Sep 21, 2026 Login

Good Morning India: हूती-सऊदी तनाव के बीच अमेरिका का बड़ा अलर्ट! AI फोर्स का गठन करेंगे ट्रंप! फर्जी कनेक्शनों पर मोदी सरकार का बड़ा एक्शन, सब्सिडी वाले LPG सिलिंडर के लिए अब आधार सत्यापन जरूरी! दीपिका-रणवीर के घर फिर गूंजी किलकारी! लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: Major US alert amidst Houthi-Saudi tensions! Trump to form an AI force! Modi government cracks down on fake connections; Aadhaar verification now mandatory for subsidized LPG cyli

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन की पार्टी आईटी सेल के साथ बैठक हो सकती है। वहीं आज एशियन गेम्स में भारतीय महिला टीम का सेमीफाइनल मुकाबला बांग्लादेश से होगा। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, घरेलू एलपीजी सिलिंडर पर सब्सिडी का लाभ लेने के लिए एक अक्टूबर से आधार बायोमीट्रिक प्रमाणीकरण पूरा करना जरूरी होगा। सरकार का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सब्सिडी का लाभ केवल पात्र उपभोक्ताओं को मिले और फर्जी या डुप्लीकेट कनेक्शन के जरिए इसका दुरुपयोग न हो। जिन ग्राहकों ने पहले ही आधार बायोमीट्रिक सत्यापन या ई-केवाईसी करा लिया है, उन्हें दोबारा प्रक्रिया पूरी करने की जरूरत नहीं होगी। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ सक्रिय घरेलू एलपीजी ग्राहकों यानी करीब 89.9 प्रतिशत उपभोक्ताओं का आधार बायोमीट्रिक सत्यापन पूरा हो चुका था। सरकार ने पहले इसके लिए 30 जून की समय सीमा तय की थी, जिसे बाद में बढ़ाकर 14 सितंबर किया गया। 

इधर अमेरिकी विदेश विभाग ने मिडिल ईस्ट के लिए एक व्यापक सुरक्षा चेतावनी जारी की है। विभाग ने क्षेत्र में मौजूद अमेरिकी नागरिकों से अधिक सतर्कता बरतने को कहा है। विभाग ने कहा है कि स्थिति तेजी से बिगड़ सकती है, जिसके कारण उड़ानें रद्द हो सकती हैं, हवाई क्षेत्र बंद हो सकते हैं और यात्रा में अन्य तरह की बाधाएं उत्पन्न हो सकती हैं। सोशल मीडिया हैंडल पर अमेरिकी विदेश विभाग के कांसुलर मामलों के ब्यूरो ने लिखा, "मिडिल ईस्ट में वर्तमान में मौजूद अमेरिकियों को अधिक सतर्कता बरतनी चाहिए और संभावित उड़ान रद्द होने, हवाई क्षेत्र बंद होने और यात्रा में व्यवधान के प्रति सचेत रहना चाहिए। ईरान समर्थित हूती समूह सऊदी अरब के खिलाफ, जिसमें नागरिक हवाई अड्डों को भी निशाना बनाना शामिल है, शत्रुतापूर्ण गतिविधियों में शामिल रहा है। इस सैन्य संघर्ष के तेजी से बढ़ने की संभावना है।" पोस्ट में आगे कहा गया है, "मिडिल ईस्ट के बाहर मौजूद अमेरिकियों को इस क्षेत्र से होकर या इस क्षेत्र की यात्रा करने पर गंभीरता से पुनर्विचार करना चाहिए। जो लोग क्षेत्र से आने-जाने की यात्रा करते हैं, उन्हें हवाई अड्डों और एयरलाइनों के संचालन से संबंधित जानकारी पर लगातार नजर रखनी चाहिए। मिडिल ईस्ट के बाहर स्थित अमेरिकी राजनयिक प्रतिष्ठानों को भी निशाना बनाया गया है। ईरान और ईरान समर्थक समूह विदेशों में अन्य अमेरिकी हितों या अमेरिका और अमेरिकियों से जुड़े स्थानों को निशाना बना सकते हैं। इनमें अमेरिकी व्यवसाय और अन्य संस्थान भी शामिल हैं।"

