Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: दिल्ली हाईकोर्ट जज के घर कैश की तस्वीरें आईं सामने, 3.22 करोड़ में नीलाम हुआ एपल का पहला कंप्यूटर! सुनीता विलियम्स को ओवर टाइम सैलरी देंगे ट्रम्प, उत्तराखंड में पकड़ी गई 4 करोड़ की नशीली दवाएं! जानें आज क्या रहेगा खास?

Good Morning India: Pictures of cash surfaced at Delhi High Court judge's house, Apple's first computer auctioned for Rs 3.22 crore! Trump will give overtime salary to Sunita Williams, drugs worth Rs

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच आईपीएल मैच खेला जाएगा। वहीं आज आरएसएस की अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा की बैठक का आखिरी दिन।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, नागपुर हिंसा में घायल 40 साल के इरफान अंसारी की इलाज के दौरान मौत हो गई। वह 17 मार्च से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज में भर्ती था। वहीं, नागपुर हिंसा केस में पुलिस ने अब तक 105 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 10 किशोर भी शामिल हैं। इसके अलावा 17 लोगों को लोकल कोर्ट ने 22 मार्च तक पुलिस कस्टडी में भेज दिया है। वहीं, पुलिस ने इस मामले में 3 नई FIR दर्ज की हैं। 

इधर राजस्थान की दौसा पुलिस ने देश विरोधी गतिविधियों में शामिल नेपाल के 10 लोगों को डिपोर्ट किया है। डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि ये लोग तब्लीगी जमात के हैं, जो धार्मिक गतिविधियों के सिलसिले में 4 मार्च को नेपाल से भारत आए थे, लेकिन यहां देश विरोधी गतिविधियां में शामिल हो गए थे। सभी को लीव इंडिया नोटिस देकर वापस भेज दिया गया। 5 पुरुष मस्जिद में रह रहे थे, जबकि 5 महिलाएं दौसा शहर में अलग-अलग घरों में रुकी हुई थीं।

उधर सुप्रीम कोर्ट के पांच जजों जस्टिस बीआर गवई, जस्टिस सूर्यकांत, जस्टिस विक्रम नाथ, जस्टिस एमएम सुंदरेश, जस्टिस केवी विश्वनाथन और जस्टिस एन कोटिश्वर सिंह वाला प्रतिनिधिमंडल मणिपुर पहुंचा। उन्होंने जातीय हिंसा के विस्थापितों से मुलाकात की। राहत शिविरों का दौरा भी किया। बता दें किमणिपुर में कुकी-मैतेई के बीच 600 से ज्यादा दिनों से हिंसा जारी है। इस दौरान अब तक 237 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। 1500 से ज्यादा लोग जख्मी हुए, 60 हजार लोग घर छोड़कर रिलीफ कैंप में रह रहे हैं। अब तक 11 हजार FIR दर्ज की गईं हैं और 500 लोगों को अरेस्ट किया गया है।  

इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने शनिवार को नासा के एस्ट्रोनॉट सुनीता विलियम्स और बुच विल्मोर को ओवरटाइम सैलरी देने की बात कही है। दोनों एस्ट्रोनॉट 5 जून 2024 को NASA के जॉइंट ‘क्रू फ्लाइट टेस्ट मिशन’ पर गए थे। यह मिशन 8 दिन का था, लेकिन स्पेसक्राफ्ट के थ्रस्टर्स में गड़बड़ी की वजह से 9 महीने तक इंटरनेशनल स्पेस स्टेशन (ISS) पर फंसे रहे। इलॉन मस्क के स्पेसक्राफ्ट की मदद से उन्हें 19 मार्च को वापस लाया गया।

उधर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने IPL-18 का ओपनिंग मैच जीत लिया। टीम ने डिफेंडिंग चैंपियन कोलकाता नाइटराइडर्स (KKR) को 7 विकेट से हराया। टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी KKR ने 8 विकेट खोकर 174 रन बनाए। RCB ने 16.2 ओवर में 3 विकेट के नुकसान पर टारगेट हासिल कर लिया। RCB ने 3 साल बाद IPL में KKR को हराया। टीम ने 2022 में मुंबई के मैदान पर कोलकाता को आखिरी बार हराया था।

