Good Morning India: अफगान बॉर्डर पर पाकिस्तान की एयरस्ट्राइक, 19 लोगों की मौत! उत्तराखण्ड समेत देश के 10 राज्यों में गरज के साथ भारी बारिश का अलर्ट! सुप्रीम कोर्ट के फैसले से बेपरवाह ट्रंप ने फिर दिया झटका, बढ़ाया टैरिफ! जानें आज क्या रहेगा खास?
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज से सिंगापुर और जापान के दौरे पर जाएंगे। वहीं पीएम मोदी आज मेरठ मेट्रो और नमो भारत ट्रेन का उद्घाटन करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर बड़ी एयरस्ट्राइक की है। पाकिस्तान ने एक बार फिर अफगानिस्तान के भीतर घुसकर सैन्य कार्रवाई की है। ये हमला अफगानिस्तान के गनी खेलो और गरदा सामिया जिलों में किया गया है। बताया जा रहा है कि हवाई हमले आम लोगों के रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर किए गए, इस हमले में 19 अफगान आम लोग मारे गए हैं। वहीं, पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने एयर स्ट्राइक करके सीमा पार सात आतंकी कैंप और ठिकानों को निशाना बनाया है। पाकिस्तान का कहना है कि ये ठिकाने तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान और इस्लामिक स्टेट-खोरासान से जुड़े लोगों के थे। पाकिस्तान सरकार TTP को फितना अल खवारिज कहती है। पाकिस्तान का कहना है कि हाल के आत्मघाती हमलों, जिनमें इस्लामाबाद की इमाम बारगाह, बाजौर और बन्नू में धमाके शामिल हैं। इसके जवाब में ये कार्रवाई की गई है। पाकिस्तानी सेना ने पक्तिका के बरमल जिले में एयरस्ट्राइक के दौरान एक मदरसे को निशाना बनाया है। इस हमले में मदरसा पूरी तरह तबाह हो गया है। पाकिस्तानी सेना ने उरगुन जिलों के साथ-साथ नंगरहार के खोगयानी, बेहसूद और गनी खेल जिलों में भी एयरस्ट्राइक की है।
उधर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने आज एक बार फिर मौसम में बड़े बदलाव की चेतावनी दी है। जहां उत्तर भारत में ठंड कमजोर पड़ रही है और तापमान में 2-4 डिग्री की बढ़ोतरी होने वाली है, वहीं दक्षिण भारत में कम दबाव प्रणाली के प्रभाव से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ आंधी-तूफान की संभावना है। 22 फरवरी को मुख्य रूप से दक्षिण तमिलनाडु और दक्षिण केरल में भारी वर्षा की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने 22 से 24 फरवरी, 2026 के बीच देश के कई हिस्सों में भारी बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की चेतावनी जारी की है। जिन राज्यों में बारिश की संभावना है उनमें जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, महाराष्ट्र, तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और तेलंगाना शामिल हैं। 22 और 23 फरवरी को जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में कुछ जिलों में बारिश की संभावना है। वहीं, उत्तराखंड में 22 फरवरी से 24 फरवरी तक बारिश की संभावना है।
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के हालिया फैसले को पूरी तरह नजरअंदाज करते हुए वैश्विक स्तर पर टैरिफ में बढ़ोतरी का बड़ा ऐलान कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ट्रंप प्रशासन द्वारा लगाए गए व्यापक टैरिफ को असंवैधानिक या अवैध घोषित करते हुए खारिज कर दिया था, लेकिन राष्ट्रपति ने महज एक दिन बाद ही अपनी नीति को और सख्त बनाने का फैसला लिया। ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट करते हुए घोषणा की कि अब से तुरंत प्रभाव से दुनिया के सभी देशों से होने वाले आयात पर लगने वाला टैरिफ 10 प्रतिशत से बढ़ाकर 15 फीसदी कर दिया जाएगा। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट क कहा, ''अब से तुरंत प्रभाव से दुनिया के सभी देशों पर लगने वाला 10 फीसदी टैरिफ बढ़ाकर 15 प्रतिशत कर दिया जाएगा। ट्रंप का कहना है कि कई देश दशकों से अमेरिका का फायदा उठाते आए हैं, लेकिन अब उनकी सरकार इसे रोक रही है। उन्होंने कहा कि आने वाले कुछ महीनों में वो और नए-नए टैक्स तय करेंगे, जो कानूनी होंगे। उनका मकसद अमेरिका को और भी मजबूत और महान बनाना है – पहले से कहीं ज्यादा!''
