Good Morning India: आज से शुरू होगा संसद का बजट सत्र! दिल्ली में 6 साल की मासूम बच्ची से गैंगरेप, 3 नाबालिग लड़कों पर आरोप! अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग को कहा अलविदा, सोने-चांदी की कीमतें हुईं बेकाबू! उत्तराखण्ड में बारिश-बर्फबारी और एवलांच की चेतावनी
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण से आज होगा संसद के बजट सत्र का आगाज। वहीं आज लॉन्च होगा नए आधार एप का फुल वर्जन।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दिल्ली के भजनपुरा से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 6 साल की मासूम बच्ची के साथ गैंगरेप हुआ है। गैंगरेप का आरोप 3 नाबालिग लड़कों पर लगा है, उनकी उम्र 10, 13 और 14 साल है। पुलिस का कहना है कि 2 आरोपी लड़कों को गिरफ्तार कर लिया गया है, वहीं तीसरा आरोपी फरार चल रहा है। तीसरे आरोपी का परिवार भी लापता है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना 18 जनवरी की है। इसके बाद बच्ची के परिजनों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने बताया कि 3 लड़कों ने बच्ची को बहला फुसलाकर कथित तौर पर रेप किया है।
उधर संसद के बजट सत्र की शुरुआत आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के दोनों सदनों की संयुक्त बैठक को संबोधन के साथ होगी। देश के संसदीय इतिहास में ऐसा पहली बार होगा, जब आम बजट को रविवार को पेश किया जाएगा। 1 फरवरी (रविवार) को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार केंद्रीय बजट प्रस्तुत करेंगी। राष्ट्रपति के अभिभाषण के बाद संसद में बृहस्पतिवार को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, जो इस बार आम बजट से तीन दिन पहले लाया जा रहा है। यह भी अपने आप में एक नया प्रयोग माना जा रहा है। राष्ट्रपति अपने संबोधन में सरकार की उपलब्धियों के साथ-साथ आने वाले समय की नीति और प्राथमिकताओं का खाका प्रस्तुत करेंगी।
इधर रामपुर के चर्चित पायल हत्याकांड में सेशन कोर्ट ने ऐतिहासिक फैसला सुनाते हुए सभी छह आरोपियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही अदालत ने प्रत्येक दोषी पर ₹35,000 का जुर्माना भी लगाया है। कोर्ट ने जिन छह आरोपियों को दोषी ठहराया है, उनमें जहांगीर, इमरोज़, निसार, प्रभजीत उर्फ सागर, ताहिर और दानिश शामिल हैं। इससे पहले अदालत ने सभी आरोपियों को दोषी करार दिया था और सजा के बिंदु पर बहस के बाद अंतिम निर्णय सुनाया गया। अभियोजन पक्ष की ओर से इस मामले को जघन्य अपराध बताते हुए कड़ी से कड़ी सजा की मांग की गई थी, जिसे अदालत ने स्वीकार करते हुए सभी छह आरोपियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है।
उधर सोने और चांदी की कीमतों में रिकॉर्ड-तोड़ तेजी का सिलसिला लगातार जारी है। इसी बीच, मंगलवार को सोने और चांदी की कीमतों ने तेजी का नया रिकॉर्ड बना दिया। दिल्ली के सर्राफा बाजार में आज चांदी की कीमतें 40,500 रुपये (12.3 प्रतिशत) की रिकॉर्ड तेजी के साथ 3,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को चांदी का भाव 3,29,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुआ था। चांदी की कीमतों में इससे पहले कभी भी एक दिन में 40,500 रुपये की तेजी नहीं आई थी और न ही इसकी कीमतें 3,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम के जादूई आंकड़े तक पहुंची थी। चांदी के अलावा दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतें भी 7300 रुपये (4.6 प्रतिशत) बढ़कर 1,66,000 रुपये प्रति 10 ग्राम के सर्वकालिक उच्च स्तर पर पहुंच गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को सोना 1,58,700 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। एक्सपर्ट्स का मानना है कि बढ़ते भू-राजनीतिक और व्यापारिक तनाव के बीच निवेशकों की मजबूत मांग और वैश्विक तेजी के कारण दोनों कीमती धातुएं रिकॉर्ड-तोड़ तेजी के साथ रिकॉर्ड ऊंचाई पर पहुंच गई हैं।
इधर मशहूर गायक अरिजीत सिंह बॉलीवुड के सबसे सफल और पॉपुलर प्लेबैक सिंगर हैं। उनके गानों को फैंस से खूब प्यार मिलता है। इस बीच उन्होंने एक ऐसा ऐलान किया है, जिसने उनके फैंस को हैरान और निराश कर दिया है। अरिजीत सिंह ने प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास लेने की घोषणा कर दी है। उन्होंने इस संबंध में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें उन्होंने बताया कि वह अब प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास ले रहे हैं। उनके इस पोस्ट से फैंस के बीच हलचल पैदा हो गई। महज 38 साल की उम्र में अपने करियर के चरम पर अरिजीत सिंह का ऐसा पोस्ट देख फैंस यही सवाल कर रहे हैं कि आखिर अरिजीत सिंह ने ये फैसला क्यों और किस वजह से लिया है?