इधर एपल का पहला कंप्यूटर 3.22 करोड़ रुपए में नीलाम हुआ है, जिसका नाम 'बेविल' ऐपल-1 है। इसे स्टीव जॉब्स और स्टीव वोजनियाक ने मिलकर बनाया था। नीलामी का आयोजन RR ऑक्शन्स नीलामी घर ने करवाया था। पहले कंप्यूटर को 'स्टीव जॉब्स और एपल की क्रांति' नाम दिया गया। इसकी खासियत यह है कि यह कंप्यूटर आज भी अच्छी हालत में है और इसके कुछ मॉडल मार्केट में हैं।

उधर भारत से फरार हीरा व्यापारी मेहुल चोकसी इस समय बेल्जियम के एंटवर्प शहर में अपनी पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा है। एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, उसने वहां का निवास कार्ड हासिल कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, भारतीय अधिकारियों ने बेल्जियम सरकार से चोकसी के प्रत्यर्पण की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की है। हालांकि, अभी तक भारतीय अधिकारियों ने इस रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की है।

इधर दिल्ली हाईकोर्ट के जस्टिस यशवंत वर्मा के घर से मिले कैश की तस्वीरें सार्वजनिक हो गई हैं। दिल्ली हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस डीके उपाध्याय ने इंटरनल इन्क्वायरी के बाद सुप्रीम कोर्ट को 21 मार्च को रिपोर्ट सौंपी थी। 22 मार्च की देर रात सुप्रीम कोर्ट ने रिपोर्ट सार्वजनिक कर दी है। इसके साथ ही तीन तस्वीरें भी जारी की गई हैं। इसमें 500 रुपए के जले हुए नोटों के बंडल दिखाई दे रहे हैं। रिपोर्ट में कहा गया कि 14 मार्च को जस्टिस के घर आग लगने के बाद फायर ब्रिगेड की टीम वहां पहुंची थीं। आग पर काबू पाने के बाद 4-5 अधजली बोरियां मिलीं, उनके अंदर नोट भरे हुए थे।

उधर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 18वें सीजन का पहला डबल हेडर (एक दिन में 2 मैच) आज खेला जाएगा। दिन के पहले मुकाबले में दोपहर 3:30 बजे से सनराइजर्स हैदराबाद का सामना हैदराबाद में राजस्थान रॉयल्स से होगा। वहीं दिन के दूसरे मुकाबले में चेन्नई सुपरकिंग्स अपनी सबसे बड़ी राइवल टीम मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी।

इधर देश के 17 राज्यों में रविवार को बारिश की संभावना है। इसमें बिहार, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, तेलंगाना, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गुजरात, केरल और नॉर्थ ईस्ट राज्य शामिल हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रानीपुर क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम से नशीली दवाओं की बरामदगी मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जिसमें ट्रांसपोर्ट संचालक और गोदाम में कार्यरत एक कर्मचारी शामिल है। वहीं, रानीपुर स्थित गोदाम से बरामद करीब 30 लाख की कीमत की नशीली दवाइयों को जब्त कर लिया गया है। वहीं, मोहब्बेवाला स्थित गोदाम को करीब 4 करोड़ 14 लाख की दवाओं के साथ सील कर दिया गया है।

इधर उधम सिंह नगर के काशीपुर के महाराणा प्रताप चौक फ्लाईओवर से मलबा गिरने का मामला सामने आया है। पुलिस प्रशासन ने रूट डायवर्ट करते हुए भारी वाहनों के लिए फ्लाईओवर को बंद कर दिया है। 7 वर्षों में बनकर तैयार हुआ चर्चित फ्लाईओवर से अब लोगों की जान का खतरा मंडराने लगा है। वहीं कांग्रेस ने पूर्व विधायक हरभजन सिंह चीमा और स्थानीय विधायक त्रिलोक सिंह चीमा पर आरोप लगाए हैं।

उधर हल्द्वानी शहर के मुखानी के बिठौरिया नंबर दो निवासी एक पिता ने अपनी ही बेटी और उसके दोस्त के खिलाफ गहने और नकदी चुरा ले जाने की एफआईआर दर्ज कराई है। आरोप लगाया कि बेटी दूसरे समुदाय के युवक के साथ यूसीसी में पंजीकरण कराए बिना रह रही है।