Good Morning India: यूपी पुलिस का बड़ा एक्शन, सूर्या मर्डर केस का मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर! दिल्ली में 5 मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के फंसे होने की आशंका! उत्तराखण्ड समेत 20 राज्यों में आंधी-तूफान के साथ भारी बारिश की चेतावनी
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्र के साथ मन की बात करेंगे। वहीं आज आईपीएल में गुजरात और बंगलूरू के बीच फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाएगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, दिल्ली के साकेत क्षेत्र में एक इमारत ढह जाने से बड़ा हादसा हो गया है। इस घटना में फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स और नीट-पीजी की तैयारी कर रहे कई युवा डॉक्टर प्रभावित हुए हैं। फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट्स के प्रेसिडेंट डॉ. जसवंत ने बताया कि अब तक 9 से 10 लोगों को बचाया जा चुका है। इधर इस हादसे में 2 लोगों के मरने की खबर है, जबकि कई लोग फंसे हुए हैं। फंसे हुए पीड़ित के एक रिश्तेदार ने कहा कि पुलिस यहां है, हम अपने परिवार के सदस्यों के बारे में पूछ रहे हैं? कोई जवाब नहीं मिल रहा। स्थानीय लोगों ने पुलिस से बेहतर तरीके से स्थिति को संभाला। उन्होंने तीन लोगों को बचाया, लेकिन पुलिस ने सिर्फ दो लोगों को बचाया। मेरे सवालों का जवाब किसी के पास नहीं है। अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का क्या मतलब है? अगर नेता आते हैं, तभी वे कुछ करते हैं। इस इमारत का निर्माण जोखिम भरे माहौल में हो रहा था, और हमने शिकायत भी की थी।
इधर यूपी में गाजियाबाद के खोड़ा में सूर्या मर्डर केस में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। मुख्य आरोपी असद एनकाउंटर में ढेर हो गया है। पुलिस ने असद पर 50 हजार रुपये का इनाम रखा था। पुलिस से भागते वक्त जवाबी कार्रवाई में असद मारा गया। इस बीच, बेटे के हत्यारे असद के पुलिस मुठभेड़ में मारे जाने पर सूर्या की मां सरोज का रिएक्शन आया है। सरोज ने कहा कि सभी 7 आरोपियों का एनकाउंटर होना चाहिए। सभी के घर पर बुलडोजर चलना चाहिए। सूर्या की मां सरोज कहती हैं, 'मैंने एनकाउंटर के बारे में सुना है, लेकिन मैं असद की तस्वीर देखना चाहती हूं। फोटो देखने के बाद ही मुझे तसल्ली होगी। बाकी आरोपियों का भी इसी तरह एनकाउंटर होना चाहिए। फिर इमोशनल होते हुए सूर्या की मां ने आगे कहा, '7 लोगों ने मेरे बेटे को पकड़कर मारा है। किसी ने उसके हाथ पकड़े थे तो किसी ने उसके पैर, इन सभी का एनकाउंटर होना चाहिए। इन सभी के घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए।' पुलिस के मुताबिक, बीती रात असद अपने दोस्त के पास पैसे लेने पहुंचा था। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने उसे घेर लिया। सरेंडर करने को कहने पर उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। फिर, जवाबी कार्रवाई में असद को गोली लगी और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
उधर अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बेटी टिफनी ट्रंप अपने पति माइकल बोलुस के साथ भारत के निजी दौरे पर हैं। उनके राजस्थान दौरे को लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। जानकारी के अनुसार, टिफनी ट्रंप आज चार्टर्ड विमान से जैसलमेर पहुंचेंगी। उनके जैसलमेर में दो दिन रुकने का कार्यक्रम है। इस दौरान वे विश्व प्रसिद्ध पर्यटन नगरी जैसलमेर के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक स्थलों का दौरा कर सकती हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके रुकने की व्यवस्था जैसलमेर के प्रसिद्ध लग्जरी होटल सूर्यागढ़ में किया गया है। टिफनी ट्रंप का यह दौरा पूरी तरह निजी बताया जा रहा है, लेकिन अमेरिकी राष्ट्रपति परिवार से जुड़े होने के कारण सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। स्थानीय प्रशासन, पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां उनके आगमन को लेकर लगातार समन्वय बनाए हुए हैं।
