Good Morning India: महाशिवरात्रि आज, शिवालयों में हर-हर महादेव की गूंज! भारत-पाकिस्तान महामुकाबला आज! हिमाचल प्रदेश में सुबह-सुबह बड़ा हादसा, तीन युवकों की मौत! फिर करवट लेगा मौसम, IMD ने 11 राज्यों में जारी किया अलर्ट

Good Morning India: Mahashivratri is today, with chants of "Har Har Mahadev" echoing in Shiva temples! India-Pakistan clash today! Major accident in Himachal Pradesh early morning, killing three youn

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, संयुक्त किसान मोर्चा का आज देशभर में भारत-US ट्रेड डील के खिलाफ प्रदर्शन। वहीं आज विशाखापत्तनम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और पीएम मोदी का दौरा।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, आज देशभर में महाशिवरात्रि का पर्व आस्था और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान शिवालयों में आस्था का सैलाब उमड़ा है और हर तरफ हर हर महादेव के जयकारे गूंज रहे हैं। बता दें कि हिंदू धर्म में महाशिवरात्रि के पर्व का विशेष स्थान होता है। पंचांग के अनुसार, हर वर्ष फाल्गुन माह के कृष्ण पक्ष की चतुर्दशी तिथि को महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जाता है। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान शिव की की विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना करने का खास महत्व होता है। महाशिवरात्रि पर शिवभक्त व्रत रखते हैं और मंदिर जाकर शिवलिंग पर जलाभिषेक और विधि विधान के साथ पूजन अर्चन करते हैं। महाशिवरात्रि पर शिवजी का जलाभिषेक और उनकी प्रिय चीजों से अभिषेक करना बहुत ही फलदायी साबित होता है। महाशिवरात्रि पर शिव आराधना, जलाभिषेक, मंत्रों का पाठ, व्रत और कथा सुनने का विशेष महत्व होता है। 

इधर भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप 2026 का ग्रुप स्टेज का मुकाबला रविवार को खेला जाना है। भारतीय टीम इस मैच के लिए कोलंबो पहुंच चुकी है। दोनों देशों के बीच होने वाले इस रोमांचक मुकाबले का इंतजार करोड़ों क्रिकेट प्रेमियों को है। भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक 16 मैच खेले गए हैं। इसमें 13 मैचों में भारतीय टीम ने और तीन मैचों में पाकिस्तान ने जीत हासिल की है। दोनों देशों के बीच खेले गए टी20 मुकाबलों में रन बनाने के मामले में विराट कोहली पहले स्थान पर हैं। वहीं विकेट लेने के मामले में हार्दिक पांड्या नंबर-1 हैं। 

उधर फरवरी के मध्य में देश भर में मौसम का मिजाज तेजी से बदल रहा है। उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में 16 फरवरी से पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से बारिश और बर्फबारी की संभावना है, जबकि 17 फरवरी को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, पश्चिमी उत्तर प्रदेश और उत्तरी राजस्थान में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश हो सकती है। दूसरी ओर दक्षिण और तटीय क्षेत्रों में गर्मी और उमस लोगों को परेशान कर रही है। कर्नाटक के कारवार में अधिकतम तापमान 37.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि पश्चिम राजस्थान के सीकर में न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार इस समय उत्तर भारत के ऊपर तेज गति वाली उपोष्णकटिबंधीय पश्चिमी जेट धारा सक्रिय है। इसके प्रभाव से एक नया पश्चिमी विक्षोभ 16 फरवरी से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के मौसम को प्रभावित कर सकता है। इसके चलते 16 से 18 फरवरी के बीच हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख, गिलगित-बाल्टिस्तान और मुजफ्फराबाद के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बर्फबारी होने की संभावना जताई गई है। वहीं हिमाचल प्रदेश के कुछ इलाकों में 15 फरवरी तक सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है।

इधर शिवरात्रि महोत्सव की सुबह सराज में हुए भयानक हादसे में तीन नौजवानों की मौत हो गई, एक गंभीर घायल है। हादसा सुबह चार बजे के करीब हुआ। चार दोस्त घर से जीप निकले थे और जीप बुनालीधार के समीप हादसे का शिकार हुई। दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया जबकि तीसरे ने अस्पतालों में अंतिम सांस ली। हादसा घर से 24 किलोमीटर दूर हुआ था। गाड़ी योगराज निवासी बगस्याड की है। हादसे में योगराज के बेटे हार्दिक का भी निधन हो गया है। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई है। हादसा इतना भयानक था कि युवकों की पहचान नहीं हो पा रहीं है। बताया जा रहा है कि युवक आईटीआई में पढ़ाई कर रहे थे।

उधर बांग्लादेश में आम चुनाव के नतीजे आने के बाद अब वहां की राजनीति में एक नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। नई सरकार के शपथ ग्रहण की तैयारिां शुरू हो चुकी हैं। बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के मुताबिक पार्टी के शीर्ष नेता तारिक रहमान 17 फरवरी को नए प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेंगे। बीएनपी ने इस शपथ ग्रहण समारोह को एक अंतरराष्ट्रीय कलेवर देने का फैसला किया है। जानकारी के मुताबिक शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए भारत और चीन समेत कुल 13 देशों को न्योता दिया है। हालांकि प्रधानमंत्री मोदी के ढाका जाने की संभावना कम है, क्योंकि 17 फरवरी को मुंबई में इमैनुएल मैक्रों के साथ उनकी द्विपक्षीय बातचीत होनी है। जानकारी के मुताबिक, बांग्लादेश के अगले प्रधानमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह में नई दिल्ली की तरफ़ से कोई सीनियर सरकारी अधिकारी शामिल हो सकता है।

इधर सड़क हादसे के पीड़ितों को आपातकालीन प्रतिक्रिया प्रणाली प्रदान कराने के उद्देश्य से सरकार ने शनिवार को 'पीएम राहत' योजना की शुरुआत की। सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि भारत में हर साल सड़क हादसों में बड़ी संख्या में मौतें होती हैं, जिनमें से कई मौतें समय पर चिकित्सा सेवा मुहैया कराने से रोकी जा सकती हैं। मंत्रालय ने स्टडी का जिक्र करते हुए कहा कि अगर पीड़ितों को सड़क हादसे के पहले घंटे के भीतर अस्पताल में भर्ती कराया जाए तो सड़क हादसे में होने वाली लगभग 50 प्रतिशत मौतों को रोका जा सकता है। सड़क, परिवहन और राजमार्ग मंत्रालय ने शनिवार को कहा, "प्रधानमंत्री कार्यालय 'सेवा तीर्थ' भवन में शिफ्ट होने के बाद अपने पहले फैसले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'पीएम राहत' (सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए अस्पताल में भर्ती और सुनिश्चित इलाज) योजना शुरू करने की मंजूरी दी। ये योजना सरकार के उस दृष्टिकोण को दिखाती है, जिसमें कमजोर नागरिकों के लिए सेवा, करुणा और सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाती है।" मंत्रालय के मुताबिक, इस योजना के तहत किसी भी सड़क हादसे का शिकार होने वाले पात्र व्यक्ति को 1.5 लाख रुपये तक का कैशलेस इलाज मिलेगा, जो हादसे की तारीख से अगले 7 दिनों के लिए मान्य होगा।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, महाशिवरात्रि के महापर्व पर भगवान श्री केदारनाथ के कपाट खुलने की तिथि निश्चित किए जाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली गईं हैं। मंदिर परिसर को भव्य रूप से फूलों से सजाया गया है। केदारनाथ के रावल जगद्गुरु भीमाशंकर लिंग ऊखीमठ पहुंच चुके हैं जिनकी मौजूदगी में रविवार को कपाट खोलने की तिथि निश्चित की जाएगी।ओंकारेश्वर मंदिर में महाशिवरात्रि के पर्व पर भगवान श्री केदारनाथ के कपाट खोलने की तिथि पंचाग गणना के अनुसार निश्चित की जाएगी। मंदिर समिति के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी युद्धवीर पुष्पवाण ने बताया की प्रातः नाै बजे से कपाट खोलने की तिथि हक हकूकधारियों, जनप्रतिनिधियों, पंच पुजारियों, तीर्थ पुरोहितों व केदार सभा के सदस्यों की मौजूदगी में निश्चित की जाएगी जिसके लिए मंदिर समिति ने सभी तैयारियां पूरी कर लीं हैं।  

इधर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज के बीएएमएस द्वितीय वर्ष के छात्र ने गंगा में कूदकर आत्महत्या कर ली। शुक्रवार शाम छात्र यशपाल (23) पुत्र पुष्पेंद्र पाल निवासी साही भवन इंद्रा नगर जिला गोरखपुर यूपी हाल मायापुर का शव पथरी पावर हाउस से बरामद हुआ। कमरे से एक सुसाइड नोट बरामद हुआ, जिसमें उसने खुद को असफल इंसान बताने के साथ ही जिंदगी से हार जाने का जिक्र करते हुए जान देने की बात कही है। शनिवार की सुबह इसका पता चलने पर साथी छात्रों ने कॉलेज में हंगामा शुरू कर दिया। सभी ने कॉलेज प्रबंधन पर आरोप लगाते हुए धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों के समझाने पर कई घंटे बाद छात्र माने। पुलिस के अनुसार, यशपाल (23) पुत्र पुष्पेंद्र पाल निवासी साही भवन इंद्रानगर जिला गोरखपुर यूपी यहां मायापुर में किराये के कमरे में रहकर ऋषिकुल आयुर्वेदिक कॉलेज से बीएएमएस की पढ़ाई कर रहा था और उसका दूसरा साल था।

उधर हरिद्वार जिले के पिरान कलियर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को उपचार के लिए अस्पताल भेजा, जहां पर उसका उपचार चल रहा है। इसी के साथ पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा और हादसे की जांच तेज कर दी है। वहीं घटना के बाद मृतकों के परिवार में मातम छाया हुआ है। बताया जा रहा है कि हादसा इतना भयानक था कि उनकी बाइक ट्रक के नीचे जा घुसी, जिससे बाइक पर सवार शिवम और सूरज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन यादव गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा के बाद आसपास के लोग घटनास्थल की तरफ दौड़ पड़े, लेकिन लोगों के पहुंचने से पहले ही ट्रक चालक अपना वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।