उधर जनगणना 2027 के तहत जाति आधारित गणना भी होगी। गृह मंत्रालय ने आज यह साफ कर दिया कि देश भर में फरवरी 2027 से शुरू होने वाली आबादी की गणना के दूसरे चरण के दौरान जातिवार गणना की जाएगी। हालांकि, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में यह सितंबर 2026 में होगी। पूर्व में जारी एक सरकारी बयान का हवाला देते हुए, गृह मंत्रालय ने कहा कि जनगणना 2027 के बारे में पूरी जानकारी 12 दिसंबर 2025 को एक प्रेस नोट के माध्यम से बताई जा चुकी है। मंत्रालय ने कहा कि फिर भी, कुछ लोग जनगणना 2027 और विशेष रूप से जातिवार गणना के संबंध में जानबूझकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। यह पहले ही स्पष्ट किया जा चुका है कि जनगणना 2027 दो चरणों में की जाएगी, जिसमें दूसरे चरण में जातिवार गणना की जाएगी।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, गंगोत्री धाम मंदिर समिति की ओर से आगामी चारधाम यात्रा से धाम और गंगा मंदिर में गैर हिंदुओं के प्रवेश बंद करने का निर्णय लिया गया है। समिति के पदाधिकारियों के अनुसार सिख और बौद्ध धर्म के लोगों को मंदिर में आने की अनुमति होगी। लेकिन अन्य धर्म समुदाय के लोगों के प्रवेश पर पूरी तरह रोक रहेगी। उनका कहना है कि इन लोगों की ओर से सनातन धर्म का सम्मान नहीं किया जाता है। बदरी केदार मंदिर समिति के मंदिरों में गैर हिंदुओं का प्रवेश वर्जित करने के बाद गंगोत्री धाम मंदिर समिति के पदाधिकारियों ने इस संबंध में बैठक की। समिति के सचिव सुरेश सेमवाल ने कहा कि गंगोत्री धाम के तीर्थ पुरोहित लंबे समय से वहां पर गैर हिंदुओं पर रोक लगाने की मांग कर रहे थे लेकिन अब एक मुहिम शुरू होने पर उनकी ओर से भी इसको समर्थन दिया गया है।
उधर उत्तराखंड में अब विवाह, लिव इन में बल, दबाव, धोखाधड़ी या विधि विरुद्ध काम करने वालों को कठोर दंड मिलेगा। सरकार के समान नागरिक संहिता (संशोधन) अध्यादेश 2026 को राज्यपाल ले. जन. गुरमीत सिंह (सेनि.) ने मंजूरी दे दी है। इसके साथ ही यह बदलाव प्रदेशभर में लागू हो गए हैं। इससे पूर्व अगस्त में विधानसभा से पास हुए संशोधन विधेयक को कुछ त्रुटियों के कारण लोकभवन ने लौटा दिया था। समान नागरिक संहिता (संशोधन) अध्यादेश 2026 संविधान के अनुच्छेद 213 के अंतर्गत राज्यपाल की ओर से जारी कर दिया गया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है। अब आगामी विधानसभा में सरकार इसका विधेयक लाएगी, जो पास होने के बाद यह सदा के लिए यूसीसी कानून का हिस्सा बन जाएगा। आपराधिक प्रक्रिया संहिता 1973 के स्थान पर अब भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 और दंडात्मक प्रावधानों के लिए भारतीय न्याय संहिता 2023 को लागू किया गया है।
इधर गुप्तकाशी नगर पंचायत क्षेत्र अंतर्गत मस्ता (नाला) में करंट लगने से एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा उस वक्त हुआ, जब एक महिला पेड़ पर चढ़कर पत्ती काट रही थी। तभी वो करंट के चपेट में आ गई। इस घटना के बाद केदारघाटी क्षेत्र में शोक की लहर है। जबकि, महिला के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उधर महिला की करंट लगने से मौत पर डीएम प्रतीक जैन ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। एसडीएम ऊखीमठ को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है।
उधर उत्तराखंड में आज भी मौसम बिगड़ा हुआ है। वहीं, मौसम विभाग ने बागेश्वर, चमोली, देहरादून, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी गढ़वाल, उत्तरकाशी, पुरोला, गंगोत्री, केदारनाथ, बदरीनाथ, मुनस्यारी, कपकोट और आसपास के क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश व बर्फबारी होने की संभावना जताई है। पहाड़ों की रानी मसूरी में देर रात को ही हल्की बर्फबारी हुई। बर्फबारी के बाद शहर में ठंड बढ़ गई है। वहीं, तेज हवाओं ने भी परेशानी बढ़ा दी है।