Good Morning India: राजधानी दिल्ली में फिर हैवानियत, किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म! अब गूगल भी सरकार को देगा बाल शोषण मामलों का ब्योरा! सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, UAPA में भी आरोपी को लिखित में बताने होंगे गिरफ्तारी के कारण
नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम ‘गुड मॉर्निंग इंडिया’ लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। आज पहली बार दिल्ली के बाहर राष्ट्रीय खेल पुरस्कारों का आयोजन होगा। वहीं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स प्रमुखों के राष्ट्रीय सम्मेलन का उद्घाटन करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, राजधानी दिल्ली से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां कालकाजी थाना इलाके में सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया है। सोमवार रात कालकाजी मंदिर के पास एक 17 वर्षीय किशोरी के साथ यह घटना हुई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद पकड़ लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है, जबकि अन्य आरोपियों का पता लगाने के प्रयास जारी हैं। मुठभेड़ में घायल आरोपी का नाम आसिफ है। पुलिस के मुताबिक, किशोरी अपने नाबालिग मित्र के साथ शाम को कालकाजी मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थी। दर्शन के बाद दोनों मंदिर से बाहर निकले और टहलते हुए पीछे जंगल वाले इलाके में चले गए। शाम करीब 7.30 बजे 25 से 30 वर्ष की उम्र के तीन लोग वहां पहुंचे। तीनों ने पहले किशोरी और उसके मित्र को धमकाया। इसके बाद उनमें से एक व्यक्ति ने नाबालिग किशोर को पकड़ लिया। फिर तीनों आरोपियों ने बारी-बारी से किशोरी के साथ दुष्कर्म किया। घटना की सूचना मिलते ही जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।
इधर बिहार के जमुई में नाबालिग लड़की से बदसलूकी मामले में एक्शन हुआ है। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ POCSO एक्ट के तहत केस दर्ज किया है तो वहीं इस मामले में तीन नाबालिग लड़कों को हिरासत में लिया है, बाकी आरोपियों की तलाश जारी है। मामले की जांच के लिए SIT का गठन किया गया है। लेकिन इस मामले में अब भी मुख्य आरोपी सहित चार फरार हैं। जमुई पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती जमुई के हैवानों को सजा दिलाने की है तो मामले के साठ घंटे से अधिक बीतने के बाद भी मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना सवाल खड़े कर रहा है। बिहार के जमुई में दो नाबालिग बच्चों के साथ कुछ लोगों ने सड़क पर सरेआम बदसलूकी की, लड़की के साथ अभद्रता की, उसके कपड़े फाड़ दिए। कुछ लोग लड़की को उठाकर ले गए और उसके साथ बदसलूकी की। ये वारदात 19 सितंबर की शाम की है जब एक लड़का और उसकी दोस्त कोचिंग क्लास के बाद सड़क के किनारे रुक कर फोटो खींचने लगे। उसी वक्त कुछ गुंडे वहां आए और लड़की के साथ बदलसूकी शुरू कर दी। लड़की इन हैवानों से खुद को बचाने के लिए मिन्नतें करती रही लेकिन हैवानों को तरस नहीं आया। गुंडों ने दोनों नाबालिगों के साथ बदसलूकी का वीडियो भी बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
