Good Morning India: हर-हर महादेव के जयकारों के बीच खुले केदारनाथ धाम के कपाट! अरब सागर में तैनात हुआ युद्धपोत, दिल्ली हाईकोर्ट ने कहा- बाबा रामदेव किसी के काबू में नहीं! यहां बारात लेकर अस्पताल पहुंचा दूल्हा, उत्तराखंड में सशक्त भू-कानून लागू, जानें आज क्या रहेगा खास?

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी केरल के विझिंगम में देश के पहले सेमी ऑटोमेटिक ट्रांसशिपमेंट पोर्ट का इनॉगरेशन करेंगे। इसके बाद आंध्र प्रदेश के अमरावती में 43 हजार करोड़ रुपए के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स लॉन्च करेंगे। वहीं आज कांग्रेस के दिल्ली हेडक्वार्टर में शाम 4 बजे पार्टी की वर्किंग कमेटी की मीटिंग होगी। जातिगत जनगणना के मुद्दे पर चर्चा हो सकती है।
बड़ी खबरों की शुरुवात देवभूमि से करते हैं, उत्तराखण्ड में सशक्त भू कानून लागू हो गया है। राज्यपाल ने उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम, 1950) (संशोधन) विधेयक, 2025 पर अपनी मुहर लगा दी है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक्स पर पोस्ट कर खुद इसकी जानकारी दी। बता दें कि हाल ही में उत्तराखंड में हुए बजट सत्र में उत्तराखंड की धामी सरकार ने सख्त भू कानून का दावा करते हुए उत्तराखंड (उत्तर प्रदेश जमींदारी विनाश और भूमि व्यवस्था अधिनियम 1950) संशोधित अधिनियम 2025 को विधानसभा में पारित किया। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सदन में इस प्रस्ताव को रखते हुए दावा किया कि उत्तराखंड में जमीनों की खरीद फरोख्त पर इस कानून के आने के बाद लगाम लगेगी।
इधर चारधाम यात्रा के तहत आज शुक्रवार 2 मई 2025 को रुद्रप्रयाग स्थित केदारनाथ धाम के कपाट श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ खोल दिए गए हैं। बाबा केदार के कपाट आज सुबह 7 बजे बैशाख, मास, मिथुन राशि, वृष लग्न में पूरे विधि-विधान के साथ श्रद्धालुओं के लिए खोले गए। कपाट खुलने के मौके पर 15 हजार से ज्यादा श्रद्धालु केदारनाथ धाम में मौजूद हैं। सीएम धामी भी केदारनाथ धाम के कपाट खुलने के मौके पर उपस्थित रहे।
उधर प्रदेश में इस साल बारिश ने मानसून से पहले ही कहर बरपाना शुरू कर दिया है। मई महीने के पहले दिन यानी एक मई गुरुवार को प्रदेश के कई इलाकों में जोरदार बारिश हुई। सीमांत जिले पिथौरागढ़ के बेरीनाग क्षेत्र में गुरुवार शाम को आई बारिश ने जमकर कहर बरपाया है। कुछ इलाकों में तो बादल फटने जैसे हालत हो गए थे।
अब देश-विदेश कि बड़ी खबरों का रुख करते हैं, इंडियन नेवी के जंगी जहाज INS सूरत को पहली बार सूरत के हजीरा पोर्ट पर तैनात किया गया है। नेवी ने अपने सभी वॉरशिप को अलर्ट पर रखा है। अरब सागर में एंटी शिप और एंटी एयरक्राफ्ट फायरिंग की प्रैक्टिस की गई। गुजरात के नजदीक कोस्ट गार्ड को भी अलर्ट पर रखा गया है।
इधर सुप्रीम कोर्ट ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले की न्यायिक जांच का आदेश देने से इनकार कर दिया। कोर्ट ने याचिकाकर्ता को फटकार लगाते हुए कहा कि यह संवेदनशील समय है। पूरा देश एकजुट होकर आतंकवाद के खिलाफ खड़ा है। क्या आप सिक्योरिटी फोर्स का मनोबल गिराना चाहते हैं। ऐसी याचिकाएं कोर्ट में मत लाइए। जस्टिस सूर्यकांत ने कहा कि ऐसी जनहित याचिकाएं दायर करने से पहले जिम्मेदारी से काम लें। देश के प्रति भी आपका कुछ कर्तव्य है। आप रिटायर्ड जज से जांच करने के लिए कह रहे हैं। हम जांच (आतंकी हमले) के एक्सपर्ट कब से बन गए। हमारा काम केवल फैसला सुनाना है।
