Good Morning India: यूपी में सनकी पति ने की पत्नी, बेटे और दो पुजारियों की हत्या, एनकाउंटर में मारा गया कातिल! AI की दुनिया में नया मॉडल लांच, एंथ्रोपिक ने उतारा शक्तिशाली ‘क्लाड ओपस 5.5’! KBC लॉटरी के नाम पर उत्तराखंड के शख्स से 1.5 करोड़ की ठगी
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने कैबिनेट के साथ चिंतन बैठक करेंगे। वहीं, संयुक्त राष्ट्र महासभा में कई अहम राष्ट्राध्यक्षों के संबोधन होने हैं।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, यूपी के आजमगढ़ से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में एक शख्स ने अपनी पत्नी और घर पर पूजा करवाने आए 2 पंडितों की हत्या कर दी थी। इस मामले में पुलिस ने बड़ा एक्शन लेते हुए आरोपी अरविंद सिंह को एनकाउंटर में ढेर कर दिया है। वहीं आरोपी अरविंद सिंह के बेटे की भी मौत हुई है क्योंकि आरोपी ने अपने बेटे को भी गोली मार दी थी। पुलिस बेटे को लेकर हॉस्पिटल गई थी लेकिन वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। एसएसपी डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि पुलिस के मौके पर पहुंचने पर आरोपी ने अपने बच्चों को एक कमरे में बंद कर लिया। पुलिस ने उसे सरेंडर करने और बच्चों को सुरक्षित छोड़ने के लिए मनाने की कोशिश की, यहां तक कि बातचीत के दौरान उसके परिवार वालों की भी मदद ली। लेकिन आरोपी ने पुलिस और अपने परिवार को गोली मारने और बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। इसी बीच उसने अपने ही बेटे को गोली मार दी। जानकारी के मुताबिक, यूपी के आजमगढ़ में अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में एक घर में पूजा रखी गई थी, जिसे करवाने के लिए 2 पंडित घर पर पहुंचे थे। घर का सदस्य अरविंद सिंह नहीं चाहता था कि ये पूजा हो। दरअसल अरविंद के भाई गुड्डू सिंह की करीब 2 साल पहले गोली मारकर हत्या कर दी गई थी और इसीलिए परिवार ने गुड्डू की आत्मा की शांति के लिए घर में पूजा रखवाई थी। अरविंद इस मामले में घर में पूजा रखवाने का विरोधी था और उसने परिजनों से पूजा करवाने से मना किया था। इसके बावजूद परिजनों ने पूजा रखवाई। इसी बात से अरविंद आगबबूला हो गया था और उसने पत्नी बबिता सिंह और दोनों पंडितों (महेंद्र पाठक और अखिलेश मिश्रा) की गोली मारकर हत्या कर दी थी।
इधर एशियन गेम्स 2026 के शुरुआती तीन दिन पूरे हो चुके हैं और अब तक भारत का प्रदर्शन काफी अच्छा रहा है। इन तीन दिनों में भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए देश के लिए कुल 7 मेडल हासिल किए हैं। इनमें 1 गोल्ड, 4 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल हैं। भारत ने एकमात्र गोल्ड अब तक वुमेंस क्रिकेट टूर्नामेंट में जीता है। वहां फाइनल में भारतीय महिला टीम ने श्रीलंका ने 147 रनों से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम किया था। अगर पदकों की कुल संख्या के हिसाब से देखा जाए, तो भारत अभी सभी देशों की रैंकिंग में 8वें नंबर पर मौजूद है। एशियन गेम्स जैसे बड़े खेल मुकाबले में दुनिया भर के कई मजबूत देश हिस्सा लेते हैं, ऐसे में टॉप 10 में अपनी जगह बनाए रखना भारत के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। अब टूर्नामेंट के चौथे दिन से हर किसी को उम्मीद है कि भारतीय एथलीट कुछ और खेलों में जीत दर्ज करेंगे और देश की झोली में नए मेडल डालकर इस रैंकिंग को और ऊपर ले जाएंगे।
उधर रानी मुखर्जी की मां और पूर्व प्लेबैक सिंगर कृष्णा मुखर्जी का 75 साल की उम्र में निधन हो गया। परिवार की ओर से मंगलवार को एक बयान जारी करते हुए कृष्णा मुखर्जी के निधन की पुष्टि की गई। कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर मिलते ही शाहरुख खान, गौरी खान से लेकर करण जौहर समेत फिल्म इंडस्ट्री की कई जानी-मानी हस्तियां शोक व्यक्त करने के लिए अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। आदित्य चोपड़ा के प्रोडक्शन बैनर, यश राज फिल्म्स ने कृष्णा मुखर्जी के निधन की पुष्टि की है और साथ ही दुख की इस घड़ी में प्राइवेसी बनाए रखने का अनुरोध किया है। इस बीच श्मशान घाट से तस्वीरें और वीडियो ऑनलाइन सामने आए हैं, जिनमें फिल्म इंडस्ट्री की हस्तियों को श्रद्धांजलि देने के लिए आते हुए देखा जा सकता है। शाहरुख खान और गौरी खान, रानी मुखर्जी के साथ काफी अच्छी दोस्ती साझा करते हैं, ऐसे में इस मुश्किल घड़ी में शाहरुख और गौरी रानी के साथ खड़े रहे। स्टार कपल कृष्णा मुखर्जी को श्रद्धांजलि देने वालों में शामिल थे। करण जौहर ने भी परिवार से मुलाकात की और अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। आलिया भट्ट भी कृष्णा मुखर्जी को अंतिम विदाई देने पहुंचीं। मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट में कृष्णा मुखर्जी का अंतिम संस्कार हुआ, जहां पर अन्य मशहूर हस्तियां और इंडस्ट्री के साथी भी पहुंचते हुए देखे गए।
