Sep 16, 2026 Login

Good Morning India: रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर लगेगा 100% टैरिफ, अमेरिकी संसद में अंतिम वोटिंग की तैयारी! बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट मामले में सख्ती, Meta इंडिया के MD-हेड तलब! उत्तराखण्ड समेत 18 राज्यों में मूसलाधार बारिश का अलर्ट

Good Morning India: 100% tariff to be imposed on countries buying oil from Russia; US Congress gears up for final vote! Crackdown on child sexual abuse content; Meta India MD summoned! Torrential rai

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जेडीयू के सभी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद के नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में यूसीसी को लेकर चर्चा हो सकती है। 

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी सरकार, भारत पर 100 फीसदी टैरिफ लगाने की तैयारी कर रही है। इस बारे में अमेरिकी प्रतिनिधि सभा में कल यानी गुरुवार को एक विधेयक पेश किया जाना है, जिसमें रूस से तेल खरीदने की वजह से भारत पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रावधान है। बता दें कि अमेरिकी संसद में रूस पर प्रतिबंध लगाने वाले संशोधित विधेयक को पेश किया जाना है, जिसमें भारत-चीन समेत कई देशों के नाम को जोड़ा जा रहा है। इस संशोधित विधेयक पर अमेरिकी संसद में गुरुवार को वोटिंग होगी। इस विधेयक के जरिए रूस से कच्चा तेल खरीदने वाले देशों पर अमेरिका 100 फीसदी टैरिफ लगाने वाला है। अमेरिका का मानना है कि रूस के कच्चे तेल का कारोबार यूक्रेन के खिलाफ चल रहे युद्ध को आर्थिक मदद दे रहा है। विधेयक में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को रूस के प्रमुख तेल खरीदार देशों पर 100 प्रतिशत टैरिफ लगाने का अधिकार देने का प्रस्ताव है। इनमें चीन और भारत जैसे देश शामिल हैं। 

इधर देश के 21 राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड यानी UCC लागू करने के अमित शाह के बयान के बाद सियासी घमासान शुरू हो चुका है। AIMIM चीफ असदउद्दीन ओवैसी ने इसे गैर हिंदुओ पर हिंदुओं के कानून थोपने की कोशिश करार दिया है। भोपाल में अपनी पार्टी की रैली में ओवैसी ने सरकार को चुनौती की दी कि वो देश के आदिवासियों को UCC के तहत लाकर दिखाए। ओवैसी ने कहा कि सरकार हमेशा मुसलमानों को टारगेट करती है। वहीं, बिहार में भी UCC को लेकर सुगबगाहट है। खबर है कि बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आज जेडीयू के सभी सांसदों, विधायकों और विधान परिषद के नेताओं की बैठक बुलाई है। इस बैठक में यूसीसी को लेकर चर्चा हो सकती है। यूपी और बिहार में UCC बड़ा मुद्दा होगा लेकिन बीजेपी शासित दूसरे राज्यों में UCC को लागू करने में कोई ज्यादा दिक्कत नहीं दिख रही हैं। उत्तराखंड में साल 2025 से UCC लागू हो चुका है। गोवा में पहले से ही यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू है। गुजरात, असम और मध्य प्रदेश की विधानसभाओं में ये बिल पास हो चुका है। महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और छत्तीसगढ़ में काम एडवांस स्टेज पर है। वहीं, अब बंगाल में भी UCC बिल को लाने की तैयारी है। सीएम शुभेंदु अधिकारी विधानसभा में इसका ऐलान कर चुके हैं। वहीं, महाराष्ट्र की सरकार को भी कमेटी की रिपोर्ट का इंतजार है।

उधर टीम इंडिया के स्टार क्रिकेटर रिंकू सिंह और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं। दोनों की शादी इसी साल 4 दिसंबर को लखनऊ के रमाडा होटल में होगी। इससे पहले 8 जून 2025 को लखनऊ के सेंट्रम होटल में दोनों की सगाई हुई थी। अब शादी की तारीख और जगह तय होने के बाद दोनों ही परिवारों में जश्न का माहौल है और शादी की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो चुकी हैं। रिंकू की कप्तानी में मेरठ मेवरिक्स की टीम UPT20 लीग 2026 की चैंपियन बनी थी। पहले दोनों की शादी जून 2026 में तय हुई थी, लेकिन रिंकू के पिता खानचंद सिंह का कैंसर से निधन हो जाने के कारण इसे टालना पड़ा। उनके पिता की अंतिम इच्छा अपने बेटे की शादी देखने की थी, पर अफसोस कि शादी से पहले ही वे इस दुनिया को अलविदा कह गए। पिता के जाने के बाद दोनों परिवारों की सहमति से शादी आगे बढ़ा दी गई और अब यह दिसंबर में तय हुई है। हालांकि अभी मेहमानों की सूची तो सामने नहीं आई है, पर दोनों ही तरफ से शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर चल रही हैं।