इधर यूपी के बुलंदशहर में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया है। यहां दिनदहाड़े कोर्ट परिसर में ही नोटों की बारिश देखने को मिली। जानकारी के मुताबिक कोर्ट परिसर में बैनामा कराने के लिए स्टांप खरीदने गए एक वकील के हाथ से बंदर ने नोटों से भरा बैग छीन लिया। इसके बाद बंदर ने पेड़ पर चढ़कर नोटों को नीचे फेंकना शुरू कर दिया। इस दौरान कोर्ट परिसर में लोगों को नोट बीनते हुए भी देखा गया। हालांकि बाद में नोट इकट्ठा कर लिया गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। दरअसल मामला बुलंदशहर के कोर्ट परिसर का है। यहां शनिवार की दोपहर को एडवोकेट रविंद्र कुमार, अपने साथी आमिर खान और सोहन पाल के साथ दो लाख रुपए से भरे बैग को लेकर कचहरी परिसर में बैनामा कराने के लिए स्टांप खरीदने पहुंचे थे। वकील साहब कचहरी में पहुंचे ही थे कि तभी अचानक बैग पर एक बंदर की निगाह पड़ गई। देखते ही देखते बंदर ने वकील साहब से बैग छीना और बैग को लेकर पेड़ पर चढ़ गया। बैग को लेकर पेड़ पर चढ़ता देख वकील साहब के होश उड़ गए, तो वहीं बंदर ने भी बैग खोलने में देर नहीं की।
उधर भारतीय क्रिकेट को एक और बड़ा सितारा मिल गया है। महज 15 साल की उम्र में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से दुनिया भर का ध्यान खींचने वाले वैभव सूर्यवंशी की तारीफ अब क्रिकेट के भगवान कहे जाने वाले सचिन तेंदुलकर ने भी की है। राजस्थान रॉयल्स के इस युवा बल्लेबाज ने IPL 2026 में जिस अंदाज में गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाईं, उससे सचिन भी खासे प्रभावित नजर आए। मुंबई में आयोजित क्रिकइन्फो ऑनर्स समारोह में सचिन तेंदुलकर ने सूर्यवंशी को बहुत स्पेशल खिलाड़ी बताया। उन्होंने कहा कि वह वैभव को भविष्य में टेस्ट क्रिकेट खेलते देखना चाहते हैं, लेकिन उन्हें जल्दबाजी में इस प्रारूप में नहीं उतारा जाना चाहिए। IPL 2026 में वैभव सूर्यवंशी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए ऐतिहासिक प्रदर्शन किया। युवा बल्लेबाज ने 237.31 के अविश्वसनीय स्ट्राइक रेट से 776 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 72 छक्के जड़े, जो IPL के एक सीजन में किसी बल्लेबाज द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इस तरह उन्होंने क्रिस गेल के 59 छक्कों के रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ दिया।
इधर दिल्ली-यूपी समेत देश के कई राज्यों में शनिवार को झमाझम बारिश हुई। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान भी बारिश की चेतावनी जारी की है। इसके लिए मौसम विभाग ने रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जिसमें बिजली गिरने, आंधी, ओलावृष्टि और लगभग 60 kmph की रफ़्तार से तेज़ हवाओं का अनुमान लगाया गया है। चेतावनी के दायरे में आने वाले ज़िलों में बागपत, बहराइच, गाज़ियाबाद, लखीमपुर खीरी, मेरठ, मुज़फ़्फ़रनगर, पीलीभीत, सहारनपुर, शाहजहांपुर, शामली, श्रावस्ती और सीतापुर शामिल हैं। इस दौरान 60-80 किमी की रफ्तार से आंधी चल सकती है। मौसम विभाग ने केरल, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, मध्य प्रदेश, झारखंड, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, उत्तराखंड और पंजाब के कई ज़िलों के लिए भी ऑरेंज चेतावनी जारी की गई है। इस अलर्ट में आंधी, बिजली गिरने, मध्यम बारिश और 40-60 किमी प्रति घंटे की रफ़्तार से तेज़ हवाओं का अनुमान है।