इधर वंदे मातरम् को लेकर दायर याचिका पर सुनवाई हुई। सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट से नोटिस नहीं जारी करने की मांग की और कहा कि यह सनसेशन को बढ़ावा देने वाला होगा। जस्टिस बागची ने कहा कि इसमें कोई संदेह नहीं कि यह हमारा राष्ट्रीय गीत है। एसजी ने कहा कि दो पद गाए जाएं या छह पद गाए जाएं। यह सरकार से इतर कौन तय करेगा, कोई और तो नहीं कर सकता। याचिकाकर्ता के वकील ने कहा कि लोगों की राय ली जानी चाहिए थी। जस्टिस बागची ने कहा कि यह सही बात है। सुप्रीम कोर्ट ने सरकार से दो सप्ताह में जवाब तलब किया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वंदे मातरम् नहीं गाने पर किसी तरह की कानूनी या आपराधिक सजा देने के प्रावधान की जांच जरूरी है। कोर्ट ने केंद्र सरकार से 2 हफ्ते में जवाब मांगा है। यह मामला वंदे मातरम् को राष्ट्रगान के समान कानूनी सुरक्षा देने के लिए किए गए संशोधन को चुनौती देने वाली याचिका से जुड़ा है। याचिकाकर्ताओं की ओर से पेश डॉ. एस. मुरलीधर ने कहा कि करीब 80 साल बाद पहली बार इसे लोगों पर थोपा जा रहा है और नहीं गाने पर सजा का प्रावधान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसे लागू करने से पहले देश के लोगों के बीच सहमति बननी चाहिए। जस्टिस जॉयमाला बागची ने कहा कि सजा से जुड़े प्रावधान की जांच की जरूरत है। वहीं, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा कि धर्मनिरपेक्षता इतनी संकीर्ण नहीं हो सकती। कोर्ट ने केंद्र को याचिका की कॉपी देने को कहा है और दो हफ्ते में जवाब मांगा है।
उधर मौसम विभाग के अनुसार आज देश के 20 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बंगाल की खाड़ी के ऊपर बने लो प्रेशर एरिया की वजह से पूर्वी और मध्य भारत के कई हिस्सों में भारी बारिश की संभावना है, जबकि उत्तर भारत से मानसून की विदाई शुरू हो गई है। पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आज मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि 25 से 27 सितंबर के बीच आंधी-तूफान के साथ बारिश हो सकती है। ओडिशा के कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी है। 23 और 24 सितंबर को कोरापुट, गजपति और गंजाम में अत्यधिक भारी बारिश हो सकती है। कालाहांडी, नबरंगपुर और मलकानगिरी जिलों में भी 24-25 सितंबर तक रेड अलर्ट लागू है। ओडिशा के कई जिलों में स्कूल बंद करने की सलाह जारी की गई है।
इधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र के मंच से ईरान को बर्बाद करने की चेतावनी दी है। कहा, ईरान ने अमेरिका के साथ शांति समझौता नहीं किया तो उसका बहुत बुरा हश्र होगा। उन्होंने साफ किया कि अमेरिका ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु बम नहीं बनाने देगा। इससे पूरे विश्व को खतरा है। ट्रंप ने ये बातें मंगलवार को संयुक्त राष्ट्र महासभा के अधिवेशन को संबोधित करते हुए कही हैं। इस दौरान उन्होंने एक बार फिर ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत की सैन्य कार्रवाई समेत दुनिया के आठ युद्ध रुकवाने का दावा करते हुए अपनी पीठ ठोंकी। उन्होंने क्यूबा पर सैन्य कार्रवाई का संकेत देते हुए कहा कि उसकी आजादी भी दूर नहीं है। करीब सात महीने से ईरान के साथ युद्ध में फंसे ट्रंप अब उसके साथ शांति समझौता चाहते हैं जिससे तीन नवंबर को अमेरिका में होने वाले मध्यावधि चुनाव के नतीजे उनके पक्ष में आ सकें। लेकिन उन्होंने चुनाव बाद भी समझौता होने का विकल्प खुला रखा है।
