Good Morning India:चीन के एकाधिकार को भारत की सीधी चुनौती,इंग्लैंड को मात देकर फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में अर्जेंटीना, पीएम मोदी के स्वागत में मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने थामी झाड़ू, बद्रीनाथ चढ़ावा विवाद के बाद बड़ा फैसला,उत्तराखंड के सभी प्रमुख मंदिरों के लिए लागू होगी एक समान एसओपी, लिंक में पढ़ें प्रमुख खबरें

Good Morning India: India directly challenges China's monopoly; Argentina reaches FIFA World Cup final after defeating England; Chief Ministers and ministers pick up brooms to welcome PM Modi; major

नमस्कार दोस्तों, आवाज इंडिया अपना खास कॉलम 'गुड मॉर्निंग इंडिया' लेकर एक फिर आपके समक्ष हाजिर है। आईए शुरुआत करते हैं उन सुर्खियों के साथ,जो आज पूरे दिन चर्चा में रहने वाली हैं।

ईरान पर बरसी अमेरिकी मिसाइलें,हमलों का दूसरा दौर शुरू, समुद्री नाकाबंदी तोड़ने वाला जहाज भी किया ध्वस्त। 

इंग्लैंड को मात देकर फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में अर्जेंटीना, मेसी के 'डबल असिस्ट' से जीता मैच

पुणे से अफ्रीकी देशों में हुंकार भरेगा भारत: 40 देशों के सेना प्रमुखों की मौजूदगी में दिखेगी स्वदेशी हथियारों की ताकत

चीन के एकाधिकार को भारत की सीधी चुनौती: लिथियम और टाइटेनियम समेत 20 रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी शुरू

सियासत का नया रंग: पीएम मोदी के स्वागत में मुख्यमंत्रियों और मंत्रियों ने थामी झाड़ू, 'स्वच्छता' बना नया प्रोटोकॉल

अयोध्या चढ़ावा चोरी मामला: पुलिस रिमांड में आरोपियों ने उगले सनसनीखेज राज, घर पर छानबीन

वैश्विक तनाव का असर: भारत ने डीजल और जेट ईंधन के निर्यात पर बढ़ाया टैक्स, घरेलू बाजार को सुरक्षित रखने की कवायद

सीएजी की रिपोर्ट में बड़ा खुलासा: 40 साल और हजारों करोड़ खर्च के बाद भी मैली है गंगा, नमामि गंगे में भारी लापरवाही

राहत की बौछार: उत्तराखंड में बदला मौसम का मिजाज, देहरादून और कुमाऊं में भारी बारिश की चेतावनी

अवैध संबंधों का खूनी अंजाम: मियांवाला में आरती की हत्या के पीछे सामने आई दो परिवारों के कलह की खौफनाक कहानी

युवाओं के लिए सुनहरा अवसर: उत्तराखंड में कर एवं राजस्व निरीक्षक के पदों पर बंपर भर्ती, प्रक्रिया शुरू

चिकित्सकीय लापरवाही का खौफनाक चेहरा: गलत गुर्दे का ऑपरेशन करने से किशोर की मौत, 5 डॉक्टरों पर मुकदमा दर्ज

दहशत का माहौल: बाजपुर के रेस्टोरेंट में युवकों पर लाठी-डंडों से हमला, खेल की पुरानी रंजिश में खूनी खेल

 बद्रीनाथ चढ़ावा विवाद के बाद बड़ा फैसला: उत्तराखंड के सभी प्रमुख मंदिरों के लिए लागू होगी एक समान एसओपी