उधर अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच अमेरिकी सेना ने दावा किया है कि उसने ईरान की ओर जा रहे एक व्यापारी जहाज को मिसाइल हमले से रोक दिया। अमेरिकी सेंट्रल कमांड के अनुसार, गाम्बिया के झंडे वाला मालवाहक जहाज एम/वी लियान स्टार ओमान की खाड़ी के रास्ते एक ईरानी बंदरगाह की ओर बढ़ रहा था। अमेरिकी सेना ने जहाज को 20 से अधिक बार चेतावनी दी, लेकिन चालक दल ने निर्देशों का पालन नहीं किया। सेंटकॉम के मुताबिक, इसके बाद एक अमेरिकी सैन्य विमान ने जहाज के इंजन कक्ष पर हेलफायर मिसाइल दागी, जिससे जहाज आगे बढ़ने में असमर्थ हो गया। अमेरिकी सेना का कहना है कि अब यह जहाज ईरान की ओर नहीं जा रहा है। अमेरिका ने बताया कि यह कार्रवाई क्षेत्र में लागू समुद्री नाकेबंदी का हिस्सा है। सेंटकॉम के अनुसार, अब तक पांच व्यावसायिक जहाजों को रोका या निष्क्रिय किया जा चुका है, जबकि 116 अन्य जहाजों का रास्ता बदलवाया गया है ताकि नाकेबंदी को पूरी तरह लागू किया जा सके।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, प्रदेश के कई इलाकों में शनिवार को मौसम ने करवट बदली और झमाझम बारिश हुई। इस बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली तो वहीं थोड़ी मुश्किल भी खड़ी हुई है। क्योंकि कुछ देर की बारिश ने ही सिस्टम की पोल खोल कर रखी दी है। इस दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग-534 पर भी सतपुली-कोटद्वार के बीच बड़ी दुर्घटना होने से भी बच गई। बताया जा रहा है कि कैबिनेट मंत्री सतलाप महाराज की कार पत्थर गिरा, जिससे कार का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया। राहत की बात ये है कि इस घटना में कोई चोटिंल नहीं हुआ। दरअसल, शनिवार को हुई बारिश के बाद पौड़ी-श्रीनगर मोटर मार्ग कई स्थानों पर मलबा और पत्थर सड़क पर आ गए, जिससे यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। सड़क बंद होने से यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। तभी वहां से गुजर रहे कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की कार पर भी पत्थर गिर गया। जिससे गाड़ी का शीशा क्षतिग्रस्त हो गया।
इधर विश्व प्रसिद्ध भगवान केदारनाथ धाम की यात्रा इस वर्ष ऐतिहासिक ऊंचाइयों को छू रही है। बाबा केदार के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था और विश्वास का ऐसा अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है कि यात्रा ने महज 39 दिनों में 10 लाख यात्रियों का आंकड़ा पार कर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है। उत्तराखंड की चारधाम यात्रा के इतिहास में यह उपलब्धि बेहद महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे पहले कभी भी इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी संख्या में श्रद्धालु केदारनाथ धाम नहीं पहुंचे थे। बता दें कि 22 अप्रैल को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच भगवान केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोले गए थे। कपाट खुलने के साथ ही देश-विदेश से भक्तों का सैलाब बाबा के दरबार की ओर उमड़ पड़ा। देखते ही देखते यात्रा ने नए आयाम स्थापित करने शुरू कर दिए और अब मात्र 39 दिनों में दस लाख श्रद्धालुओं के दर्शन करने के साथ नया इतिहास रच दिया है।