Good Morning India: ईरान का इजराइल के सामने सरेंडर से इनकार, ट्रम्प बोले- गुड लक! देश को मिला पहला शैलो वाटर क्राफ्ट INS अर्णाला, क्रोएशिया पहुंचे प्रधानमंत्री मोदी! देश के 20 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, आज उत्तराखंड आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपने खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आईए अभी तक की प्रमुख खबरों और आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं। शुरुआत आज की उन खबरों से करते हैं जिनपर सभी की नजर रहेगी। आज चार राज्यों की 5 विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होंगे। इनमें गुजरात की दो, केरल, पंजाब और प. बंगाल की 1-1 सीट है। वहीं आज तमिलनाडु की 6 राज्यसभा सीटों के लिए वोटिंग होगी। कमल हासन ने भी नामांकन भरा है। सभी 6 उम्मीदवार निर्विरोध चुने जा सकते हैं। इधर आज राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू 3 दिन के दौरे पर उत्तराखंड जाएंगी। इस दौरान देहरादून स्थित राष्ट्रपति निवास, राष्ट्रपति निकेतन में रहेंगी और डेवलपमेंट प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन/शिलान्यास करेंगी। वहीं आज बांग्लादेश और श्रीलंका के बीच पहले टेस्ट का तीसरा दिन। सुबह 10 बजे से गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जाएगा।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई ने इजराइल के सामने सरेंडर करने से इनकार कर दिया। दरअसल, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने खामेनेई से सरेंडर करने को कहा था। इस पर खामेनेई ने कहा, 'अगर इजराइल के खिलाफ जंग में अमेरिकी सेना ने दखल दिया, तो अंजाम बुरा होगा।' इसके अलावा ईरान ने नागरिकों को वॉट्सएप डिलीट करने को कहा है। इंटरनेट पर अस्थायी तौर पर पाबंदी भी लगाई गई है। इस बीच ट्रम्प ने ईरान पर हमले की संभावना को लेकर कहा, 'मैं क्या एक्शन लूंगा, एक्शन लूंगा भी या नहीं, ये सिर्फ मुझे पता है।' व्हाइट हाउस में मीडिया ने जब उनसे पूछा कि खामेनेई ने सरेंडर से इनकार किया है तो ट्रम्प ने कहा- गुड लक। जंग में अब तक 585 ईरानी, जबकि 24 इजराइली मारे जा चुके हैं। इधर, ईरान से रेस्क्यू किए गए 110 भारतीय छात्र दिल्ली पहुंचे।
इधर केंद्र सरकार ने फास्टैग के लिए 3000 रुपए के सालाना पास देने की घोषणा की। ये पास प्राइवेट व्हीकल्स जैसे कार, जीप, वैन के लिए है, जो 15 अगस्त से मिलेगा। इससे आप एक साल के लिए अधिकतम 200 टोल क्रॉस कर सकते हैं। यानी, एक टोल क्रॉस करने की कीमत करीब 15 रुपए। फिलहाल सिर्फ मंथली पास की सुविधा है। उन लोगों के लिए किफायती है जो नेशनल हाईवे पर बार-बार ट्रैवल करते हैं। साथ ही, ये पास टोल सिस्टम को और ऑर्गनाइज्ड बनाएगा, जिससे सबको फायदा होगा। केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि इतने टोल क्रॉस करने में करीब 10 हजार रुपए खर्च होते हैं, अब 3000 रुपए में ही काम हो जाएगा।
उधर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कनाडा से क्रोएशिया पहुंचे। राजधानी जगरेब में भारतीय समुदाय ने मंत्र पढ़े और भारतीय नृत्य से उनका स्वागत किया। मोदी ने क्रोएशिया के प्रधानमंत्री आंद्रेज प्लेंकोविच और राष्ट्रपति जोरोन मिलानोविच से मुलाकात की। यह किसी भारतीय प्रधानमंत्री का पहला क्रोएशिया दौरा था। यहां 17 हजार से ज्यादा भारतीय रहते हैं। मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत और क्रोएशिया लोकतंत्र, रूल ऑफ लॉ और समानता जैसे साझा मूल्यों से जुड़े हैं। आतंकवाद मानवता का दुश्मन है। यह लोकतंत्र में विश्वास रखने वाली शक्तियों का विरोधी है।