हेडलाइंस के बाद आइए अब रुख करते हैं आज की बड़ी खबरों की तरफ, वॉशिंगटन। वैश्विक व्यापार के लिए रीढ़ की हड्डी माने जाने वाले समुद्री रास्ते 'होर्मुज जलडमरूमध्य' में तनाव अपने चरम पर पहुँच गया है। अमेरिकी सेना ने ईरान के खिलाफ एक और बड़ा और आक्रामक सैन्य एक्शन लेते हुए हवाई हमलों के दूसरे दौर (सेकंड वेव) की शुरुआत कर दी है। यह पूरी कार्रवाई अमेरिकी राष्ट्रपति और सेना के कमांडर-इन-चीफ के सीधे और कड़े निर्देशों पर की गई है। अमेरिकी हमलों की शुरुआत होते ही ईरान के कई हिस्से जोरदार धमाकों से दहल उठे हैं। जानकारी के अनुसार, अमेरिकी पूर्वी समयानुसार आज दोपहर ठीक 3 बजे अमेरिकी लड़ाकू विमानों और मिसाइलों ने ईरान के सैन्य ठिकानों को निशाना बनाना शुरू किया। ईरान की मेहर न्यूज एजेंसी के मुताबिक, इराक की सीमा के बेहद करीब स्थित प्रमुख शहर अहवाज में भीषण धमाकों की आवाजें सुनी गई हैं। गौरतलब है कि इस महीने तनाव दोबारा भड़कने के बाद से अमेरिकी सेना लगातार अहवाज को अपना निशाना बना रही है।

दोहा। मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना ने एक बार फिर इतिहास रचते हुए लगातार दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बना ली है। एक रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को 2-1 से शिकस्त दी। अब खिताबी मुकाबले में अर्जेंटीना का सामना स्पेन से होगा, जहाँ वह अपने खिताब की रक्षा करने के इरादे से उतरेगी। दूसरी ओर, इंग्लैंड का सफर यहीं थम गया है और अब वह तीसरे स्थान के लिए फ्रांस से भिड़ेगा। मैच के दूसरे हाफ में गॉर्डन के शानदार गोल की बदौलत इंग्लैंड ने 1-0 की बढ़त बनाकर अर्जेंटीना पर दबाव बना दिया था। लेकिन चैंपियन टीम ने हार नहीं मानी और महज 7 मिनट के भीतर दो गोल दागकर मैच का पासा पलट दिया। अर्जेंटीना के लिए पहला गोल इंजो फर्नांडेज ने किया, जबकि इंजरी समय  में लाउतारो मार्टिनेज ने निर्णायक गोल दागकर टीम को 2-1 से आगे कर दिया। कप्तान लियोनल मेसी भले ही इस मैच में खुद गोल नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने अपने अद्भुत खेल से दोनों गोल करने में 'असिस्ट' (मदद) कर मैच का रुख बदल दिया। जीत के बाद मेसी मैदान पर साथी खिलाड़ियों के साथ खुशी से झूमते नजर आए।

दिल्ली। भारत अफ्रीकी देशों के सेना प्रमुखों के बड़े सम्मेलन की मेजबानी करने जा रहा है। महाराष्ट्र के पुणे जिले में 4 और 5 नवंबर को प्रस्तावित सम्मेलन में लगभग 40 अफ्रीकी देशों के सेना प्रमुखों, 120 वरिष्ठ सैन्य अधिकारियों और भारत में उनके रक्षा अताशों के शामिल होने की संभावना है। सम्मेलन ऐसे समय होने जा रहा है, जब भारत अपनी रक्षा कूटनीति को केवल सैन्य सहयोग तक सीमित न रखकर उसे रक्षा उद्योग, तकनीकी साझेदारी और स्वदेशी हथियारों के निर्यात से जोड़ रहा है। सेना की दक्षिणी कमान की देखरेख में होने वाले सम्मेलन में रक्षा-कूटनीतिक संवाद के साथ बड़ी रक्षा प्रदर्शनी की तैयारी भी की जा रही है। इसका सीधा लक्ष्य लगभग 40 अफ्रीकी देशों के दरवाजे तक स्वदेशी रक्षा उद्योग पहुंचाकर अफ्रीकी बाजार पर दस्तक देना है। सूत्रों के मुताबिक, प्रदर्शनी में उन स्वदेशी रक्षा प्रणालियों पर जोर होगा, जो आधुनिक युद्ध की नई जरूरतों को पूरा करती हैं। इनमें ड्रोन और ड्रोन रोधी तकनीक, बख्तरबंद वाहन और इन्फैंट्री कैरियर, भारत में विकसित हल्की और मध्यम तोपें, इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर सिस्टम, साइबर सुरक्षा समाधान और नाइट विजन उपकरण प्रमुख होंगे।

