Good Morning India: गर्मी का तांडव, लू से बेहाल हुआ उत्तर भारत, 45 डिग्री पार पहुंचा तापमान! आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा! गोलियों की तड़तड़ाहट से दहला मध्य अमेरिकी देश होंडुरास, 25 लोगों की हत्या
नमस्कार दोस्तों, आवाज 24X7 अपना खास कॉलम "गुड मॉर्निंग इंडिया" लेकर एक फिर आपके समक्ष प्रस्तुत है। आज के प्रमुख कार्यक्रमों पर नजर डालते हैं, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेगे। वहीं आईपीएल में हैदराबाद और बंगलूरू के बीच मैच है।
अब बड़ी खबरों की तरफ रुख करते हैं, उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले से बड़े हादसे की खबर सामने आई है। यहां मटसेना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक बस टैंकर से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में आग लग गई जिस कारण बस के चालक और कंडक्टर की मौत हो गई है। इसके साथ ही हादसे में करीब दो दर्जन लोग घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद इलाके में अफरा तफरी मच गई है। सामने आई जानकारी के अनुसार, घायलों को सैफई और मेडिकल कॉलेज फिरोजाबाद में रेफर किया गया है। जानकारी के मुताबिक, फिरोजाबाद के आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर थाना मटसेना क्षेत्र में खंभा नंबर 46 किलोमीटर के पास कानपुर से गुरुग्राम जा रही एक प्राइवेट स्लीपर बस टैंकर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस में अचानक आग लग गई और मौके पर चीख पुकार मच गई। हादसे में बस चालक और परिचालक की मौत हो गई, जबकि करीब दो दर्जन यात्री घायल बताए जा रहे हैं।
इधर पूरा उत्तर भारत भीषण गर्मी से बेहाल है। उत्तर प्रदेश का बांदा 47.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ गुरुवार को पांचवें दिन भी देश का सबसे गर्म शहर रहा। चिंता की बात यह है कि अत्यधिक तापमान और आग उगलती लू के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी है। विशेषज्ञों का कहना है कि समय पर उपचार नहीं मिलने पर हीट स्ट्रोक जानलेवा साबित हो सकता है। स्काईमेट वेदर के उपाध्यक्ष (मौसम विज्ञान एवं जलवायु परिवर्तन) महेश पलावत ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभों के अभाव में इस साल मैदानी क्षेत्रों में खासी गर्मी पड़ रही है। तापमान तो सामान्य से अधिक चल ही रहा है, लू वाली स्थिति भी बनी हुई है।
उधर मध्य अमेरिकी देश होंडुरास से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, यहां हथियारबंद बदमाशों ने दो अलग-अलग जगहों पर अंधाधुंध गोलीबारी की है। इस भयानक हमले में कम से कम 25 लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई है। मरने वालों में पुलिस के छह जवान भी शामिल हैं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यह खूनी खेल गुरुवार को होंडुरास के तटीय इलाकों में खेला गया। अधिकारियों के मुताबिक, पहला हमला उत्तरी होंडुरास के ट्रूजिलो नगर पालिका क्षेत्र के एक बागान में हुआ। यहां काम कर रहे कम से कम 19 मजदूरों को गोलियों से भून दिया गया। इसके बाद दूसरा हमला ग्वाटेमाला सीमा के पास ओमोआ इलाके में हुआ, जहां बदमाशों ने पुलिस टीम पर घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में एक वरिष्ठ अधिकारी समेत छह पुलिसकर्मियों की जान चली गई।
इधर दिल्ली एयरपोर्ट पर गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एयर इंडिया की बेंगलुरु से दिल्ली आ रही फ्लाइट AI2802 में इंजन में आग लगने की आशंका के बाद फुल इमरजेंसी घोषित करनी पड़ी। एयर इंडिया ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान के दिल्ली पहुंचने से ठीक पहले कॉकपिट क्रू को एक इंजन से फायर इंडिकेशन मिला, जिसे बाद में सही पाया गया। एयर इंडिया के मुताबिक, दिक्कत सामने आते ही पायलट और क्रू ने सभी मानक सुरक्षा प्रक्रियाओं का पालन किया। विमान को सुरक्षित तरीके से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतारा गया और सभी यात्रियों व क्रू मेंबर्स को सामान्य रूप से बाहर निकाल लिया गया। एयरलाइन ने कहा कि इस घटना में किसी यात्री या चालक दल के सदस्य को कोई नुकसान नहीं पहुंचा है। इंजन में आग की आशंका को देखते हुए दिल्ली एयरपोर्ट पर तुरंत फुल इमरजेंसी घोषित की गई। एयरपोर्ट पर फायर ब्रिगेड और इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया था। विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद राहत की सांस ली गई। घटना के दौरान एयरपोर्ट पर सुरक्षा एजेंसियां और तकनीकी टीमें लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए थीं।
उधर उत्तर भारत में पड़ रही भीषण गर्मी के बीच मौसम विभाग ने देश के 14 राज्यों में अगले 12 घंटों में हल्की से भारी बारिश होने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। इस इलाकों में बिजली गिरने की भी संभावना है। IMD की भविष्यवाणी के अनुसार, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम तथा पूर्वोत्तर और उससे सटे पूर्वी भारत में सप्ताह के कई दिनों के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा होने की संभावना है। मौसम विभाग ने मानसून को लेकर भी बड़ा अपडेट जारी किया है। IMD के मुताबिक, अगले 3-4 दिनों में मानसून के दक्षिण-पूर्व अरब सागर, दक्षिण-पश्चिम और दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर के बाकी हिस्सों और पूर्वी-मध्य बंगाल की खाड़ी के कुछ और इलाकों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल हैं। आने वाले दिनों में दक्षिण भारत और पूर्वोत्तर के कई हिस्सों में बारिश की गतिविधियां और बढ़ सकती हैं। फिलहाल दक्षिण बंगाल की खाड़ी, अंडमान सागर, पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी में मानसून का सीधा असर देखा जा सकता है। इसके साथ ही केरल, तमिलनाडु, कर्नाटक के दक्षिणी हिस्सों में और पूर्वोत्तर भारत में भी मानसून के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ रही हैं।
