Good Morning India: उफ्फ ये महंगाई, पेट्रोल-डीजल के बाद अब CNG के दाम बढ़े! यूपी में बड़ा हादसा, दारोगा व कैदी समेत छह की मौत! अमेरिका ने फिर कर दिया ईरान पर हमला, बिगड़ेंगे हालात! इबोला वायरस को लेकर भारत सरकार अलर्ट

Good Morning India: Oh, the inflation! After petrol and diesel, now CNG prices have risen! Major accident in Uttar Pradesh, six people including a police officer and a prisoner killed! America attack

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज से तीन दिन के सिक्किम दौरे पर हैं। वहीं आज नई दिल्ली में क्वाड की बैठक होगी।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर औरास क्षेत्र में तेज रफ्तार स्लीपर बस चालक को झपकी लगने से अनियंत्रित हो डिवाइडर से टकराकर पलट गई। हादसे में बस में बैठे बिहार प्रांत के एक दारोगा व कैदी समेत छह की मौत हो गई। 32 लोग घायल हो गए। बस दिल्ली से बिहार जा रही थी। दिवंगत हुए दारोगा रामचंद्र एक कैदी छत्रपाल को बिहार के सिवान से लेकर दिल्ली गए थे। बयान कराकर वापस बिहार लौट रहे थे। हादसा सुबह लगभग छह बजे हुआ। अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे। बस के पलटते ही चीख पुकार मच गई। बस के डिवाइडर से टकराने के बाद यात्री खिड़की से उछलकर एक्सेप्रेसवे के नीचे खंती में चले गए। आठ मिनट बाद पहुंचे यूपीडा कर्मियों ने पुलिस को जानकारी दी और राहत बचाव कार्य शुरू किया।

इधर पेट्रोल डीजल के बाद सीएनजी की कीमतों में भी चौथी बार बढ़त्तरी देखने को मिल रही है। आज, 26 मई से CNG की दरें 2 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ा दी गई हैं।  15 मई के बाद यह चौथी बढ़ोतरी है। इस ताजा बदलाव के बाद, राष्ट्रीय राजधानी में CNG की कीमत अब 83.09 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है। पिछली तीन बढ़ोतरी इस प्रकार थीं- 15 मई को 2 रुपये, 18 मई को 1 रुपया, और 23 मई को 1 रुपया और आज यानी 26 मई को 2 रुपये कुल मिलाकर, पिछले 11 दिनों में कीमतों में 6 रुपये की बढ़ोतरी हुई है।

उधर मिडिल ईस्ट में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बरकरार है। एक ओर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के साथ डील के फाइनल दौर में पहुंचने का दावा किया है। ट्रंप ने सोशल मीडिया पर संकेत दिया है कि ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर भी सहमति बन गयी है। तो वहीं, दूसरी ओर अमेरिका ने मंगलवार को सुबह ईरान पर हमले भी किए हैं। अमेरिका ने इस हमले को रक्षात्मक कदम बताया है। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि क्षेत्र में एक बार फिर से तनाव बढ़ने की स्थिति बन सकती है। एपी की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी सेना ने जानकारी दी है कि उसने ईरान में 'आत्मरक्षा' के तहत हमले किए हैं। इनमें मिसाइल लॉन्च साइट पर हमले और बारूदी सुरंगें बिछाने वाली नौकाओं पर हमले शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, ये हमले ईरान के दक्षिणी इलाके में किए गए हैं।

इधर हरियाणा के रोहतक से एक बड़ी खबर सामने आई है। सिरसा डेरा प्रमुख राम रहीम को फिर पैरोल मिल गई है। इस बार उसे 30 दिन की पैरोल मिली है। रोहतक की सुनारिया जेल से 6:30 बजे, पुलिस काफिले के साथ राम रहीम सिरसा डेरे के लिए निकला है। मिली जानकारी के मुताबिक, उसे जेल से 16वीं बार पैरोल या फरलो का लाभ मिला है। जनवरी 2026 में जब वो पैरोल पर जेल से बाहर आया था तो 40 दिन के लिए कैद से मुक्त रहा था। बता दें कि साध्वियों से रेप मामले में वह सजा काट रहा है। उस पर अपनी दो शिष्याओं से रेप के मामले में 2017 में 20 साल की जेल की सजा सुनाई गई थी। बता दें कि राम रहीम, मार्च 2026 में भी चर्चा में आया था। पत्रकार रामचंद्र छत्रपति की हत्या के मामले में पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने राम रहीम को बरी कर दिया था। इस मामले में सिरसा की कोर्ट ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जिसे हाई कोर्ट ने पलट दिया था। 