इधर बच्चों के यौन शोषण और दुर्व्यवहार से जुड़े मटीरियल (CSEAM) वाले विज्ञापनों के मामले में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (NCPCR) ने Meta India के MD और हेड को एक बार फिर समन भेजा है। आयोग ने मामले की औपचारिक जांच शुरू करने के बाद यह कार्रवाई की है। मामले में सुनवाई 16 सितंबर (बुधवार) को तय की गई है। दरअसल, NCPCR ने 3 जुलाई 2026 को Meta को CSEAM से जुड़े विज्ञापनों के मामले में नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा था। Meta की ओर से करीब एक सप्ताह बाद आयोग को जवाब सौंपा गया। जवाब मिलने के बाद NCPCR ने मामले की वास्तविकता का पता लगाने और तथ्यों की जांच के लिए औपचारिक जांच शुरू करने का फैसला किया। इसी जांच के सिलसिले में आयोग ने Meta India के MD और हेड को दोबारा समन भेजकर सुनवाई के लिए तलब किया है। NCPCR इस दौरान मामले से जुड़े तथ्यों और Meta की ओर से उठाए गए कदमों की जानकारी लेगा। CSEAM मामले में NCPCR की लगातार कार्रवाई के बीच Meta ने बच्चों के यौन शोषण से जुड़े मामलों की रिपोर्टिंग की अपनी नीति में बदलाव किया है। अब Meta की ओर से ऐसे मामलों की रिपोर्ट भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) को किए जाने की बात सामने आई है।

उधर US स्पेस फोर्स ने बताया कि अमेरिका ने अंतरिक्ष में हथियार तैनात कर रखे हैं। इस तरह ऑर्बिट में हथियारों की मौजूदगी की पुष्टि पहली बार की गई है। US एयर फोर्स के सेक्रेटरी ट्रॉय मींक ने चीन और रूस को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिकी फोर्स को दुश्मन ताकतों से बचाने के लिए 'ऑन-ऑर्बिट' हथियार जरूरी थे। CNN के अनुसार, मींक ने मैरीलैंड के नेशनल हार्बर में सालाना एयर, स्पेस और साइबर कॉन्फ्रेंस में ये बातें कहीं, लेकिन हथियारों के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी। जब उनसे और जानकारी देने के लिए कहा गया, तो उन्होंने अतिरिक्त विवरण देने से इनकार कर दिया। अमेरिकी स्पेस फोर्स के एक प्रवक्ता ने बयान में कहा, "अमेरिका के पास ऑर्बिट में ऐसे स्पेस कंट्रोल हथियार हैं जो दुश्मन की आक्रामक कार्रवाई से जॉइंट फोर्स की रक्षा कर सकते हैं।" हालांकि, बयान में इन हथियारों के बारे में कोई खास जानकारी नहीं दी गई। बयान में कहा गया, "स्पेस कंट्रोल में वे मिशन शामिल हैं जो स्पेस डोमेन में चुनौती देने और उस पर नियंत्रण रखने के लिए जरूरी हैं। इसमें दुश्मन की क्षमताओं को प्रभावित करने के लिए काइनेटिक और नॉन-काइनेटिक तरीकों का इस्तेमाल किया जाता है।" साथ ही यह भी कहा गया कि "इन क्षमताओं का इस्तेमाल हमले और बचाव, दोनों मकसदों के लिए किया जा सकता है।"