दिल्ली। वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव और रणनीतिक खनिजों पर चीन की मजबूत पकड़ के बीच भारत ने आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्र सरकार ने बुधवार को लिथियम, टाइटेनियम, टंगस्टन, दुर्लभ मृदा तत्व (रेयर अर्थ), गैलियम, ग्रेफाइट, वैनेडियम और मोलिब्डेनम समेत 20 रणनीतिक खनिज ब्लॉकों की नीलामी के आठवें चरण की शुरुआत की। नौ राज्यों में फैले इन ब्लॉकों की नीलामी को रक्षा, उच्च प्रौद्योगिकी और ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से गेमचेंजर माना जा रहा है। केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी ने नीलामी प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए कहा कि इन खनिजों का स्वदेशी उत्पादन बढ़ने से भारत की आयात निर्भरता घटेगी और वैश्विक आपूर्ति शृंखला में भारत की भूमिका मजबूत होगी। इन रणनीतिक खनिजों का उपयोग लड़ाकू विमान, मिसाइल, पनडुब्बी, बख्तरबंद वाहन, रडार, सेमीकंडक्टर, नाइट विजन सिस्टम, सैन्य संचार उपकरण, रक्षा उपग्रह, स्टील्थ तकनीक, स्वच्छ ऊर्जा और उर्वरक उद्योग में होता है।घरेलू स्तर पर इनकी उपलब्धता से तेजस जैसे स्वदेशी रक्षा प्लेटफॉर्म और अत्याधुनिक सैन्य तकनीकों के निर्माण को गति मिलेगी। इस नीलामी में टाइटेनियम, लिथियम और टंगस्टन के अलावा मोलिब्डेनम, ग्रेफाइट, फॉस्फोराइट, दुर्लभ मृदा तत्व, वैनेडियम, गैलियम, पोटाश, सेसियम और रूबिडियम जैसे कई बहुमूल्य खनिज शामिल हैं। आधुनिक सैन्य तकनीक और उन्नत रक्षा उपकरणों के निर्माण में इन रणनीतिक खनिजों की भूमिका रीढ़ जैसी है।

पश्चिम बंगाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के देश के विभिन्न राज्यों के दौरों के दौरान एक नई परंपरा उभरकर सामने आई है। गुजरात, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और पंजाब-हरियाणा के पिछले दौरों के दौरान देखा गया कि पीएम मोदी के आगमन पर स्थानीय प्रशासन और भाजपा की स्थानीय यूनिट मिलकर व्यापक स्वच्छता अभियान चलाते हैं। इसे स्वच्छता से स्वागत नाम दिया गया है। यह पीएम मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के प्रति सम्मान और प्रतिबद्धता जताने का नया माध्यम बन गया है। पीएम मोदी के गृह राज्य गुजरात में यह परंपरा सबसे मजबूत बनकर सामने आई है। किसी भी बड़े कार्यक्रम या रैली से दो-तीन दिन पहले ही नगर निगम और स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता सड़कों, चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की साफ-सफाई और उन्हें चमकाने में जुट जाते हैं। भाजपा के झोली में आए बंगाल में भी यह पहल नजर आई है। राज्य में सियासी गहमागहमी के बीच भी पीएम के दौरों से पहले पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से गंगा घाटों और कार्यक्रम स्थलों के आसपास विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया था। इसने लोगों का ध्यान अपनी ओर बरबस खींचा। राज्य प्रशासन ने अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर पीएम के दौरे से पहले छह दिनों तक सफाई अभियान चलाया।  मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी और मंत्रियों के नेतृत्व में चले इस अभियान में जन-प्रतिनिधियों ने कोलकाता के प्रमुख ऐतिहासिक घाटों और सार्वजनिक जगहों की सफाई के लिए झाड़ू उठाई। 

नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते सैन्य संघर्ष का असर अब वैश्विक अर्थव्यवस्था के साथ-साथ भारत पर भी दिखने लगा है। खाड़ी देशों में तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की आसमान छूती कीमतों के बीच भारत सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। सरकार ने डीजल और विमान ईंधन के निर्यात पर विंडफाल टैक्स में भारी बढ़ोतरी कर दी है, जो आज (16 जुलाई) से लागू हो गई हैं। जारी सरकारी आदेश के मुताबिक, डीजल निर्यात पर टैक्स 8.5 रुपये से बढ़ाकर 15.50 रुपये प्रति लीटर और जेट ईंधन पर 7.50 रुपये से बढ़ाकर 14.5 रुपये प्रति लीटर कर दिया गया है। आर्थिक विश्लेषकों के अनुसार, इस टैक्स बढ़ोतरी का मुख्य उद्देश्य देश के भीतर तेल संकट को रोकना है। यदि सरकार यह कदम नहीं उठाती, तो निजी रिफाइनिंग कंपनियां ऊंचे मुनाफे के लालच में सारा ईंधन विदेशों में निर्यात कर देतीं, जिससे देश में भारी किल्लत और महंगाई बढ़ जाती। इस फैसले से घरेलू बाजार में डीजल और पेट्रोल की कीमतें तो स्थिर रहेंगी, जिससे माल ढुलाई महंगी नहीं होगी, लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एटीएफ महंगा होने से आने वाले दिनों में हवाई सफर के टिकट महंगे हो सकते हैं।

अयोध्या। प्रसिद्ध चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस की सख्त तफ्तीश के बीच बुधवार को कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस अभिरक्षा में लिए गए मुख्य आरोपी रमाशंकर मिश्र और सेवानिवृत्त बैंक कर्मी सुभाष श्रीवास्तव ने 14 घंटे की कड़ी पूछताछ के दौरान कई ऐसे राज उगले हैं, जो इस पूरे मामले की विवेचना की दिशा बदल सकते हैं। पुलिस के अनुसार, इस मामले में जल्द ही कुछ नए रसूखदार संदिग्ध भी सामने आ सकते हैं। बुधवार सुबह ठीक 8 बजे पुलिस दोनों आरोपियों को जेल से अपनी अभिरक्षा में लेकर पुलिस लाइन पहुंची, जहां मेडिकल परीक्षण के बाद पूछताछ का दौर शुरू हुआ। पूछताछ के दौरान पुलिस आरोपी रमाशंकर मिश्र को लेकर अयोध्याधाम के मीरापुर डेराबीबी मुहल्ले में स्थित उसके आवास पर पहुंची। वहां पुलिस ने रमाशंकर और उसके परिजनों से गहन पूछताछ की और कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में नकदी और आभूषण बरामद होने की तेज चर्चा है, हालांकि पुलिस ने अभी तक इस बरामदगी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों के बयानों की सत्यता की जांच की जा रही है और चढ़ावे की गणना के दौरान चोरी से जुड़े कई और नए तथ्य उजागर हो सकते हैं।

अब रुख करते हैं उत्तराखंड की ख़बरों की तरफ़,देहरादून। गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए पिछले चार दशकों से जारी सरकारी प्रयासों और हजारों करोड़ रुपए के बजट के बावजूद परिणाम निराशाजनक हैं। भारत के नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की ताजा परफॉर्मेंस ऑडिट रिपोर्ट ने उत्तराखंड में केंद्र सरकार की महत्वाकांक्षी 'नमामि गंगे' योजना के क्रियान्वयन में गंभीर खामियों को उजागर किया है। सीएजी द्वारा साल 2018 से 2023 के बीच किए गए ऑडिट के अनुसार, उत्तराखंड के एक-तिहाई से अधिक सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट गंगा और उसकी सहायक नदियों में गंदा पानी गिरने से रोकने में पूरी तरह विफल साबित हुए हैं। रिपोर्ट में साफ कहा गया है कि कई संयंत्र अपनी क्षमता से अधिक दबाव झेल रहे हैं, जबकि कई का रख-रखाव बेहद खराब है। हद तो यह है कि कई स्थानों पर फैक्ट्रियों और सीवेज का जहरीला स्लज (कचरा) किसानों के खेतों तक पहुंच गया है। सीएजी ने कड़ी टिप्पणी करते हुए कहा कि साल 2017-18 की पिछली ऑडिट रिपोर्ट के बाद भी योजना के निर्माण, संचालन और क्रियान्वयन में कोई सुधार नहीं हुआ। यही वजह है कि राज्य सरकार गंगा में बिना ट्रीटमेंट के बहने वाले सीवेज को रोकने के अपने मुख्य उद्देश्य को हासिल करने में नाकाम रही है।