उधर नीम करौली बाबा पर बनी फिल्म 'हनुमान अंश' की सफलता ने पूरी इंडस्ट्री को हैरानी में डाल दिया है। 2 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में 300 करोड़ से ज्यादा की कमाई कर ली है। फिल्म को रिलीज हुए 40 दिन से ज्यादा गुजर गए हैं, लेकिन अब भी इसे दर्शकों से खूब प्यार मिल रहा है। बॉक्स ऑफिस पर अभी भी ये फिल्म ताबड़तोड़ कमाई कर रही है, जबकि इसके सामने कई बिग बजट और बड़े स्टार्स वाली फिल्में हैं। भारत में अब तक फिल्म 248 करोड़ से ज्यादा काकलेक्शन कर चुकी है। इस बीच फिल्म की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर बागेश्वर धाम पहुंचीं, ये दूसरी बार है जब अनुप्रिया बागेश्वर धाम पहुंची हैं। ऐसे में अब बागेश्वर धाम पर फिल्म बनाए जाने की चर्चा जोरों पर है। अनुप्रिया नागर हाल ही में मध्यप्रदेश के छतरपुर स्थित प्राचीन और विश्व प्रसिद्ध बागेश्वर दाम पहुंचीं, जहां उन्होंने मीडिया से बात करते हुए बागेश्वर धाम पर फिल्म बनाने को लेकर बात की। 'हनुमान अंश' की प्रोड्यूसर अनुप्रिया नागर मात्र 21 साल की हैं और इस छोटी सी उम्र में 'हनुमान अंश' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म बनाकर वह हर तरफ चर्चा में हैं। हर कोई उनकी प्रतिभा का कायल हो गया है। अपनी फिल्म रिलीज होने के बाद वह बागेश्वर धाम पहुंची थीं और अब हाल ही में वह दूसरी बार बागेश्वर धाम पहुंचीं, जहां उन्होंने पंडित धीरेंद्र शास्त्री से भी मुलाकात की।

इधर दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के फैंस के लिए खुशखबरी है। बॉलीवुड की इस पसंदीदा जोड़ी के घर दूसरी बार खुशियां दस्तक दे चुकी हैं। शनिवार को अभिनेत्री ने अपनी दूसरी बेटी को जन्म दिया है। इसकी जानकारी दीपिका ने खुद एक पोस्ट साझा करके दी। एक्ट्रेस ने कुछ मिनट पहले ही अपने ऑफिशियल इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसके जरिए उन्होंने फैंस के साथ ये गुड न्यूज शेयर की है। दीपिका-रणवीर ने नजर वाले इमोजी के साथ ज्वॉइंट पोस्ट शेयर किया, जिसमें डेट के साथ अपनी दूसरी बेटी के जन्म का ऐलान किया। रणवीर सिंह  और दीपिका पादुकोण ने पैरों के निशान वाली एक तस्वीर शेयर की है, जिसमें लिखा है- 'वेलकम बेबी गर्लः 19.9.2026। दुआ, दीपिका और रणवीर।' जैसे ही कपल ने ये गुड न्यूज सोशल मीडिया पर शेयर की, इंडस्ट्री के सितारों और फैंस की ओर से बधाईयों का तांता लग गया। सोनू सूद, ताहिका कश्यप, ऋिषभ रिखिराम शर्मा से लेकर नेहा धूपिया सहित इंडस्ट्री के कई सितारों ने रणवीर-दीपिका के पोस्ट पर प्रतक्रिया देते हुए उन्हें दूसरी बेटी के जन्म पर बधाई दी है।

उधर बप्पा का आगमन जितनी खुशियां लेकर आता है, उनकी विदाई का पल उतना ही भावुक कर देने वाला होता है। गणपति उत्सव में श्रद्धालु पूरे जोश और उत्साह के साथ बप्पा का स्वागत करते हैं, लेकिन जैसे ही विदाई का पल आता है, श्रद्धालुओँ की आंखें नम हो जाती हैं। ऐसा ही पल हाल ही में केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान के साथ भी देखने को मिला, जो गणपति विसर्जन के दौरान बप्पा को विदाई देते-देते रोने लगे। यही नहीं, उनके साथ मौजूद टीवी एक्टर विशाल सिंह भी बेहद भावुक हो गए और उनकी भी आंखें बप्पा को विदाई देते वक्त छलक पड़ीं। सोशल मीडिया पर इस भावुक पल का वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें मुंबई में गणपति विसर्जन के दौरान चिराग पासवान और विशाल सिंह को भावुक होते देखा गया। बप्पा की विसर्जन यात्रा में शामिल चिराग पासवान और 'साथ निभाना साथिया' फेम विशाल सिंह सुर्ख गुलाबी रंग के कुर्ते में नजर आए। दोनों लंबे समय तक बप्पा के सामने खड़े रहे और जैसे ही बप्पा की विदाई का समय आया, दोनों के चेहरे भावुकता से भर गए। चिराग पासवान और विशाल सिंह दोनों की ही आंखें बप्पा को विदा करते-करते आंसुओं से भर गईं। इस दौरान अगल-बगल मौजूद लोग उन्हें संभालने की कोशिश करते दिखे।

