने के लिए जमीनी स्तर के अधिकारियों (जैसे बीडीओ, तहसीलदार और वन रक्षकों) को चालान जारी करने की शक्तियां दी गई हैं।

उधर राजधानी दिल्ली के पॉश इलाके ग्रेटर कैलाश के पास स्थित माउंट कैलाश में हुई एक हत्या ने हर किसी को झकझोर दिया है। जिस महिला ने 15 साल तक एक परिवार की सेवा की, मुश्किल वक्त में उनका साथ दिया और घर का हिस्सा बनकर रही, उसी महिला की कथित तौर पर उसी घर के डॉक्टर मालिक ने बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस के मुताबिक आरोपी डॉक्टर मनीष गुप्ता ने वारदात के बाद भागने की कोशिश तक नहीं की। जब पुलिस मौके पर पहुंची तो वह सीढ़ियों पर बैठा मिला और उसके मुंह से निकला, ‘मुझे फांसी दे दो। यह वाक्य सुनकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए। घर की छत पर 45 वर्षीय मीना खून से लथपथ पड़ी थीं और पास में एक बैट व खून से सना रसोई का चाकू मिला था। रिपोर्ट के अनुसार पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी डॉक्टर पिछले करीब 10 सालों से डिप्रेशन और ऑब्सेसिव कंपल्सिव डिसऑर्डर (OCD) का इलाज करा रहा था। शुरुआती जांच में यह भी पता चला है कि वह नौकरानी मीना को काम से हटाना चाहता था, जबकि उसकी पत्नी इसके खिलाफ थी। इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि क्या डॉक्टर ने अपनी दवाएं लेना बंद कर दिया था। मामले ने राजधानी में घरेलू कामगारों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

इधर ट्रेन में बिना टिकट यात्रा करते हुए पकड़े जाने पर अब पहले की तुलना में दोगुना जुर्माना देना होगा। अभी बेटिकट यात्रा करने पर यात्री से पूरा किराया वसूला जाता है और 250 रुपये जुर्माना लगाया जाता है। रेलवे की ओर से की गई नई व्यवस्था में यह जुर्माना बढ़ाकर 500 रुपये कर दिया गया है। नया नियम एक जुलाई से लागू होगा। नियम में यह बदलाव करीब 13 साल बाद किया गया है। इससे पहले वर्ष 2013 में जुर्माना 50 रुपये से बढ़ाकर 250 रुपये किया गया था। रेलवे बोर्ड ने इसके अलावा कुछ और नियम भी बदले हैं। रेलवे के अनुसार, कोई यात्री किसी अन्य व्यक्ति के नाम पर बुक किए गए टिकट पर यात्रा करते हुए पकड़ा जाता है, तो उसका टिकट जब्त कर लिया जाएगा। साथ ही उससे पूरा किराया और 500 रुपये जुर्माना वसूला जाएगा। इसके अलावा महिला कोच में प्रवेश करने वाले पुरुष यात्रियों पर 2,500 रुपये तक का जुर्माना तय किया गया है।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, यूपी के मुजफ्फरनगर से उत्तराखंड में प्रतिबंधित Mzकैप्सूल की तस्करी हो रही थी। एसटीएफ और एएनटीएफ ने संयुक्त कार्रवाई कर तस्करी नेटवर्क की जड़ पर प्रहार किया है। एसटीएफ ने प्रतिबंधित कैप्सूल बेचने वाले मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के संचालक सचिन मनिहाल को गिरफ्तार किया है। आरोपी मूल कीमत से कई गुना ऊंचे दाम पर प्रतिबंधित कैप्सूल बेचता था। दरअसल, 11 मई को हरिद्वार के मंगलौर क्षेत्र से 18 हजार प्रतिबंधित कैप्सूल बरामद होने के बाद जांच एजेंसियों के कान खड़े हो गए थे। इस मामले में मंगलौर थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान मिले तकनीकी और दस्तावेजी साक्ष्यों से पता चला कि उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर स्थित श्री सिद्धबली फार्मा स्टोर के माध्यम से बड़ी मात्रा में कैप्सूल उत्तराखंड में सप्लाई किए जा रहे थे। जांच में सामने आया कि फार्मा स्टोर संचालक सचिन मनिहाल विभिन्न दवा कंपनियों से प्रतिबंधित कैप्सूल मंगवाकर उन्हें देहरादून और हरिद्वार क्षेत्र में सक्रिय नेटवर्क के जरिये बेचता था। वह इन कैप्सूलों को मूल कीमत से कई गुना अधिक दाम पर बेचकर भारी मुनाफा कमा रहा था।