उधर इबोला वायरस के संक्रमण को लेकर भारत सरकार अलर्ट है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा ने हाई लेवल मीटिंग की है। केंद्र सरकार ने सोमवार को कहा कि देश में अब तक इबोला वायरस के संक्रमण का कोई मामला सामने नहीं आया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे पी नड्डा ने भारत में बीमारी के किसी भी प्रसार को रोकने के लिए तैयारियों और निगरानी के उपायों की समीक्षा की। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ हाई लेवल मीटिंग में नड्डा ने इबोला को लेकर दुनिया भर में चिंता के बीच देश की तैयारी का आकलन किया और निर्देश दिया कि रोकथाम के सभी तरीके पूरी तरह से प्रभावी रहें। बयान में कहा गया है कि मंत्री के निर्देश पर केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव ने तालमेल और तैयारी के उपायों को मजबूत करने के लिए संबंधित विभिन्न मंत्रालयों और एजेंसियों के अधिकारियों के साथ संयुक्त समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। जेपी नड्डा ने अधिकारियों को देश भर में हवाई अड्डों, बंदरगाहों और भूमि सीमा पार करने सहित देश के सभी प्रवेश बिंदुओं पर इबोला स्क्रीनिंग व्यवस्था को पूरी तरह से सतर्क और मजबूत रखने का निर्देश दिया। 

इधर दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने कांग्रेस नेता अलका लांबा को महिला आरक्षण लागू करने की मांग को लेकर हुए प्रदर्शन के दौरान पुलिसकर्मी से धक्का-मुक्की और सरकारी काम में रुकावट डालने के मामले में दोषी ठहराया है। अदालत अब 5 जून को सजा पर सुनवाई करेगी। यह मामला 29 जुलाई 2024 का है, जब जंतर-मंतर पर महिला आरक्षण को लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया था। पुलिस का कहना था कि उस इलाके में धारा 163 बीएनएसएस के तहत रोक लगी हुई थी और संसद की ओर मार्च निकालने की इजाजत नहीं दी गई थी। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी आगे बढ़ने की कोशिश कर रहे थे। अभियोजन पक्ष के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान अलका लांबा ने संसद के घेराव के नारे लगाए, बैरिकेड तोड़ने की कोशिश की गई और सड़क पर बैठकर रास्ता रोका गया। पुलिस ने आरोप लगाया कि इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ धक्का-मुक्की भी हुई। घटना के बाद संसद मार्ग थाने में एफआईआर दर्ज की गई थी। अतिरिक्त मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अश्वनी पंवार ने लांबा को दोषी ठहराया और लांबा की सजा पर दलीलें सुनने के लिए पांच जून की तारीख तय की। 

उधर यूपी के बाराबंकी में सुलतानपुर-लखनऊ हाईवे पर भिखरा गांव के पास तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में कैंची धाम दर्शन के लिए जा रहे चार युवकों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार इनोवा सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार युवक अंदर ही फंस गए। सुलतानपुर-लखनऊ हाईवे पर हैदरगढ़ क्षेत्र के भिखरा गांव स्थित एक ढाबे के सामने सोमवार तड़के करीब 2:50 बजे दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सुलतानपुर से लखनऊ की ओर जा रही तेज रफ्तार इनोवा कार सामने चल रहे ट्रेलर में पीछे से जा टकराई। हादसे की आवाज सुन आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश भीषण गर्मी की चपेट में है। राज्य के मैदानी इलाकों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंचने से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों में भी पारे में अप्रत्याशित बढ़ोतरी ने दुश्वारियां बढ़ा दी हैं। मैदानों में जहां लू के थपेड़े लोगों को झुलसा रहे हैं, वहीं पहाड़ों में भी गर्म हवाओं और चटक धूप ने सामान्य जीवन को प्रभावित कर दिया है। अगले दो दिन प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों में हीट वेव को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को देहरादून समेत आसपास के क्षेत्रों में दिनभर चटख धूप खिली और दोपहर में लू ने बेहाल किया। लगातार दूसरे दिन दून का पारा 40 डिग्री सेल्सियस के पार दर्ज किया गया। इस माह अब तक चार दिन तापमान 40 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा है। अभी अगले कुछ दिन तापमान इसी स्तर रह सकता है।

इधर पौड़ी के देवप्रयाग क्षेत्र में जंगल की भीषण आग ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। बाह बाजार के निकट जंगल में लगी आग धीरे-धीरे रिहायशी इलाकों और केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के रघुनाथ कीर्ति परिसर तक पहुंचने लगी, जिससे पूरे क्षेत्र में अफरातफरी का माहौल बन गया। देर शाम तक आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती रहीं और आसपास के गांवों में दहशत का माहौल बना रहा। काफी मशक्कत के बाद देर रात आग पर काबू पाया जा सका, जिसके बाद परिसर प्रशासन और स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली। 

उधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कल बुधवार को अल्मोड़ा पहुंचेंगे। सीएम के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। सोमवार को जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने कार्यक्रम स्थल उदय शंकर नृत्य अकादमी फलसीमा का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने स्थलीय निरीक्षण करते हुए मौके पर उपस्थित अधिकारियों को विभिन्न कार्य सौंपे। डीएम ने कहा कि मुख्यमंत्री के भ्रमण कार्यक्रम की तैयारियां समय से संपन्न कर ली जाए। सभी अधिकारी आपसी समन्वय से व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करना सुनिश्चित करें। डीएम ने कहा कि उदय शंकर नृत्य अकादमी में एसडीजी अचीवर्स अवॉर्ड वितरण समारोह का आयोजन किया जाना प्रस्तावित है। डीएम ने आगंतुकों के बैठने, अवॉर्ड वितरण करने जैसे विभिन्न कार्यों के लिए अधिकारियों को जिम्मेदारियां सौंपी।