Oct 06, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: पाकिस्तान ने अफगानिस्तान बॉर्डर पर किया बड़ा हमला! कई राज्यों में बारिश की दस्तक, IMD ने जारी किया अलर्ट, असम में पुल बहा! अमेरिका और ईरान के बीच इस हफ्ते दोहा में होगी उच्च स्तरीय बैठक! उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, 2 जुलाई तक येलो अलर्ट

Good Morning India: Pakistan launches a major attack on the Afghanistan border! Rain arrives in several states; IMD issues an alert; bridge washed away in Assam! High-level meeting between the US and

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस के स्वर्ण जयंती समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में हिस्सा लेने के बाद भारत लौटेंगे। वहीं सुप्रीम कोर्ट में आज राम मंदिर दान गबन मामले में सुनवाई होनी है।  

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, पाकिस्तानी सेना ने रविवार रात अफगानिस्तान बॉर्डर पर जोरदार हमला किया, जिसमें 29 लड़कों के मारे जाने की खबर है। पाकिस्तानी सेना से जुड़े अधिकारियों के अनुसार पाकिस्तानी सिक्योरिटी फोर्स ने रविवार को पाकिस्तान-अफगानिस्तान बॉर्डर पर एक ग्राउंड ऑपरेशन किया। इस दौरान आतंकवादियों के ठिकानों और सुरक्षित ठिकानों पर "सोचे-समझे हमले" किए गए, जिसमें 29 लड़ाके मारे गए। न्फॉर्मेशन मिनिस्टर अताउल्लाह तरार ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह ऑपरेशन देश भर में हुए कई आतंकवादी हमलों के जवाब में शुरू किया गया था। अफगानिस्तान की तरफ से तुरंत कोई जवाब नहीं आया। पाकिस्तान में हाल के सालों में पुलिस और सिक्योरिटी फोर्स को निशाना बनाकर किए गए आतंकवादी हमलों में बढ़ोतरी देखी गई है। अधिकारियों ने ज्यादातर हिंसा के लिए पाकिस्तानी तालिबान, जिसे तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान, या टीटीपी के नाम से जाना जाता है, और उससे जुड़े आतंकवादी ग्रुप्स को जिम्मेदार ठहराया है। एक दिन पहले ही बंदूकों और विस्फोटकों से लैस आतंकवादियों ने कराची में पैरामिलिट्री रेंजर्स के रीजनल हेडक्वार्टर को निशाना बनाया था, जिसमें तीन सैनिक मारे गए थे। इसके बाद सिक्योरिटी फोर्स ने तीन हमलावरों को मार गिराया और एक और हमलावर को गिरफ्तार किया, जिसकी पहचान सेना ने एक अफगान नागरिक के तौर पर की है।

उधर देशभर के मौसम में अगले 12 घंटों के भीतर बड़ा बदलाव देखने को मिलने वाला है। एक तरफ जहां असम और अरुणाचल प्रदेश जैसे राज्य भारी बारिश के बाद बाढ़ का सामना कर रहे हैं, वहीं दिल्ली और राजस्थान में लोग भीषण गर्मी से बेहाल हैं। इस बीच, मौसम विभाग ने राहत और चेतावनी दोनों जारी करते हुए 15 राज्यों के लिए नया अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और भारी बारिश होने का अनुमान है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, इस बदलाव की मुख्य वजह तेलंगाना और बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने चक्रवाती सिस्टम हैं, जो अभी भी काफी सक्रिय हैं। जिन राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया गया है, उनमें दिल्ली, उत्तर प्रदेश, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़, केरल, तमिलनाडु और असम शामिल है।