उधर राजस्थान के अजमेर में एक होटल में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। इनमें गुजरात के दंपती और उनका डेढ़ साल का बेटा शामिल है। वहीं, एक युवक आग से बचने के लिए होटल की चौथी मंजिल से कूद गया। 15 लोगों को रेस्क्यू किया गया। तेजी से फैलती आग की चपेट में एक अन्य बच्चा भी आ गया था। मां ने उसे उठाकर खिड़की से नीचे फेंक दिया। आग पर काबू पाने में करीब साढ़े तीन घंटे लगे। चार लोगों की हालत गंभीर है।
इधर दिल्ली हाईकोर्ट ने योग गुरु रामदेव के नए वीडियो को लेकर सख्त टिप्पणी की। कोर्ट ने कहा कि रामदेव किसी के नियंत्रण में नहीं हैं। वे अपनी ही दुनिया में जीते हैं। हम उनके खिलाफ अवमानना का नोटिस जारी करेंगे। हम उन्हें यहां बुला रहे हैं। रामदेव ने 3 अप्रैल को बिना नाम लिए हमदर्द कंपनी की रूह अफजा पर 'शरबत जिहाद' का आरोप लगाया था। कोर्ट ने इससे जुड़े वीडियो सभी प्लेटफॉर्म से हटाने को कहा था। रामदेव ने फिर से ऐसा वीडियो पोस्ट किया। जिसमें हमदर्द के खिलाफ टिप्पणी की गई है। ये नया वीडियो कब आया, इसकी जानकारी नहीं मिली है। मामले में आज सुनवाई होगी।
उधर राजस्थान रॉयल्स IPL 2025 के प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है। मुंबई ने 20 ओवर में दो विकेट पर 217 रन बनाए। 218 रन का टारगेट चेज कर रही राजस्थान की टीम 16.1 ओवर में 117 रन पर ऑलआउट हो गई। यह मुंबई की लगातार छठी जीत है। इसी के साथ मुंबई पॉइंट्स टेबल के टॉप पर आ गई है।
इधर मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक शख्स ने अस्पताल में शादी रचाई। आदित्य सिंह की मंगेतर नंदिनी 7 दिन से अस्पताल में एडमिट थीं। डॉक्टरों ने उन्हें बेड रेस्ट की सलाह दी थी। लेकिन शादी का अगला शुभ मुहूर्त 2 साल बाद था। इस कारण दोनों परिवारों ने अस्पताल में ही शादी कराने का निर्णय लिया।
उधर दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को सुबह-सुबह भारी बारिश, आंधी और तूफान आया है। करीब सुबह 5 बजे के बाद शुरू हुई बारिश के कारण सड़कों पर पानी भर गया और गाड़ियों सड़कों पर रुक गईं। दिल्ली-NCR में आज शुक्रवार को मूसलाधार बारिश हो रही है। इस बारिश की वजह से मौसम बदल गया है। दिल्ली के साथ साथ हरियाणा और पंजाब में भी मूसलाधार बारिश हो रही है। बारिश की वजह से दिल्ली के कई इलाकों में पानी भर गया है। मौसम विभाग ने तीन दिन दिल्ली में बारिश का अलर्ट जारी किया है। साथ ही 70 किलोमीटर की रफ्तार से हवाएं चलने की आशंका भी जताई थी।
इधर मथुरा के जमुनापार क्षेत्र में एक अजीब मामला देखने को मिला है। दरअसल यहां एक मुस्लिम परिवार के 8 सदस्यों ने गुरुवार को वृंदावन के एक आश्रम में वैदिक रीति-रिवाजों के साथ आयोजित धार्मिक समारोह में हिंदू धर्म अपना लिया। इस दौरान परिवार के सदस्यों ने अपना नाम भी बदला और कहा कि यह उनका निजी और स्वतंत्र फैसला है और उनके पैतृक धर्म पर यह आधारित है। परिवार के मुखिया जाकिर ने अपना नाम बदलकर जगदीश कर लिया। जानकारी के मुताबिक, वह वृंदावन जिले के शेरगढ़ जिले के रहने वाले हैं। हालांकि वह ससुराल में रहकर गांव में ही दुकान चलाते हैं।