उधर UNGA के 81वें सत्र के दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने वैश्विक व्यवस्था में बढ़ते तनाव और भू-राजनीतिक प्रतिस्पर्धा के बीच बहुपक्षवाद को मजबूत करने की जोरदार वकालत की है। ‘पार्टनर्स फॉर मल्टीलैटरलिज्म’ समिट में जयशंकर ने कहा कि दुनिया के सामने शांति, सुरक्षा, जलवायु, आतंकवाद, नई तकनीक और वैश्विक सप्लाई चेन जैसी बड़ी चुनौतियां हैं, जिनका समाधान देशों के मिलकर काम करने से ही संभव है। उन्होंने UN समेत अंतरराष्ट्रीय संस्थाओं में ज्यादा भागीदारी और पारदर्शी निर्णय प्रक्रिया के साथ ‘रिफॉर्म्ड मल्टीलैटरलिज्म’ की जरूरत पर भी जोर दिया। जयशंकर ने कहा कि दुनिया इस समय बड़े संरचनात्मक बदलाव के दौर से गुजर रही है। उन्होंने कहा, पिछले कुछ दशकों में वैश्विक शक्ति संतुलन में धीरे-धीरे बदलाव हो रहा था, जिसे लंबे समय से अपेक्षित बदलाव माना जाता था। लेकिन अब अत्यधिक प्रतिस्पर्धा, भू-राजनीतिक तनाव और वास्तविक संघर्षों ने इस बदलाव को और गंभीर रूप दे दिया है। अगर इन परिस्थितियों पर नियंत्रण नहीं किया गया तो अंतरराष्ट्रीय सहयोग की भावना पर सवाल खड़े हो सकते हैं। इसलिए मौजूदा समय में बहुपक्षवाद को मजबूती से अपनी भूमिका निभानी होगी।
इधर एशियन गेम्स के तीसरे दिन भारत पहला गोल्ड मेडल जीतने की कोशिश करेगा। उम्मीद है कि पहला गोल्ड क्रिकेट या शूटिंग (10 मीटर एयर राइफल मिक्स्ड टीम) से आ सकता है। खेल जैसे-जैसे आगे बढ़ रहे हैं, बाकी मुकाबलों में भी एक्शन तेज हो गया है। भारत इस वक्त मेडल टैली में 12वें नंबर पर है। दूसरे दिन हिमांशु ढिल्लों, रुद्राक्ष पाटिल और पार्थ माने ने मिलकर 10 मीटर एयर राइफल टीम इवेंट में सिल्वर मेडल जीता। इसके बाद ढिल्लों और पाटिल ने अपने व्यक्तिगत मैचों में भी मेडल जीते। वहीं MMA फाइटर सुचिका तरियाल ने ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया। अब भारत के पास कुल 6 मेडल हो चुके हैं और देखना होगा कि आज इस गिनती में कितने और मेडल जुड़ते हैं।
उधर अमेरिका के योसेमिट नेशनल पार्क में जंगल की आग बुझाने के अभियान के दौरान एक फायरफाइटिंग हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार दोनों पायलटों की मौत हो गई। अधिकारियों के मुताबिक, दुर्घटना रविवार दोपहर उस समय हुई, जब हेलीकॉप्टर आग पर पानी गिराने के अभियान में जुटा था। हेलीकॉप्टर में पायलटों के अलावा कोई और व्यक्ति सवार नहीं था। दोनों पायलट कॉन्ट्रैक्ट विमान कंपनी 'प्रिसीजन' के लिए काम करते थे। हादसे में मारे गए पायलटों में से एक की पहचान ग्रेग किंग के रूप में हुई है। वह पहले अलास्का डिविजन ऑफ फॉरेस्ट्री एंड फायर प्रोटेक्शन के साथ काम कर चुके थे और अलास्का में जंगल की आग बुझाने के कई अभियानों में हिस्सा ले चुके थे। बाद में वह 'प्रिसीजन' से जुड़ गए। अलास्का की एजेंसी के प्रवक्ता एमरी जॉनसन ने बताया कि किंग के करीबी रिश्तेदार अभी भी एजेंसी में काम करते हैं। परिवार की इजाजत मिलने के बाद ही उनका नाम सार्वजनिक किया गया। दूसरे पायलट की पहचान फिलहाल सार्वजनिक नहीं की गई है।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने एक महत्वपूर्ण फैसले में कहा है कि संविधान के तहत नागरिकों को दिए गए मौलिक अधिकारों की व्याख्या सीमित तरीके से नहीं की जा सकती। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी व्यक्ति की व्यक्तिगत स्वतंत्रता का उल्लंघन केवल संविधान द्वारा स्थापित कानूनी प्रक्रिया के अनुसार ही संभव है, भले ही उस व्यक्ति पर गंभीर अपराध या असामाजिक गतिविधियों के आरोप क्यों न हों। जस्टिस उज्ज्वल भुयान और जस्टिस अतुल एस. चंदुरकर की पीठ ने संविधान के अनुच्छेद 22 को स्पष्ट करते हुए यह व्यवस्था दी। अनुच्छेद 22 कुछ मामलों में गिरफ्तारी और हिरासत से सुरक्षा प्रदान करता है। अदालत ने कहा कि किसी भी जांच एजेंसी के लिए यह अनिवार्य है कि वह गिरफ्तारी के समय आरोपी को लिखित रूप में गिरफ्तारी के आधार बताए। इसके अलावा, ये आधार उस भाषा में दिए जाने चाहिए जिसे आरोपी आसानी से समझ सके। शीर्ष अदालत ने साफ किया कि यह नियम सभी मामलों में समान रूप से लागू होता है। इसमें धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) और गैर-कानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) जैसे कड़े विशेष कानून भी शामिल हैं, चाहे अपराध की प्रकृति और गंभीरता कितनी भी अधिक क्यों न हो।
