Good Morning India: एशियन गेम्स- भारत ने पाकिस्तान को 3-0 से धोया, शूटिंग में मिला सिल्वर! पाक ने अफगानिस्तान पर की एयरस्ट्राइक! केरल में भारी बारिश का कहर! लगातार 5 दिन ठप रह सकता है बैंकिंग कामकाज, SBI ने जारी की एडवाइजरी
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज दिल्ली एसआईआर पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई होगी। वहीं भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर रहेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, केरल में तेज बारिश के चलते कई इलाकों में भूस्खलन, मलबा गिरने और अचानक आई बाढ़ की घटनाएं सामने आई हैं। इन घटनाओं में पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो लोगों के लापता होने की सूचना है। बिगड़ते हालात को देखते हुए मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने स्थिति की हर घंटे समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। मलप्पुरम जिले के नीलांबुर-अमराम्बलम क्षेत्र में कोट्टापुझा नदी में अचानक आई बाढ़ में पांच लोग बह गए। पुलिस के मुताबिक, वंडूर से आए लोगों का समूह नदी में नहाने के लिए उतरा था। इसी दौरान अचानक जलस्तर बढ़ गया और सभी बह गए। एक व्यक्ति को स्थानीय निवासी ने बचा लिया, जबकि अग्निशमन एवं बचाव दल ने दो लोगों के शव बरामद किए। दो अन्य लोग अभी लापता हैं।
इधर एशियन गेम्स 2026 के पहले दिन भारत ने दो सिल्वर मेडल जीते थे। वहीं अब मेन्स 10 मीटर एयर राइफल टीम स्पर्धा में ये सिल्वर मेडल मिला है। रुद्रांक्ष पाटिल, हिमांशु ढिल्लों और पार्थ राकेश माने की तिकड़ी ने कुल 1890.1 अंक हासिल किए। चीन ने 1899 अंकों के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इससे पहले सोनम मस्कर, इलावेलिन वलारिवन और विदर्सा विनोद की तिकड़ी ने विमेंस 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में भारत को रजत पदक दिलाया। फिर इलावेलिन वलारिवन ने विमेंस 10 मीटर एयर राइफल इंडिविजुअल इवेंट में भी सिल्वर पर निशाना साधा। भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने भी बांग्लादेश को 114 रनों से हराकर फाइनल का टिकट हासिल किया। अब विमेंस क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में भारत की टक्कर श्रीलंका से 22 सितंबर को होगी। हॉकी, टेबल टेनिस में भी भारत का प्रदर्शन सराहनीय रहा। मिक्स्ड मार्शल आर्ट्स में सुचिका तारियाल ने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया। तैराकी, वुशू और टेकबॉल में भारतीय खिलाड़ियों ने निराश किया।
उधर पाकिस्तानी एयरफोर्स ने एक बार फिर अफगानिस्तान में एयर स्ट्राइक की है। पाकिस्तान की ओर से पूर्वी अफगानिस्तान के कुनार प्रांत में सोमवार तड़के हवाई हमले किए गए। सोमवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे कम ऊंचाई पर उड़ रहे पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों ने कुनार के नुरगल जिले के पटंग इलाके में बमबारी की। फिलहाल यह साफ नहीं है कि हमलों से कितना नुकसान हुआ है या कितने लोग हताहत हुए हैं। इन हमलों ने पाक-अफगान बॉर्डर पर भी तनाव बढ़ा दिया है। सोमवार सुबह अफगान तालिबान और पाकिस्तानी सेना के बीच डूरंड लाइन पर भारी गोलीबारी होने की बात सामने आई है। गोलीबारी अफगानिस्तान के पक्तिया प्रांत के आर्यूब जाजी जिले और पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा के कुर्रम जिले से सटे बॉर्डर पर हुई है। बताया गया है कि पाकिस्तान के हवाई हमलों के बाद तालिबान लड़ाकों ने सीमा पर पाकिस्तानी चौकियों को निशाना बनाया है।