इधर राज्य के सभी जिलों में 70 जगहों पर दो जुलाई को मानसून में राहत, बचाव कार्यों को प्रभावी तरीके से संचालित करने के लिए मॉक ड्रिल होगी। शुक्रवार को सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर ओरिएंटेशन व कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इसमें जिलों को मॉक ड्रिल के सफल संचालन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए। सचिव आपदा प्रबंधन ने सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मानसून की तैयारियों को अंतिम रूप देने तथा विभिन्न विभागों के मध्य आपसी समन्वय तथा सामंजस्य को मजबूत करने के लिए मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए थे। मॉक ड्रिल राज्य के सभी 13 जिलों में होगी। बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी प्रशासन प्रकाश चंद्र ने एटीआई नैनीताल से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले सरकारी कर्मचारियों का डाटा बेस बनाने और उन्हें प्रथम प्रतिक्रियादाता के रूप में तैयार करने के निर्देश दिए।

उधर जिम में व्यायाम करते वक्त अचानक उत्तराखंड पुलिस में कार्यरत कांस्टेबल एवं एसओजी के जवान की अचानक तबियत बिगड़ गई। आनन फानन में लोगों की मदद से उसको निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार मूल रूप से पिथौरागढ़ व हाल निवासी बनबसा के ग्राम भजनपुर के एसओजी जवान 38 वर्षीय गिरीश भट्ट पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट पिछले करीब तीन वर्ष से जिम में व्यायाम करते आ रहे थे। बताया जा रहा है कि शुक्रवार की दोपहर में वह रोजाना की तरह जिम चले गए। जहां वह व्यायाम कर रहे थे। व्यायाम करते हुए अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह गिर गए। जवान की तबीयत बिगड़ते देख अन्य मौजूद लोगों ने आनन फानन में उसे ऊधम सिंह नगर के खटीमा स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां चिकित्सकों ने गिरीश भट्ट को मृत घोषित कर दिया।

इधर उत्तराखंड में जनता की गाढ़ी कमाई लूटने वाले धोखेबाजों पर कड़ी कार्रवाई की तैयारी है। सरकार ने एलयूसीसी (LUCC) के घोटालेबाजों की कई राज्यों में मौजूद संपत्तियों को कुर्क करने का भी फैसला ले लिया है। सीबीआई (CBI) की एंट्री के बाद उत्तराखंड शासन ने भी इस मामले में गंभीरता के साथ कदम आगे बढ़ा दिए हैं। खास बात ये है कि CBI की ओर से की गई विस्तृत जांच के बाद उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र में चिह्नित कुल 34 अचल संपत्तियों पर कार्रवाई का रास्ता साफ होता दिखाई दे रहा है। सरकारी आदेश के मुताबिक, देहरादून में स्थित 6 अचल संपत्तियों को अंतरिम रूप से कुर्क करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। इसके साथ ही इन संपत्तियों को स्थायी रूप से कुर्क करने और भविष्य में उनकी नीलामी की प्रक्रिया शुरू करने के लिए अधिसूचित न्यायालय में प्रार्थना पत्र भी पेश कर दिया गया है। यह प्रार्थना पत्र 18 जून 2026 को प्रथम अपर जिला न्यायालय देहरादून में दाखिल किया गया।