उधर बॉलीवुड के दिग्गज राइटर और सलमान खान के पिता सलीम खान की बीती 17 फरवरी को अचानक तबीयत बिगड़ गई थी। जिसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया था। सलीम खान बीते 4 दिनों से वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं। शनिवार की शाम शाहरुख खान अस्पताल पहुंचे और सलीम खान का हालचाल लिया। इसका एक वीडियो सामने आया है। पैपराजी पेज इंस्टेंट बॉलीवुड पर एक वीडियो शेयर किया गया, जिसमें शाहरुख खान की कार, उनके सुरक्षाकर्मियों के साथ, लीलावती अस्पताल पहुंचती हुई दिखाई दे रही है। इससे पहले खबर आई थी कि सलीम खान को 17 फरवरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था और उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया है। बुधवार को डॉ. जलील पारकर ने प्रेस से बात करते हुए पुष्टि की कि सलीम खान को मस्तिष्क में मामूली रक्तस्राव हुआ था और उम्र के कारण उन्हें ठीक होने में समय लग रहा है।
इधर यूपी में गोरखपुर के पीपीगंज क्षेत्र से इंसानियत को शर्मसार करने वाली खबर सामने आई है। शादी समारोह में शामिल होने आई 7 साल की मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। गंभीर हालत में बच्ची को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। जबकि पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। ड्रोन कैमरे की फुटेज इस मामले में अहम सबूत बनकर सामने आई है। ये मामला गोरखपुर के पीपीगंज इलाके का है, जहां बीती रात एक शादी समारोह के दौरान 7 साल की बच्ची अचानक लापता हो गई। परिजन जब उसे तलाशते हुए समारोह स्थल से करीब 200 मीटर दूर पहुंचे, तो बच्ची खून से लथपथ और अचेत अवस्था में पड़ी मिली।
उधर यूपी के कासगंज में पांच लोगों की सामूहिक मौत से सनसनी फैल गई। कासगंज के अमांपुर में एटा रोड पर रहने वाले 50 वर्षीय वेल्डिंग मिस्त्री सत्यवीर (श्यामवीर), उनकी पत्नी रामश्री (46), दो पुत्रियां प्राची (14) व आकांक्षा (12) और पुत्र गिरीश (10) के शव उनके घर के अंदर पाए गए। पुलिस के अनुसार, घर के दरवाजे अंदर से बंद थे और मौके पर किसी बाहरी व्यक्ति के जबरन प्रवेश के कोई साक्ष्य नहीं मिले हैं। सत्यवीर का शव फंदे से लटका मिला, जबकि अन्य के शव फर्श पर पड़े थे। बताया कि सत्यवीर उर्फ श्यामवीर और उसका परिवार पिछले 2-3 दिनों से घर से बाहर नहीं निकला है। जब पुलिस मौके पर पहुंची और पर्दे हटाकर देखा, तो सत्यवीर का शव फंदे से लटका हुआ मिला, और बाकी चार शव बिस्तर पर रजाई के नीचे पाए गए।
इधर खुफिया एजेंसियों द्वारा जारी हाई अलर्ट के बाद धर्मनगरी कटड़ा और माता वैष्णो देवी भवन की सुरक्षा व्यवस्था अभूतपूर्व रूप से कड़ी कर दी गई है। हर आने-जाने वाले पर नजर रखी जा रही है। खुफिया इनपुट के अनुसार आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा दिल्ली के चांदनी चौक सहित देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों, विशेषकर वैष्णो देवी भवन को निशाना बनाने की फिराक में है। इस चेतावनी के बाद पुलिस, सीआरपीएफ और खुफिया एजेंसियां सतर्क मोड पर हैं। सुरक्षा को चाक-चौबंद करने के लिए कटड़ा के प्रवेश द्वारों से लेकर भवन परिसर तक अतिरिक्त सैन्य टुकड़ियों की तैनाती की गई है। क्विक रिस्पांस टीम को पूरी तरह अलर्ट रखा गया है। इंटीग्रेटेड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के जरिये यात्रा मार्ग पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों से 24 घंटे हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखी जा रही है।
