इंसाफ दिलाने वाला ही बन गया दुष्कर्मी!केस बिगाड़ने की धमकी देकर अधिवक्ता ने रेप पीड़िता के साथ किया दुष्कर्म!

The one who was supposed to provide justice turned out to be the rapist! Threatening to ruin the case, the lawyer raped the rape victim!

अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक 43 वर्षीय वकील पर उसी नाबालिग लड़की से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है, जिसका वह यौन शोषण के मामले में केस लड़ रहा था। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी वकील प्रणयराज रणवीर को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, सितंबर 2025 में 12 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दो लोगों ने कथित तौर पर दुष्कर्म किया था। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद पीड़िता के माता-पिता ने निजी वकील प्रणयराज रणवीर से केस लड़ने में मदद मांगी।

आरोप है कि वकील ने केस की पैरवी के लिए 15 हजार रुपये फीस मांगी। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार इतनी रकम देने में असमर्थ था। ऐसे में वकील ने कथित तौर पर कहा कि फीस के बदले नाबालिग लड़की उसके घर पर घरेलू सहायिका के रूप में काम करेगी।

पुलिस का आरोप है कि जब लड़की उसके घर काम करने गई तो वकील ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, उसने कथित तौर पर पीड़िता को धमकी दी कि यदि उसने किसी को इस घटना के बारे में बताया तो वह उसके चल रहे केस को खराब कर देगा।

पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी वकील को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी वकील के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें दहेज प्रताड़ना, पत्नी के साथ क्रूरता, शराबबंदी कानून के उल्लंघन, दंगा करने तथा अन्य मामलों से जुड़े मुकदमे शामिल बताए गए हैं।

यह मामला न्याय व्यवस्था से जुड़े लोगों पर भरोसा करने वाले पीड़ितों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े करता है।