इधर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने एक बार फिर से कहा कि उन्होंने पहलगाम हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच संघर्ष रुकवाया। ट्रम्प ने कहा, 'मैं पाकिस्तान से प्यार करता हूं। मोदी भी एक शानदार व्यक्ति हैं। मैंने कल रात उनसे बात की। हम प्रधानमंत्री मोदी के साथ व्यापार समझौता करने जा रहे हैं। मैंने पाकिस्तान और भारत के बीच युद्ध रुकवा दिया।' ट्रंप का यह बयान बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर हुई बातचीत के 12 घंटे बाद आया है। भारत सरकार ने बुधवार सुबह ही ट्रम्प के दावे को खारिज करते हुए कहा था, 'भारत कभी किसी तीसरे पक्ष की मध्यस्थता को स्वीकार नहीं करता और आगे भी नहीं करेगा। पाकिस्तान के कहने पर ही भारत ने सीजफायर किया था।' विदेश सचिव विक्रम मिसरी ने इस बात की जानकारी दी।
उधर राजस्थान और यूपी में बीते दिन मानसून की एंट्री हुई। इसने बाड़मेर, जोधपुर, जयपुर समेत 13 जिलों को कवर किया। इस बार मानसून तय समय से 7 दिन पहले राजस्थान पहुंचा। वहीं यूपी के ललितपुर, सोनभद्र के रेणुकूट और चोपन में मानसून एक्टिव हो गया है। मानसून 3 दिन में भिंड के अलावा पूरे MP को कवर कर चुका है।
इधर देश के पहले एंटी-सबमरीन वारफेयर शैलो वाटर क्राफ्ट (ASW-SWC) 'INS अर्णाला' को नेवी में शामिल हुआ। इसे विशाखापट्टनम के नेवी डॉकयार्ड में कमीशन किया गया। कार्यक्रम में चीफ गेस्ट के तौर पर CDS जनरल अनिल चौहान मौजूद रहे। महाराष्ट्र के वसई के ऐतिहासिक अर्णाला किले के नाम पर इसे यह नाम मिला है।
उधर BCCI को IPL फ्रेंचाइजी कोच्चि टस्कर्स केरल के मालिकों को 538 करोड़ रुपए का हर्जाना देना होगा। बॉम्बे हाईकोर्ट ने ऑर्बिट्रल ट्रिब्यूनल के फैसले के खिलाफ BCCI की याचिका खारिज कर दी। 2015 में ट्रिब्यूनल ने फ्रेंचाइजी के हक में फैसला सुनाया था। इसी फैसले को BCCI ने बॉम्बे हाईकोर्ट में चैलेंज किया था। कोच्चि टस्कर्स केरल IPL की नई टीम के तौर पर 2011 में शामिल हुई थी। फ्रेंचाइजी के मालिक BCCI की बैंक गारंटी को रिन्यू नहीं करा सके थे। 26 मार्च 2011 तक गांरटी बैंक में जमा करनी थी। ऐसा न होने पर सितंबर 2011 में BCCI ने फ्रेंचाइजी को टर्मिनेट कर दिया था।
इधर देश के कई राज्यों में अगले 24 घंटे के दौरान भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। मौसम विभाग ने बताया कि 19 से 22 जून के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ, छत्तीसगढ़, पश्चिम बंगाल के गंगा के मैदान, बिहार, झारखंड, ओडिशा में गरज के साथ भारी बारिश हो सकती है। 19, 22 और 23 जून को उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने आज और कल के लिए ओडिशा और झारखंड में रेड अलर्ट जारी किया है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, देवप्रयाग पौड़ी मोटर मार्ग पर पयाल गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना देर शाम की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही बाह बाजार देवप्रयाग थाना प्रभारी संदीप चौहान अपनी टीम के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने यहां रेस्क्यू अभियान चलाया।
उधर कोटद्वार के नैनी डांडा विकासखंड में बुधवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। विद्युत लाइन पर कार्य के दौरान करंट की चपेट में आने से एक संविदा कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक कर्मचारी बिजली विभाग में संविदा पर कार्यरत था और नियमित रूप से क्षेत्र में लाइन मरम्मत का कार्य करता था।
इधर पहाड़ों में सड़क दुर्घटनाएं रुकने का नाम नहीं ले रही हैं। ताजा मामला टिहरी गढ़वाल से सामने आया है। यहां मोलधार से बौराड़ी स्टेडियम की ओर जा रही कार UP 96 M 2657 अनियंत्रित होकर 9B चौक पर डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस दौरान गाड़ी के दोनों ईयर बेग खुल गए। जिससे गाड़ी में बैठे पति पत्नी और 2 साल के बच्चे की जान बच गई।