Oct 07, 2026 Login
Awaaz24x7-government

Good Morning India: कोहली ने रचा विराट इतिहास! IPL क्लोजिंग सेरेमनी में ऑपरेशन सिंदूर के नायकों को मिलेगी सलामी, सेना प्रमुखों को किया इनवाइट! उत्तराखंड की तीन हस्तियों को मिला पद्ममश्री, धामी मंत्रिमंडल की बैठक आज

Good Morning India: Kohli created huge history! Heroes of Operation Sindoor will be saluted in IPL closing ceremony, Army chiefs invited! Three personalities of Uttarakhand got Padma Shri, Dhami cabi

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज विजय शाह के कर्नल सोफिया पर दिए बयान की जांच के लिए सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बनी SIT रिपोर्ट पेश करेगी। वहीं आज फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों इंडोनेशिया जाएंगे। जहां वे राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मुलाकात करेंगे।

अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, लखनऊ के इकाना क्रिकेट स्टेडियम में रिकार्ड्स का दिन बेंगलुरु और विराट कोहली के नाम रहा। RCB ने IPL का तीसरा और अपना हाईएस्ट रन चेज किया। विराट कोहली टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले प्लेयर बने। उन्होंने बेंगलुरु से अपने 9 हजार रन भी पूरे किए। ऋषभ पंत लखनऊ से सबसे तेज शतक लगाने वाले प्लेयर बने। टी20 क्रिकेट में किसी एक टीम के लिए सबसे अधिक रन बनाने वालों की सूची में विराट कोहली शीर्ष पर हैं। वहीं IPL इतिहास में सबसे ज्यादा फिफ्टी लगाने वाले खिलाड़ियों की सूची में विराट कोहली सबसे ऊपर हैं। 

उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात में लगातार दूसरे दिन ऑपरेशन सिंदूर पर बात की। उन्होंने कहा कि हमने आतंकवाद के 9 ठिकाने तय करके 22 मिनट में उन्हें ध्वस्त कर दिया। और ये सब कुछ कैमरे के सामने किया, ताकि कोई सबूत न मांगे। वहीं कांग्रेस ने पहलगाम हमले में शामिल आतंकियों को न पकड़ पाने को लेकर मोदी सरकार पर निशाना साधा। कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कभी प्रेम चोपड़ा की तरह तो कभी परेश रावल की तरह डायलॉग मार रहे हैं। कभी कहते हैं कि सिंदूर मेरी रगों में बहता है। गोलियां खाओ, रोटियां खाओ जैसे डायलॉग बोल रहे हैं। क्या यही एक गंभीर नेता का व्यवहार होता है?

इधर पाकिस्तान को खुफिया जानकारी देने के आरोप में 26 मई को गिरफ्तार CRPF जवान मोतीराम जाट को लेकर नया खुलासा हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, मोतीराम की तैनाती पहलगाम में थी, आतंकी हमले से ठीक 6 दिन पहले यहां से उसका ट्रांसफर हुआ था। मोतीराम CRPF की 116वीं बटालियन में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर (ASI) के पद पर तैनात था। उसे नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने 26 मई को दिल्ली से गिरफ्तार किया था। पटियाला हाउस कोर्ट में पेशी के बाद उसे 6 जून तक NIA की कस्टडी में भेजा गया है। NIA के मुताबिक, मोतीराम 2023 से पाकिस्तान के साथ राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी डिटेल शेयर कर रहा था। इसके लिए उसे अलग-अलग तरीकों से पैसे भी मिल रहे थे।

उधर पाकिस्तान ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया बयान पर एतराज जताया है। PAK विदेश मंत्रालय ने बयान जारी कर कहा कि PM मोदी ने जिस तरह से हिंसा की बात की, वह एक न्यूक्लियर ताकत रखने वाले देश के नेता को शोभा नहीं देता। प्रधानमंत्री ने सोमवार को भुज में भी एक सभा की थी। यहां उन्होंने पाकिस्तान को चेतावनी दी कि सुख-चैन से जियो, अपने हिस्से की रोटी खाओ, नहीं तो मेरी गोली तो है ही।

उधर केंद्र सरकार ने 5वीं पीढ़ी के लड़ाकू विमान यानी एडवांस्ड मीडियम कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (AMCA) के प्रोडक्शन मॉडल को मंजूरी दी है। यह विमान स्वदेशी तकनीक से बनने वाला दूसरा फाइटर जेट होगा। इससे पहले भारत में लाइट कॉम्बैट एयरक्राफ्ट (LCA) तेजस और उसके एडवांस्ड वर्जन तेजस मार्क-1 को तैयार किया जा चुका है। 