इधर देश में एक ओर जहां दक्षिण-पश्चिम मानसून वापस लौट रहा है, वहीं दूसरी ओर कई राज्यों में अभी भी बारिश की गतिविधियां जारी हैं। पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी शुरू हो गई है। मौसम विभाग ने बताया कि अगले 3-4 दिनों में राजस्थान के कुछ और हिस्सों और पंजाब, सौराष्ट्र व कच्छ के कुछ हिस्सों से भी मानसून की विदाई के लिए हालात अच्छे हैं। मौसम विभाग (IMD) ने अनुमान लगाया है कि रविवार, 20 सितंबर को भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश, आंधी-तूफान, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने जैसी मानसून गतिविधियां हो सकती हैं। 20 सितंबर को ओडिशा, छत्तीसगढ़, गंगा के मैदानी इलाकों वाले पश्चिम बंगाल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के कई हिस्सों में बहुत भारी बारिश हो सकती है। बिहार, झारखंड और पूर्वी मध्य प्रदेश में काफी हद तक बारिश, आंधी-तूफान और बिजली चमकने की गतिविधियां होने की उम्मीद है। मौसम  विभाग ने बताया कि 20-21 सितंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में कहीं-कहीं भारी बारिश होने की संभावना है। 24-25 सितंबर के दौरान बिहार में तेज हवाएं चलने की संभावना है। इस दौरान 30-40 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर 50 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। अरुणाचल प्रदेश और नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में हल्की बारिश हो सकती है।

उधर इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी बॉम्बे में बीटेक के दूसरे साल के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली। आईआईटी पवई कैंपस में छह महीने में आत्महत्या का यह तीसरा मामला है। इस मामले में उकसाने की एफआईआर दर्ज की गया है। यह संस्थान में संभवतः पहला ऐसा मामला है। पवई पुलिस ने छात्र के माता-पिता की शिकायत पर एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम के प्राविधान भी लगाए हैं। शनिवार देर रात यह मामला क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। 20 वर्षीय साहिल वाकोडे ऊर्जा विज्ञान विभाग के द्वितीय वर्ष के छात्र थे। शुक्रवार को दोपहर 2 से 4 बजे की परीक्षा के दौरान उन्हें मोबाइल फोन के साथ पकड़ा गया। आरोप है कि उन्होंने परीक्षा का प्रश्नपत्र एआई प्लेटफॉर्म पर अपलोड कर जवाब मांगे थे। इसके बाद उन्हें अपने हॉस्टल रूम में मृत पाया गया। एफआईआर में एनर्जी साइंस विभाग के प्रोफेसर सूर्यनारायण डूल्ला का नाम दर्ज है। वे उस परीक्षा के इनविजिलेटर थे और हाल तक संस्थान के डीन ऑफ स्टूडेंट अफेयर्स भी रह चुके हैं। एफआईआर में अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का भी जिक्र है। यह इस साल परिसर में तीसरी आत्महत्या की घटना है।

इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने इंटरने मीडिया पर घोषणा की है कि वह जल्द ही एक नया एआई सलाहकार यानी एआइ जार नियुक्त करेंगे और देश में एक संघीय एआई फोर्स का गठन भी करेंगे। हालांकि, उन्होंने अपनी इन पहलों के क्रियान्वयन या रूपरेखा को लेकर फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी साझा नहीं की है। ट्रंप ने अपने इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म ट्रुथ सोशल पर लिखा कि उनका प्रशासन एआई उद्योग के विकास में किसी भी तरह की बाधा उत्पन्न नहीं करेगा, बल्कि इसके बढ़ने पर पूरी नजर रखेगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि किसी भी तरह की संभावित गड़बड़ी या गलत गतिविधियों से निपटने के लिए मौजूदा आपराधिक और नागरिक न्याय प्रणाली ही पर्याप्त है और इसके लिए अतिरिक्त नियमों की कोई आवश्यकता नहीं है। वाशिंगटन में एआई सुरक्षा विशेषज्ञों के बीच तकनीक के संभावित खतरों को लेकर चिंताएं लगातार बढ़ रही हैं। इसके बावजूद ट्रंप लगातार एआइ को लेकर चिंताओं को खारिज करते आए हैं। जानकारों का मानना है कि अमेरिका और चीन के बीच वैश्विक स्तर पर एआई वर्चस्व की दौड़ तेज हो गई है, जिसे दोनों देश अपनी आर्थिक और सैन्य ताकत के लिए बेहद अहम मानते हैं। यदि ट्रंप अपनी इस योजना को अमलीजामा पहनाते हैं, तो उनके कार्यकाल में यह दूसरा मौका होगा जब किसी एआइ प्रमुख की नियुक्ति की जाएगी। इससे पहले वेंचर कैपिटलिस्ट डेविड सैक्स इस भूमिका को संभाल चुके हैं।