इधर अमेरिका ने भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को और मजबूत करने के संकेत दिए हैं। अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि भारत जितनी ऊर्जा खरीदना चाहेगा, अमेरिका उतनी बेचने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच ऊर्जा, व्यापार और रक्षा जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने पर लगातार बातचीत चल रही है। मियामी में रुबियो ने कहा, 'हम भारत को उतनी ऊर्जा बेचना चाहते हैं, जितनी वह खरीदना चाहे। अमेरिका इस समय रिकॉर्ड स्तर पर ऊर्जा उत्पादन और निर्यात कर रहा है।' रुबियो 23 से 26 मई तक भारत दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह कोलकाता, आगरा, जयपुर और नई दिल्ली का दौरा करेंगे। उनके कार्यक्रम में व्यापार, ऊर्जा सुरक्षा और रक्षा सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा शामिल है। अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि वॉशिंगटन चाहता है कि भारत अपनी ऊर्जा जरूरतों के लिए अमेरिकी ऊर्जा को अपने पोर्टफोलियो का बड़ा हिस्सा बनाए। उन्होंने यह भी कहा कि वेनेजुएला के तेल को लेकर भी अवसर मौजूद हैं। रुबियो ने कहा, 'हम भारत के साथ ऊर्जा सहयोग को और बढ़ाना चाहते हैं। इस दिशा में पहले से बातचीत चल रही है। हमें लगता है कि वेनेजुएला के तेल को लेकर भी संभावनाएं हैं।'
उधर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम के भाई की गुरुवार (21 मई, 2026) की रात 8 बजे स्विमिंग पूल में डूबने से मौत हो गई। सोनीपत जिले के राई में स्थित हरियाणा खेल विश्वविद्यालय के स्विमिंग पूल नहाने के लिए खेल मंत्री का भाई निशांत गौतम रात 8:30 पर उतरा था। हालांकि, इस दौरान निशांत डूब गया और उसकी मौत हो गई। गौरतलब है कि दो दिन पहले यानी मंगलवार से ही स्विमिंग पूल शुरू हुआ था। निशांत गौतम क्रिकेट के पीजी डिप्लोमा फाइनल ईयर का स्टूडेंट था, जो हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम का ममेरा भाई भी है।
अब उत्तराखण्ड की खबरों पर नजर डालते हैं, उधम सिंह नगर जिले के खटीमा पंजाबी कॉलोनी में रास्ते अतिक्रमण एवं बिजली मीटर लगाए जाने को लेकर उपजे विवाद ने एक परिवार की खुशियां छीन ली हैं। बीते दिनों हमले में गंभीर रूप से घायल युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है, जिसके बाद मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। कोतवाली पहुंचे आक्रोशित लोगों ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की। वहीं पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है। जानकारी के मुताबिक वार्ड नंबर 14 पंजाबी कॉलोनी निवासी सीता पत्नी दीनदयाल ने पुलिस को दी तहरीर में बताया था कि क्षेत्र के ही सचिन रघुवंशी और संदीप रघुवंशी पुत्र सतीश रघुवंशी ने एक राय होकर उनके देवर विवेक कुमार, सास ललिता देवी और पुत्री दीपिका पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला कर दिया था।
इधर तीर्थनगरी ऋषिकेश से एक बेहद परेशान करने वाला मामला सामने आया है। ऋषिकेश आइडीपीएल क्षेत्र के एक विद्यालय के प्रिंसिपल पर छात्राओं के साथ गलत तरीके से छेड़छाड़ और बदसलूकी करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित छात्राओं के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मुकदम दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर और उसमें लगाए गए आरोपों के अनुसार मामला 19 मई को तब उजागर हुआ जब क्षेत्र की 14 वर्षीय बेटी स्कूल से घर लौटी। छात्रा अत्यधिक डरी और सहमी हुई थी। जब मां ने उससे डर का कारण पूछा, तो उसने रोते हुए आपबीती सुनाई। छात्रा ने बताया स्कूल के प्रिंसिपल ने उसे अपने ऑफिस में बुलाकर गलत तरीके से छुआ। उसकी पीठ पर हाथ फेरा। डरी हुई छात्रा ने यहां तक कह दिया कि वह अब आगे से स्कूल नहीं जाना चाहती है। घटना से आक्रोशित परिजन शिकायत लेकर तुरंत स्कूल पहुंचे, लेकिन आरोपी प्रिंसिपल स्कूल में मौजूद नहीं मिला। इसके बाद परिजनों ने पुलिस चौकी प्रभारी को लिखित तहरीर सौंपकर आरोपी के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की। परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी प्रिंसिपल के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है।
उधर ऊधम सिंह नगर जिले के किच्छा में देर रात रेलवे ट्रैक पर एक युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान रेलवे कॉलोनी वार्ड नंबर 13 निवासी राजकुमार के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात गुजर रहे ट्रेन के इंजन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। जिसके बाद पुलिस ने युवक को तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान राजकुमार पुत्र स्वर्गीय सुखपाल सिंह निवासी रेलवे कॉलोनी वार्ड नंबर 13 किच्छा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि राजकुमार तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। वह फिलहाल कोई काम नहीं करता था।