उधर गूगल ने सोमवार को जानकारी दी कि बच्चों के यौन शोषण से जुड़े कंटेंट की सीधी जानकारी भारतीय अधिकारियों को दी जाएगी। भारत सरकार ने साफ तौर पर इस बारे में गूगल समेत कई सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म से जानकारी मांगी थी। गूगल का भारत को ये जानकारी देना पुराने ग्लोबल तरीके से अलग है, जिसके तहत ऐसी रिपोर्ट पहले अमेरिका की एक नॉन-प्रॉफिट संस्था को भेजी जाती थीं। गूगल से पहले मेटा (META) ने भी पिछले हफ्ते बच्चों के यौन शोषण से जुड़े मामले में भारत को रिपोर्ट देने के बारे में कहा था। यह फैसला भारत सरकार के Google और Microsoft जैसी बड़ी टेक कंपनियों पर दबाव डालने के बाद आया है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स को सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, भारत सरकार ने हाल के हफ्तों में टेक कंपनियों से कहा था कि भारत से जुड़े बच्चों के शोषण वाले कंटेंट की रिपोर्ट सीधे करें, क्योंकि मौजूदा सिस्टम में रिपोर्ट में काफी देरी होती है।
इधर IIT बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे द्वारा आत्महत्या करने के बाद IIT प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया है। अब IIT प्रशासन ने हॉस्टल के सभी कमरों से सीलिंग फैन हटाकर वॉल माउंटेड फैन लगाने का निर्णय लिया है। नए वॉल माउंटेड फैन्स, हॉस्टल के कमरों में लगाने की शुरुआत हो चुकी है। बता दें कि साहिल वाकोडे ने हॉस्टल नंबर 4 में सीलिंग फैन से लटककर आत्महत्या की थी। इस मामले की पूरे देश में चर्चा हो रही है और आईआईटी बॉम्बे ने इस मामले में छात्रों की मांगों को मानते हुए सख्त एक्शन भी लिया है। इसी मामले में एक दूसरी खबर ये भी सामने आई है कि साहिल वाकोडे की मौत की जांच में अब CCTV फुटेज अहम कड़ी बनकर सामने आया है। साहिल की गतिविधियां CCTV में रिकॉर्ड हुई हैं। IIT बॉम्बे छात्र साहिल वाकोडे की मौत की जांच में अब CCTV फुटेज अहम कड़ी बनकर सामने आया है। क्राइम ब्रांच की टीम एग्जाम हॉल से लेकर हॉस्टल तक के CCTV फुटेज को खंगाल रही है।
उधर अल्लू अर्जुन अपनी फिल्मों के जरिए साउथ सिनेमा के दर्शकों या भारतीय दर्शकों के बीच ही नहीं, दुनियाभर के दर्शकों के बीच एक खास मुकाम बना चुके हैं। अब दुनियाभर में अल्लू अर्जुन की फैन फॉलोइंग है। 'पुष्पा' और 'पुष्पा 2' जैसी फिल्मों से दर्शकों का मनोरंजन करने वाले अल्लू अर्जुन अब 'राका' में नजर आएंगे, जिसमें उनके साथ दीपिका पादुकोण मुख्य भूमिका में दिखाई देंगी। अल्लू अर्जुन की अपकमिंग फिल्म 'राका' को लेकर दर्शक खासे उत्साहित हैं। इस बीच ये फिल्म एक अलग वजह से चर्चा में आ गई है। रिलीज से पहले ही 'राका' ने इतिहास रच दिया है। अभी 'राका' की रिलीज को करीब 1 साल का समय है और इस फिल्म का नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज हो गया है। सन पिक्चर्स के बैनर तले बन रही 'राका' में अल्लू अर्जुन लीड रोल में नजर आएंगी और एटली कुमार इसका निर्देशन कर रहे हैं। सन पिक्चर्स ने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर अल्लू अर्जुन और एटली कुमार की एक तस्वीर शेयर करते हुए दर्शकों के साथ एक बड़ी खुशखबरी शेयर की है। सन पिक्चर्स ने अल्लू अर्जुन और एटली की तस्वीर शेयर करते हुए बताया कि रिलीज से पहले ही 'राका' ने एक साथ 37 कलाकारों के साथ मोशन कैप्चर टेक्नीक का इस्तेमाल करके अपना नाम गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज करा लिया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार नगर कोतवाली क्षेत्र में सर्वानंद घाट और दूधियाबंद बस्ती के पास हुई बिजनौर के गोपाल कुमार की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस और सीआईयू की टीम ने पति-पत्नी को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि अवैध संबंध के बाद महिला पर गोपाल पति और बच्चों को छोड़कर अपने साथ चलने का दबाव बना रहा था। विरोध करने पर अश्लील वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दे रहा था। परेशान होकर महिला ने पति को पूरी बात बताई, जिसके बाद पति ने पत्नी और अपने भाई के साथ हत्या की साजिश रची। पुलिस ने दोनों को जेल भेज दिया। फरार आरोपियों की तलाश में टीमें जुटी हैं। सोमवार को पुलिस कार्यालय सभागार में एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने प्रेस वार्ता कर हत्याकांड का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि 17 सितंबर की सुबह कोतवाली नगर क्षेत्र में दूधियाबंद बस्ती के पास जंगल में एक अज्ञात पुरुष का शव मिला था। शव के पास बिजनौर जाने वाली बस का टिकट मिला था, लेकिन पहचान से संबंधित कोई दस्तावेज नहीं था।
इधर निठारी कांड में सुप्रीम कोर्ट से बरी सुरेंद्र कोली उर्फ सदाराम की मौत के मामले में पोस्टमार्टम के बाद तीन दिन की जांच कर अब मंगलवार को रिपोर्ट पुलिस को सौंपी जाएगी। डॉक्टरों की अभी तक की जांच में आत्महत्या के ही तथ्य मिलने की बात सामने आई है। 18 सितंबर को सप्तसरोवर मार्ग स्थित वैष्णो देवी मंदिर के सामने चाय के खोखे में सुरेंद्र कोली संदिग्ध परिस्थितियों में मृत मिले थे। प्रथमदृष्टया आत्महत्या की बात मानकर पुलिस ने जांच शुरू कर दी थी। साथ ही वीडियोग्राफी के बीच पैनल से हुए पोस्टमार्टम के बाद रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, सोमवार को वरिष्ठ डॉक्टरों और विशेषज्ञों ने पोस्टमार्टम के दौरान हुई वीडियोग्राफी का अध्ययन किया। साथ ही गले पर रस्सी के निशान और नाक से खून आने सहित कई बिंदुओं पर मंथन किया गया।
उधर पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के लंबे समय बाद दिल्ली से उत्तराखंड लौटने को लेकर सियासत गरमा गई है। देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हरीश रावत का जोरदार स्वागत और रोड शो निकाला। इस पर कांग्रेस और भाजपा दोनों की तरफ से प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। भाजपा ने हरीश रावत पर तीखा हमला बोला है तो वहीं कांग्रेस नेता सपोर्ट में उतर रहे हैं। प्रदेश कांग्रेस महासचिव नीरज त्यागी ने कहा कि हरीश रावत पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं, जो लंबे समय से अस्वस्थ चल रहे थे। लोगों के बीच उनके प्रति संवेदना और स्नेह का परिणाम है कि करीब दो महीने बाद प्रदेश लौटने पर कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन में केंद्रीय नेतृत्व की ओर से अलग-अलग नेताओं को जो जिम्मेदारियां दी गई हैं, सभी नेता अपने-अपने दायित्वों का ईमानदारी और मजबूती से निर्वहन कर रहे हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं।