Good Morning India: हाथों में हथकड़ी के साथ न्यूयॉर्क लाए गए मादुरो! किम जोंग ने ट्रंप को दी चेतावनी, तुरंत रिहा करो, वरना...! डेल्सी रोड्रिग्ज बनीं अंतरिम राष्ट्रपति, भारत सरकार ने जारी की एडवाइजरी! उत्तराखण्ड में अंकिता भंडारी हत्याकांड मामला गरमाया, एसआईटी ने रखे तथ्य
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की बड़ी खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। गृह मंत्री अमित शाह आज चेन्नई के पुडुकोट्टई में बीजेपी की राज्यव्यापी यात्रा कार्यक्रम में लेंगे हिस्सा। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज वाराणसी में 72वें राष्ट्रीय वॉलीबॉल टूर्नामेंट का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, अमेरिकी सैन्य अभियान के बाद वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो और उनकी पत्नी सिलिया फ्लोरेस को गिरफ्तार कर न्यूयॉर्क लाया गया है। मादुरो को ग्रे ट्रैक्सूट पहने, हाथों में हथकड़ी और आंखों पर ब्लैकआउट गॉगल्स (पट्टी) लगाए देखा गया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने खुद ट्रुथ सोशल पर मादुरो की पहली तस्वीर जारी की, जिसमें वे यूएसएस इवो जिमा जहाज पर दिख रहे हैं। ट्रंप ने कैप्शन में लिखा: "निकोलस मादुरो ऑन बोर्ड द यूएसएस इवो जिमा।" यह अभियान शनिवार तड़के शुरू हुआ, जब अमेरिकी सेना ने काराकस में बड़े पैमाने पर हमले किए। मादुरो दंपति को उनके बेडरूम से घसीटकर बाहर निकाला गया और यूएस वारशिप पर ले जाया गया।
इधर वेनेजुएला पर अमेरिका की कार्रवाई और फिर राष्ट्रपति निकोलस की गिरफ्तारी के मामले ने वैश्विक राजनीति में गजब का तहलका मचा दिया है। दूसरी ओर इस पूरे मामले में वैश्विक राजनीति और गर्म तब हो गई जब इस पूरे मामले में उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन भी कूद पड़े। किम जोंग ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी को लेकर अमेरिका को खुलकर चेतावनी दी है। मादुरो को अपना दोस्त बताते हुए किम जोंग ने कहा कि अगर उन्हें तुरंत रिहा नहीं किया गया तो इसके गंभीर वैश्विक परिणाम हो सकते हैं। मीडिया रिपोर्टस में बताया गया है कि किम जोंग ने अमेरिकी कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताते हुए ट्रंप को यहां तक चेताया कि यह टकराव विश्व युद्ध जैसी स्थिति पैदा कर सकता है। उन्होंने कहा कि अगर मादुरो को तुरंत रिहा नहीं किया गया, तो इसके गंभीर नतीजे हो सकते हैं। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका की यह कार्रवाई सिर्फ वेनेजुएला ही नहीं, बल्कि पूरी दुनिया की शांति के लिए खतरा है। किम जोंग ने यहां तक कह दिया कि ऐसी कार्रवाइयों से विश्व युद्ध जैसी स्थिति बन सकती है।
उधर ईरान में खराब होती अर्थव्यवस्था और मुद्रा 'रियाल' की गिरती कीमत को लेकर भड़के विरोध-प्रदर्शनों ने अब हिंसक रूप ले लिया है। एक सप्ताह से जारी इस उथल-पुथल के बीच ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई ने चुप्पी तोड़ते हुए सुरक्षा बलों को प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने की बात कही है। यह तनाव तब और बढ़ गया जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी। इसके साथ ही, वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो (जो ईरान के करीबी सहयोगी हैं) को पकड़ने का दावा किया। 86 वर्षीय सर्वोच्च नेता खामेनेई ने सरकारी टेलीविजन पर प्रसारित एक संबोधन में प्रदर्शनकारियों और दंगाइयों के बीच स्पष्ट अंतर करने की कोशिश की। उन्होंने कहा, "अधिकारियों को शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों से बात करनी चाहिए, लेकिन दंगा करने वालों से बात करने का कोई फायदा नहीं है। उन्हें उनकी जगह दिखानी होगी।" खामेनेई ने दावा किया कि इजराइल और अमेरिका जैसी विदेशी ताकतें ईरान में अशांति फैला रही हैं। उन्होंने रियाल की गिरती कीमत के लिए भी "दुश्मनों" को जिम्मेदार ठहराया।
इधर वेनेजुएला में अमेरिका की कार्रवाई के बाद भारत सरकार ने एडवाइजरी जारी की है। इसमें कहा गया है कि वेनेजुएला में हाल के घटनाक्रमों को देखते हुए भारतीय नागरिकों को सलाह दी जाती है कि वे वेनेजुएला की सभी गैर जरूरी यात्राओं से बचें। इसके साथ ही एडवाइजरी में कहा गया कि सभी भारतीय जो किसी भी कारण से वेनेजुएला में हैं, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे अत्यधिक सावधानी बरतें। अपनी गतिविधियों को सीमित रखें और राजधानी काराकस में भारतीय दूतावास से संपर्क करें।
उधर नए साल के मौके पर भक्तों ने शिरडी के साईंबाबा मंदिर में दिल खोलकर दान किया। नव वर्ष की छुट्टियों और नए वर्ष के स्वागत के दौरान साईनगरी शिरडी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। साईबाबा के चरणों में भक्तों ने रिकॉर्ड दान अर्पित किया। साईबाबा संस्थान को केवल 8 दिनों की अवधी में कुल 23 करोड़ 29 लाख 23 हजार 373 रुपये का चढ़ावा प्राप्त हुआ। इस दौरान 8 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने साईबाबा के दर्शन किए। साईबाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडीलकर ने मीडिया को बताया कि छुट्टियों और नए साल के अवसर पर देश-विदेश से बड़ी संख्या में भक्त शिरडी पहुंचे।
इधर मध्य प्रदेश के इंदौर के बाद अब गुजरात के गांधीनगर में दूषित पानी का मामला सामने आया है। गांधीनगर में दूषित पानी पीने से सैंकड़ो लोगों को टाइफॉयड हो गया है। 104 बाल मरीज अस्पताल में उपचाराधीन हैं। गुजरात की राजधानी गांधीनगर में इंदौर जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई है। जानकारी के अनुसार, इंदौर शहर की तरह ही गांधीनगर में भी दूषित पानी पीने से बीमारी फैल गई है। गांधीनगर के सेक्टर 24, 26, 28 और आदिवाड़ा क्षेत्र में टाइफॉयड फैलने की पुष्टि हुई है। दूषित पानी पीने से कुल सैंकड़ो लोग टाइफॉयड से प्रभावित हुए हैं, जिनमें से 104 मरीज अस्पताल में भर्ती होकर इलाज करा रहे हैं।
उधर बिहार के बांका से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां टाउन थाना क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोरी की नृशंस हत्या के मामले का बांका पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया। इस जघन्य हत्याकांड में चौंकाने वाले तथ्य सामने आया हैं। मृतका की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके पिता और भाई ने मिलकर की थी। प्रेम प्रसंग से नाराज पिता ने अपने पुत्र के साथ मिलकर बेटी की गला रेतकर हत्या कर दी। यह मामला ऑनर किलिंग का बताया जा रहा है, जिसने न केवल कानून व्यवस्था बल्कि समाज की संवेदनशीलता को भी झकझोर कर रख दिया है।
इधर यूपी के महोबा जिले में बाथरूम में नहाने के दौरान पानी पड़ को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद जिला उपकारागार में बंद दो कैदियों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान एक कैदी ने दांतों से दूसरे कैदी का जबड़ा काट लिया। इससे उसके गाल का मांस कट गया और लटक रहा था। गैंगस्टर ज़ोर-ज़ोर से चिल्लाने लगा। घटना के बाद जेल में अफरा-तफरी मच गई। घायल कैदी को तुरंत ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने गैंगस्टर के गाल पर 4 टांके लगाए हैं। डॉक्टरों के मुताबिक, उसकी हालत स्थिर है। हमले में कैदी लहूलुहान हो गया। आनन-फानन में घायल कैदी को जेल प्रशासन द्वारा इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया। जेल परिसर के अन्दर हुई मारपीट की इस घटना ने जेल प्रशासन की कार्यशैली पर सवालिया निशान खड़े कर दिए हैं। मारपीट का मामला सामने आने के बाद जेल प्रशासन फिलहाल कुछ भी बोलने से बचता नजर आ रहा है और कैदियों के बीच हुई मारपीट की इस घटना को सामान्य घटना बता मामले पर पर्दा डालने की कोशिश में जुट गया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, हरिद्वार में हरकी पैड़ी पर गंगा आरती के दौरान गुजरात के एक श्रद्धालु की अचानक हार्ट अटैक आ गया। श्रद्धालु बेहोश होकर नीचे गिर पड़ा तो मौके पर अफरा तफरी मच गई। सूचना मिलते ही हरकी पैड़ी चौकी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और अचेत अवस्था में पड़े श्रद्धालु को जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान श्रद्धालु ने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान जगदीश भाई गोकाणी के रूप में हुई है, जो गुजरात के सोमनाथ स्थित बेरावल के रहने वाले हैं। जगदीश भाई अपने परिजनों के साथ गंगा गंगा स्नान के लिए हरिद्वार आए थे लेकिन अचानक आए हार्ट अटैक से उनका निधन हो गया।
इधर एल.बी.एस. प्रशासन, मसूरी ने शनिवार को कोतवाली मसूरी को सूचना दी कि एक युवक फर्जी यूपीएससी रिजल्ट के आधार पर संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए पहुंचा है। सूचना मिलने पर कोतवाली मसूरी से वरिष्ठ उप निरीक्षक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रकरण की संवेदनशीलता को देखते हुए एसआईयू मसूरी और आईबी टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने युवक से पूछताछ कर उसके द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों की जांच की। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक फर्जी यूपीएससी रिजल्ट के आधार पर एल.बी.एस. में ट्रेनिंग के लिए पहुंचा था और वह धोखाधड़ी का शिकार हुआ है। युवक अपने माता-पिता और आवश्यक सामान के साथ मसूरी आया था।
उधर ऋषिकेश में यातायात जाम की समस्या के समाधान के लिए 1161.27 करोड़ की लागत से ऋषिकेश बाईपास निर्माण की योजना प्रस्तावित है। राष्ट्रीय राजमार्ग-सात के तहत तीनपानी से योग नगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किमी लंबाई में फोरलेन बाईपास बनाया जाएगा। शीघ्र ही मुख्यमंत्री प्रस्तावित परियोजना पर केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से मिलेंगे। परियोजना में 4.876 किमी लंबाई में तीन हाथी कॉरिडोर के लिए एलिवेटेड मार्ग, चंद्रभागा नदी पर 200 मीटर लंबा पुल व रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित है। इसके अलावा श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर 318 करोड़ की लागत से 76 मीटर लंबाई का आरओबी प्रस्तावित किया गया है, जिससे नेपाली फार्म से ऋषिकेश नटराज चौक तक यातायात निर्बाध हो सकेगा।
इधर अंकिता भंडारी हत्याकांड मामले में एसआईटी ने एक बार फिर स्पष्ट किया है कि अभी तक जांच में किसी वीआईपी का नाम सामने नहीं आया है। हत्याकांड के बाद गठित की गई एसआईटी के सदस्य रहे एसपी देहात हरिद्वार शेखर सुयाल ने शनिवार को पत्रकार वार्ता में जांच के तथ्य बताए हैं। उन्होंने कहा कि उस वक्त एक कथित वीआईपी की पहचान हुई जरूर थी लेकिन उसके खिलाफ कोई साक्ष्य नहीं मिले थे। सुयाल ने बताया कि हत्याकांड के तत्काल बाद ही यह बात कही जा रही थी कि रिजॉर्ट में किसी वीआईपी को आना था। उसे स्पेशल सेवाएं देने के लिए अंकिता पर दबाव बनाया जा रहा था। अंकिता ने इस बात के लिए इन्कार कर दिया तो उसकी हत्या कर दी गई। उस वक्त तक एक ब्लाइंड केस था। मामले की शुरुआत गुमशुदगी से हुई थी। हालांकि, जब एसआईटी ने इसकी जांच शुरू की तो शुरुआती पांच घंटों में ही तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।