इधर अमेरिका और ईरान, दोनों देश एक बार फिर एक दूसरे पर हमले रोकने पर सहमत हो गए हैं। हाल ही में हुए घातक सैन्य हमलों के बाद, अब दोनों पक्षों के वरिष्ठ अधिकारी शांति समझौते को बचाने के लिए मंगलवार को कतर की राजधानी दोहा में उच्च स्तरीय बैठक करेंगे। यह घटनाक्रम वॉशिंगटन और तेहरान द्वारा संघर्ष विराम के अंतरिम समझौते की घोषणा के ठीक 11 दिन बाद आया है। पिछले कुछ दिनों में दोनों देशों के बीच हुए हमलों के कारण इस समझौते के टूटने का खतरा मंडरा रहा था। इस पूरे समझौते में सबसे बड़ा गतिरोध स्ट्रेट ऑफ होर्मुज के मार्ग को लेकर है। शुरुआती सहमति के तहत, ईरान ने इस व्यापारिक जलमार्ग से वाणिज्यिक जहाजों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने का वादा किया था। इसके बदले में अमेरिका ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकेबंदी हटाने पर सहमत हुआ था। पिछले हफ्ते स्विट्जरलैंड में हुई बैठक में अमेरिकी सेना और ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के बीच एक सीधी सैन्य 'हॉटलाइन' बनाने पर सहमति बनी थी, लेकिन यह अब तक शुरू नहीं हो सकी। इस बीच, ईरान ने मांग की कि इस जलमार्ग से गुजरने वाले जहाज सीधे ईरानी अधिकारियों से समन्वय करें, जिसे अमेरिका ने मूल समझौते का उल्लंघन माना। 

उधर अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में रविवार को बड़ा एक्शन हुआ है। पुलिस चंदा चोरी के आरोपी टिन्नू यादव के घर पर तलाशी लेने पहुंची। साथ ही, आरोपी अविनाश शुक्ला और अनुकल्प मिश्रा के घर भी रेड हुई। पुलिस ने चंदा चोरी के 8 आरोपियों के ठिकानों पर चढ़ावा चोरी के मामले में छापेमारी की और सबूत जुटाए। चढ़ावा चोरी मामले में अब तक रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा, मनीष कुमार यादव, करुणेश पांडे, रमा शंकर मिश्रा और सुभाष श्रीवास्तव गिरफ्तार हो चुके हैं। सभी 8 आरोपियों के यहां सफल छापेमारी हुई। टिन्नू के घर से पुलिस ने कुछ ज्वेलरी और कागजात बरामद किए। कुछ कैश और प्रॉपर्टी के कागजात भी बरामद हुए हैं। सभी आरोपियों के परिवार के बयान दर्ज किए गए। रात में पुलिस तय करेगी कि कल आरोपियों की पुलिस रिमांड ली जाए या नहीं। चंदा चोरी के किरदारों की बात करें तो इसमें रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, अनुकल्प मिश्रा, लवकुश मिश्रा और सुभाष चंद्र श्रीवास्तव जैसे कई नाम शामिल हैं। रामशंकर यादव उर्फ टिन्नू, चंपत राय का बेहद करीबी थी। मंदिर की हर व्यवस्था में उसका दखल था। चंदे की गिनती प्रक्रिया की देखरेख टिन्नू के हवाले थी। गणना कक्ष और दान पात्रों की चाबी टिन्नू के पास रहती थी। टिन्नू पहले ऑटो चलाता था और उसके पास करोड़ों की संपत्ति है।

इधर ओडिशा के बालेश्वर जिले में शादी की दावत के दौरान मटन की जगह चिकन परोसने को लेकर ऐसा विवाद हुआ, जिसने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में कैटरिंग का काम कर रहे एक नाबालिग पर चार नाबालिगों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर दिया। हमले में उसकी गर्दन गंभीर रूप से घायल हो गई। पहले उसे फकीर मोहन मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर बाद में कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर अनुगोल स्थित सुधार गृह भेज दिया है। दरअसल, यह घटना 24 जून की रात बालेश्वर जिले के रेमुणा थाना क्षेत्र के अठांतर गांव में हुई थी। हालांकि, यह मामला रविवार को उस समय सामने आया, जब पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लिया। पुलिस के अनुसार, पीड़ित नाबालिग शादी समारोह में कैटरिंग टीम के साथ काम कर रहा था। इसी दौरान 16 से 17 वर्ष की उम्र के चार नाबालिग खाना लेने पहुंचे और उन्होंने मटन करी की मांग की। बताया जा रहा है कि किसी वजह से उन्हें मटन की जगह चिकन परोसा गया। इसी बात से चारों नाबालिग नाराज हो गए और उन्होंने कैटरिंग कर्मी से बहस शुरू कर दी। उस समय मामला शांत हो गया, लेकिन आरोप है कि चारों नाबालिग मन में बदला लेने की नीयत से मौके पर ही रुके रहे। कुछ देर बाद जब पीड़ित नाबालिग शादी समारोह से बाहर निकला, तब चारों आरोपियों ने उसका पीछा किया। उन्होंने पीछे से धारदार हथियार से उसकी गर्दन पर हमला कर दिया। हमले के बाद युवक खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा।

