Good Morning India: पेट्रोल 100 पार, डीजल की कीमत भी बढ़ी, 10 दिन में चौथी बार महंगा हुआ तेल! आज से पड़ेगी भीषण गर्मी, शुरू हुआ नौतपा! इबोला वायरस को लेकर भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी! महाराष्ट्र में बड़ा हादसा, 8 लोगों की मौत

Good Morning India: Petrol prices cross 100, diesel prices also rise, fuel prices rise for the fourth time in 10 days! Severe heat will begin today, with Nautapa beginning! The Indian government has

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, अमेरिकी विदेश मंत्री कोलकाता और दिल्ली के बाद आज आगरा और जयपुर आएंगे। वहीं गृह मंत्री अमित शाह आज दो दिन के दौरे पर बीकानेर पहुंचेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, देश में पेट्रोल-डीजल की कीमत में आज फिर से बढ़ोतरी की गई है। आज 25 मई, 2026 सुबह 6 बजे से दिल्ली में पेट्रोल 2 रुपए 61 पैसे महंगा होकर 102 रुपए 12 पैसे प्रति लीटर पर पहुंच गया है। जबकि डीजल 2 रुपए 71 पैसे बढ़कर 95 रुपए 20 पैसे प्रति लीटर हो गया है। सबसे बड़ी बात ये है कि पिछले 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में ये चौथी बढ़ोतरी मानी जा रही है। 15 मई को करीब 3 रुपए, फिर 19 मई को लगभग 90 पैसे, 23 मई को फिर करीब 90 पैसे और अब 25 मई को एक बार फिर बड़ा इजाफा किया गया है। कुल मिलाकर  पिछले 10 दिन में पेट्रोल 7 रुपये 35 पैसे और  डीजल 7 रुपये 53 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ है। 

इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ समझौते को लेकर फिर एक और दावा कर दिया है। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'ट्रुथ सोशल' पर एक पोस्ट के जरिए पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल में हुए ईरान समझौते पर निशाना साधा और कहा कि उनका समझौता पूरी तरह से अलग होगा। डोनाल्ड ट्रंप ने अपने पोस्ट में लिखा, "अगर मैं ईरान के साथ कोई समझौता करता हूं, तो वह एक अच्छा और उचित समझौता होगा, वैसा नहीं जैसा ओबामा ने किया था... हमारा समझौता उसके बिल्कुल विपरीत है, लेकिन अभी तक किसी ने इसे देखा नहीं है और न ही कोई इसके बारे में जानता है। इस पर अभी पूरी बातचीत भी नहीं हुई है।" डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि दोनों देशों के बीच शांति समझौते पर बातचीत काफी हद तक पूरी हो चुकी है। हालांकि, ट्रंप ने यह भी साफ किया कि वे इस मामले में किसी तरह की जल्दबाजी के मूड में नहीं हैं। ट्रंप ने बताया कि अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत बेहद व्यवस्थित और रचनात्मक तरीके से आगे बढ़ रही है।

उधर हरियाणा के अंबाला जिले से बड़ी वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, अंबाला में मिट्टी के पैसों से जुड़े एक विवाद में एक शख्स ने अपने ही परिवार के तीन लोगों दादी, चाचा और भाई को गोली मार कर मौत के घाट उतार दिया। इस वारदात में और एक महिला घायल भी है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से आरोपी फरार है और उस पुलिस की टीम खोज रही है। जानकारी के अनुसार, ये वारदात अंबाला के शहजादपुर इलाके के गांव बिचपड़ी में हुई है। मिट्टी खनन के ठेके के विवाद में पोते अभिषेक ने अपनी दादी इसरो देवी की गोली मारकर हत्या कर दी। बंदूक से फायरिंग में उसका भाई संदीप, चाचा महेंद्र और चाची सुनीता गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को पहले नारायणगढ़ अस्पताल में इलाज के लिये ले जाया गया जहां उनकी गंभीर हालत को देखते चंडीगढ़ के सेक्टर 32 अस्पताल में रेफर किया गया है। हालांकि, इलाज के दौरान रविवार को चाचा महेंद्र और आरोपी के बड़े भाई संदीप की भी मौत हो गई। वहीं, आंख के पास गोली लगने से घायल उसकी चाची सुनीता का इलाज जारी है।