इधर BCCI ने 3 जून को अहमदाबाद में होने वाले IPL फाइनल मुकाबले में तीनों सेना प्रमुखों को आमंत्रित किया है। IPL की क्लोजिंग सेरेमनी में ऑपरेशन सिंदूर के लिए सेना के पराक्रम को सलामी दी जाएगी। बोर्ड के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने कहा, 'हमने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का जश्न मनाने के लिए ऐसा किया है। BCCI के सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने सैकिया ने कहा, 'सेना की सराहना के तौर पर हमने समापन समारोह को आर्म्ड फोर्सेज को समर्पित करने और अपने नायकों को सम्मानित करने का फैसला किया है। क्रिकेट एक राष्ट्रीय जुनून है, लेकिन हमारा देश और इसकी संप्रभुता, अखंडता और सुरक्षा से बड़ा कुछ भी नहीं है।'

उधर मौसम विभाग ने इस साल मानसून सीजन में सामान्य से ज्यादा बारिश होने का अनुमान जताया है। अर्थ साइंस मिनिस्ट्री के सचिव एम रविचंद्रन ने कहा कि जून में 106% ज्यादा बारिश होगी। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा और आस-पास के क्षेत्रों में इस बार सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है। वहीं, पंजाब, हरियाणा, केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में सामान्य से कम बारिश का अनुमान है।

इधर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने IPL इतिहास का तीसरा सबसे बड़ा टारगेट चेज कर क्वालिफायर-1 में जगह बना ली। टीम ने सीजन के आखिरी लीग मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हराया और 228 रन का टारगेट 18.4 ओवर में 4 विकेट पर हासिल कर लिया। RCB पॉइंट्स टेबल में दूसरा स्थान पर पहुंच चुकी है। अब टीम 29 मई को पंजाब किंग्स के साथ क्वालिफयर-1 खेलेगी।

उधर 55 साल के कामी रीता शेरपा ने 31वीं बार माउंट एवरेस्ट पर चढ़ाई की। वह सबसे ज्यादा बार एवरेस्ट फतह करने वाले शख्स हैं। उन्होंने अपना ही एक साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ा है। नेपाल के रहने वाले कामी 1994 में पहली बार एवरेस्ट की चोटी पर पहुंचे थे। वे 31 साल में 31 बार एवरेस्ट की चढ़ाई कर चुके हैं।

अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंगलवार नई दिल्ली में आयोजित नागरिक अलंकरण समारोह में उत्तराखंड की राधा भट्ट को सामाजिक कार्य, ह्यूग गैंट्ज़र और कोलीन गैंट्ज़र (मरणोपरांत) को साहित्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में पद्मश्री से सम्मानित किया। बता दें कि पदमश्री से सम्मानित राधा भट्ट उत्तराखंड की एक प्रसिद्ध समाज सेविका हैं। वह 16 साल की उम्र में सरला बेन के आश्रम में शामिल हो गईं थीं। वह उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में महिलाओं और बच्चों की सेवा करती रही हैं। वहीं ह्यूग गैंट्ज़र व उनकी पत्नी स्व. कोलीन गैंट्ज़र की उत्तराखंड के प्रसिद्ध यात्रा वृतांत लेखक के तौर पर पहचान है।

इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में बुधवार सुबह 11 बजे सचिवालय में मंत्रिमंडल की बैठक होने जा रही है। धामी मंत्रिमंडल की बैठक आगामी पंचायत चुनाव के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण मानी जा रही है। दरअसल, पंचायत में तैनात प्रशासकों का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। ऐसे में पंचायतों में तैनात प्रशासकों के कार्यकाल को 6 महीने की जगह एक साल तक बढ़ाई जाने संबंधित प्रस्ताव पर मुहर लग सकती है। इसके अलावा युवा नीति, महिला नीति समेत तमाम महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगा सकती है।

उधर राज्य में कोरोना संक्रमण के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सभी अस्पतालों को अलग से फ्लू ओपीडी संचालित करने के निर्देश दिए हैं। ताकि खांसी जुकाम और फीवर से पीड़ित सभी मरीजों का इलाज फ्लू ओपीडी में किया जा सके। दून मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉक्टर गीता जैन ने इस बारे में जानकारी दी।

इधर उत्तराखंड में 15 जून के आसपास मॉनसून दस्तक दे सकता है। मानसून सीजन के दौरान प्रदेश में डेंगू के मामले बढ़ने की आशंका है। क्योंकि इस साल डेंगू के मामले समय से पहले ही सामने आ गए हैं। ताजा हालात पर बात करें तो प्रदेश में अभी तक डेंगू के 68 मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें से 58 मरीज ठीक हो चुके हैं और 10 मरीजों का इलाज अस्पतालों में चल रहा है। इसीलिए डेंगू के डंक को दबाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अपनी तैयारियों लगभग पूरी कर ली है।