उधर पूर्वोत्तर राज्यों में लगातार हो रही बारिश ने असम और अरुणाचल प्रदेश के कई हिस्सों में जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। कई जगहों पर भूस्खलन की भी खबरें हैं। असम में मूसलाधार बारिश और बाढ़ के कारण 300 मीटल लंबा लोहे का पुल बह गया। वहीं अरुणाचल प्रदेश में लगातार बारिश और बाढ़ के कारण सड़के धंसने के कारण कई हिस्सों में यातायात बाधित हो गया है। असम में भारी बारिश और नदी के किनारे तेज कटाव के कारण धेमाजी जिले में सिमेन नदी पर बना एक रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हो गया। जिसके कारण इस रूट पर ट्रेनों का आवागमन रद कर दिया गया है। खबरों के अनुसार, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि धीमाजी जिले और उसके आसपास के क्षेत्रों में 110 मिमी से अधिक बारिश के कारण आई बाढ़ और कटाव से रेलवे पुल प्रभावित हुआ है, जिसके चलते अर्चिपथर और सिमेन चापारी स्टेशनों के बीच ट्रेनों का संचालन निलंबित कर दिया गया है।

इधर वेनेजुएला के उत्तरी राज्य ला गुआइरा में आए दो शक्तिशाली भूकंपों के चार दिन बाद भी राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। स्थानीय और विदेशी बचाव दल मलबे में दबे लोगों को जीवित निकालने के लिए दिन-रात काम कर रहे हैं। सरकार के मुताबिक, रविवार दोपहर तक 1,450 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि हजारों लोग अब भी लापता हैं। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। सरकार की राहत व्यवस्था को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। कई लोगों का कहना है कि शुरुआती बचाव कार्य आम नागरिकों और स्वयंसेवकों के भरोसे चला, जबकि सरकारी मदद देर से पहुंची। परिवार अपने लापता रिश्तेदारों की तलाश के लिए अलग-अलग ऑनलाइन और स्थानीय डेटाबेस का सहारा ले रहे हैं। राहत एजेंसियों का कहना है कि किसी भी प्राकृतिक आपदा के बाद पहले 48 से 72 घंटे जीवित लोगों को बचाने के लिए सबसे महत्वपूर्ण होते हैं। हालांकि यदि मलबे में फंसे लोगों को पानी या भोजन मिल जाए तो उनके जीवित बचने की संभावना कुछ और दिनों तक बनी रह सकती है।

उधर सोमवार को कच्चे तेल की कीमतों में एक बार फिर तेजी देखने को मिल रही है। अमेरिका और ईरान के बीच हुए ताजा हमलों से सप्लाई को लेकर एक बार फिर जियोपॉलिटिकल चिंताएं बढ़ी हैं। अमेरिका और ईरान के बीच हुए ताजा हमलों के बाद आज कच्चे तेल का भाव एक बार फिर 70 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच गया है। हालांकि, स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में शिपिंग एक्टिविटी धीरे-धीरे बेहतर हो रही है। लेकिन, पर्शियन गल्फ के इलाकों में अभी भी जहाजों की भीड़ बनी हुई है। केडिया एडवाइजरी के डायरेक्टर अजय केडिया ने बताया कि स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर अमेरिका और ईरान के बीच फिर से हुए हमलों के कारण सप्लाई को लेकर चिंताएं बढ़ गई थीं, जिससे कीमतों में 4 महीने के निचले स्तर से थोड़ी रिकवरी हुई है। बताते चलें कि गुरुवार को अमेरिका के साथ उस वक्त तनाव और बढ़ गया जब ईरान ने एक कंटेनर शिप को निशाना बनाते हुए हमला किया था। इसके बाद शुक्रवार को अमेरिका ने जवाबी कार्रवाई की और शनिवार को एक और दौर के हमले हुए, जब ईरान ने कतरी तेल ले जा रहे एक जहाज पर हमला किया।  