इधर राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का काम चल रहा है। एसआईआर प्रक्रिया के तहत दिल्ली में कई वीवीआईपी राजनीतिक हस्तियों को नोटिस जारी किया गया है। इसमें पूर्व उप प्रधानमंत्री लालकृष्ण आडवाणी, विदेश मंत्री एस. जयशंकर, पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का नाम शामिल है। साथ ही निर्वाचन आयुक्त डॉक्टर एस.एस. संधू समेत विभिन्न हस्तियों को मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत दी गई जानकारी में 'विसंगति' के कारण नोटिस जारी किए गए हैं। दिल्ली में एसआईआर के तहत 97 लाख से अधिक मतदाताओं की मसौदा सूची प्रकाशित होने के बाद गणना फॉर्म में दी गई जानकारी में "गड़बड़ियों" को लेकर 33.13 लाख नोटिस जारी किए जा रहे हैं। अधिकांश नोटिस 2002 में हुए पिछले एसआईआर के विवरण से मेल न खाने के कारण जारी किए गए हैं।
उधर मध्य प्रदेश के बागेश्वर धाम के प्रमुख और चर्चित महंत धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने रविवार को बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा है कि वह भारत को हिंदू राष्ट्र बनाने के लिए नवरात्रि में 11 तारीख से 5 दिन के लिए रथ यात्रा निकालेंगे। सामने आई जानकारी के अनुसार, बाबा बागेश्वर की ये रथ यात्रा 5 दिन में 500 किलोमीटर तक चलेगी। ये यात्रा 5 जिलों पन्ना, छतरपुर, सागर, दमोह और टीकमगढ़ से निकलेगी। बता दें कि बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र शास्त्री उर्फ बागेश्वर बाबा लगातार भारत तो हिंदू राष्ट्र घोषित करने की वकालत करते रहते हैं। अब वह इसके लिए 5 दिनों में 500 किलोमीटर की रथ यात्रा निकालने जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, इस रथ यात्रा में सैकड़ो साधु-संत शामिल होंगे। ये यात्रा 11 अक्टूबर से शुरू होगी और 5 दिन तक चलेगी।
इधर इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने एलान किया कि वो अपनी सरकार के सामने एक प्रस्ताव पेश करेंगी। इस प्रस्ताव में स्कूलों में हर क्लास में विदेशी छात्रों की संख्या सीमित करने और वहां बुर्का और नकाब पर रोक लगाने की बात होगी। मेलोनी ने रोम में अपनी पार्टी 'ब्रदर्स ऑफ़ इटली' के युवा संगठन की ओर से आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ये एलान किया है। नियमों के तहत विदेशी छात्रों के उन पेरेंट्स को इटैलियन भाषा की क्लास करनी होगी जिनके बच्चों को स्कूल व्यवस्था में घुलने-मिलने में दिक्कत है। कानून बनने के लिए सरकार की मंजूरी के बाद संसद से 60 दिनों के भीतर संसद से मंज़ूरी लेनी होगी। अभी फ्रांस और चीन समेत दुनिया के 24 देशों में बुर्का और नकाब पर बैन है। प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी ने 2027 के चुनाव से पहले अपनी लोकप्रियता बढ़ाने के लिए ये सबसे बड़ा ऐलान किया है। मेलोनी ने ये ऐलान जेन-जी के बीच किया और जमकर तालियां बटोरीं। रोम में अपनी पार्टी ब्रदर्स ऑफ इटली के यूथ प्रोग्राम में मेलोनी ने स्कूलों के अंदर चेहरा ढकने वाले बुर्का और नकाब पर रोक लगाने के प्रस्ताव का ऐलान किया। साथ ही ये भी ऐलान कर दिया कि इटली में आने वाले छात्रों को इटली की भाषा को कल्चर का सम्मान करना होगा।