उधर एंथ्रोपिक ने मंगलवार को नया आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) मॉडल क्लाड ओपस 5.5 लांच किया। कंपनी का दावा है कि यह माडल उसके फेबल 5.1 जैसा ही है, जबकि इसे चलाने का खर्च पिछले मॉडल के मुकाबले 40 प्रतिशत कम है। क्लाड ओपस 5.5 को ऐसे समय में लांच किया गया है जब एआइ से जुड़े जोखिमों पर बहस तेज हो रही है। एंथ्रोपिक ने कहा कि लांच से पहले ओपस 5.5 की टेस्टिंग स्वतंत्र एआइ सुरक्षा रिसर्च ग्रुप्स - फ्रंटियर डिजाइन और एमईटीआर ने की थी। एंथ्रोपिक के अनुसार, ओपस 5.5 ने सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट बेंचमार्क पर अपने प्रतिद्वंद्वी ओपनएआई के जीटी-5.6 सोल से बेहतर प्रदर्शन किया। ओपस 5.5 की कीमत प्रति मिलियन इनपुट टोकन के लिए चार डॉलर और प्रति मिलियन आउटपुट टोकन के लिए 20 डॉलर है, जो ओपस 5 से 20 प्रतिशत कम है। प्रति मिलियन इनपुट टोकन का मतलब होता है—हर 10 लाख शब्दों के हिस्सों (टोकन) पर लगने वाली लागत।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, मोबाइल फोन के अत्याधिक इस्तेमाल और अधिक स्क्रीन टाइम के नुकसान बताने के लिए आयोजित जागरूकता कार्यक्रम में बच्चों के बीच अचानक दहशत फैल गई। बच्चों के चीखने, चिल्लाने और रोने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद खंड शिक्षा अधिकारी ने विद्यालय को नोटिस जारी किया है। मामला खटीमा के बिरिया मझोला स्थित एक निजी विद्यालय का है। जानकारी के मुताबिक, विद्यालय में बच्चों को मोबाइल फोन के अत्याधिक इस्तेमाल और अधिक स्क्रीन टाइम से होने वाले नुकसान के प्रति जागरूक करने के लिए कार्यक्रम आयोजित किया गया था। कार्यक्रम के दौरान बच्चों की आंखों पर पट्टियां बांधी गई थीं और उनके चारों ओर लाल रंग का पदार्थ लगाया गया था। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम के दौरान एक बच्चे ने अपने सहपाठियों से कहा कि उसने मोबाइल फोन का अत्याधिक इस्तेमाल किया था, जिसके कारण डॉक्टरों ने उसकी दोनों आंखें निकाल दी थीं। यह सुनकर कई बच्चे भयभीत हो गए और रोने-चिल्लाने लगे। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।
इधर फेसबुक पर चल रहे कौन बनेगा करोड़पति ऑनलाइन गेम में 8.5 लाख रुपये जीतने का झांसा देकर रुद्रप्रयाग के एक व्यक्ति से साइबर ठगों ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित को इनामी रकम और कार दिलाने के नाम पर अलग-अलग टैक्स और शुल्क जमा कराने के लिए कहा गया। रकम जुटाने के लिए पीड़ित ने लोगों से उधार तक लिया। मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन देहरादून में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस को रुद्रप्रयाग के अगस्त्यमुनि थाना क्षेत्र के ग्राम किणझाणी निवासी कमल सिंह (54) ने शिकायत दी है। उन्होंने बताया कि 14 जनवरी 2026 से वह फेसबुक पर चल रहे कौन बनेगा करोड़पति ऑनलाइन गेम में चेहरा पहचानो गेम खेलने लगे थे। इसमें हर सही जवाब पर 8.5 लाख रुपये इनाम देने का दावा किया गया था। कमल के अनुसार, पहली बार में ही उन्हें 8.5 लाख रुपये जीतने की बात कही गई, लेकिन उनके साथ ठगी हो गई।
उधर यूपी के सहारनपुर के पंजाब नेशनल बैंक की करेंसी चेस्ट से जुड़े 17.29 करोड़ रुपये के नकली नोटों के मामले में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। एनआईए ने मंगलवार को उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के भगवानपुर क्षेत्र निवासी नीतू पुत्र सरफराज को गिरफ्तार किया है। एनआईए के मुताबिक, नीतू मामले के मुख्य आरोपी आदेश चौधरी और अन्य आरोपियों का करीबी सहयोगी है। उसकी गिरफ्तारी के बाद मामले में अब तक पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एनआईए अब यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी मात्रा में नकली करेंसी बैंक की करेंसी चेस्ट तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन-कौन लोग सक्रिय थे। जांच का दायरा बैंक कर्मचारियों से लेकर करेंसी की आवाजाही और आरोपियों के आपसी संपर्कों तक फैल चुका है। दरअसल नकली करेंसी का मामला 29 अगस्त को सामने आया था। सदर बाजार थाना पुलिस को पीएनबी की करेंसी चेस्ट से 7.29 करोड़ रुपये के नकली नोट मिलने की सूचना मिली थी। जांच आगे बढ़ने पर मामले में नकली नोटों की कुल रकम 17.29 करोड़ रुपये तक पहुंच गई। शुरुआती जांच में पीएनबी के तीन कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आई थी, जिसके बाद बैंक ने उन्हें निलंबित कर दिया।