देहरादून। उधर पिछले चार दिनों से चिलचिलाती गर्मी और बेहाल करने वाली उमस झेल रहे उत्तराखंड वासियों को आखिरकार मौसम के बदले मिजाज ने बड़ी राहत दी है। राजधानी देहरादून सहित राज्य के कई हिस्सों में अचानक मौसम ने करवट ली और गरज-चमक के साथ झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया। इस बारिश से तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई है और मौसम खुशनुमा हो गया है, हालांकि कुछ शहरी इलाकों में जलभराव के कारण यातायात की रफ्तार धीमी पड़ गई। मौसम विभाग ने देहरादून के लिए पहले ही भारी बारिश का 'ऑरेंज अलर्ट' जारी किया था, जिसके बाद कई क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश हुई। दिनभर की तपिश से परेशान लोग शाम को हुई इस झमाझम बारिश से खिले नजर आए। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, प्रदेश में मानसून पूरी तरह सक्रिय है और अगले 24 घंटों तक यह सिलसिला थपने वाला नहीं है। विभाग ने बृहस्पतिवार (आज) के लिए देहरादून के साथ-साथ कुमाऊं मंडल के नैनीताल, पिथौरागढ़, चंपावत और बागेश्वर जिलों में 'येलो अलर्ट' जारी किया है। इन इलाकों में कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने और तीव्र बौछारें पड़ने की आशंका है।

देहरादून। समीपवर्ती क्षेत्र मियांवाला में हुई आरती नामक महिला की सनसनीखेज हत्या के पीछे संबंधों की एक खौफनाक और चौंकाने वाली दास्तां सामने आई है। पुलिस की शुरुआती जांच और परिजनों के बयानों के मुताबिक, यह वारदात एक ऐसे विवाहेत्तर (अवैध) संबंध का नतीजा है, जो लंबे समय से दो परिवारों में भारी तनाव, विवाद और पारिवारिक कलह की वजह बना हुआ था। मृतका के पति अनिल बिष्ट ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि आरती काफी समय से प्रमेन्द्र नेगी के संपर्क में थी। अनिल और आरती के मायके वालों ने उसे इस रिश्ते को खत्म करने के लिए कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी। दूसरी ओर, इस रिश्ते से आरोपी प्रमेन्द्र नेगी के घर में भी कोहराम मचा हुआ था। प्रमेन्द्र की पत्नी इस संबंध से बेहद परेशान थी और घटना से महज तीन दिन पहले वह आरती के घर भी पहुंची थी, जहाँ दोनों पक्षों के बीच तीखी नोक-झोंक हुई थी। दोनों परिवारों के मुखिया अपने-अपने स्तर पर इस रिश्ते को खत्म कराने का दबाव बना रहे थे, लेकिन यह विवाद सुलझने के बजाय लगातार बढ़ता चला गया और आखिरकार इस सामाजिक खींचतान का अंत आरती की दर्दनाक हत्या के रूप में हुआ। पुलिस मामले की गहन तफ्तीश में जुटी है।

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए एक बेहद शानदार और बड़ा अवसर सामने आया है। उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने शहरी विकास विभाग के तहत उत्तराखंड पालिका (केन्द्रीयित) राजस्व सेवा में कर एवं राजस्व निरीक्षक के 29 रिक्त पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञापन जारी करते हुए ऑनलाइन आवेदन बुधवार से शुरू कर दिए। इस भर्ती के लिए आयोग की वेबसाइट psc.uk.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन व शुल्क जमा करने की अंतिम तिथि चार अगस्त है। आवेदन पत्र में ऑनलाइन संशोधन की तिथि 12 अगस्त से 21 अगस्त है। भर्ती के लिए किसी मान्यता प्राप्त विवि से स्नातक उपाधि धारक युवा आवेदन कर सकते हैं। अभ्यर्थी का नाम उत्तराखंड के किसी भी सेवायोजन कार्यालय में आवेदन की अंतिम तिथि तक पंजीकृत होना आवश्यक है।