इधर भीषण गर्मी के बीच आज सोमवार से नौतपा की शुरुआत हो गई है। यूं तो इस बार सूर्य ने पहले से ही अपने तेवर तीखे किए हुए हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, गुजरात, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश समेत देश के बड़े हिस्से में अधिकतम तापमान 43 से 47 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया। 47.1 डिग्री के साथ महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र का ब्रह्मपुरी देश में सबसे गर्म रहा। उत्तर प्रदेश लू और आंधी की दोहरी मार झेल रहा है। मौसम विभाग ने 10 जिलों में लू का रेड अलर्ट और 23 जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रविवार को 46.8 डिग्री के साथ बांदा यूपी में सबसे गर्म रहा। वहीं मानसून तय समय से 4 दिन पहले 26 मई को केरल के तट से टकरा सकता है। इसके पहले ही केरल, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह और लक्षद्वीप में मानसून पूर्व बारिश शुरू हो चुकी है। केरल और लक्षद्वीप, तमिलनाडु, उत्तर-पूर्वी व उससे सटे इलाकों में अगले 4-5 दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

उधर भारत सरकार ने अफ्रीका के कुछ हिस्सों में बंडिबुग्यो वायरस से फैल रहे इबोला संक्रमण को लेकर एडवाइजी जारी की है। इस एडवाइजरी में भारत सरकार ने अपने नागरिकों से कांगो गणराज्य, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है। यह एडवाइजरी विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा 17 मई को अंतरराष्ट्रीय स्वास्थ्य विनियम (IHR), 2005 के तहत इस स्थिति को एक 'सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति' (PHEIC) घोषित किए जाने के बाद जारी किया गया। अफ्रीका रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र ने भी कांगो गणराज्य और युगांडा में फैले संक्रमण को 'महाद्वीपीय सुरक्षा से जुड़ी सार्वजनिक स्वास्थ्य आपात स्थिति' घोषित किया है। दरअसल, भारत सरकार ने शनिवार को जारी की गई एडवाइजरी में कहा है कि कांगो गणराज्य और युगांडा से सटे देशों, जिनमें दक्षिण सूडान भी शामिल है, में संक्रमण फैलने का जोखिम अधिक आंका गया है। एजवाइजरी में कहा गया है, "भारत सरकार अपने सभी नागरिकों को कांगो गणराज्य, युगांडा और दक्षिण सूडान की गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह देती है।" इन देशों में रह रहे या यात्रा कर रहे भारतीय नागरिकों से स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी सार्वजनिक स्वास्थ्य दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करने, स्वच्छता संबंधी अतिरिक्त सावधानी बरतने, लक्षण वाले लोगों के संपर्क में आने से बचने और बुखार या संबंधित लक्षण होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लेने को कहा गया है। 

इधर महाराष्ट्र के रायगढ़ में एक दर्दनाक हादसा हो गया है। यहां अम्बेनाली घाट के पास एक स्कॉर्पियो गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में स्कॉर्पियो सवार 8 लोगों की मौत हो गई। प्राथमिक रूप से मिली जानकारी के मुताबिक महाबलेश्वर और पोलादपुर के बीच स्थित अम्बेनाली घाट में ये हादसा हुआ है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक वाहन में सवार आठ यात्रियों की मौत हो गई है। फिलहाल खोज और बचाव दलों ने सफलतापूर्वक दो शव बरामद कर लिए हैं। शुरुआती जानकारी से पता चलता है कि यह स्कॉर्पियो सतारा जिले के असगांव गांव की है। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, अब तक 500 से 700 फुट गहरी खाई से दो शव बरामद किए गए हैं, बाकी शवों की तलाश जारी है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, गंगा दशहरा पर्व पर धर्मनगरी हरिद्वार आस्था का सैलाब उमड़ा है। ब्रह्ममुहूर्त से ही हरकी पैड़ी और आसपास के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ है । देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालु मां गंगा की पावन धारा में पुण्य की डुबकी लगा रहे है। घाटों पर हर-हर गंगे और जय मां गंगे के उद्घोष हो रहे हैं। श्रद्धालु स्नान के बाद घाटों पर दीपदान, पूजा-अर्चना और दान-पुण्य भी कर रहे हैं। मान्यता है कि गंगा दशहरा के दिन मां गंगा का धरती पर अवतरण हुआ था।

उधर पूर्व मुख्यमंत्री और महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी को आज 25 मई को पद्म भूषण सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के हाथों मिलेगा। भगत कोश्यारी को यह सम्मान पब्लिक अफेयर्स के क्षेत्र में उनके लंबे, समर्पित और प्रभावशाली योगदान के लिए दिया जा रहा है। बता दें कि भगत सिंह कोश्यारी को 'भगत दा' के नाम से जाना जाता है। जो सामाजिक कार्यकर्ता, शिक्षाविद्, पत्रकार और राष्ट्रवादी नेता के रूप में पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपना जीवन जन सेवा और समाज के गरीब व पिछड़े वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित किया। वे आरएसएस के स्वयंसेवक भी हैं।