उधर केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने सनसनीखेज यौन शोषण मामले में अपनी जांच का दायरा बढ़ाते हुए दिल्ली निवासी मोहम्मद आकिब पर शिकंजा कस दिया है। इस मामले में पहले से ही फांसी की सजा पाए दंपती रामभवन व दुर्गावती के साथ आकिब तीसरा आरोपी भी है। सीबीआई के लोक अभियोजक दारा सिंह मीना ने बताया कि इस जटिल मामले में जल्द ही एक महत्वपूर्ण फैसला और आने की उम्मीद है। इसके मद्देनज़र सीबीआई अब गूगल के अधिकारियों समेत आठ अन्य लोगों के बयान दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, सिल्वर सिटी मॉल में 13 फरवरी को हुई झारखंड के गैंगस्टर विक्रम शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने जमशेदपुर के बागबेड़ा निवासी राजकुमार सिंह को गिरफ्तार किया है। पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर दून ला रही है। रविवार को उसे न्यायालय में पेश किया जाएगा। आरोप है कि उसकी यूपीआई आईडी से ही हरिद्वार में बुक की गई बाइक का भुगतान हुआ था। हत्याकांड को अंजाम देने वाले शूटर आठ दिन बाद भी पुलिस की गिरफ्त से दूर हैं। पुलिस कारोबारी राजकुमार के बेटे यशराज सिंह को इस हत्याकांड में साजिशकर्ता मान रही है। आरोप है कि यशराज ने ही शूटरों को पैसे भेजे और उनके भागने के लिए वाहन आदि का इंतजाम किया। बताया जा रहा है कि यशराज रेलवे में ठेकेदारी का काम करता है। इस कारण उसका झारखंड में कई अपराधियों से संपर्क है। इसी को केंद्र में रखकर दून पुलिस इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने के लिए आपस में कडि़यां जोड़ रही है।
इधर भाजपा ने शिक्षा निदेशक के साथ हुए मारपीट के घटनाक्रम को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए निंदा की है। संगठन घटना में आरोपी विधायक उमेश शर्मा काऊ से मामले में जवाब तलब करेगी। प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने स्पष्ट किया कि पार्टी किसी भी तरह की अराजकता और हिंसा के पूर्णतया खिलाफ है। जनसमस्या उठाना एक पहलू हो सकता है, लेकिन उसके लिए किसी को भी कानून के उल्लंघन की इजाजत नहीं दी जा सकती। इस घटना को पार्टी ने गंभीरता से लिया है। शीघ्र पार्टी अपने रायपुर विधायक उमेश काऊ से प्रकरण को लेकर जवाब तलब करेगी। जिसमें उन तमाम परिस्थितियों को लेकर भी विस्तार से जानकारी ली जाएगी, जिसके चलते यह सब घटित हुआ। कहा कि कानून अपना कार्य करेगा। जो भी दोषी पाए जाएंगे, पार्टी उन पर सख्त कार्रवाई के पक्ष में है। प्रदेश अध्यक्ष ने शिक्षाकर्मियों से भी संयम बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि बोर्ड परीक्षाओं पर घटना का कोई असर न पड़े। इसके लिए शिक्षकों को संयम दिखाना होगा, क्योंकि यह छात्रों के भविष्य से जुड़ा विषय है।
उधर उधम सिंह नगर जिले में बाघ का आतंक देखने को मिला है। जसपुर में बाघ ने 15 साल के बच्चे का शिकार किया है, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची। पूरा मामला जसपुर क्षेत्र के ग्राम तीर्थ नगर में का है। बताया जा रहा है कि शनिवार 21 फरवरी को अमरीक सिंह उर्फ बब्बू (15) पुत्र छिन्दर सिंह अपने घर के बाहर पशुओं को चारा डाल रहा था। इस दौरान पहले से घात लगाए बैठे बाघ ने अचानक उस पर हमला कर दिया। हमला इतना तेज और अप्रत्याशित था कि किशोर को संभलने का मौका तक नहीं मिला।