उधर महाराष्ट्र के शिक्षाविद अशोक विखे पाटिल की बेटी नीला विखे पाटिल स्वीडन की सांसद चुनी गई हैं। 41 वर्षीय ग्रीन पार्टी की नेता नीला 13 सितंबर को हुए राष्ट्रीय चुनाव में स्टॉकहोम शहर निर्वाचन क्षेत्र से सांसद चुनी गईं। स्वीडन की 349 सदस्यीय संसद (रिकस्डाग) में उन्होंने तब प्रवेश किया, जब देश के वामपंथी विपक्षी दल ने मामूली बहुमत से 176 सीटें जीतकर जीत हासिल की। चुनाव जीतने के बाद नीला विखे ने कहा, "349 सदस्यीय संसद का हिस्सा बनकर अच्छा लग रहा है। मैं शहर और देश के विकास में योगदान देने के लिए उत्सुक हूं। मैं उन लोगों की आवाज बनना चाहती हूं, जो वोट नहीं दे सकते। मैं एक ऐसे समाज के निर्माण में योगदान देना चाहती हूं जहां हर बच्चे को बेहतर भविष्य का अवसर मिले। हमें स्वच्छ जल, जीवंत प्रकृति और मानव निर्मित प्राकृतिक आपदाओं को कम से कम करने वाला एक रहने योग्य ग्रह चाहिए।" दरअसल, स्वीडन में जन्मी नीला विखे पाटिल ने अपने जीवन के शुरुआती साल महाराष्ट्र के अहमदनगर में बिताए। वह एशिया की पहली सहकारी चीनी फैक्ट्री के संस्थापक विठ्ठलराव विखे पाटिल की परपोती और दिवंगत केंद्रीय मंत्री बालासाहेब विखे पाटिल की पोती हैं। नीला विखे महाराष्ट्र भाजपा के नेता और मंत्री राधाकृष्ण विखे पाटिल की भतीजी हैं।
इधर 28 से 30 सितंबर तक प्रस्तावित तीन दिवसीय देशव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए भारतीय स्टेट बैंक (SBI) ने अपने करोड़ों ग्राहकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की है। बैंक ने आगाह किया है कि जिन कामों के लिए बैंक शाखा जाना या कर्मचारियों की सीधी मदद अनिवार्य है, उन्हें हड़ताल शुरू होने से पहले ही पूरा कर लिया जाए। सोशल मीडिया पर पोस्ट कर SBI ने ग्राहकों से अनुरोध किया है कि वे हड़ताल की अवधि के दौरान किसी भी असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक रास्तों का सहारा लें। नकदी की जरूरतों को पूरा करने के लिए निकटतम ATM, ADWMs (ऑटोमेटेड डिपॉजिट एंड विड्रॉल मशीन) और ग्राहक सेवा केंद्रों (CSP) का उपयोग करें। रोजमर्रा के लेनदेन, बिल भुगतान और पैसे ट्रांसफर करने के लिए SBI YONO ऐप, इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग और UPI जैसे डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल करें।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, रुद्रप्रयाग के तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम गणेश मंदिर के पास एक महिला के गहरी खाई में गिरने की सूचना है। सूचना मिलते ही डीडीआरएफ और आपदा मित्र की टीम को मौके के लिए रवाना किया गया। सर्च टीमों ने रात भर महिला की खोजबीन की मगर महिला का सुराख नहीं मिल पाया। रात अधिक होने के कारण अभियान रात में रोकना पड़ा। सोमवार सुबह से फिर से खोजबीन शुरू हो गई है। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया कि तुंगनाथ ट्रेक पर रविवार देर शाम गणेश मंदिर के पास महिला के खाई में गिरने की सूचना मिली थी।
इधर राजधानी देहरादून में एमबीबीएस पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्रेणी के फर्जी प्रमाण-पत्र का प्रयोग कर आरक्षण कोटा का लाभ प्राप्त करने के मामले में एसआईटी ने जांच का दायरा आगे बढ़ा दिया है। रविवार को एसआईटी की दो टीमें मेडिकल कॉलेज श्रीनगर (पौड़ी गढ़वाल) व मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी पहुंची। छुट्टी के दिन भी एसआईटी ने दोनों मेडिकल कालेजों के कार्यालय खुलवाए और छात्राओं की ओर से दाखिल के लिए लगाए दस्तावेज अपने कब्जे में लिए। जांच में अब तक सामने आया है कि आरोपितों ने बहुत ही शातिर ढंग से फर्जी प्रमाणपत्रों के जरिए एमबीबीएस में दाखिला लिया। छात्राओं की ओर से दस्तावेजों में अपने पते अलग-अलग दिए हैं। किसी प्रमाणपत्र में पता रिश्तेदार तो कहीं किराए के रूप में दिया हुआ है। ऐसे में एसआईटी यह पता नहीं कर पा रही है कि छात्राओं का मूल निवास कहां का है। सभी दस्तावेज खंगालने के बाद ही एसआईटी किसी नतीजे तक पहुंच पाएगी।