देहरादून। उत्तराखंड की राजधानी देहरादून से डॉक्टरों की एक बेहद चौंकाने वाली और दर्दनाक लापरवाही सामने आई है। यहाँ एक सड़क हादसे में घायल किशोर के दाएं गुर्दे में चोट लगी थी, लेकिन डॉक्टरों ने उसके बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर दिया। इस खौफनाक लापरवाही के कारण किशोर की मौत हो गई। घटना के चार साल बाद, पुलिस द्वारा कोई कार्रवाई न किए जाने पर, अब कोर्ट के कड़े आदेश के बाद नेहरू कॉलोनी थाने में पांच डॉक्टरों और अस्पताल संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी पीड़ित पिता मैनपाल ने कोर्ट को बताया कि उनका 15 वर्षीय बेटा 3 जुलाई 2022 को सड़क हादसे में घायल हो गया था। उसे रिस्पना पुल के पास स्थित एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने पहले तो घंटों इलाज में देरी की और फिर 5 जुलाई को गंभीर चोट वाले दाएं गुर्दे की जगह स्वस्थ बाएं गुर्दे का ऑपरेशन कर डाला। ऑपरेशन के बाद किशोर की तबीयत बिगड़ने लगी, लेकिन डॉक्टरों ने उसे समय पर डिस्चार्ज नहीं किया। आखिरकार 8 जुलाई को गंभीर हालत में उसे दूसरे अस्पताल रेफर किया गया, जहाँ उसने दम तोड़ दिया। थाना नेहरू कॉलोनी प्रभारी मनोज नौटियाल के अनुसार, कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी गई है।

बाजपुर। ऊधम सिंह नगर जिले के बाजपुर क्षेत्र में एक रेस्टोरेंट के भीतर दबंगई और मारपीट का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। खाना खाने पहुंचे कुछ युवकों पर आधा दर्जन से अधिक हमलावरों ने लाठी-डंडों और लात-घूंसों से अचानक धावा बोल दिया। इस अचानक हुए हमले से रेस्टोरेंट में मौजूद ग्राहकों के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया। इस पूरी वारदात का वीडियो वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने मोबाइल में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। पीड़ित करन सिंह पुत्र सुबेग सिंह ने बाजपुर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि यह पूरा विवाद खेल की पुरानी रंजिश का नतीजा है। दरअसल, फरवरी महीने में गांव में आयोजित वॉलीबॉल और क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान करन की टीम ने गांव के ही रविंद्र सिंह की टीम को हरा दिया था। इस हार को रविंद्र सिंह पचा नहीं पाया और तभी से करन से रंजिश रखने लगा। इससे पहले भी रास्ते में गाली-गलौज और विवाद की कई घटनाएं हो चुकी थीं। वारदात के वक्त करन अपने दोस्तों के साथ रेस्टोरेंट में था, तभी सुनियोजित तरीके से उन पर हमला कर दिया गया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर वायरल वीडियो की मदद से आरोपियों की पहचान और जांच शुरू कर दी है।

देहरादून। बद्रीनाथ धाम में दान-चढ़ावे की हेराफेरी का मामला सामने आने के बाद उत्तराखंड शासन ने प्रदेश के सभी प्रमुख देवस्थानों की सुरक्षा और प्रबंधन व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त करने के लिए एक बड़ा कदम उठाया है। शासन द्वारा गठित उच्च स्तरीय जांच समिति अब इस मामले को केवल एक घटना तक सीमित नहीं रख रही, बल्कि इसे राज्य के सभी बड़े मंदिरों के प्रबंधन में एक ऐतिहासिक और व्यापक सुधार के अवसर के रूप में देख रही है। गढ़वाल मंडलायुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय उच्च स्तरीय समिति उन सभी व्यवस्थागत कमियों को खंगाल रही है, जिनकी वजह से चढ़ावे में अनियमितता की गुंजाइश बनती है। इन निष्कर्षों के आधार पर अब उत्तराखंड के सभी प्रमुख मंदिरों में चढ़ावा प्रबंधन, कड़ी सुरक्षा, आधुनिक निगरानी (सीसीटीवी) और पारदर्शी गणना के लिए एक सख्त और समान 'मानक संचालन प्रक्रिया' तैयार की जाएगी। सूत्रों के मुताबिक, यह समिति बद्रीनाथ धाम की मौजूदा व्यवस्थाओं का परीक्षण करने के साथ-साथ भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए पुख्ता प्रशासनिक और तकनीकी उपायों का खाका भी तैयार कर रही है, जिससे चारधाम सहित सभी देवस्थानों में श्रद्धालुओं की आस्था और मंदिर की मर्यादा सुरक्षित रहे।

दिनभर की ऐसी ही सटीक और निष्पक्ष खबरों के लिए जुड़े रहिए हमारे साथ।