इधर भारतीय टीम के लिए T20 कप्तानी का आगाज श्रेयस अय्यर ने जिस अंदाज में किया, वैसा शायद उन्होंने भी नहीं सोचा होगा। आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज में टीम इंडिया को लगातार दो हार का सामना करना पड़ा। इसके साथ ही अय्यर के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज हो गया, जिसे कोई भी कप्तान अपने करियर की शुरुआत में नहीं देखना चाहेगा। जून 2026 में आयरलैंड दौरे पर पहली बार T20I क्रिकेट में भारत की कप्तानी संभालने वाले श्रेयस अय्यर अपनी टीम को एक भी जीत नहीं दिला सके। 26 जून को बेलफास्ट में खेले गए पहले मुकाबले में भारत को 34 रन से हार मिली। इसके बाद 28 जून को दूसरे T20I में आयरलैंड ने रोमांचक मुकाबले में एक रन से जीत दर्ज कर सीरीज 2-0 से अपने नाम कर ली। लगातार दो हार के साथ 31 साल के श्रेयस अय्यर भारत के दूसरे ऐसे कप्तान बन गए हैं, जिन्होंने T20I कप्तानी के अपने शुरुआती दोनों मुकाबले गंवाए हैं। इससे पहले यह अनचाहा रिकॉर्ड सिर्फ ऋषभ पंत के नाम था। पंत ने जून 2022 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ घरेलू T20I सीरीज में कप्तानी की शुरुआत की थी और शुरुआती दोनों मैच हार गए थे।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश में मौसम के मिजाज में बदलाव देखने को मिला है। इस दौरान पहाड़ से लेकर मैदान तक बारिश का दौर शुरू हो गया है। इस बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने 2 जुलाई तक का मौसम का पूर्वानुमान जारी कर दिया है। पूर्वानुमान के अनुसार अगले चार दिन तक उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। हालांकि बादल पहाड़ी जिलों में ही बरसेंगे और दोनों मैदानी जिलों में सिर्फ तेज हवाएं, बादलों की गर्जना और बिजली चमकने की घटनाएं होंगी। मौसम विभाग ने अगले चार दिन तक वेदर का येलो अलर्ट जारी किया है। इस अलर्ट के अनुसार आज सोमवार 29 जून को उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं तीव्र से अति तीव्र बारिश होने का अनुमान है। मंगलवार 30 जून को कहीं-कहीं भारी बारिश होगी। बुधवार 1 जुलाई को भी ऐसा ही मौसम रहेगा। 2 गुरुवार 2 जुलाई को भी पहाड़ी जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश होगी।

इधर दिवंगत अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा की मां 72 वर्षीय श्यामा देवी का दिल्ली के एक अस्पताल में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। 28 जून 1976 को उत्तरकाशी में जसपाल राणा का जन्म हुआ था। ठीक 50 वर्ष बाद उसी दिन उनकी माता ने अंतिम सांस ली, जिससे यह घटना बेहद भावुक और हृदयविदारक बन गई। उनके निधन की सूचना मिलते ही पैतृक क्षेत्र नैनबाग में शोक की लहर छाई रही। पूर्व खेल मंत्री नारायण सिंह राणा के बेटे और टिहरी जिले के चिलामू गांव निवासी अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज जसपाल राणा का 16 दिन पहले आकस्मिक निधन हो गया था। परिवार ने श्यामा देवी की गंभीर स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए उन्हें बेटे के निधन की जानकारी नहीं दी थी। बताया जा रहा है कि बीमारी के दौरान वह अंतिम समय तक अपने बेटे जसपाल को देखने की इच्छा जताती रहीं, लेकिन उन्हें यह पता नहीं चल सका कि उनका बेटा उनसे पहले ही इस दुनिया को अलविदा कह चुका है। श्यामा देवी के निधन पर क्षेत्र के लोगों ने भी गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोक जताया हैं।