इधर भारत-नेपाल सीमा से सटे बलरामपुर के एक गांव में करीब सात-आठ वर्ष से रह रहे नेपाल मूल के परिवार के सदस्यों के भारतीय दस्तावेज बनवाकर भारतीय नागरिक के रूप में रहने का मामला सामने आया है। इसकी जानकारी अभिसूचना इकाई की नेपाल बार्डर शाखा की रिपोर्ट से हुई है, जिसे पुलिस मुख्यालय भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए यह पता लगाना शुरू कर दिया है कि परिवार के भारतीय दस्तावेज किस आधार पर बने और इन्हें बनवाने में किसकी मदद मिली। रिपोर्ट आने के बाद संबंधित पर जालसाजी का मुकदमा दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। नेपाल बार्डर से महज तीन किलोमीटर दूर स्थित कपिलवस्तु, विजयनगर क्षेत्र के रहने वाले परिवार का मुखिया करीब 15 वर्ष पहले रोजगार के सिलसिले में भारत आया था। करीब सात-आठ वर्ष से वह नेपाल बार्डर से थोड़ी दूरी पर स्थित बलरामपुर के नावडीह क्षेत्र में रह रहा है। इसी दौरान परिवार के सदस्यों ने आधार, पैन और वोटर कार्ड बनवा लिया।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, बहुचर्चित निठारी कांड में सुप्रीम कोर्ट से बरी सुरेंद्र कोली का शव खोखे के अंदर संदिग्ध हालात में फंदे पर लटका मिलने के बाद शनिवार को चिकित्सकों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। इसके बाद शव सुरेंद्र के बेटे, तीन भाई और परिचित पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत को सौंप दिया। परिजनों ने हरिद्वार में ही खड़खड़ी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया। अब सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर है। शुक्रवार को सुरेंद्र कोली का शव सप्तसरोवर मार्ग स्थित वैष्णो देवी मंदिर के समीप चाय के खोखे के अंदर मिला था। गले में रस्सी कसी हुई थी और आधा हिस्सा रस्सी का पंखे से लटका था। पुलिस ने प्रथमदृष्टया इसे आत्महत्या मानते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। बैग से मिले आधार कार्ड से सुरेंद्र कोली की पहचान होने के बाद मामला चर्चाओं में आ गया था। शनिवार की सुबह सुरेंद्र के 20 वर्षीय पुत्र शिवम, भाई चंदन, हरीश, आनंद और पूर्व जिला पंचायत सदस्य नारायण सिंह रावत शव लेने के लिए जिला अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। उन्होंने शव मिलने के बाद शाम को खड़खड़ी श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया।

इधर नीट यूजी 2026 की उत्तराखंड राज्य केंद्रीकृत काउंसलिंग के दौरान फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर प्रवेश लिए जाने की शिकायत पर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सख्त रुख अपनाया है। सीएम के निर्देश पर इस तरह के प्रकरण में शामिल सभी 8 अभ्यर्थियों के प्रमाणपत्र निरस्त किए जा चुके हैं। साथ ही, मुख्यमंत्री ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए, सभी तरह की आरक्षित श्रेणी का लाभ लेने वाले प्रमाणपत्रों की जांच करने का निर्णय लिया है। इन प्रमाण पत्रों की जांच/सत्यापन के बाद फर्जी प्रमाण पत्र पाये जाने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए हैं। 

उधर रामनगर में सिद्धपीठ श्री बालाजी मंदिर के सामने दो दिन पूर्व युवक पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। गोपाल सिंह अधिकारी उर्फ गोपू पर हमला कर उनकी कार क्षतिग्रस्त करने वाला आरोपी घटना के बाद से फरार चल रहा था। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में दबिश दे रही थी। इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी रामनगर कोसी बैराज पुल के पास नहा रहा है। सूचना मिलते ही कोतवाल सुशील कुमार खुद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घेराबंदी करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। वहीं हमले में घायल गोपाल सिंह अधिकारी के सिर पर गंभीर चोटें आई थीं। उनके सिर पर 40 से ज्यादा टांके लगाए गए हैं। घायल का उपचार अभी भी निजी अस्पताल में जारी है। 

इधर पिथौरागढ़ से दिल को झकझोर देना वाली खबर सामने आई है। एक मां अपने 14 साल के बेटे की मौत का सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई। बेटे की मौत के कुछ ही देर बाद ही मां ने भी आत्महत्या कर ली। मामला पिथौरागढ़ जिले के मड़े गांव का है। जानकारी के अनुसार आज शनिवार 19 सितंबर सुबह 14 साल का जतिन घर से दौड़ लगाने के लिए निकला था, लेकिन तभी अचानक से उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन जतिन को तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 14 साल के इकलौते बेटे के मौत की खबर का सदमा मां पूनम जोशी उर्फ पुष्पा सहन नहीं कर पाई। कुछ देर बाद ही मां पूनम की भी खौफनाक कदम उठाया। मां और बेटे की मौत के बाद गांव शोक में डूब गया।