इधर भारत सरकार ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बच्चों की सुरक्षा को लेकर सख्त रुख अपनाया है। इसी कड़ी में टेक कंपनी मेटा 'Meta' ने बाल यौन शोषण और बच्चों की सुरक्षा से जुड़े अन्य मामलों की जानकारी संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को देने पर सहमति जताई है। सरकार का कहना है कि भारत में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के लिए बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा एक बुनियादी शर्त है और इस मामले में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बता दें कि बच्चों के आपत्तिजनक ऐड को लेकर मेटा ने पहले सफाई जारी की थी। खबरों के मुताबिक मेटा की ओर से बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों को कानून लागू करने वाली एजेंसियों तक पहुंचाने का फैसला इस दिशा में पहला कदम है। हालांकि, सरकार ने साफ किया है कि बच्चों के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के लिए अभी और कदम उठाने की जरूरत है। सरकारी सूत्रों ने कहा, 'मेटा ने बच्चों की सुरक्षा से जुड़े मामलों की जानकारी संबंधित कानून प्रवर्तन एजेंसियों को देने पर सहमति जताई है। यह प्लेटफॉर्म को बच्चों के लिए सुरक्षित बनाने की दिशा में पहला कदम है, लेकिन अभी बहुत कुछ किया जाना बाकी है।' सरकार ने सोशल मीडिया कंपनियों को स्पष्ट संदेश दिया है कि बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा भारत में काम करने के लिए जरूरी शर्त है। सरकारी सूत्रों के मुताबिक, 'भारत में किसी भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के संचालन के लिए बच्चों की ऑनलाइन सुरक्षा एक बुनियादी सिद्धांत है और इस पर कोई समझौता नहीं किया जा रही सकता।' सरकार का कहना है कि सोशल मीडिया कंपनियों को बच्चों के लिए खतरनाक और हानिकारक सामग्री की पहचान करने और उसे हटाने के लिए सक्रिय कदम उठाने होंगे। अगर कोई प्लेटफॉर्म ऐसा करने में विफल रहता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।

उधर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 18 राज्यों के लोगों को लिए डराने वाली चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक अगले करीब 6 घंटे में 18 राज्यों के अंदर मूसलाधार बारिश की चेतावनी है। इस दौरान 75 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। लोगों से इस बीच सावधान रहने के लिए कहा गया है। मौसम विभाग ने जिन 18 राज्यों के लिए चेतावनी जारी की है, उनमें दिल्ली, यूपी, बिहार, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, उत्तराखंड, पंजाब, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, ओडिशा, गुजरात और महाराष्ट्र शामिल हैं। यहां 75 की स्पीड से हवा चल सकती है। 

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उधम सिंह नगर के कुंडा क्षेत्र में हुए हरदीप सिंह हत्याकांड में पुलिस ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। हत्या के पीछे रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद सामने आया है। मुख्य आरोपी संदीप सिंह उर्फ सोना पर हरदीप को गोली मारने का आरोप है। जबकि, उसकी पत्नी पर हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने के षडयंत्र में शामिल होने का आरोप है। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में इस्तेमाल लाइसेंसी पिस्टल, खोखा कारतूस और कार बरामद की है। एसएसपी अजय गणपति के मुताबिक, बीती 13 सितंबर को रजविंदर कौर पत्नी सुखदेव सिंह निवासी गुलजारपुर (काशीपुर) ने पुलिस को एक सूचना दी थी। जिसमें उन्होंने बताया था कि उनके बेटे हरदीप सिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। सूचना के मुताबिक, संदीप सिंह ने अपनी पत्नी और माता के सामने हरदीप सिंह को गोली मारी थी। घटना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल जांच शुरू की और आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान संदीप सिंह उर्फ सोना पुत्र सुरजीत सिंह (उम्र 40 वर्ष) निवासी गौरा फार्म, कोतवाली कुंडा और उसकी पत्नी (उम्र 35 वर्ष) के रूप में की है। पुलिस ने संदीप सिंह को मामले का मुख्य आरोपी बताया है। जांच के दौरान ये भी सामने आया कि हत्या के बाद साक्ष्य छिपाने और नष्ट करने के कथित षडयंत्र में संदीप की पत्नी की भूमिका रही। अब पुलिस इस पहलू को भी विवेचना में शामिल कर आगे की कार्रवाई कर रही है। 

इधर मोरी विकासखंड की फतेहपर्वत पट्टी में खन्यासणी-पुजेली मोटर मार्ग पर एक बोलेरो कैंपर वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक व्यक्ति की मौत तो 11 लोग घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों ने तत्काल राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मोरी पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, हड़वाड़ी गांव के ग्रामीण मंगलवार को खन्यासणी में आयोजित जागड़ा मेले में शामिल होने गए थे। शाम को मेले से वापस लौटते समय खन्यासणी और पुजेली गांव के बीच बोलेरो कैंपर वाहन संख्या UK 07 C 5821 अचानक अनियंत्रित हो गया। जिससे वाहन सड़क से नीचे करीब 200 मीटर खाई में जा गिरा।